Jalandhar News: मेन चौक पर ट्रक की चपेट में आने से Civil surgeon Dr. Satinderjit Bajaj घायल

जालंधर, ENS: जालंधर के सिविल अस्पताल में सेवाएं दे चुके सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज आज सड़क हादसे का शिकार हो गए। दरअसल, डॉक्टर सतिंदरजीत सिंह बजाज का अमृतसर अस्पताल में तबादला हो चुका है। ऐसे में वह अपनी वृद्ध माता का हालचाल जानने और उनसे मुलाकात करने के लिए जालंधर आए हुए थे। शुक्रवार सुबह मां से मिलने के बाद वह वापस अमृतसर में ड्यूटी पर लौटने पीएपी चौक पर पहुंचे। इस दौरान उनके पीछे खड़े ट्रक की वह चपेट में आ गए। जैसे ही ट्रक ने डॉ. बजाज को टक्कर मारी, वह सड़क पर गिर गए।

उनकी आवाज सुन मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाना शुरू किया और ट्रक चालक को चिल्लाकर गाड़ी रोकने के लिए कहा। लोगों की मुस्तैदी के कारण ट्रक तुरंत रुक गया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने भारी मशक्कत के बाद घायल डॉक्टर को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। घटना स्थल पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक चालक ने बिना पीछे देखे अचानक अपने भारी-भरकम वाहन को बैक करना शुरू कर दिया।

चालक को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि गाड़ी के ठीक पीछे डॉक्टर बजाज खड़े हैं। रफ्तार धीमी होने के बावजूद ट्रक ने उन्हें बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर और गहरी चोटें आई हैं। घटना में लहूलुहान हुए डॉक्टर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *