Blog

  • पंजाबः सरकारी अधिकारियों को कैबिनेट मंत्री ने जारी किए आदेश

    पंजाबः सरकारी अधिकारियों को कैबिनेट मंत्री ने जारी किए आदेश

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार की तरफ से समूह विभागों को पत्र जारी करके हिदायतें की गई हैं कि कोई भी अधिकारी समर्थ अधिकारी की मंजूरी के बिना अपना हैडक्वाटर नहीं छोड़ेगा जिससे सार्वजनिक काम काम प्रभावित न हो। यह बात शासन सुधार मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आज पंजाब विधान सभा के बजट सैशन के दौरान विधायक दिनेश कुमार चड्ढा की तरफ से लाए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुये कही।

    विधायक की तरफ से ध्यान दिलाया गया कि पिछले लम्बे समय से सरकारी प्रशासनिक अफ़सर अपने स्टेशन पर रहने की बजाय शाम 5 बजे के बाद चंडीगढ़, मोहाली या अन्य स्थानों पर अपने घरों में पहुँच जाते हैं, जिससे सार्वजनिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित होता है। इसलिए इस सम्बन्धी ज़रूरी आदेश जारी किये जाएँ कि सभी अफ़सर अपने स्टेशन पर ही रहें।

    शासन सुधार मंत्री मीत हेयर ने कहा कि विधायक द्वारा प्रकट किये विषय की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का नारा है, ‘लोगों की सरकार लोगों के द्वार’। इस नारे को व्यवहारिक रूप देते हुये मुख्यमंत्री के निर्देशों पर आम राज प्रबंध विभाग की तरफ से इस सम्बन्धी बाकायदा पत्र जारी कर दिया गया है।

    मीत हेयर ने आगे कहा कि राज्य सरकार की तरफ से पिछले थोड़े समय में 26000 से अधिक सरकारी नौकरियाँ दीं हैं। उन्होंने कहा कि इससे जहाँ नौजवानों को रोज़गार मिला वहीं लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं मिलने लगीं। उन्होंने साथ ही नये भर्ती सरकारी कर्मचारियों को सलाह देते हुये कहा कि वह आम लोगों के टैक्स के पैसे के साथ भर्ती किये गए हैं, इसलिए बदलियां करवाने के लिए सिफ़ारिशें न करें। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण रुझान है क्योंकि राज्य के हर क्षेत्र, जिले को सरकारी सेवाओं की ज़रूरत है। चाहे वह सरहदी क्षेत्र हो या पिछड़ा क्षेत्र हो।

  • स्नान कराते समय मृतक हुआ जिंदा, उड़े सबके होश

    स्नान कराते समय मृतक हुआ जिंदा, उड़े सबके होश

    हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां कैंसर से जूझ रहे एक शख्स की मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। आखिरी स्नान कराते समय मृतक जिंदा हो गया और बोलने लगा। उसे जिंदा देख सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी फिर से मौत हो गई और डॉक्टर ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    यह मामला रुड़की के झबरेड़ा कस्बे का है। दीपक कुमार (58) पिछले काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे। सुबह दीपक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन इससे पहले कि उन्हें अस्पताल ले जाते, उनकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दीपक के अंतिम दर्शन के लिए रिश्तेदारों को बुला लिया।

    दीपक के शव को श्मशान घाट ले जाने की तैयारी की जा रही थी। शव को आखिरी स्नान कराया जा रहा था कि तभी दीपक अर्थी से उठ खड़े हुए और वहां लोगों को ऐसा करते देख बोले कि तुमलोग यह सब क्या कर रहे हो। यह नजारा देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। आनन फानन में दीपक को रुड़की अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन शव लेकर फिर गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार किया। यह अजीबोगरीब घटना झबरेड़ा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

  • रोड सेफ़्टी क्लब पीजी कॉलेज ऊना मे “सड़क सुरक्षा , जीवन रक्षा” मुहिम पर दिया भाषण

    रोड सेफ़्टी क्लब पीजी कॉलेज ऊना मे “सड़क सुरक्षा , जीवन रक्षा” मुहिम पर दिया भाषण

    ऊना/ सुशील पंडित :   राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊना में “सड़क सुरक्षा , जीवन रक्षा” मुहिम पर वताया गया। ट्रैफ़िक पुलिस ऊना की टीम की ओर से कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों समेत एनसीसी कैडेटस , एनएसएस स्वयंसेवक व स्काउट एंड गाइडिंग के छात्र इस में उपस्थित रहे।

    ट्रैफ़िक पुलिस ऊना की ओर से विशेष रूप से ए.एस.आई. भगवान चंद व हेड कांस्टेबल दीपक कुमार मौजूद रहे।वहीं मुख्य अतिथि के रूप मे कॉलेज के प्राचार्य प्रो.सतदेव भारद्वाज व विशेष रूप से प्रो. करण , प्रो. प्रोमिला, प्रो. राकेश कुमार , क्लब के कमेटी के मेंबर डॉ भगवान दास , प्रो. शिव कुमार , प्रो. रनजू, प्रो. मोनिका व प्रो.अलका उपस्थित रहे। इस में विद्यार्थियों को इस मुहिम के बारे में विस्तार में जानकारी दी गई तथा रोड सेफ़्टी से जुड़े नियमों व क़ानूनों के बारे में बताया गया। इस के उपरांत रोड सेफ़्टी क्लब के द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के 5 विजेताओं को इनाम व 51 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

  • ईकोलोजिक बिल्डिंग सिस्टम प्रा.लि. बाथू में भरे जाएंगे विभिन्न पद

    ईकोलोजिक बिल्डिंग सिस्टम प्रा.लि. बाथू में भरे जाएंगे विभिन्न पद

    ऊना/सुशील पंडित: मैसर्ज़ ईकोलोजिक बिल्डिंग सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड बाथू द्वारा विभिन्न पद अधिसूचित किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ऊना अनीता गौतम ने बताया कि इन पदों में ईलैक्ट्रिशियन का एक पद, आप्रेटर (ब्लाॅक मेकिंग मशीन) का एक पद, अकुशल कामगार के चार पद, सिविल इंजीनियर का एक पद, सिक्योरिटी गार्ड का एक पद व फोरक लिफ्ट ड्राइवर का एक पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन पदो ंके लिए साक्षात्कार 10 मार्च को प्रातः 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित होगा।

    अनीता गौतम ने बताया कि ईलैक्ट्रिशियन पद के लिए शैक्षणिक योग्यता ईलैक्ट्रिशियन ट्रेड में आईटीआई पास, आप्रेटर (ब्लाॅक मेकिंग मशीन) के लिए मकैनिकल/ईलैक्ट्रिकल में डिप्लोमा और समकक्ष उद्योग में अनुभव, अकुशल कामगार हेतू 8वीं व 10वीं पास, सिविल इंजीनियर के लिए सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, सिक्योरिटी गार्ड के लिए पूर्व सैनिक (मैट्रिक पास) व फोरक लिफ्ट ड्राइवर पद के लिए 12वीं पास के साथ-साथ एलएमवी लाइसैंस और एक साल का अनुभव होना अनिवार्य है।

    जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि साक्षात्कार में आने के लिए किसी प्रकार का कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 98152-01985 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

  • सीबीआई की बड़ी कार्रवाईः पर्ल ग्रुप के निदेशक गिरफ्तार

    सीबीआई की बड़ी कार्रवाईः पर्ल ग्रुप के निदेशक गिरफ्तार

    नई दिल्लीः सीबीआई ने पर्ल्स समूह के निदेशक हरचंद सिंह गिल को करोड़ों रुपये के पोंजी घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। उन्हें फिजी से प्रत्यर्पित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि विदेश में रह रहे भगोड़ों को वापस लाने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन त्रिशूल’ के तहत गिल को फिजी द्वीप समूह से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सोमवार देर भारत लाया गया।

    सीबीआई का दावा है कि पिछले साल अभियान शुरू होने के बाद से करीब 30 भगोड़ों को सफलतापूर्वक भारत लाया गया। इस अभियान का उद्देश्य इंटरपोल की मदद से अपराधियों और भगोड़ों की आय का पता लगाना और उन्हें वापस लाना है। एजेंसी ने पर्ल्स समूह और उसके संस्थापक निर्मल सिंह भंगू के खिलाफ 19 फरवरी 2014 को भोले-भाले निवेशकों को उनके निवेश के बदले जमीन की पेशकश कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपों पर जांच शुरू की थी। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने देश भर में इन निवेशकों को धोखा देकर 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी की।

  • सर्व शिक्षा अभियान के तहत तृतीय सभा में अभिभावकों को जागरूक किया

    सर्व शिक्षा अभियान के तहत तृतीय सभा में अभिभावकों को जागरूक किया

    ऊना/सुशील पंडित : सर्व शिक्षा अभियान के तहत एन जी ओ राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा संचालित एन आर एस टी केंद्र बाथू 1,2,3, में राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुरपलाह के मुख्याध्यापक सुरेन्द्र कुमार और स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में तृतीय सभा बुलाई गई।जिसमें केन्द्रों के बच्चो के 50 अभिभावक और केन्द्रों की प्रभारी श्रीमती परवीन कुमारी, श्रीमती रीता पटियाल और ज्योति देवी भी उपस्थित रहीं।
    इस सभा में मुख्याध्यपक ने अभिभावकों से बच्चों की अंतिम परीक्षा और बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की। शिक्षा के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया।
  • होली से पहले बड़ा हादसाः रंग से खेल रहे बच्चों पर ट्रक पलटने से एक की मौत, 8 घायल

    होली से पहले बड़ा हादसाः रंग से खेल रहे बच्चों पर ट्रक पलटने से एक की मौत, 8 घायल

    नवादा: जिले के पकरीबरावां में मंगलवार की सुबह होली खेल रहे बच्चों पर एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि ट्रक चालक और बच्चों समेत बच्चे आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक पलटने से ट्रक का चालक भी दब गया था। घायलों को आनन-फानन में नवादा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सबकी हालत चिंताजनक है। मृतक की पहचान दतरौली गांव के रहने वाले मोहम्मद अनवर हुसैन (उम्र करीब 50 साल) के रूप में की गई है। घायलों में पकरीबरावां बाजार के ही विपिन यादव का सात वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार, कपिल यादव का 10 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार, रंजन यादव का 10 वर्षीय पुत्र दीपेश कुमार, पांच साल का सचिन समेत और लोग घायल हैं।

    एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे बच्चे

    बताया जाता है कि सभी बच्चे होली के रंग में रंगे थे। एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक तेज गति में अचानक मार्केट में घुस गया और फिर पलट गया। पलटते ही कुछ बच्चे भागे जबकि कुछ बच्चे ट्रक के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला। इसमें ट्रक ड्राइवर भी शामिल है। ट्रक ड्राइवर की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। दरअसल, चालक बेहोशी की हालत में था।

    परिजनों में मचा कोहराम

    इधर घटना के बाद मृतकों के यहां कोहराम मच गया है। होली से पहले इस तरह की घटना से मृतक और जख्मी हुए बच्चों के यहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने आगजनी करते हुए सड़क को जाम कर दिया। पकरीबरावां में शव को सड़क पर रखकर नारेबाजी करने लगे। सदर एसडीओ उमेश कुमार भारती ने बताया कि तीन लोगों की हालत काफी गंभीर है। उन्हें पावापुरी के मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया है।

  • आईटीआई ऊना में कैम्पस इंटरव्यू 14 मार्च को

    आईटीआई ऊना में कैम्पस इंटरव्यू 14 मार्च को

    ऊना/ सुशील पंडित : गुडगांव स्थित मैसर्ज एकता एंटरप्राइसिस द्वारा आईटीआई ऊना में 14 मार्च को प्रातः 9 बजे से लिवगार्ड बैटरीज़ प्राईवेट लिमिटेड मुबारिकपुर तथा सोलन के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इसमें इलैक्ट्रिकल, इलैक्ट्राॅनिक, टरनर, मोटर मकैनिक तथा फिटर ग्रेड के अभ्यार्थी भाग ले सकते हैं। यह जानकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ऊना के प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने दी।

    उन्होंने बताया कि कैंपस इंटरव्यू में कंपनी द्वारा सर्वप्रथम लिखित परीक्षा ली जाएगी तथा लिखित परीक्षा में सफल अभ्यार्थियों का व्यक्गित साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित अभ्यार्थियों को कंपनी द्वारा प्रथम वर्ष के दौरान बतौर वेतन व अन्य सुविधाओं सहित 13689/- रुपये देय होंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यार्थी मैट्रिक, 10$2 तथा आईटीआई की अंक विवरणिकाओं व हिमाचली बोनाफाईड प्रमाण पत्रों की सत्यापित दो-दो छायाप्रतियों तथा दो पासपोर्ट साईज रंगीन फोटो सहित कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। 

  • जालंधरः घर से लाखों के गहने और नगदी लेकर चोर हुए फरार, देखें वीडियो

    जालंधरः घर से लाखों के गहने और नगदी लेकर चोर हुए फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, वरुण/हर्षः महानगर में लूटपाट और चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। लगातार क्राइम की वारदातों का ग्राफ बढ़ रहा है। वहीं थाना नंबर 8 के क्षेत्र में न्यू संतोखपुरा की अंबिका कॉलोनी में चोरी का मामला सामने आया है। जहां चोरों ने घर के ताले तोड़कर लाखों के सोने के जेवर तथा हजारों की नकदी साथ ले गए। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित नीलम कुमारी ने बताया कि वह वारदात के समय पड़ोसियों के घर में गए हुए थे। वापिस लौटने पर देखा कि घर की अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा है। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से करीब 10 लाख की कीमत के सोने के जेवर तथा हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर गए।

    थाना आठ की पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू संतोखपुरा निवासी सुरिंदर कुमार तथा उसकी पत्नी नीलम कुमारी ने बताया कि सोमवार शाम वह पड़ोसियों के घर में गई हुई थी, ऐसे में जब 4 बजे घर वापिस आई तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ देखकर उसने शोर मचाया। ऐसे में आस-आस के लोग जमा हुए तो उन्होंने घर में दाखिल होकर देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है।

    वहीं अंदर वाले कमरे में जाकर देखा लोहे की अलमारी के ताले तोड़कर लॉकर में रखे सोने के गहने और हीरे के टॉपस चोर चुरा ले गए थे। नीलम कुमारी का कहना है कि अपने बेटे की कुछ महीने पहले शादी की थी तथा गहने घर में पड़े थे, जिसे चोर चुरा ले गए।वहीं सुरदिंर कुमार का कहना है कि गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में 2 चोर घर में दाखिल होते हुए कैद हुए हैं। इसके बाद कुछ समय बाद चोर चोरी को अंजाम देकर वहां से चले जाते हैं। इस संबंध में थाना आठ के प्रभारी अमित ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

  • होटल में देह व्यापार धंधे को लेकर पुलिस की रेड, संचालक सहित एक काबू

    होटल में देह व्यापार धंधे को लेकर पुलिस की रेड, संचालक सहित एक काबू

    रेवाड़ी: शहर के नाईवाली चौक स्थित एक होटल में छापेमारी कर शहर थाना पुलिस ने देहव्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल से पांच लड़कियों को मुक्त कराया है और होटल संचालक सहित दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। होटल संचालक द्वारा जबरदस्ती लड़कियों से देहव्यापार कराया जा रहा था। होटल से मुक्त कराई गई लड़कियों को पुलिस ने वन स्टाप सेंटर में भेज दिया। सभी लड़कियां अन्य राज्यों की रहने वाली है। 

    शहर थाना पुलिस को सूचना मिली कि नाईवाली चौक स्थित एक होटल में लड़कियों से जबरदस्ती देहव्यापार कराया जा रहा है। सूचना के बाद रात को शहर थाना पुलिस ने होटल में छापेमारी कर दी। पुलिस को होटल में पांच लड़कियां मिली। दिल्ली की रहने वाली एक लड़की ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ घूमने के लिए हिसार गई थी। हिसार में उन्हें मुकेश नाम का एक व्यक्ति मिला, जिसने कहा कि वह दोनों को दिल्ली छोड़ देगा। मुकेश उन्हें दिल्ली की बजाय रेवाड़ी स्थित जेपी पैलेस होटल में ले गया, जहां होटल मालिक नवीन से मुलाकात कराई। रात होने के कारण दोनों लड़कियां होटल में ही रूक गई।

    शिकायत में लड़की ने कहा है कि होटल संचालक नवीन ने उन्हें देहव्यापार के लिए दूसरे होटल में जाने के लिए कहा। इंकार करने पर नवीन ने जान से मारने की धमकी दी। नवीन ने बताया कि उसने दोनों लड़कियों के लिए मुकेश को रुपये भी दिए है। लड़की ने पूरे मामले की जानकारी दिल्ली में रहने वाली अपनी एक दोस्त को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने होटल से पांच लड़कियों को मुक्त कराया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित लड़की की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर होटल मालिक नवीन व एक अन्य व्यक्ति बिरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी लड़कियों को वन स्टाप सेंटर में भेज दिया और जांच कर रही है। दोनों आरोपियो को आज अदालत में पेश किया जाएगा।