पंजाब: भाजपा नेता बलविंदर गिल पर गोली चलाने वाले आरोपी की CCTV आई सामने

अमृतसरः जंडियाला इलाके में रहने वाले प्रदेश भाजपा एससी मोर्चा के महासचिव बलविंदर गिल को गोली मारने वाले व्यक्ति का वीडियो सामने आया है। यह घटना पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल, आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। उधर, अस्पताल में भाजपा नेता के स्वास्थ्य में भी सुधार बताया जा रहा है। होश में आने के बाद बलविंदर गिल अपने पर हुए हमले के बारे में पुलिस को जानकारी दे सकेंगे। दूसरी ओर, पुलिस बलविंदर सिंह के परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अन्य करीबियों से पूछताछ कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि बलविंदर गिल की कुछ दिनों से किन लोगों के साथ रंजिश चल रही थी।

एसपी जुगराज सिंह ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस अधीक्षक जुगराज सिंह ने कहा कि एक अज्ञात हमलावर, जिसने अपना चेहरा ढका हुआ था, रविवार रात गिल के आवास में घुस गया और भाजपा नेता पर गोलीबारी की। बलविंदर गिल के जबड़े में गोली लगी और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सिंह ने कहा कि उनकी हालत बिगड़ने पर बाद में गिल को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। एसपी ने कहा कि हमलावर का एक साथी भी था जो भाजपा नेता के आवास के बाहर इंतजार कर रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें मामले पर काम कर रही हैं और उन्होंने मौके से अहम सुराग जुटाए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *