Home National कार और ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत, 2 अन्य घायल देखें वीडियो

कार और ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत, 2 अन्य घायल देखें वीडियो

0
कार और ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत, 2 अन्य घायल देखें वीडियो

अमरोहाः जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर ट्रक और कार की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वहीं घटना में 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के ख्यालीपुर ढाल स्थित नयारा पेट्रोल पंप के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतकों में रामपुर निवासी कार चालक मोहम्मद सलमान तथा पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी नसीम, हारिस और माशूक शामिल हैं।

इस हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद वेगनर कार सड़क किनारे बुरी तरह मुड़ी हुई हालत में दिखाई दी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। पुलिस के मुताबिक, सभी युवक वाराणसी के एक मदरसे के छात्र थे। वे हाल ही में बरेली आए थे और दिल्ली होते हुए वाराणसी जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी सुन्नत और हसनैन के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। कटारिया के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि कार तेज गति में थी और चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here