Blog

  • उपमंडल बंगाणा की पंचायतों में विकास को मिलेगी नई रफ्तार: के एल वर्मा

    उपमंडल बंगाणा की पंचायतों में विकास को मिलेगी नई रफ्तार: के एल वर्मा

    खंड विकास अधिकारी के एल.वर्मा ने बंगाणा में किया ज्वॉइन ,बोले भ्रष्टाचार नहीं होगा बर्दाश्त

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के नए खंड विकास अधिकारी एल. वर्मा ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि अब उपमंडल की पंचायतों में विकास कार्यों की गति सौ प्रतिशत बढ़ेगी और सरकार की हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास की गति के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि कोई भी योजना सिर्फ कागज़ों में सीमित न रह जाए, बल्कि धरातल पर उसका असर दिखे।

    के एल. वर्मा ने कहा कि उपमंडल बंगाणा की पंचायतें अब भ्रष्टाचार से मुक्त होंगी। हर विकास कार्य में पारदर्शिता लाई जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को तेज़ी से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर जो भी समस्याएं लम्बे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, या सामाजिक कल्याण की योजनाएं सभी का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के हर क्षेत्र में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनता खुद अपने गांवों के उत्थान में भाग ले सके।बीडीओ वर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करें।

    उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों की नियमित निरीक्षण और समीक्षा बैठकें की जाएंगी ताकि हर योजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके।उन्होंने बताया कि पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और उन्हें प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

    के एल. वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि उपमंडल बंगाणा को एक आदर्श विकास मॉडल के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अपनी पंचायतों के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। खंड विकास अधिकारी के इस सकारात्मक दृष्टिकोण से लोगों में नई उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में बंगाणा क्षेत्र की पंचायतों में विकास की रफ्तार और पारदर्शिता दोनों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

      पंचायतों में हर फंड के पेंडिंग राशि खर्च करवाना मुख्य उद्वेश्य

    खंड बिकास अधिकारी के एल वर्मा ने कहा कि उपमंडल की पंचायतों में जो बकाया राशि चाहे वह एमपी फंड विधायक फंड या किसी भी निधि का पैसा जो पंचायतों के पेंडिंग पड़ा है। उसे खर्च करवाना उद्वेश्य रहेगा।  उन्होंने कहा कि हर पंचायत जो खंड बिकास बंगाणा के अधीन आती है। उनके हर कार्य के गुणवत्ता की बारीकी से जांच होगी। ओर जहां भ्रष्टाचार दिखेगा। उन पर कार्यवाही होगी।

  • Jalandhar News: थार सवार युवकों ने नाके पर खड़ी पुलिस पर की फायरिंग

    Jalandhar News: थार सवार युवकों ने नाके पर खड़ी पुलिस पर की फायरिंग

    Jalandhar (Ens): जालंधर देहात के थाना करतारपुर पुलिस पर थार सवार युवकों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। जहां, बीती रात गांव धीरपुर के पास नाका लगाया हुआ था। देर रात एक काले रंग की थार गाड़ी वहां से गुजरी। पुलिस ने टॉर्च मारकर गाड़ी रुकवाने का इशारा किया, लेकिन गाड़ी सवार युवकों ने रुकने के बजाय सीधे पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

    पीछा करने पर खेतों में फंसी थार
    पुलिस पार्टी ने गोलीबारी के बाद भी थार का पीछा जारी रखा। भागते-भागते थार खेतों में फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी कर्मजीत सिंह निवासी धीरपुर को काबू कर लिया। जबकि उसका साथी सुखवंत सिंह उर्फ सूखा मौके से फरार हो गया।

    पिस्टल और चार जिंदा राउंड बरामद
    थाना करतारपुर के एसएचओ रमनदीप सिंह ने बताया कि कर्मजीत सिंह की तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और चार जिंदा राउंड बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड लिया जाएगा।

    फरार आरोपी ने रास्ते में लूटी स्विफ्ट कार
    फरार आरोपी सुखवंत सिंह उर्फ सूखा भागते हुए गांव जयपुर की तरफ जा रहा था। रास्ते में उसने स्विफ्ट कार सवार युवक प्रभजिंदर सिंह को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और गाड़ी छीन ली। इसके बाद वह गांव दयालपुर की दिशा में फरार हो गया।

    पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
    घटना के बाद पुलिस ने सुखवंत सिंह को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस इलाके की घेराबंदी कर रही है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

    आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
    एसएचओ रमनदीप ने बताया कि दोनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में पहले भी शामिल रह चुके हैं और उन पर कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उन्होंने हाल ही में किन घटनाओं में हिस्सा लिया था।

     

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में लहराया परचम

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में लहराया परचम

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 66वीं अंडर-19 लड़कों और  लड़कियों की राज्य स्तरीय एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन 1 नवंबर से 3 नवंबर, 2025 तक  गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों से लगभग 650 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस भव्य आयोजन में वशिष्ट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। कक्षा ग्यारहवीं के उज्ज्वल शर्मा ने डिस्कस थ्रो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त किया।इस उपलब्धि के आधार पर उज्ज्वल शर्मा का चयन अंडर-19 लड़कों की नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है ,जिसका आयोजन आगामी दिनों में हरियाणा राज्य में होगा।  उज्ज्वल शर्मा डिस्कस थ्रो में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। कक्षा ग्यारहवीं के जयअदित्य ने शॉट पुट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए  ब्राॅन्ज मेडल हासिल किया। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता गवर्नमेंट बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जिला चंबा में 30 अक्टूबर, 2025 से 1 नवंबर, 2025 तक संपन्न हुई । राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।  कक्षा आठवीं के बिभास कुमार तथा कक्षा छठी के अथर्व शर्मा ने धैर्य, समर्पण और खेल भावना का परिचय देते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने कहा कि यह हमारे विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है। एथलेटिक्स और बैडमिंटन दोनों प्रतियोगिताओं में हमारे खिलाड़ियों ने जो उपलब्धियांँ हासिल की हैं, वह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने कहा कि स्कूल सदैव समग्र विकास, शिक्षा, खेल एवं नैतिक मूल्यों  के लिए प्रयत्नशील रहा है। हमारे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से सिद्ध किया है कि सही मार्गदर्शन, संसाधन और दृढ़ निश्चय से सफलता सुनिश्चित होती है। हम सभी अभिभावकों, प्रशिक्षकों और बच्चों को हृदय से बधाई देते हैं। भविष्य में भी ऐसे ही ऊँचाइयाँ छूने की अपेक्षा करते हैं।इन उपलब्धियों ने न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
  • माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 के लिए दूसरे दिन भी जारी रहे ऑडिशन

    माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 के लिए दूसरे दिन भी जारी रहे ऑडिशन

    स्थानीय सहित विभिन्न जिलों के कलाकारों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

    ऊना/सुशील पंडित: माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए आयोजित ऑडिशन का क्रम अंब कॉलेज के सभागार में दूसरे दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया।

    यह उल्लेखनीय है कि ऑडिशन प्रक्रिया 3 नवंबर से आरंभ हुई थी। 5 नवंबर के अवकाश के पश्चात इसका अंतिम चरण 6 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है।

    ऑडिशन हेतु आवेदन प्रक्रिया

    कलाकार ऑडिशन में भाग लेने के लिए अपना आवेदन एसडीएम कार्यालय अंब में जमा कर सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन ईमेल पते matashrichintpurnimahotsav@gmail.com पर भी भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त, मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।

    प्रशासन की तैयारियां जोरों पर

    उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि इस बार महोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में माता श्री चिंतपूर्णी के भाव, परंपरा और सामाजिक संदेशों को प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मंच पर गुणवत्तापरक एवं स्तरीय प्रस्तुतियां सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था हेतु विभिन्न समितियां गठित की गई हैं, जो अपने-अपने दायित्वों का सक्रियता से निर्वहन कर रही हैं।

    धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला यह महोत्सव 14 से 16 नवंबर तक श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 से 28 सितंबर तक अंब मैदान में आयोजित महोत्सव का प्रथम संस्करण अत्यंत सफल रहा था। इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मन जीता, बल्कि प्रदेश के धार्मिक-सांस्कृतिक कैलेंडर में अपनी विशिष्ट पहचान भी बनाई।

    वहीं, श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से पिछले वर्ष माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की शुरुआत की गई थी, जो अत्यंत सफल रही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी यह महोत्सव श्रद्धा और संस्कृति का पर्व होने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटनगत प्रगति को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

  • Haryana News: बुजुर्ग के साथ हुई लूट के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: बुजुर्ग के साथ हुई लूट के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला: क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग के साथ हुई लूट के आरोप में लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। 31 अक्टूबर को जीरकपुर के रहने वाले बुजुर्ग के साथ ऑटो चालक और उसके साथी के द्वारा चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।

    इस मामले में एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 अक्टूबर को जीरकपुर के रहने वाले बुजुर्ग व्यक्ति ने चंडीमंदिर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। वारदात वाले दिन वह जीरकपुर पुल के नीचे से बलटाना जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुआ था।

    ऑटो में चालक के साथ एक और युवक भी मौजूद था। दोनों आरोपियों उसको बलटाना में ले जाने की जगह सेक्टर-23 पंचकूला की ओर ले गए। रास्ते में चाकू की नोक पर उससे मोबाइल फोन और 1600 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद दोनों आरोपी बुजुर्ग को सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए।

    क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इंचार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में लगातार कोशिश करके गुप्त सूचना के आधार पर 3 नवंबर को सेक्टर-20 स्थित श्मशान घाट के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलदीप पुत्र आशा राम निवासी जिला हिसार उम्र 32 साल और राकेश उर्फ बल्लू पुत्र प्रेम लाल निवासी जिला मुरादाबाद के तौर पर हुई है।

    पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश करके एक दिन का पुलिस रिमांड लिया है। रिमांड में उनसे बाकी वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने आज शाम को आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हुआ चाकू, लूटा हुआ मोबाइल फोन और ऑटो बरामद कर लिया है।

    पुलिस के द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने और किन-किन जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

     

  • बड़ा रेल हादसाः मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी पैसेंजर ट्रेन, कई यात्रियों की मौत, दर्जनभर घायल

    बड़ा रेल हादसाः मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी पैसेंजर ट्रेन, कई यात्रियों की मौत, दर्जनभर घायल

    छत्तीसगढ़: बिलासपुर में मंगलवार दोपहर बड़ा रेल हादसा हो गया। दोपहर करीब 4 बजे बिलासपुर स्टेशन के पास एक MEMU पैसेंजर ट्रेन का कोच खड़ी हुई मालगाड़ी से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि पैसेंजर ट्रेन का एक डिब्बा मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में कम से कम 7 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोग और रेलवे कर्मचारी राहत-बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

    सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की ओर से बताया गया कि घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और मंडल रेल प्रबंधक (DRM) खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

    सिग्नल तोड़कर गई ट्रेन
    प्रारंभिक जांच के मुताबिक, MEMU ट्रेन ने सिग्नल पार कर दिया (ओवरशूट किया)। ट्रेन को रुकना था, लेकिन उसने सामने खड़ी मालगाड़ी के पिछले हिस्से से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि MEMU ट्रेन का एक कोच बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

    रेल यातायात ठप, कई ट्रेनों को किया गया डायवर्ट
    हादसे के कारण बिलासपुर रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को दूसरे रास्ते से चलाया जा रहा है।

    घटना की जांच शुरू
    रेलवे ने हादसे की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं। रेल सुरक्षा आयुक्त इस दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे। इंजीनियरों और तकनीकी टीमों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है ताकि लाइन को जल्द सामान्य किया जा सके।

    यात्रियों से अपील
    रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि अफवाहों पर भरोसा न करें। सिर्फ आधिकारिक सूचना पर ही ध्यान दें और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

    रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर 24 घंटे मदद मिल सकेगी।

    – चंपा जंक्शन: 808595652
    – रायगढ़: 975248560
    – पेंड्रा रोड: 8294730162

    इसके अलावा, घटनास्थल पर भी दो इमरजेंसी नंबर जारी किए गए हैं

    – 9752485499
    – 8602007202

    राहत कार्य जारी
    फिलहाल रेलवे और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की पहचान की जा रही है। रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द ट्रैक को चालू कर सामान्य स्थिति बहाल की जाएगी।

     

  • Punjab News: युवकों ने कारोबारी पर किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: युवकों ने कारोबारी पर किया जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    लुधियाना। जिले से वाशिंग यूनिट के कारोबारी विनोद कुमार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात सुबह करीब साढ़े दस बजे की है, जब विनोद कुमार अपने घर जनकपुरी से ताजपुर रोड स्थित फैक्ट्री जा रहे थे। जैसे ही वह दमन चिकन के पास पहुंचे, सड़क किनारे खड़े 7-8 युवकों ने उन्हें घेर लिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    हमलावरों ने एक्टिवा रोककर चाबी छीनी
    विनोद कुमार ने बताया कि जब वह जा रहे थे, तभी दो युवकों ने उनकी एक्टिवा स्कूटी रोक ली और चाबी छीनने की कोशिश की। उन्होंने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने समझा कि यह लूट की कोशिश है, इसलिए उन्होंने खुद को छुड़ाने की कोशिश की। लेकिन हमलावरों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी।

    धारदार हथियार से हमला कर किया लहूलुहान
    जब कारोबारी ने बचने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। देखते ही देखते विनोद कुमार खून से लथपथ हो गए। उनकी चीखें सुनकर आसपास के लोग वहां दौड़ पड़े। भीड़ को देखकर हमलावर घबरा गए और अपनी दो बाइकें – एक पल्सर और एक सीडी100 – मौके पर छोड़कर भाग गए।

    घायल बोला, किसी से दुश्मनी नहीं थी
    घायल विनोद कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि हमलावरों ने उन पर हमला क्यों किया। उन्होंने कहा कि अगर लोग समय पर न आते तो शायद उनकी जान चली जाती।

    वारदात सीसीटीवी में कैद
    घटना की पूरी वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक सड़क किनारे खड़े हैं और मौका मिलते ही विनोद कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर देते हैं। फुटेज में हमलावरों के भागते हुए दृश्य भी साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

     

  • Jalandhar News: प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग मामले में आरोपी गैंगस्टर पर रखा 1 लाख रुपये का इनाम

    Jalandhar News: प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग मामले में आरोपी गैंगस्टर पर रखा 1 लाख रुपये का इनाम

    जालंधर (Ens): अटवाल हाऊस कॉलोनी के एम.डी (प्रॉपर्टी डीलर) मंदीप गोरा पर फायरिंग करने वाला आरोपी पिछले 2 हफ्ते से फरार चल रहा है। इस बारे में मंदीप गोरा ने पुलिस को सूचना देने वाले के लिए 1 लाख रुपये के इनाम का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि एक लाख वो अपनी ओर से सूचना देने वाले को देंगे और उसका नाम भी गुप्त रखा जाएगा।

    अटवाल हाउस कॉलोनी के एम.डी मंदीप सिंह गोरा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गैंगस्टर रितेश उर्फ राहुल जो कि कनाडा से आया था। उसने 18 अक्टूबर को शाम 5:00 बजे ऑफिस से बाहर आते हुए उन पर गोलियां चला दी। जिसके बाद वह फरार हो गया।

    घटना के दो हफ्ते बीत गए हैं परंतु अभी तक आरोपी का कोई भी सुराग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि अब तक जो जानकारी मिली है कि आरोपी गैंगस्टर राहुल का एक बड़े गिरोह से संबंध है। इसके कारण गैंगस्टर राहुल गोरा को मारने के लिए एक विदेशी क्लॉक पिस्तौल भी दी गई थी। आरोपी के पकड़े न जाने के कारण वह अभी डर में जी रहा है।

    उन्होंने बताया कि वह एक व्यापारी हैं। आज हालात ऐसे हो चुके हैं कि अपने और अपने परिवार की रक्षा के लिए 7 हथियारबंद बंदूकधारियों के साथ बाहर निकलना पड़ता है।

    उन्हें डर है कि गैंगस्टर फिर से उस पर हमला कर देंगे। गोरा ने आज घोषणा की है कि जो भी कोई गैंगस्टर राहुल के बारे में पुलिस को जानकारी देगा उसको 1 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा जानकारी देने वाला का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे खुलेआम घूमने वाला व्यक्ति पंजाब के लोगों के लिए खतरा है।

    डीएसपी सरवण सिंह बल ने इस मामले पर कहा कि गैंगस्टर राहुल और उसके समर्थकों को पकड़ने के लिए एसएसपी जालंधर के द्वारा 3 पुलिस टीमें बनाई गई हैं। इसमें फिल्लौर पुलिस के साथ सी.आई.ए जालंधर ग्रामीण और अपराधा शाखा की टीमें भी हैं। उनका कहना है कि जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल में डाल देगी।

     

  • ICC Ranking में स्मृति मंधाना को मिला दूसरा स्थान, इस वजह से छिनी No.1 की Position

    ICC Ranking में स्मृति मंधाना को मिला दूसरा स्थान, इस वजह से छिनी No.1 की Position

    खेल: भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को वीमेंस वर्ल्ड कप के बाद बड़ा झटका लग गया है। स्मृति ने वर्ल्ड कप में काफी अच्छा प्रदर्शन दिया। फाइनल में भी स्मृति मंधाना के बल्ले से 45 रनों की पारी आई। इस पारी से मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर टीम को काफी अच्छी शुरुआत दिलवाई परंतु इसके बाद भी वनडे आईसीसी रैंकिंग्स में स्मृति मंधाना को नंबर 1 का ताज नहीं मिला। वीमेंस वनडे बैटिंग रैंकिंग्स में वह नंबर 2 पर आई हैं। साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवार्ड आईसीसी वनडे बैटिंग रैंकिंग में नंबर 1 पर आ गई हैं।

    नॉकआउट में पीछे रह गई स्मृति

    मंधाना विश्व कप के दौरान लगातार नंबर एक बल्लेबाज बनी रही है परंतु नॉकआउट चरण में वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थी। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 और फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 45 रन बनाए। इसके बाद भी वह विश्व कप में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी रही।

    स्मृति मंधाना ने बनाए थे सबसे ज्यादा रन

    स्मृति मंधाना काफी समय से वनडे बैंटिंग रैंकिंग में नंबर वन पर बनी हुई थी परंतु अब स्मृति 811 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर आ गई हैं। वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्मृति दूसरे नंबर की खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने विश्व कप में 9 मैचों में 54.25 की औसत से 434 रन बनाए। स्मृति मंधाना भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली प्लेयर बनी है।

    लौरा वोलवार्ड ने बनाई नंबर 1 पर जगह

    वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोलवार्ड आईसीसी वनडे बैटिंग रैकिंग में नंबर एक पर आ गई हैं। लौरा वोलवार्ड 814 रेटिंग पॉइट्ंस के साथ नंबर वन बन गई हैं। लौरा ने भारत-साउथ अफ्रीका में हुए मुकाबले में शतकीय पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका की ओर से लौरा अकेले ही मैदान पर लड़ती रही। वहीं कोई और बल्लेबाज अर्धशतकीय पारी भी नहीं खेल पाया।
  • पाकिस्तान की Supreme Court बिल्डिंग में भीषण धमाका, 12 लोग हुए घायल, मची अफरा-तफरी

    पाकिस्तान की Supreme Court बिल्डिंग में भीषण धमाका, 12 लोग हुए घायल, मची अफरा-तफरी

    नई दिल्ली: पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट बिल्डिंग में भयानक धमाका हुआ है। इस धमाके में 12 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में स्थित कैंटीन में गैस सिलेंडर फटने के कारण जोरदार विस्फोट हुआ है। स्थानीय मीडिया ने रिपोर्ट में बताया कि विस्फोट एयर कंडीशनर सिस्टम की मरम्मत के दौरान हुआ है।

    सुप्रीम कोर्ट भवन में मची अफरा-तफरी

    पाकिस्तान के टीवी चैनल के अनुसार, सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि धमाका इमारत के सेंट्रल एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की मरम्मत के दौरान हुआ है। अचानक से हुए इस विस्फोट के कारण सुप्रीम कोर्ट भवन में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद झटकों के कारण पूरी इमारत हिल गई। इसके बाद वकील, जजों के स्टाफ और बाकी कर्मचारी घबराकर बिल्डिंग के बाहर भागने लग गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट के कारण कोर्ट नंबर 6 को गंभीर नुकसान हुआ है। धमाके से पहले न्यायमूर्ति अली बाकर नजफी और न्यायमूर्ति शहजाद मलिक सुनवाई कर रहे थे।

    घायल हुए लोगों को करवाया गया भर्ती

    ज्यादातर घायल हुए कर्मचारी एसी प्लांट के पास मरम्मत का कर रहे थे। उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए आईजीपी ने बताया कि कैंटीन में पिछले कई दिनों से गैस लीक हो रही थी। उन्होंने कहा कि विस्फोट एसी की मरम्मत के दौरान हुआ। विशेषज्ञों ने पुष्टि भी की है कि यह गैस विस्फोट था। पुलिस ने बताया कि 12 लोग घायल हुए जिसमें दो की हालत गंभीर है। वहीं एसी टेक्नीशियन गंभीर रुप से जल गया है। उसके शरीर का करीबन 80% हिस्सा आग में झुलस गया है।