Jalandhar News: ट्रक की चपेट में आने से टूटी हाई वोल्टेज तारें, राहगीरों में मचा हड़कंप

जालंधर, ENS: संविधान चौक के पास स्थित सरकारी डंप वाली सड़क पर हादसा हो गया। जहां बस स्टैंड के पास सामान से लदे ऊंचे ट्रक की चपेट में आने से बिजली की हाई वोल्टेज तार टूटकर सड़क पर गिर गई। इस घटना को लेकर राहगीरों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली सप्लाई बंद करवाई और राहत कार्य शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना से एक ट्रक (नंबर: PB 10 FV 2539) आ रहा था, जिसमें मशीनरी और अन्य सामान लदा था। जैसे ही ट्रक होटल किंग और देश भगत हॉल की ओर मुड़ा, उसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तार उसमें फंस गई और टूटकर सीधे सड़क पर आ गिरी।

सड़क पर तार गिरते ही वहां से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया। हादसे के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचित किया गया, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए इलाके की बिजली सप्लाई काट दी। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज एसआई दिलबाग सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और बिजली विभाग के कर्मचारियों की मदद से तारों को हटवाने का काम शुरू करवाया।

ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह लुधियाना से वाशिंग मशीनें और अन्य मशीनरी लेकर जालंधर के बस स्टैंड के पास छोड़ने जा रहा था। उसे तार की कम ऊंचाई का अंदाजा नहीं लगा। ड्राइवर सुरक्षित है और ट्रक में भी किसी तरह की आग या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर लाइनों को ठीक करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मरम्मत का काम पूरा कर बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *