Home Sports IPL 2026 से पहले CSK को लगा झटका, दिग्गज खिलाड़ी हुआ चोटिल

IPL 2026 से पहले CSK को लगा झटका, दिग्गज खिलाड़ी हुआ चोटिल

0
IPL 2026 से पहले CSK को लगा झटका, दिग्गज खिलाड़ी हुआ चोटिल

नई दिल्लीः आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। मिली जानकारी के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी करीब 2 सप्ताह तक अपनी टीम से नहीं जुड़ पाएंगे। दरअसल, शनिवार, 28 मार्च को सीएसके फ्रेंचाइजी ने पुष्टि की कि धोनी पिंडली (काफ) में खिंचाव के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे। सीएसके ने धोनी के ना खेलने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी और कहा,”धोनी इस समय पिंडली की चोट से उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। पोस्ट में लिखा है, जल्दी ठीक हो जाइए थाला।”

सीएसके ने आधिकारिक बयान में जानकारी दी कि धोनी इस समय काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) से गुजर रहे हैं। टीम के बयान के मुताबिक, ‘एमएस धोनी इस समय काफ स्ट्रेन से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इसके चलते वह आईपीएल के पहले दो हफ्तों से बाहर रह सकते हैं।’ धोनी की गैरमौजूदगी में टीम के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी या तो संजू सैमसन संभाल सकते हैं या फिर उर्विल पटेल को मौका मिल सकता है। धोनी के कम से कम सीजन के पहले चार मुकाबले मिस करने की संभावना है।

ऐसे में सीएसके को शुरुआती दो हफ्तों में 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से गुवाहाटी में, तीन अप्रैल को पंजाब किंग्स से चेन्नई में, पांच अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से बंगलूरू में और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से चेन्नई में खेलना है। इसके बाद 14 अप्रैल को सीएसके का मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से चेन्नई में होगा। धोनी दिल्ली के खिलाफ या फिर कोलकाता के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं। धोनी भले ही अब कप्तान नहीं हैं, लेकिन मैदान पर उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम रहती है। वह अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर टीम से जुड़े हुए हैं।

विकेटकीपिंग में अनुभव, डेथ ओवर में फिनिशिंग और युवा खिलाड़ियों को गाइड करना, इन सभी मामलों में उनकी कमी साफ महसूस होगी। 44 वर्षीय एमएस धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर हर सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के अभियान के बाद जोरदार चर्चा शुरू हो जाती है। चूंकि धोनी अब सिर्फ आईपीएल ही खेलते हैं, इसलिए उनके लिए मैच फिटनेस बनाए रखना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। पिछले आईपीएल सीजन में धोनी ने 14 मैच खेले थे और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए टीम की पारी को आखिरी ओवरों में तेज फिनिश देने का काम किया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद से वह लगातार घुटने की समस्या से जूझते रहे हैं। इसी कारण उन्होंने 2023 में सर्जरी भी कराई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here