Punjab News: हाईवे पर Car और E-Rickshaw की टक्कर में 2 की मौत, 3 दिन में दूसरी घटना

Written by

in

श्री मुक्तसर साहिबः मुक्तसर–मलोट हाईवे पर डेरा राधा स्वामी के पास कार और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में दोनों वाहन चालकों की मौत हो गई। वहीं हादसे में जहां कार के एयरबैग खुले तो दूसरी ओर ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलोट की ओर से आ रही वर्ना कार (नंबर एचआर 13के 2131) तेज रफ्तार में थी। कार ने आगे चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा चालक गुरमेल सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी चक्क बीर सरकार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं कार चालक बिक्रमजीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी गांव धिगाना गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत उसे श्री मुक्तसर साहिब के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। बाद में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि 3 दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले मंगलवार को 2 ट्राले और एक पिकअप वाहन की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत और दो घायल हो गए थे। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद इस क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, चेतावनी बोर्ड या पुलिस गश्त को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान को ब्लैक स्पॉट घोषित कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं। मुक्तसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *