Jalandhar News: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकराई, बुरी तरह क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

जालंधरः शहर के कूल रोड स्थित न्यू जवाहर नगर इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई राहगीर वहां मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। हालांकि, कार चालक को हल्की चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वाहन सीधे फुटपाथ से टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी रह गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और राहगीरों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। इसी दौरान नाइट डोमिनेशन ड्यूटी पर निकले पुलिस अधिकारी मनमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गाड़ी को देखने से प्रतीत होता है कि वह नियंत्रण से बाहर हो गई थी और इसी कारण फुटपाथ से टकराई।

मनमोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने कार चालक का मोबाइल नंबर ले लिया है और उससे पूछताछ की जाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *