Blog

  • स्कूल में  पेरेंट्स ने टीचर को प्रिंसिपल ऑफिस में पीटा, देखें CCTV

    स्कूल में पेरेंट्स ने टीचर को प्रिंसिपल ऑफिस में पीटा, देखें CCTV

    कानपुरः साउथ सिटी के एक स्कूल में छात्र से उठक-बैठक कराने पर परिजन भड़क गए। स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल ऑफिस में टीचर को घेरकर जमकर पीटा और धमकी दी। स्कूल प्रबंधन ने मारपीट के बाद हनुमंत विहार थाने पर मामले की सूचना दी है। इसके साथ ही मारपीट का CCTV फुटेज भी सौंपा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र नौबस्ता में साउथ सिटी मॉडल स्कूल है। यहां पर इलाके के ही रहने वाले आकाश नाम के व्यक्ति का बेटा पांचवी का छात्र है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को पनिशमेंट के दौरान उठक-बैठक कराई थी। छात्र ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी थी। इसी बात को लेकर छात्र के पिता आकाश भड़क गए।

    आकाश अपने आधा दर्जन दोस्तों के साथ स्कूल पहुंचे प्रिंसिपल से शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान शिक्षक आकाश को मौके पर बुलाया गया। बस इतने में ही छात्र के पिता और उनके साथियों ने शिक्षक को खींच लिया और जमकर पीटने लगे। जमीन पर गिराकर शिक्षक को लात-घूसों से जमकर पीटा। स्कूल के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्ड ने कड़ी मशक्कत से शिक्षक को बचाया और हनुमंत विहार थाने पर सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही उस्मानपुर चौकी इंचार्ज प्रसून मिश्रा को जांच के लिए मौके पर भेजा गया। एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि हनुमंत विहार थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 3 की मौत

    तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 3 की मौत

    नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी देते हुए ठठिया थाना के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि ग्राम सिसइयन पुरवा निवासी गोरेलाल (58), प्यारेलाल (53), शंकर (35) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भदौसी की ओर जा रहे थे।

    तभी भदौसी चौराहे पर ठठिया से मकनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। सिंह ने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।SHO ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा। जहां चिकित्सकों ने गोरेलाल और प्यारेलाल को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल शंकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के बाद फरार कार चालक की तलाश कर रही है।

  • पंजाब: कैदियों को प्रतिबंधित गोलियां बेचते लैब टेक्नीशियन सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज

    पंजाब: कैदियों को प्रतिबंधित गोलियां बेचते लैब टेक्नीशियन सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज

    गुप्तांगों में छिपाकर दवाईयां ले गए थे जेल  

    गुरदासपुर: जेल में चेकिंग के दौरान कैदियों के पास प्रतिबंधित दवाईयां मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरअसल, जेल का लैब टेक्नीशियन कैदियों को प्रतिबंधित गोलियां बेचता था। गोलियों को गुप्तांगों में छिपाकर कैदी इसे अंदर ले गए। पुलिस ने लैब टेक्निशियन सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। केंद्रीय जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट काबुल सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर जेल की बैरक नंबर 8/2 में चेकिंग की गई तो कैदी रमेश कुमार से कुछ मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा कैदी सतनाम सिंह से 270 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि नशीला पदार्थ पेरोल काटकर आए हवालाती लवदीप सिंह और कैदी दीपक गुप्तांगों में छिपाकर लाए थे।

    प्रतिबंधित गोलियां उन्होंने जेल के लैब टेक्नीशियन पवन कुमार से 4500 रुपये में खरीदी थीं। हवालाती हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसने 7 गोलियां कैदी सतनाम सिंह से खरीदी थीं। थाना सिटी पुलिस ने लैब टेक्नीशियन पवन कुमार, कैदी रमेश कुमार निवासी फतेहगढ़ चूड़ियां, कैदी सतनाम सिंह निवासी श्री हरगोबिंदपुर, हवालाती लवदीप सिंह, कैदी दीपक, सरवन सिंह निवासी भड़ोली और हरप्रीत सिंह निवासी चीमा खुड्डी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

  • पंजाबः भयानक सड़क हादसे में 3 की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    पंजाबः भयानक सड़क हादसे में 3 की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    बटाला : जिले के नजदीक कस्बा नौशहरा मझा सिंह में भयानक सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ट्रॉली और स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के बीच हुए भयानक हादसे में गाड़ी में सवार 4 लोगों में से 3 की मौत हो गई और एक घायल हो गया। फिलहाल उक्त लोगों की पहचान की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक तीनों व्यक्ति जालंधर के बताए जा रहे है। हादसाग्रस्त हुई गाड़ी का नंबर भी जालंधर का है। 

    यह हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच शुरु कर दी गई है। हादसा इतना भयानक था कि स्विफ्ट गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मृतक को गाड़ी से काटकर बाहर निकालना पड़ा। तीनों युवकों की मौत से परिवार और इलाके में गमगीन माहौल है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में रखा गया है।

  • दंपति से लूट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    दंपति से लूट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    नई दिल्ली : पूर्वी इलाके में बंदूक दिखा कर एक दंपती से हुई लूट में मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए, 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि 2 आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल है। दरअसल बीते दिनों दिल्ली के पूर्वी इलाके में बंदूक की नोक पर दंपति से 40 लाख रुपये नकदी और स्वर्ण आभूषण की लूट हुई थी। पुलिस ने बताया कि लूटकांड में शामिल राजेंद्र कुमार उर्फ बिट्टू, मुकेश कुमार, उसकी पत्नी दीपा और रचना को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य दीपक और आशु बालियान फरार है। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने बताया कि जब शिकायतकर्ता बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद सुबह करीब आठ बजकर 15 मिनट पर जगतपुरी पुलिस थाना क्षेत्र स्थित अपने घर लौटा

    तभी तीन लोग घर की पार्किंग में दाखिल हुए। उन्होंने कहा, ‘उन लोगों ने शिकायतकर्ता को पकड़ लिया और बंदूक के बल पर इमारत की चौथी मंजिल पर ले गए’ उन्होंने बताया कि फ्लैट में घुसने के बाद तीनों ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी को बंधक बना लिया तथा उनसे लगभग 40 लाख रुपये और लगभग 35 से 40 तोले सोने के आभूषण लूट लिए। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हमारी टीम ने गाजियाबाद में दीपा के आवास पर छापा मारा और चोरी किए गए 210 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए।

    पुलिस को यह भी पता चला कि आशू के पिता मुकेश के खाते में भी काफी मात्रा में नकदी जमा कराई गई थी, उन्होंने बताया कि उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से 2.5 लाख रुपये जब्त का लिये है।  पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इसके बाद रचना को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह शिकायतकर्ता की रिश्तेदार है और जानती थी कि शिकायतकर्ता ने अपने घर में नकदी और आभूषण कहां रखे है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अब तक आरोपियों से 24 लाख रुपये, सोने के आभूषण और एक पिस्तौल के साथ दो गोलियां बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे है।

  • जालंधरः पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ की कार्रवाई, संपत्ति जब्त करने का नोटिस किया जारी, देखें वीडियो 

    जालंधरः पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ की कार्रवाई, संपत्ति जब्त करने का नोटिस किया जारी, देखें वीडियो 

    जालंधर, ENS: सीएम भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर आज जालंधर देहात पुलिस ने ड्रग तस्करों द्वारा ड्रग की कमाई से बनाई गई 40.3 करोड़ की प्रोपर्टी ज़ब्त कर ली है। देहात के एस.एस.पी. मुखविन्द्र सिंह भुल्लर ने बताया कि ड्रग कारोबार से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगो के खिलाफ ज़ीरो टोलरेंस निति अपनाई जा रही है। ड्रग रिकवरी के साथ साथ आज जालंधर देहात पुलिस द्वारा सब डिवीज़न शाहकोट के अंर्तगत आते गांव रेड़वां के 8 कुख्यात तस्करों की 40.3 करोड़ की प्रोपर्टी ज़ब्त कर ली है। एस.एस.पी. मुखविन्द्र सिंह भुल्लर ने बताया कि शाहकोट के गांव रेड़वां निवासी तस्कर कुलवंत सिंह उर्फ कंती, सुखप्रीत सिंह, दिलबाग सिंह उर्फ बाघा, अवतार सिंह, वीरेन्द्र पाल सिंह, जसविन्द्र सिंह, स्वर्ण सिंह और चरणजीत सिंह को ड्रग तस्करी के विभिन्न केसों में सजा हो चुकी है। इन तस्करों की प्रोपर्टी ज़ब्त की है।

    एस.एस.पी. मुखविन्द्र भुल्लर ने बताया कि कानून प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात आज पुलिस द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से इन तस्करों के 50 लाख कीमत का फार्म हाऊस, 35.67 करोड़ कीमत की एग्रीकल्चर लैंड, 3.5 करोड़ रूपए कीमत की तीन कोठियां, 65.7 लाख रूपए के व्हीकल, ज़ब्त किए गए हैं। ज़ब्त किए गए वाहनों में गैटज़, टाटा सोमू, बलैरो, 2 टाटा सफारी, बुलेट मोटर साईकल, पल्सर मोटर साईकल, डिसकवर मोटर साईकल, हीरो होंडा मोटर साईकल, स्कूटर, हार्वेस्टर कंबाईन, जेसीबी मशीन, 5 फोर्ड ट्रैक्टर, एक स्वराज ट्रैक्टर, दो टिप्पर ज़ब्त किए है। 

    एस.एस.पी मुखविन्द्र भुल्लर ने कहा कि सीएम भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशानुसार ड्रग और अपराध के खिलाफ ज़ीरो टोलरेंस नीति के मुताबिक काम किया जा रहा है। एसएसपी भुल्लर ने कहा कि ड्रग और अपराधियो के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चल रहे हैं। जालंधर देहात पुलिस द्वारा पिछले कुछ समय में ही 50 किलो हैरोईन का इंटरनेशनल नेटवर्क ध्वस्त किया गया है। एसएसपी मुखविन्द्र भुल्लर ने जनता से भी अपील की है कि ड्रग के खिलाफ पंजाब सरकार और पुलिस की मुहिम में सहयोग करें ताकि इस सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म किया जा सके।

  • पंजाबः इस इलाके में 2 सगे भाईयों की मौत

    पंजाबः इस इलाके में 2 सगे भाईयों की मौत

    तरनतारन : विधानसभा हलका खडूर साहिब के अधीन पड़ते गांव मुंडा के रहने वाले 2 छोटे सगे भाइयों की अचानक मौत का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। दोनों की अचानक हुई मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरदित्ता सिंह (8) और प्रिंसपाल सिंह (10) पुत्र बिकर सिंह गांव मुंडा खिलने से पहले ही मुरझा गए। मेहनत मजदूरी करने वाले पिता बिकर सिंह ने बताया कि बीती रात दोनों बेटे पेट में दर्द होने की शिकायत करने लग गए।

    उन्हें पेट दर्द की गोली दी गई। इस दौरान जब दोनों दर्द से तड़पने लगे तो उन्हें तुरंत नजदीकी गांव में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां से उन्हें अमृतसर गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह दोनो की मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम करने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। दो बेटों की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।  

  • गोल गप्पे खाने से कई लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, एक की मौत

    गोल गप्पे खाने से कई लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, एक की मौत

    नई दिल्ली : उदयपुर शहर में एक मेले के दौरान पानीपुरी खाने के बाद कई बच्चे और बड़े बीमार हो गए, जिसमें से करीब 14 को तो अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसमें 14 साल की बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद अक्रोशित लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना देते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद शहर के अंबामाता पुलिस ने पानी पताशे बेचने वाले ठेला संचालक के खिलाफ परिजनों की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया है। हुआ यूं की 14 साल की मृतक निशा अंबामाता थाना क्षेत्र के ओढ़ बस्ती में रहती थी. इसी क्षेत्र के पास मल्लतलाई में मस्तान बाबा के उर्स का मेला लगा हुए था। इसमें पड़ोसियों के साथ निशा और उसके भाई बहन मेले में गए थे।

    वहां उसने और छोटे बेटे गिरीश ने पानी पताशे (गोल गप्पे) खाएं। इसके बाद वह घर आए तो दोनों तबियत बिगड़ गई। उल्टी और दस्त होने लगी। पिता पास वाले अस्पताल लेकर गए और दवाई लेकर घर आए। हालात में सुधार नहीं होने पर उन्हें महाराणा भपाल चिकित्सालय लेकर गए जहा उन्हें भर्ती किया गया। हालात ज्यादा गंभीर होने पर निशा को आईसीयू में शिफ्ट किया लेकिन नहीं बच सकी। निशा की मौत होने के बाद क्षेत्रवासी अक्रोशित हो गए और कलेक्टर पहुंचे।

    साथ ने भाजपा के पदाधिकारी भी थे। उन्होंने कार्यवाही की मांग की। वहीं हॉस्पिटल में पता चला कि मेले में पानी पताशे खाने के कारण अन्य बच्चे भी भर्ती है। फिर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। अंबामाता थानाधिकारी हनवंत सिंह ने बताया कि पिता ने रिपोर्ट दी है कि बेटी निशा ने मेले में सिर्फ पानी पताशे के अलावा कुछ नहीं खाया था और उपचार के दौरान मौत हो गई। पानी पताशे संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले जब लिखित में रिपोर्ट नहीं आई थी, तो सूचना के आधार पर उसे पाबंद भी किया था। अब आगे की कार्यवाही जारी है।

  • पंजाबः कार की भयानक टक्कर में 10 फीट उछलकर गिरा व्यक्ति, मौत

    पंजाबः कार की भयानक टक्कर में 10 फीट उछलकर गिरा व्यक्ति, मौत

    अमृतसरः देर रात दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक प्रवासी को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि प्रवासी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रवासी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। वहीं अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह हादसा अमृतसर के पुतलीघर इलाके में हुआ है। चश्मदीद जगजीत ने जानकारी दी कि सफेद रंग की ब्रीजा कार रेलवे स्टेशन की तरफ से पुतलीघर की तरफ आयी थी।

    कार बस रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम (BRTS) ट्रैक से काफी तेजी से आयी थी। इसी दौरान प्रवासी व्यक्ति ट्रैक के अंदर से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान ड्राइवर खुद को संभाल ना पाया और कार से प्रवासी को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि प्रवासी 10 फीट तक उछल कर गिरा। प्रवासी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। प्रवासी के शव की पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद उसे फिलहाल पहचान के लिए मॉर्चुरी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी की पहचान की कोशिश की जा रही है। कार का नंबर किसी ने नोट नहीं किया। जिसके बाद इलाके के सीसीटीवी से कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

  • जालंधर-पठानकोट हाईवे पर सवारियों से भरी बस और ट्रक की हुई टक्कर, मची चीख पुकार

    जालंधर-पठानकोट हाईवे पर सवारियों से भरी बस और ट्रक की हुई टक्कर, मची चीख पुकार

    होशियारपुरः जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलजार ढाबा के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस आगे चल रहे ट्रक के पीछे से टकरा  गई। इससे ड्राइवर, कंडक्टर समेत 14 यात्री घायल हो गए। हाईवे पैट्रोलिंग के इंस्पैक्टर जगजीत सिंह और एस.आई. चरणजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस नंबर एचआर, 69, जीवी 2975 जम्मू से हरियाणा जा रही थी। गुलजार ढाबे के समीप बारिश के दौरान ब्रेक नहीं लगने के कारण बस ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में 14 यात्री घायल हो गए, जिन्हें मुकेरियां और दसूहा के सरकारी अस्पतालों में भेजा गया। इस हादसे में विनोद यादव, प्रकाश, गंगा राम, ईशा, मूलखराज, सुखविंदर, आशीष, दिनेश कुमार, परवीन तथा बस का ड्राइवर घायल हो गए। इस हादसे में घायल हुए यात्री खुद ही इलाज कराने के बाद दूसरी बस पकड़कर अपने घरों को रवाना हो गए।