पंजाबः 15 साल की युवती ने की खुदकुशी

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से बड़ी ख़बर सामने आई है। पंजाब के शहर लुधियाना में दशहरा मैदान के नजदीक कुंदनपुरी में एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थियों में फंदा से लटकता मिला। किशोरी मोहल्ले में ही एक घर में साफ-सफाई का काम करती थी। सोमवार देर शाम तक वह घर वापस नहीं आई तो परिजन तलाश करने निकले। इस बीच उनके पास मकान मालिक का फोन आया। उसने किशोरी के परिवार वालों को अपने घर बुलाया। जैसे ही परिजन घर पहुंचे तो मकान मालिक ने बताया कि उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। जब उन्होंने देखा कि किशोरी फंदे से लटक रही है तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों का आरोप है कि किशोरी से दुष्कर्म करके उसे मारकर फंदे से लटकाया गया है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक किशोरी की पहचान काजल (15) के रूप में हुई है।

परिवार का आरोपः पुलिस दबाव में काम कर रही

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जॉइंट सीपी नरिंदर भार्गव, एसीपी हरिश बहल, एसीपी मनिंदर बेदी और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। महिलाओं और पुरुषों को घर के अंदर जाने से पुलिस रोकती रही, लेकिन गुस्साई महिलाओं ने जोरदार विरोध किया। वे पुलिस कर्मियों से भिड़ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। लोगों ने घर में घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने लोगों को बाहर ही रोक दिया।

दो साल से काम कर रही थी युवती, पहले भी हो चुकी छेड़छाड़

मृतक काजल की मां सुमन ने पत्रकारों को बताया कि बेटी उक्त घर में पिछले दो साल से काम कर रही थी। घर के मालिक की पत्नी पैरालाइज्ड है और कुछ समय से अस्पताल में भर्ती है। 4 या 5 दिन पहले घर के मालिक ने उसकी बेटी को रात को काम पर रखने की बात कहीं थी, लेकिन उन्होंने बेटी को रात के समय काम करने के लिए मना कर दिया और काम छोड़ने को कहा। जब अगली सुबह उसकी बेटी घर आई तो उसने बताया था कि मकान मालिक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। परिजनों ने मकान मालिक को फोन करके बेटी के काम पर न आने की बात कह दी थी। मगर उसने मिन्नत करके बेटी को दोबारा बुलाया था कि उसकी पत्नी बीमार है। मकान मालिक ने कहा कि जब उसकी पत्नी अस्पताल से घर आ जाएगी तो बेशक वह काम छोड़ दे।

यूपी के रहने वाला परिवार, किशोरी के मुंह में ठूंसा था खून से सना कपड़ा

परिजनों के मुताबिक, काजल का शव फंदे से लटक रहा था। उसके मुंह में एक कपड़ा ठूंसा हुआ था, जो खून से सना था। काजल के पिता मटरी रिक्शा चालक है। पूरा परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला है। मां सुमन का कहना है कि काजल सुबह काम पर जाने के लिए निकली और दोपहर में घर का सामान देकर वापस अपने काम पर चली गई थी। उस समय तक सब कुछ सही था। शाम को बेटी का शव फंदे पर मिला। परिवार का आरोप है कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उसके बाद उसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। परिवार वालों का आरोप है कि मालिकों के साथ मिलकर पुलिस भी उन्हें गुमराह कर रही है। जब परिवार वालों ने अंदर जाने की कोशिश की तो उन्हें धक्का दिया गया।

पुलिस ने बरसाई लाठियां, दौड़ा कर पीटे प्रदर्शनकारी

जांच के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि पुलिस ने लोगों पर लाठियां बरसाईं। वहीं लोगों ने भी पुलिस को घेर लिया। पुलिस पर लोगों ने भी ईंट पत्थर चलाए। इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। वहीं पूरे इलाके को पुलिस ने घेरकर छावनी में बदल दिया। लोगों ने उस घर पर खूब पत्थर बरसाए, जिस घर में किशोरी का शव मिला था। लोगों की जिद थी कि जब तक आरोपी को पुलिस सामने नहीं लाती, वह फंदे से शव उतारने नहीं देंगे। घटना स्थल पर जब हालात बिगड़ते दिखे तो पुलिस ने लोगों पर जमकर लाठियां बरसाईं। महिलाओं को रोकने के लिए लुधियाना पुलिस ने सिर्फ एक पुलिस सब इंस्पेक्टर को लगाया था। झड़प में पुरुष पुलिस कर्मचारियों ने महिलाओं पर खूब लाठियां बरसाईं। वहीं कई पुलिस कर्मचारियों ने अपने सीनियर अफसरों के सामने ही महिलाओं के लातें तक मारीं। यह देख पुलिस के सीनियर अधिकारी भी महिला पुलिस बल को बुलाने की बजाय तमाशा देखते रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *