श्री आनंदपुर साहिब जा रही Jalandhar की संगत पर फायरिंग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

जालंधर, ENS: बैसाखी के पावन अवसर पर जहां एक ओर नगर कीर्तन निकाले जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर कीरतपुर साहिब और आनंदपुर साहिब के बीच अज्ञात हमलावरों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार श्रद्धालुओं पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं गई। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर से श्री आनंदपुर साहिब मत्था टेकने जा रही संगत पर यह देर रात हमला हुआ है। घटना के दौरान हमलावर भी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर आए थे।

इस घटना के दौरान गनीमत यह रही कि फायरिंग में किसी की जान नहीं गई, लेकिन फायरिंग के दौरान गाड़ियों पर गोलियों के निशान पाए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के सीधे श्रद्धालुओं की गाड़ियों और ट्रालियों को निशाना बनाया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। राहत की बात यह रही कि इतनी भारी फायरिंग के बावजूद किसी को गोली नहीं लगी और सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनका मकसद नुकसान पहुंचाना था।

फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी पीड़ितों में भारी रोष देखा जा रहा है। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं ने पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस का रवैया बेहद ढुलमुल रहा। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस सीमा विवाद (किरतपुर साहिब बनाम आनंदपुर साहिब) में उलझी रही और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। सही तरीके से कार्रवाई न होने के कारण संगत में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल, श्रद्धालु अब पुलिस के आला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *