Punjab News: श्मशानघाट में व्यक्ति को हार्ट अटैक आने से मची अफरा-तफरी, विधायक ने बचाई जिंदगी

पठानकोटः विधानसभा हलका सुजानपुर में शमशान घाट पर किसी की मौत पर पहुंचे व्यक्ति को हार्ट अटैक आ गया। व्यक्ति के हार्ट अटैक आने के दौरान सुजानपुर के विधायक नरेश पुरी हरकत में आए और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसकी जिंदगी को बचा लिया। दरअसल, जिस व्यक्ति की विधायक ने जिंदगी बचाई, वह किसी की चिता को अग्नि देने के लिए अन्य लोगों के साथ शमशान घाट आया हुआ था।

जहां अचानक उसे हार्ट अटैक आ गया और शमशान घाट में अफरा तफरी मच गई। विधायक नरेश पुरी ने मरीज की स्थिति को देखते हुए सीपीआर देनी शुरू कर दी और उसकी जान बचा ली। वहीं इस घटना के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। विधायक नरेश पुरी ने कहा कि उन्हें जैसे ही 70 वर्षीय बुजुर्ग को हार्ट अटैक आने का शोर सुना तो वह तुरंत उसके पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह बाकी लोगों से कह रहे थे कि मरीज को सीपीआर दीजिए क्योंकि ऐसे समय में सीपीआर एक रामबाण इलाज है लेकिन, किसी को भी सीपीआर के बारे में पता नही था।

इसके बाद वह खुद व्यक्ति को सीपीआर देने लगे। उन्होंने करीब 20 सेकंड तक व्यक्ति को सीपीआर दी और उसके बाद व्यक्ति को सांस आ गई। बुजुर्ग के परिवार सदस्य उसको तुरंत अस्पताल में लेकर चले गए। अभी बुजुर्ग व्यक्ति खतरे से बाहर है और वह एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। विधायक ने बताया कि उन्होंने ऐसी मुश्किल की घड़ी में मरीज को किस तरह की सहायता दी जाए यह सब यूट्यूब से सीखा है और उन्हें आज खुद पर गर्व भी महसूस हो रहा है कि एक कीमती जान को उन्होंने बचाया है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *