Punjab News: छप्पड़ में डूबने से 3 वर्षीय बच्चे की मौत

Written by

in

मुक्तसर साहिबः कोटभाई गांव में देर रात छप्पड़ में डूबने से 3 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना को लेकर गांव वासियों में शोक की लहर छा गई। मृतक बच्चे की पहचान फतेहवीर सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार छप्पड़ फतेहवीर घर के बिल्कुल पास है। बीते दिन बच्चा शाम 5 बजे के आसपास खेलते हुए घर से बाहर निकला था‌।

फतेहवीर घर के पास बने छप्पड़ के किनारे से खेलते हुए गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह अचानक छप्पड़ में जा गिरा। परिजनों द्वारा बच्चे को ना मिलने पर देर रात तक उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद बच्चे के पैरों के निशान छप्पड़ की तरफ जाते मिले। जिसके बाद गोताखोरों की मदद ली गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात करीब 11 बजे बच्चे का शव छप्पड़ से बरामद किया गया।

परिवार का आरोप है कि घरों के पास स्थित यह छप्पड़ सरकंडों और झाड़ियों से ढका हुआ है। इसी वजह से बच्चे को छप्पड़ का अंदाजा नहीं लगा और यह हादसा हो गया। उनका कहना है कि अगर समय रहते छप्पड़ की सफाई और चारदीवारी की जाती तो मासूम की जान बच सकती थी। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से छप्पड़ के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने और उन्हें ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *