Jalandhar सहित Punjab में आज होगी बारिश, कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना

जालंधर, ENS: महानगर में आज सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सुबह कुछ समय के लिए हल्की हल्की हुई बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है। पंजाब में आज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। पिछले 24 घंटों में पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। आज पंजाब के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। कई इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं।

पंजाब में पिछले दिनों से बूंदबांदी व हल्की वर्षा हो रही है। हालांकि बीते दिन होशियारपुर, गुरदासपुर, पटियाला, पठानकोट, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा व फरीदकोट में बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हुई। हालांकि, वर्षा के बाद भी पंजाब के कई जिलों में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन व रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहे। लुधियाना व जालंधर में दिन का तापमान 28 डिग्री व रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री व रात का तापमान सामान्रू से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।पटियाला में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री व रात का तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के जालंधर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर और फतेहगढ़ साहिब में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला और मानसा में यलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वीरवार व शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। हालांकि कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर भी रह सकती है। वहीं, कुछ जगहों पर सामान्य से मध्यम वर्षा, तो कुछ जगहों पर भारी वर्षा व ओलावृष्टि हो सकती है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *