हेल्प फॉर एनिमल्स संस्था के प्रधान और पीपल फॉर एनिमल्स के सदस्य मनी सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें कविता नाम की एक महिला का फोन आया था। सूचना मिली थी कि जस्पाल कॉलोनी,गली नंबर 6 काकोवाल में एक महिला कुत्ते को बेरहमी से डंडों से पीट रही है। मनी सिंह जब तुरंत मौके पर पहुंचे,तो उन्होंने देखा कि कुत्ते की हालत बेहद नाजुक थी। आसपास के लोगों ने बताया कि यह सब्बू निशा उर्फ चिड़िया नाम की महिला ने किया है। बिना समय गंवाए मनी सिंह ने घायल कुत्ते को वधवा वेट क्लीनिक में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि डंडों के वार से कुत्ते के सिर में काफी गहरी चोटें आई हैं। पशु प्रेमी मनी सिंह की शिकायत और कॉलोनी निवासियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। थाना मेहरबान की पुलिस ने आरोपी महिला सब्बू निशा उर्फ चिड़िया के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1990 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।