Punjab News: रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार

कपूरथलाः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत थाना सिटी में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) कुलविंदर सिंह को 3,500 रुपये रिश्वत लेते और 10,000 रुपये और मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस बारे में जानकारी देते हुए विजिलेंस के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त पुलिस कर्मचारी को एक कपूरथला निवासी द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज करवाई गई शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने उक्त पुलिस थाने में एक केस दर्ज करवाया था और केस के जांच अधिकारी ए.एस.आई. कुलविंदर सिंह ने अदालत में चालान पेश करने के बदले उससे रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि उक्त पुलिस कर्मचारी ने उससे मोबाइल फोन पर संपर्क करके चालान दायर करने के लिए उसे रिश्वत देने के लिए कहा था।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए और यह सामने आया कि उक्त ए.एस.आई. इस मकसद के लिए शिकायतकर्ता से पहले ही 3,500 रुपये ले चुका था और चालान दायर करने के बदले 10,000 रुपये और मांग रहा था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना जलंधर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस केस संबंधित आगे की जांच जारी है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *