Blog

  • लगातार 5वें दिन शेयर बाजार में आया उछाल

    लगातार 5वें दिन शेयर बाजार में आया उछाल

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में आज, 7 जुलाई, मंगलवार को भी तेजी का सिलसिला जारी है। अमेरिकी बाजार से मिले मजबूत संकेतों और विदेशी निवेशकों (FIIs) की दोबारा वापसी से निवेशकों का सेंटिमेंट सुधरा है। बीएसई सेंसेक्स 176 अंक ऊपर पहली बार 78400 के स्तर को पार कर गया है। इसी तरह से एनएसई का निफ्टी भी करीब 49 अंकों की तेजी के साथ 24479 के स्तर पर पहुंच गया और अब यह धीरे-धीरे 24500 के ऐतिहासिक मनोवैज्ञानिक स्तर की ओर बढ़ रहा है। भारतीय शेयर बाजार में पिछले दिनों से जारी रिकॉर्डतोड़ तेजी के चलते निवेशकों की संपत्ति में 9 लाख करोड़ रुपये (9.32 लाख करोड़) से अधिक का इजाफा हुआ है। इससे बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी बढ़कर 436.50 लाख करोड़ के स्तर पर आ गया है। इन बीते 4 दिनों में सेंसेक्स में करीब 1500 अंकों और निफ्टी में लगभग 450 अंकों का उछाल आया है। मंगलवार को एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखी जा रही है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में सबसे बड़ी 5% तक की गिरावट देखी जा रही है। टेक और सेमीकंडक्डर शेयरों में भारी बिकवाली के दबाव में जापान का निक्केई 225 भी करीब 0.57% की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 भी आज 0.25% लुढ़ककर कारोबार कर रहा है। हालांकि, इस बीच टॉपिक्स ने 0.27% की बढ़त हासिल की है।

    अमेरिकी शेयर बाजार कल रात यानी कि सोमवार 6 जुलाई को शानदार बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि, आज मंगलवार को बेंचमार्क से जुड़े US स्टॉक फ्यूचर्स में गिरावट देखी जा रही है। नैस्डैक-100 फ्यूचर्स में 0.40% की गिरावट है, S&P 500 फ्यूचर्स लगभग सपाट स्तर पर कारोबार कर रहे हैं, डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज इंडेक्स से जुड़े फ्यूचर्स ने 0.1% से भी कम की बढ़त हासिल की है। सोमवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों की ताबड़तोड़ खरीदारी से डाऊ जोन्स 0.30% चढ़कर 53056.74 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 0.72% की बढ़त के साथ 7537.48 पर बंद होने में कामयाब रहा। नैस्डैक 100 इंडेक्स की भी क्लोजिंग 1.26% की बढ़त के साथ 29,697.87 पर हुई।

    अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लगातार दो दिनों तक गिरावट के बाद आज मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में फिर से इजाफा हुआ है। ब्रेंट क्रूड आज 0.39% की तेजी के साथ 72.29 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 0.26% की बढ़त के साथ 68.84 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ओमान के लिमा के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला हुआ है, जिससे उसमें आग लग गई है। इसके चलते एक बार फिर से होर्मुज के रास्ते सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ती नजर आ रही हैं।

  • पार्क में नाबालिग का मर्डर, 24 घंटे में दूसरी घटना

    पार्क में नाबालिग का मर्डर, 24 घंटे में दूसरी घटना

    चंडीगढ़ः मौलीजागरां क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या हो गई। इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। दरअसल, देर रात सुंदर नगर पार्क में 15 वर्षीय किशोर की तेजधार हथियार ‘पंच’ से हमला कर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार 3 युवकों ने घटना को अंजाम दिया और घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

    मृतक की पहचान 15 वर्षीय अमित निवासी मौलीजागरां पार्ट-2, सुंदर नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देर रात पार्क में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तीन हमलावरों ने अमित पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके कान के पीछे पंच से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौलीजागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में अमित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस ने तीनों हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमों का गठन किया है और देर रात तक संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

    शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। बता दें कि इससे पहले रविवार देर रात फौजी पार्क में 26 वर्षीय आशीष की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार दूसरी हत्या ने मौलीजागरां में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

  • आज का राशिफल, 7 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 7 जुलाई 2026

