Welcome to WordPress. This is your first post. Edit or delete it, then start writing!
Blog
-
Punjab News: चोरी की गई 18 मोटरसाइकिलों सहित तीन गिरफ्तार, देखें वीडियो
मोहाली: पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 चोरीशुदा मोटरसाइकिलों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार निवासी यूपी हाल रायपुर बलोंगी, संदीप निवासी गांव कलितरा थाना नांगल, वकार उर्फ सलमान निवासी यूपी, हाल रायपुर के रूप में हुई है।
डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 सितंबर को गुरुद्वारा साहिब फेस-5 मोहाली के पास से हरमनप्रीत सिंह निवासी गांव तियौड़ की मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना फेस-1 मोहाली में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कीं। पूछताछ के आधार पर संदीप को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से पांच मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
वहीं, वकार उर्फ सलमान को पकड़कर उसके पास से भी पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने मिलकर चोरी करने के लिए गिरोह बना रखा था। इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि उनसे और भी चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद होंगी। मुख्य आरोपी अजय कुमार के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
-

गुजरात के इस हवाई अड्डे पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसला विमान
नई दिल्ली: गुजरात के अमरेली में आज दोपहर को एक बड़ा विमान हादसा टल गया है। एक सिंगल-सीटर ट्रेनर विमान लैंडिंग के दौरान फिसलकर किनारे चल गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान ट्रेनी पायलट को कोई भी चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग के दौरान अचानक से असंतुलित हो गया। असंतुलित होने के कारण रनवे छोड़कर विमान किनारे पर चला गया। अमरेली के कलेक्टर विकल्प भारद्वाज ने बताया कि छोटा विमान एयरपोर्ट से संचालित एक निजी एविएशन अकादमी का था।घटना की जांच की जाएगी
उनका कहना है कि ट्रेनर विमान रनवे पर उतरने के बाद तुंरत फिसल गया। यह रनवे के किनारे कच्चे हिस्से में चला गया। विमान को कुछ नुकसान हुआ है परंतु ट्रेनी पायलट बिल्कुल सुरक्षित है। नागरिक उड्डयन अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि इस घटना की वह आगे जांच करेंगे। एयरपोर्ट के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने वीडियो भी बनाई है। वीडियो में विमान रनवे से कुछ दूरी पर जमीन पर झुकी हुई स्थिति में नजर आ रहा है। सूत्रों की मानें तो यह घटना दोपहर में हुई और पायलट प्रशिक्षण केंद्र ने शुरुआत में इसको छिपाने की कोशिश की। इसके बाद जब स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने जांच शुरु कर दी। बता दें कि इससे पहले भी अमरेली में एक मिनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस नई घटना में फिर से हवाई अड्डे की सुरक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। -

जहरीला सांप काटने के कारण मां-बेटी की दर्दनाक मौ*त, फर्जी डॉक्टर ने किया देसी इलाज
नई दिल्ली: ओडिशा के क्योंझर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहरीले सांप के काटने के कारण मां-बेटी दोनों की ही मौके पर मौत हो गई है। मृतकों में मां का नाम फूलमाणी नायक और बेटी का नाम जात्री नायक बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो काशीपुर गांव की रहनी वाली महिला अपनी बेटी के घर गई थी। दोनों ही रात में फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने दोनों को काट लिया। सांप के काटने के बाद परिवार वाले सही समय पर उन्हें अस्पताल ले जाने की जगह एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने दोनों का कुछ देसी इलाज किया। इस इलाज के दौरान मां-बेटी की हालत सुधरने की जगह और भी खराब हो गई। खासतौर पर बेटी की हालत काफी खराब हो गई।फर्जी डॉक्टर के चलते हुई मौत
परिवार ने अंत में बच्ची को थाकुरमुंडा अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर ने बताया कि शुरुआत में परिवार वाले असली कारण छुपा रहे थे। जब उन्होंने बार-बार लक्षण देखकर पूछा तो उन्होंने सच बताया कि दोनों को सांप ने काटा है। बेटी को बाद में आनंदपुर के अस्पताल में रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मां को भी फर्जी डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद घर काशीपुर वापिस ले गए। घर जाकर उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सभी शोक में है। आस-पास के लोगों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो मां-बेटी की जान बच सकती थी। -

रोटरी क्लब ऊना ने 11 अध्यापकों को किया सम्मानित
ऊना/सुशील पंडित: रोटरी क्लब ऊना द्वारा रविवार को एक निजी होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों से चयनित 11 अध्यापकों को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समाज निर्माण में निभाई जा रही भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीजीएन विजय सहगल (आरआई डिस्ट्रीक्ट 3070) ने अध्यापकों को सम्मानित किया। इससे पहले डीजीएन विजय सहगल ने कार्यक्रम का आगाज ज्योति प्रज्वलित कर किया। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। डीजीएन विजय सहगल ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और देश के भविष्य निर्माण में उनकी अहम भूमिका होती है। सहगल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को सही दिशा और मार्गदर्शन केवल समर्पित शिक्षक ही दे सकते हैं।
इस मौके पर रोटरी क्लब ऊना के प्रधान रोटेरियन यशपाल ठाकुर ने कहा कि यह समारोह अध्यापकों की मेहनत और समर्पण को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और उनकी भूमिका को शब्दों में बांधा नहीं जा सकता। ठाकुर ने सभी क्लब सदस्यों से अपील की कि वे शिक्षा को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों में निरंतर सहयोग दें। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऊना समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा की जा रही गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव रंजीत जसवाल, एचएन चीटू, बलदेव चंद, नरेंद्र कपिला, संजीव अग्रिहोत्री, बरजिंद्रजीत सिंह गोल्डी, जतिंद्र कंवर, मोनिका सिंह, नीलम अग्रिहोत्री, मुनिंद्र सिंह अरोड़ा, औंकार नाथ कसाना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
ये शिक्षक हुए सम्मानित
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा जसवां से गणित प्रवक्ता मनोज कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लठियाणा से प्रवक्ता राममूर्ति शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्यूडी से हरदीप सिंह, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर से छिंदो देवी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोअर बसदेहड़ा से रितु बाला, राजकीय माध्यमिक पाठशाला भदसाली से राज दीप, राजकीय माध्यमिक पाठशाला गुरपलाह से दविंद्र कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहलां से अश्वनी कुमार, राजकीय उच्च पाठशाला रायपुर सहोड़ा से होशियार सिंह, राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरोली से राजेश ठाकुर को सम्मानित किया गया।
-

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC से की Arshdeep Singh की शिकायत, Asia Cup फाइनल से पहले लगाए आरोप
खेल: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के तेज गेंदबाजी अर्शदीप सिंह के खिलाफ आईसीसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी है। पीसीबी ने यह आरोप लगाया है कि अर्शदीप ने दर्शकों की ओर कुछ आपत्तिजनक इशारे किए थे। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट जिओ टीवी ने इसको लेकर एक रिपोर्ट भी प्रकाशित की है। रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है कि यह मामला 21 सितंबर का है। एशिपा कप 2025 के पाकिस्तान-भारत सुपर-4 मुकाबले के खत्म होने के बाद अर्शदीप ने दर्शकों की ओर आपत्तिजनक इशारे किए थे। अपनी शिकायत में पीसीबी ने कहा है कि अर्शदीप ने आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन किया है। शिकायत के अनुसार, अर्शदीप का व्यवहार अनैतिक था और इससे खेल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। पीसीबी ने भारतीय तेज गेंदबाज के खिलाफ कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।सूर्यकुमार यादव पर भी लगे थे आरोप
हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच में हुए मैदानी विवाद के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हारिस रऊफ आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के दोषी पाए गए थे। सूर्यकुमार यादव और हारिस रऊफ दोनों को ही 30% जुर्माना लगाया गया था। इस पर बीसीसीआई और पीसीबी दोनों ने ही मामले को चुनौती दी थी।पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित की थी जीत
एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में मिली जीत को पहलगाम हमले के पीड़ितों और भारतीय सेना को समर्पित की थी। इस दौरान सूर्या और टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ किसी भी मैच में हाथ नहीं मिलाया था। पीसीबी ने सूर्या के बयान को राजनीति से प्रेरित बताया था और इसकी आईसीसीसी में शिकायत भी कर दी थी। भारत के कप्तान ने यह बयान फैंस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया था। इसको लेकर पाकिस्तान की टीम ने जानबूझकर यह भ्रम फैलाया था। वहीं पीसीबी ने यह शिकायत दर्ज करवाई थी कि सूर्या ने हैंडशेक न करके खेल भावना का उल्लंघन किया है। वहीं आईसीसी की रुल बुक में यह कहीं पर भी नहीं लिखा है कि हैंडशेक करना जरुरी है। -

ऊना में आग बुझाने की ट्रेनिंग, जागरूकता अभियान जारी
ऊना/सुशील पंडित: अग्निशमन केंद्र ऊना में युवा आग बुझाने के गुर सीख रहे हैं। फायर एंड सेफ्टी का डिप्लोमा कर रहे युवाओं को अग्निशमन विभाग ऊना के केंद्र में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जा रही है। अग्निशमन अधिकारी अशोक राणा ने बताया कि आग से बचाव को लेकर हर किसी को ज्ञान होना जरूरी है इसलिए जनमानस को अलर्ट करने के लिए लेकर जागरूक किया जा रहा है। ट्रेनिंग कर रहे स्टूडेंट्स को किस आग पर कौन से यंत्र का प्रयोग करना है। अग्निशमन यंत्रों व सुरक्षा उपकरणों को चलाने का अभ्यास करवाया जा रहा है। ये ट्रेनिंग पांच दिन चलती रहेगी। होमगार्ड्स कमांडेंट मेजर विकास सकलानी ने कहा कि जिला में आग व आपदा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान जारी है। -

आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा जयंती पर ऊना में राज्य स्तरीय लेखक संगोष्ठी और कवि सम्मेलन का आयोजन
ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी, शिमला ने रविवार को आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा जयंती के अवसर पर लता मंगेशकर कला केन्द्र, ऊना में राज्य स्तरीय लेखक संगोष्ठी और कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया ।
मुख्य अतिथि आचार्य डॉ. मस्तराम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। इस भाषा के संरक्षण और संवर्द्धन में आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा का योगदान अविस्मरणीय है और हम सभी को इसके सम्मान और प्रसार के लिए संकल्प लेना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि आचार्य जगत प्रसाद शास्त्री रहे। प्रथम सत्र की अध्यक्षता डॉ. मदन मोहन शर्मा ने की। इस सत्र में आचार्य श्याम लाल शर्मा ने “आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व” पर और डॉ. मुकेश शर्मा ने “गुरु-शिष्य परंपरा एवं संस्कृत संरक्षण में योगदान” पर शोधपत्र प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में आचार्य जगत प्रसाद शास्त्री, नाचधर द्विवेदी, डॉ. राजकुमार, ओमदत्त सरोच, डॉ. सीता राम, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. मदन मोहन आर्य और प्रभात शर्मा सहित विद्वानों ने आचार्य दिवाकरदत्त शर्मा के जीवन और संस्कृत संरक्षण पर विचार रखे। सत्र का संचालन डॉ. कुलदीप शर्मा ने किया। इस दौरान डॉ. मस्तराम शर्मा ने साहित्यकार रमेश चन्द्र मस्ताना की पुस्तक “पहाड़ों की छांव में” का विमोचन किया।
दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता ओमदत्त सरोच ने की। इस सत्र में ओम कुमार शर्मा, कुमार शर्मा, कृषा लद्दाखी, हिमांशु शर्मा, वत्स देश राज, डॉ. रमण शर्मा, डॉ. रजनीकांत, डॉ. योगेश चन्द्र सूद, ओम प्रकाश शर्मा, कुलदीप शर्मा, अशोक कालिया, रामपाल, अलका चावला, इन्दु पराशर, ओंकार प्रसाद, ज्योति प्रसाद, डॉ. रत्न चन्द रत्नाकर, नरेश मलोटिया, डॉ. बालकृष्ण सोनी, डॉ. लेखराम शर्मा, रामलाल पाठक, रत्न चन्द निर्झर, रमेश चन्द्र मस्ताना, राजपाल वर्मा, डॉ. बलदेव चन्द शर्मा, रवीन्द्र चन्देल कमल, सुरम सिंह सहित कवियों ने काव्य पाठ किया।
अकादमी परिषद सदस्य डॉ. राजकुमार ने सभी विद्वानों और साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अकादमी की सहायक सचिव डॉ. श्यामा वर्मा, अनुसंधान अधिकारी स्वतन्त्र कौशल, राकेश कुमार, रवि कुमार और मदन सिंह भी उपस्थित रहे।
-

सिरमौर के दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, विभिन्न लोगों से मिलकर जाना हाल-चाल सुनी शिकायतें
नेस्ट जैनरेशन जीएसटी देशवासियों को सरकार का सबसे बड़ा तोहफा: जयराम ठाकुर
मोदी सरकार टैक्स घटा रही है तो सुक्खू सरकार टैक्स बढ़ाकर जनविरोधी कार्य कर रही
जिन वस्तुओं का यूपीए सरकार 30% टैक्स लेती थी आज ज्यादातर 5% के दायरे में हैं
ऊना/सुशील पंडित: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। अपनी यात्रा के दौरान वह सर्वप्रथम माता माँ भंगायणी देवी दरबार पहुंचे और यहां नवरात्र में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। रेणुका विधानसभा क्षेत्र के चौरास में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लोकप्रिय “मन की बात कार्यक्रम” को सुना और स्थानीय लोगों से मिले। इसके बाद वह अपनी सिरमौर प्रवास के दौरान रेणुका और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिले। उन्होंने नौहराधार और राजगढ़ में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारों से जुड़ी संगोष्ठी को संबोधित किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी देशवासियों को किसी भी सरकार द्वारा दिया गया अब तक का सबसे बड़ा तोहफा है। इस जीएसटी के लागू होने के बाद से सामान्य से चार पहिया वाहन की खरीद पर भी 50 हजार रुपए से अधिक की बचत हो रही है। मोटरसाइकिल खरीदने पर भी कम से कम 10 हजार रुपए लोगों के बच रहे हैं। कैंसर, थैलेसीमिया जैसी जानलेवा बीमारियों में प्रमुखता से इस्तेमाल होने वाली 31 दवाओं जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है। घरेलू जरूरतों में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर प्रोडक्ट 5% या फिर जीरो प्रतिशत जीएसटी के दायरे में आए हैं। जीएसटी के साथ ही मोदी सरकार ने आयकर की सीमा को बढ़ाकर 12 लाख 75 कर दिया है। इन दोनों सुधारो से ही देशवासियों को हर साल ढाई लाख करोड रुपए की बचत होगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यूपीए की मनमोहन सिंह सरकार में जो देश और प्रदेश के लोगों को जिन वस्तुओं पर 30% टैक्स देना पड़ता था वह वस्तुएं आज 5% टैक्स के दायरे में आ रही हैं। यूपीए के कार्यकाल में पेंट, डिटर्जेंट, शैंपू,कॉफी, टूथपेस्ट, मिनरल वाटर, कॉस्मेटिक जैसे सामानों पर 30% का टैक्स लगाया जाता था लेकिन नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी में इन पर 5% टैक्स ही लग रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की सुक्खू सरकार जन विरोधी सरकार है। मोदी सरकार ने सीमेंट पर 10% जीएसटी कम की जिससे प्रदेशवासियों को प्रतिबोरी सीमेंट में 40 रुपए की राहत मिल सके, परंतु सुक्खू सरकार ने रातों-रात एडिशनल गुड्स टैक्स में 5 रुपए बढ़ा दिए। इसके पहले भी सरकार द्वारा सीमेंट पर 4 रुपए एजीटी बढ़ाया जा चुका है। इसी तरह सत्ता में आने के बाद से सुक्खू सरकार ने डीजल के दामों में भी 6.5 रूपए की वृद्धि करके प्रदेशवासियों को महंगाई का झटका दे चुकी है। यह सरकार हर लिहाज से प्रदेश विरोधी और अपने मित्रों के हितैषी के रूप में काम कर रही है।
नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी से पूरे देश के लोग खुश हैं सिर्फ कांग्रेस के नेता दु:खी हैं। क्योंकि इन्होंने देश पर खूब टैक्स और सैस लादकर देशवासियों को निचोड़ा है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरीके से अनुच्छेद 370 समाप्त कर ‘ एक देश, एक प्रधान और एक निशान’ का सपना साकार किया। उसी तरह जीएसटी लागू कर एक राष्ट्र और एक कर की सुविधा पूरे देश को प्रदान की। मोदी सरकार देशवासियों को सरल कर प्रणाली और सस्ती वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है लेकिन देश के जिन-जिन प्रदेशों में भी कांग्रेस की सरकार है वहां पर कोई न कोई अतिरिक्त टैक्स लगाकर महंगाई बढ़ाई जा रही है और लोगों को परेशान कियाजा रहा है। सभी कार्यक्रमों में उनके साथ पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, रेणुका भाजपा प्रत्याशी रहे नारायण सिंह, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस की नाकामियों से त्रस्त कांग्रेसियों ने थामा भाजपा का दामन
जयराम ठाकुर ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की नाकामियों से त्रस्त कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल करवाया। सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री की जनहितकारी नीतियों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और भारतीय जनता पार्टी के जनहितकार्य योजनाओं का समर्थन करते हुए पार्टी में आस्था जताई। ठाकुर ने सभी नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व विधायक बलदेव तोमर,
रेणुका के चौरास गांव के आपदा प्रभावितों से मिले
रेणुका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चौरास गांव में आज स्थानीय लोगों से मुलाक़ात कर उनकी समस्याएँ सुनी। हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण यह गाँव धँसने की स्थिति में आ गया है, जिसके चलते कई परिवारों को अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर शरण लेनी पड़ रही है।ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।गत दिनों भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गाँव की निवासी स्व. शीला देवी के आकस्मिक निधन की ख़बर अत्यंत दुखद है। आज उनके परिवारजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
सिरमौर में सुनी मन की बात, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने का किया आह्वान
जयराम ठाकुर ने सिरमौर ज़िला के हरिपुरधार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर खादी वस्त्र ख़रीदने का आह्वान किया। साथ ही वोकल फॉर लोकल अभियान के अंतर्गत आगामी त्योहारों पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और ख़रीदने के लिए भी प्रेरित किया। जयराम ठाकुर ने सभी प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़कर स्वदेशी अपनाने और व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मज़बूती देने का आह्वान किया।
-

Punjab News: पटवारखाना के पास Encounter, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो
अमृतसर: पुलिस ने सोमवार देर शाम पटवारखाने के पास हुई कार्रवाई में बाबर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक संदिग्ध युवक को एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने मौके से चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरविंदर हरमन, विशाल, अफरीदी धूत और प्रभ दासूवाल के रूप में हुई है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि ये सभी लंबे समय से अमृतसर व आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों और आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं और गिरफ्तार आरोपियों का संबंध बाबर खालसा इंटरनेशनल से है और ये तरनतारण में हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास में भी शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अमृतसर में विभिन्न स्थानों पर राष्ट्र-विरोधी नारे लिखे थे। इसके अलावा उन्होंने एक मेडिकल प्रैक्टिशनर के घर, एक पूर्व सैनिक और एक शैक्षणिक संस्थान पर भी फायरिंग की थी। पुलिस का कहना है कि एनकाउंटर में मारा गया आरोपी इन गतिविधियों का सक्रिय सदस्य था। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और इनके पुराने नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।