Blog

  • बाल विवाह की रोकथाम के विषय में बैठक का आयोजन

    बाल विवाह की रोकथाम के विषय में बैठक का आयोजन

    ऊना/ सुशील पंडित: बाल विवाह जैसी कुप्रथा की रोकथाम के लिए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह के संबंध में वैज्ञानिक पहलुओं तथा भविष्य में इससे होने वाले नुक्सान के बारे आम व्यक्ति को जागरूक किया जा सके। यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बाल संरक्षण समिति द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में किए जा रहे प्रयासों के संबंध आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

    उन्होंने कहा कि इस कुप्रथा की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों की सहायता से एक खुफिया तंत्र विकसित करने की आवश्यकता है ताकि बाल विवाह को रोका जा सके। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जनवरी, 2023 के दौरान बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से जिला बाल संरक्षण समिति द्वारा जिला में 275 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिनमें 10 हज़ार 773 लोगों ने भाग लिया। इन जागरूकता कार्यक्रमों में ग्राम पंचायतों के 259, खंड स्तर के 8 तथा शहरी क्षेत्रों के अलग-अलग वार्डों के 8 जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।

    बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, श्रम अधिकारी सोहन लाल जलोटा, सीडीपीओ ऊना कुलदीप सिंह दयाल, लक्ष्मण दास सीडीपीओ गगरेट, पीओ अभिमन्यु कपूर सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेला 22 से 30 मार्च तक

    चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेला 22 से 30 मार्च तक

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे खुला रहेगा मंदिर-उपायुक्त
    ऊना/ सुशील पंडित:  माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेला 22 से 30 मार्च तक आयोजित होगा। यह जानकारी चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मेला आयोजन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा के लिए बाबा श्री माईदास सदन के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। 
    उपायुक्त ने बताया कि एसडीएम अंब मेला अधिकारी होंगे, जबकि डीएसपी अंब को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को चार सैक्टर में बांटा जाएगा तथा लगभग 400 पुलिस व होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। मेले के दौरान मंदिर व मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों का समुचित उपयोग किया जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों के जरिए होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके। 
    उपायुक्त ऊना ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मेला अवधि के दौरान मंदिर में नारियल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नारियल मंदिर के मुख्य गेट से पहले डीएफएमडी के स्थान पर लाईन में ही यात्रियों से जमा कर लिए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए दर्शन पर्ची अनिवार्य होगी तथा यह पर्ची बाबा श्री माईदास सदन, नया बस अड्डा तथा शंभू बैरियर से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को चिंतपूर्णी अस्पताल में 24 घंटे सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा एक-एक अतिरिक्त मेडिकल पोस्ट भी स्थापित की जाएगी जहां पर श्रद्धालुओं को आवश्यकता के अनुसार उपचार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ व साफ-सुथरा पेयजल मुहैया करवाने के लिए जल शक्ति विभाग को पेयजल स्रोतों की स्वच्छता व समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
    उपायुक्त ऊना ने बताया कि मेले के दौरान लंगर लगाने के लिए लंगर कमेटी से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके लिए 10 हज़ार रूपये फीस निर्धारित की गई है। इसके अलावा लंगर आयोजकों को लंगर कमेटी द्वारा स्वच्छता व सड़क सुरक्षा सहित सभी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा अन्यथा उन्हें लंगर के लिए जारी किए गए परमिट रद्द किए जा सकते हैं। लंगर का आयोजन सड़क से निर्धारित दूरी पर किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही तथा यातायात में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने बताया कि माता श्री चिंतपुर्णी में भिक्षावृति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसे रोकने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान कड़ी नजर रखेंगे। उन्होंने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन विभाग को मेले से पूर्व अग्निशमन यंत्रों को उपकरणों को पूरी तरह से कार्यशील करने के निर्देश दिए। बैठक में  यातायात प्रबंधन,  विद्युत व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, डियूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के रहने संबंधी व्यवस्था के अतिरिक्त साफ सफाई की व्यवस्था रखने  बारे भी विस्तार से चर्चा की गई।
    इस अवसर पर मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मंजू बहल, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग नितिन चैधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव गर्ग, पुलिस उपनिरीक्षक रमेश चंद, प्रधान ग्राम पंचायत छपरोह शशी कालिया, प्रधान ग्राम पंचायत नारी अल्का संधु सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
  • मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत, मामला दर्ज

    मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत, मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित : पिछले हफ्ते 9 मार्च को बाइक की टक्कर से घायल महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279,337,304ए के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि 9 मार्च को एक प्रवासी महिला जलग्रां टिब्बा में सड़क किनारे खड़ी थी कि तभी पंजाब के फिरोजपुर जिले के रहने वाले तरुणदीप पुत्र कमलदीप ने तेज गति से मोटरसाइकिल महिला से भिड़ा दी।
    महिला के पति अमित कुमार पुत्र रामकेश ने अपनी शिकायत में बताया है कि जिस समय बाइक सवार ने उसकी पत्नी को टक्कर मारी तब वह परिवार सहित सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर से उसकी पत्नी और बाइक सवार दोनों बुरी तरह घायल भी हो गए थे। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसकी पत्नी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • आबकारी ठेकों की नीलामी 18 मार्च को

    आबकारी ठेकों की नीलामी 18 मार्च को

    ऊना/ सुशील पंडित : वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए जिला ऊना के खुदरा आबकारी लाइसेंस प्रपत्र एल-2, एल-14 एवं एल-14ए की निविदा व नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी ऊना विनोद डोगरा ने बताया कि पात्र आवेदक 17 मार्च शाम 5 बजे तक मोहरबंद निविदा आवेदन जमा करवा सकते हैं जिसका आवंटन 18 मार्च को प्रातः 10.30 बजे बचत भवन ऊना में किया जाएगा। 

    विनोद सिंह डोगरा ने बताया कि जिला ऊना के 126 खुदरा आबकारी ठेकों को 11 आबकारी इकाइयों में बांटा गया है। आवंटन के लिए बोली/निविदा प्रपत्र कार्यालय उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी ऊना से निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बोली/निविदा प्रपत्र विभाग की वेबसाईट www.hptax.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता हैं। उन्होंने बताया कि निविदा आवेदन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों का विवरण अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।

  • आधार कार्ड में पहचान व पते को 14 जून तक निःशुल्क कर सकते हैं आनलाइन अपडेट

    आधार कार्ड में पहचान व पते को 14 जून तक निःशुल्क कर सकते हैं आनलाइन अपडेट

    ऊना/ सुशील पंडित : आधार कार्ड में पहचान व पते को 14 जून 2023 तक निःशुल्क आनलाईन अपडेट किया जा सकता है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने पिछले 8-10 वर्षों में अपने आधार को अपडेट नहीं किया है, उन्हें अपनी पहचान और पते के प्रमाण के दस्तावेजों को अपलोड करना अनिवार्य होगा।
    इसके अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र पर आनलाइन अपडेशन के लिए 50 रुपये का शुल्क लगेगा। उन्होंने बताया कि आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ और एमआधार ऐप के माध्यम से उठाया जा सकता है तथा अनिवार्य दस्तावेज़ों की सूची भी आनलाइन उपलब्ध है। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आधार को आनलाइन अपडेट करें। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अपने मोबाइल नंबर को आधार में अपडेट करना भी सुनिश्चित करें।
  • पंजाबः AAP सरकार के 1 साल के कार्यकाल पर विपक्ष ने उठाए सवाल, देखें वीडियो 

    पंजाबः AAP सरकार के 1 साल के कार्यकाल पर विपक्ष ने उठाए सवाल, देखें वीडियो 

    मुख्यमंत्री को पंजाब के हालतों पर गंभीर होने की दी सलाह

    पंजाबः पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बने आज एक साल का समय पूरा हो चुका है ओर आज के दिन जहां राज्य सरकार द्वारा अपनी उपलब्धियां गिनवाई जा रही है, वही दूसरी तरफ विपक्ष द्वारा राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे है। इसी के चलते आज पंजाब भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा द्वारा एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए। 

    इस मौके पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मान सरकार के एक साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री फेल नज़र आ रहे है, उन्होंने कहा कि आज पंजाब में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पंजाब की जेलों में हमले हो रहे है। प्रसिद्ध शख्सियतों का शरेआम कत्ल किया गया और उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने न केवल महिलायों बल्कि किसानों और बुजुर्गो को भी ठगा है। उन्होंने कहा कि चुनावो के समय मान सरकार ने वायदा किया था कि पेंशन 2500 रुपये की जाएगी लेकिन आज उस के बारे में कोई नही बोलता आलम ये है कि आज देश को कमजोर करने वाली ताकतें फलफूल रही है।
      
    पंजाब सरकार का एक साल पूरा होने पर अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार के एक साल में किये गए कामों को एक-एक कर के बताया कि किस तरह मजूदा सरकार ने ग्रंटिया तो दी लेकिन लोग अब अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा व्यवस्था बनाने में भी फेल हुई है ।

  • पंजाबः प्रदीप सिंह के परिजनों ने जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह से की मुलाकात, देखें वीडियो

    पंजाबः प्रदीप सिंह के परिजनों ने जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह से की मुलाकात, देखें वीडियो

    प्रदीप सिंह को शहीद का दर्जा देने पर हुई बातचीत

    श्री आनंदपुर साहिबः होला महल्ला के दौरान आनंदपुर साहिब में युवकों को दंगा करने से रोकने को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई थी, जिसमें घायल होने के बाद निहंग प्रदीप सिंह की मौत हो गई। उनके पैतृक गांव में भोग पाया गया। वहीं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी तख्त श्री केसगढ़ साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग कराया।

    इस अवसर पर तख्त श्री केसगढ़ साहिब में जत्थेदार रघबीर सिंह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भाई अमरजीत सिंह चावला, गुरदीप सिंह कांग सहित उनके पिता और उनके परिवार के सदस्य रिश्तेदार और कई अन्य लोग मौजूद थे। साथ ही श्री कीरतपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब के समीप अस्ताघाट में मृतक प्रदीप सिंह की अस्थियों पूजा-अर्चना कर जल प्रवाह किया गया।

    परिजनों ने इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह से उनकी मुलाकात हुई थी और उनके घर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी भी मौजूद थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार पांच सिंह साहिबों के बीच कटक में इस पर चर्चा की जाएगी और इस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि हमारे बच्चों ने धर्म के लिए नेक काम की नीयत से शहादत दी, इसलिए प्रदीप सिंह को शहीद का दर्जा दिया जाए।

  • पंजाबः LE ANTARES Restaurants And Bar में पुलिस की रेड, संचालक सहित एक गिरफ्तार

    पंजाबः LE ANTARES Restaurants And Bar में पुलिस की रेड, संचालक सहित एक गिरफ्तार

    लुधियानाः पुलिस ने हुक्का बार में दबिश देकर बार के संचालक को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिशनर मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि बच्चों की सेहत के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने के लिए आईपीएस सोनिया मिश्रा की अगुवाई में आईपीसी शुभम अग्रवाल पुलिस जोन-3 सहित थाना पीएयू लुधियाना की पुलिस पार्टी ने हुक्का बार चलाने वाले रेस्टोरेंट के खिलाफ मुहिम चलाई गई थी। 

    गुप्त सूचना के आधार पर ली-अंतरा रेस्टोरेंट लुधियाना के मालिक अंकुर कुमार पुत्र सुरजीत कुमार और मैनेजर सलामत अली के द्वारा 18 साल से कम उम्र के किशोरों को अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और शराब पिलाकर और उनसे मोटी रकम वसूलते थे। जिसके तहत पुलिस ने ली- अंतरा रेस्टोरेंट पर छापेमारी की गई। इस दौरान रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर पार्टी चल रही थी।

    जिसमें करीब 20-25 बच्चे 17, 18 और 19 साल के पार्टी कर रहे थे। जिन्हें रेस्टोरेंट द्वारा हुक्का एवं शराब परोसी जा रही थी। मौके पर ही 04 हुक्का, 04 फ्लेवर एवं 01 बुकिंग रजिस्टर बरामद करके उक्त दोषियों के विरुद्ध धारा 188, धारा 77 के तहत गैर जमानती अपराध, किशोर न्याय अधिनियम 2015 अधिनियम अपराध 6,7,20,24 तंबाकू अधिनियम 2003, 21-ए 6019 और अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी मालिक व उपरोक्त प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है।

    जिन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने सभी रेस्टोरेंट मालिकों व प्रबंधकों को सख्त हिदायत दी जाती है कि ऐसा अवैध कार्य करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और चेकिंग के दौरान अगर अन्य होटल मालिकों से ऐसी कोई बात सामने आती है तो उनके खिलाफ भी मामले दर्ज किए जाएंगे। सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए गैर जमानती धाराओं में दर्ज किया जाएगा।

  • धार्मिक सम्मेलन करने से संस्कारवान पीढ़ी उत्पन्न होगी : हेमानंद जी

    धार्मिक सम्मेलन करने से संस्कारवान पीढ़ी उत्पन्न होगी : हेमानंद जी

    संत वाला बाबा बाल जी व स्वामी हेमानंद जी से लोगों ने लिया आशीर्वाद

    ऊना/सुशील पंडित : जिला मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर पर स्थित गांव रांयसरी में चल रहे वार्षिक सम्मेलन का और चल रहे श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ का पूर्णाहूति डाल कर समापन किया गया। इस अवसर पर पधारे डेरा बाबा रूद्रानंद जी से स्वामी श्री हेमानंद जी व श्री परम पूजनीय बाबा बाल जी महाराज से लोगों ने आशीर्वाद लिया।

    वहीं अनंत विभूषित महामंडलेश्वर श्री रामेश्वरानंद सरस्वती हरिद्वार वाले उपस्थित हुए और उन्होंने सनातन धर्म के प्रति लोगों को जागृत किया और ऐसे सम्मेलनों की महत्ता का वर्णन किया कि ऐसे सम्मेलन करने से संस्कारवान पीढ़ी उत्पन्न होगी और बच्चों में अपने धर्म के प्रति संस्कार उदित होंगे।  और संस्कारों से ही सनातन धर्म की आगे चलकर रक्षा कर पाएंगे विश्व भ्रमण के अंदर सनातन धर्म की ध्वज ध्वज लहराने के लिए हम सब को ऐसे सम्मेलनों का आयोजन करना चाहिए। जिससे मन के विषय विकार पाप कर्म खंडित होते हैं और अच्छे संस्कार ऐसे सम्मेलनों में पैदा होते हैं।

    इस अवसर पर आज आचार्य विवेक मिंका ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर महिला संकीर्तन मंडली की कुसुम कृष्णा शर्मा, ऊषा देवी, मोनिका, प्रवीण कुमारी, कृष्णा देवी, विंदू, कमलेश, विजय कुमारी, ममता, विमला, कुलदीप शर्मा, बनीश कुमार, निक्का राम, शशी कुमार, कुलदीप सिंह, विजय कुमार, डॉ अशोक कुमार, सुरेश धीमान, टिंकू धीमान, कमल कृष्ण, वंलवत कुमार, मोहिंदर मनकोटिया, प्रीतम शर्मा, प्रीतो देवी, बलदेव चंद, रामदेव, शिव कुमार ,तिलक राज, राजीव कुमार , रायसरी महिला मंडल प्रधान निशा कुमारी आचार्य विवेक मिंका, तुषार, शिव कुमार, आशीष कुमार शामिल हुए।

  • पंजाब पुलिस पर ‘हमले’ में संलिप्तता को लेकर IGP का तबादला

    पंजाब पुलिस पर ‘हमले’ में संलिप्तता को लेकर IGP का तबादला

    लाहौरः पाकिस्तान सरकार ने इस खुलासे के बाद गिलगित-बाल्टिस्तान (जीबी) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मुहम्मद सईद का तबादला कर दिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उसके आवास से गिरफ्तार करने गई पंजाब पुलिस के खिलाफ गिलगित-बाल्टिस्तान पुलिस का इस्तेमाल किया गया।

    इससे पहले पाकिस्तान की सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा था कि गिलगित-बाल्टिस्तान पुलिस का इस्तेमाल, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उसके आवास से गिरफ्तार करने गई पंजाब पुलिस के खिलाफ किया गया। मंत्री ने बताया, ‘जमान पार्क अभियान में पंजाब पुलिस, इस्लामाबाद पुलिस और रेंजर्स पर हमला करने के लिए गिलगित-बाल्टिस्तान पुलिस का इस्तेमाल किया गया।’ पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लाहौर में जमान पार्क में रहते हैं।

    मंत्री के खुलासे के तुरंत बाद, संघीय सरकार ने तत्काल प्रभाव से जीबी पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सईद का तबादला कर दिया और उनकी जगह डार अली खान खट्टक को नियुक्त किया। कार्यभार संभालने के बाद नए आईजीपी ने जमान पार्क में इमरान खान की सुरक्षा में तैनात सभी जीबी पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया। तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘हम इमरान खान के लाहौर स्थित आवास पर सुरक्षा के लिए तैनात जीबी पुलिसकर्मियों की संख्या की पुष्टि नहीं कर सकते। वे यहां कोई अवैध काम नहीं कर रहे थे। वे इमरान खान को सुरक्षा देने के लिए यहां थे। क्योंकि, हम (उनकी सुरक्षा को लेकर) पंजाब पुलिस पर पूरी तरह से भरोसा नहीं कर सकते हैं।’’

    गौरतलब है कि तोशाखाना मामले में अदालत के आदेश का पालन करते हुए पुलिस की टीम दल बल के साथ, इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए उनके आवास पहुंची थी। हालांकि, लाहौर उच्च न्यायालय (एलएचसी) द्वारा बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे तक कार्रवाई रोकने के आदेश दिए जाने के बाद पुलिस को वापस बुला लिया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 60 से अधिक लोग घायल हो गए थे।