Jalandhar News: नशे में धुत ट्रक चालक ने तोड़ा अंडरब्रिज बैरियर, बाल-बाल बचा एक्टिवा चालक, देखें वीडियो

जालंधर, ENS: गाजीगुल्ला अंडरब्रिज पर कई बार हैवी व्हीकल के कारण बैरियर टूट चुका है। लोगों द्वारा हैवी व्हीकल की रोक को लेकर प्रशासन से कई बार पक्का नाका लगाने की अपील की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। शायद पुलिस किसी बड़ा हादसा होने का इंतजार कर रही है। दरअसल, देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मकसूदा मंडी की तरफ से आ रहे ट्रक ड्राइवर ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया हुआ था। इस दौरान ट्रक चालक ने अंडरब्रिज पर लगे लोहे के पोल (बैरियर) में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल उखड़कर वहां से गुजर रही एक एक्टिवा पर गिर गया।

हादसे में एक्टिवा पूरी तरह दब गई, लेकिन गनीमत रही कि सवार व्यक्ति की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया। इस घटना को लेकर जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे काबू कर लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रक नंबर HR 38 X 4644 का ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था। आरोप है कि देर रात शराब के नशे में होने के कारण वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरियर से टकरा गया। ट्रक की रफ्तार और वजन इतना अधिक था कि वह लोहे के मजबूत पोल को उखाड़ते हुए आगे निकल गया। इसी दौरान जग्गू चौक की ओर से एक व्यक्ति एक्टिवा पर सवार होकर वहां से गुजर रहा था।

तभी उखड़ा हुआ भारी पोल सीधे एक्टिवा पर जा गिरा और वाहन पूरी तरह उसके नीचे दब गया। पीड़ित ने बताया कि वह उस समय अकेला था। पोल उसके सिर पर गिरने ही वाला था, लेकिन उसने समय रहते पीछे हटकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ दूरी पर ही ट्रक को घेरकर रोक लिया। लोगों ने जब ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला तो उसकी हालत देखकर हैरान रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर इतना नशे में था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने लड़खड़ाती आवाज में इतना ही बताया कि वह मक्सूदां सब्जी मंडी से ट्रक लोड करके आ रहा था। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि इतनी व्यस्त सड़क पर इस तरह लापरवाही से वाहन चलाना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। लोगों ने बताया कि अंडरब्रिज के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *