Punjab News: दोस्तों ने किया छात्रा का गैंगरेप, नाबालिग सहेली सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

Written by

in

मोहालीः न्यू चंडीगढ़ इलाके में एक 8वीं कक्षा की छात्रा का क्लासमेट ने 3 दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप कर दिया। आरोपियों ने इस वारदात का वीडियो भी बनाया और उसे वॉट्सऐप ग्रुपों में शेयर कर दिया। साथ ही छात्रा को जान से मारने की धमकी दी गई। छात्रा के परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों के साथ पीड़िता की एक नाबालिग सहेली को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपियों में भी 3 नाबालिग हैं। उन्हें अदालत में पेश कर सुधार गृह भेजा गया है। जबकि, एक बालिग आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 15 वर्षीय छात्रा के साथ हुई गैंगरेप की वारदात का मुख्य आरोपी पीड़िता का क्लासमेट है। नाबालिग आरोपी क्लासमेट ने पहले पीड़िता के साथ दोस्ती की।

फिर उसके कुछ प्राइवेट वीडियो बनाकर उसे डराना शुरू कर दिया। उसने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर पीड़िता को डराया-धमकाया और अलग-अलग सुनसान जगहों पर ले जाकर छात्रा के साथ कई बार गैंगरेप किया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से न्यू चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में वारदात को अंजाम दिया गया। उनकी दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने पहली बार जबरन शारीरिक संबंध बनाते हुए छात्रा का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था, जिससे वे उसे बाद में भी ब्लैकमेल करते रहे और अलग-अलग जगहों पर उसे बुलाकर गैंगरेप करते रहे।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बदनामी के डर से इस वारदात के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों में से एक ने गुस्से में आकर पीड़िता का वीडियो एक प्राइवेट वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर कर दिया। जब इसका पता छात्रा को चला तो उसने पूरी आपबीती अपने परिजन को बता दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी (नाबालिग सहपाठी), दो अन्य नाबालिग और एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 70(2), 61(2) और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि 24 मार्च को शिकायत मिलने के बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद चारों आरोपियों की गिरफ्तारी भी कल उनके घर से की गई है, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं। उन्हें कल ही सुधार गृह भेज दिया गया। जबकि, मुल्लांपुर के रहने वाले 20 साल के आरोपी गगनदीप सिंह को अदालत में पेश किया गया। वहां से पुलिस को आरोपी का 4 दिन का रिमांड मिला है। मुल्लांपुर थाना प्रभारी अमनदीप का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी गगनदीप से पूछताछ की जा रही है। मामले में पीड़ित की एक नाबालिग सहेली को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने पीड़िता को आरोपियों तक पहुंचाने में मदद की थी। सभी नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *