Home Breaking News कारोबारी व BJP नेता की गोली मारकर हत्या

कारोबारी व BJP नेता की गोली मारकर हत्या

0
कारोबारी व BJP नेता की गोली मारकर हत्या

पटनाः बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधियों द्वारा आए दिन आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है, बावजूद इसके पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। ताजा मामला पटनासिटी के आलमगंज थानाक्षेत्र के बजरंगपुरी नहर पर इलाके का है, जहां देर रात बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने भाजपा नेता सह अमूल दूध के कारोबारी अजय शाह की गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने भाजपा नेता के घर स्थित दुकान में ही घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। आनन फानन में अजय शाह को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता के हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। घटना के बाद पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है।

बताया जाता है कि बीती देर रात अजय शाह अपने अमूल दूध पार्लर में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधी दुकान पर आ धमके और देखते ही देखते उन्हें दो गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए। हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जाता है कि मृतक अजय शाह का अपने बड़े भाई के साथ जमीन का विवाद चल रहा था। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक का भतीजा रोहन गुप्ता और उनके किराएदार जयप्रकाश कुमार ने बताया की गोली की आवाज होने पर जब वे घर से बाहर निकले तो अजय शाह को खून से लतपथ पाया, आनन फानन में उन्हें इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर मौजूद पटनासिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है। सहायक पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही हत्याकांड का भी उद्भेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अज्ञात अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here