    आज का दिन तूफान के बाद की शांति जैसा है। कल की उथल-पुथल के बाद उत्तराभाद्रपद की गहरी और धैर्यशील एनर्जी हर राशि के जातकों को जीवन के अलग-अलग क्षेत्र में एक खास सुकून देगी। सूर्यदेव के पुनर्वसु में आने से बातचीत और पहचान में एक नई ताजगी आई है। बुधदेव अभी वक्री हैं और पुनर्वसु नक्षत्र में शत्रु राशि में गोचर कर रहे हैं। इसलिए नया कॉन्ट्रैक्ट, बड़ी खरीदारी या नया समझौता या तो अभी 24 जुलाई तक टालें या उसे करना बहुत जरूरी हो, तो दस्तावेजों को अच्छी तरह से रिव्यू जरूर करें। मेष और मिथुन राशि वालों के व्यक्तित्व में ताजी ऊर्जा की बहार। आएगी मीन राशि में चंद्र के आने से छाएगी गहरी शांति। ग्रहों की स्थिति के आधार पर आइए विस्तार से जानते हैं आपका आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: मेष राशि वालों के लिए आज का दिन एकांत और आत्मचिंतन का है। कल की उथल-पुथल के बाद आज एक ऐसी गहरी शांति है, जो मन को सुकून देती है। अकेले में बैठकर अगर कोई पुरानी बात सोचनी हो, कोई फैसला लेना हो तो आज का वक्त उसके लिए बेहतरीन है। घर में बृहस्पति का दिव्य साथ जारी है, जिससे घर के माहौल में एक गर्माहट बनी हुई है। कोई धार्मिक या मांगलिक कार्यक्रम हो सकते हैं। लग्नेश मंगलदेव संसाधनों के घर में बैठकर उन्नति की एनर्जी दे रहे हैं। बातचीत में सूर्यदेव का पुनर्वसु नक्षत्र नई और ताजी शुरुआत दे रहा है। हालांकि, बुधदेव अभी वक्री हैं इसलिए कोई नया समझौता या बड़ी खरीदारी अभी नहीं करना ही बेहतर होगा।

    वृष राशि: वृष राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और करियर के लिहाज से शांत और स्थिर है। लाभ में आज एक ऐसी एनर्जी है, जो जल्दी नहीं आती। मगर, जब आती है तो लंबे समय तक टिकती है। धैर्य रखें, फल जरूर मिलेगा। बृहस्पति की बातचीत वाले घर में मौजूदगी से गहरी और समझदारी से भरी ऊर्जा मिल रही है। लग्नेश शुक्रदेव घर के मामलों में लग्जरी की चीजों के साथ समय बिताने या उसे खरीदने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। मंगलदेव लग्न पर हैं, जिससे शरीर में ताकत बनी रहेगी। सूर्यदेव का पुनर्वसु नक्षत्र में बैठकर पिता से आर्थिक लाभ की उम्मीद जगा रहे हैं हालांकि, बुधदेव वक्री हैं इसलिए सोशल नेटवर्किंग में जरा संभलकर रहे।

    मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और धन दोनों के मामले में अनुकूल है। सूर्यदेव पुनर्वसु नक्षत्र में लग्न पर हैं, जिससे व्यक्तित्व में एक नई और ताजी एनर्जी है। लंबे समय के बाद मन में एक हल्कापन आएगा, जिससे करियर में नई दिशा के बारे में विचार कर सकेंगे। धन में बृहस्पति और लग्नेश बुधदेव का साथ है, लेकिन वक्री बुधदेव अभी पुराने पैसों के मामले ही निपटाने की सलाह दे रहे हैं। करियर में चंद्रदेव गहरी और शांत एनर्जी दे रहे हैं। हालांकि, किसी बड़ी खरीदारी के लिए अभी और इंतजार करें।

    कर्क राशि: कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और व्यक्तित्व के लिहाज से सुकूनदेह है। बृहस्पति और बुधदेव लग्न पर हैं, जिससे व्यक्तित्व में एक गहरी समझ और व्यावहारिक एनर्जी है। आज आपका ध्यान भावनात्मक संबंधों को बेहतर बनाने में लग सकता है। भाग्य में लग्नेश चंद्रदेव उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में एक ऐसी धैर्यशील और शांत एनर्जी लाए हैं, जो बताती है कि सही वक्त का इंतजार करना ही असली समझदारी है। लाभ में योगकारक मंगलदेव एक जोशीली एनर्जी दे रहे हैं। हालांकि, बुधदेव वक्री हैं इसलिए बातचीत में शब्दों को तोल-मोलकर रखें, जल्दबाजी नुकसान कर सकती है।

    सिंह राशि: सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन साझेदारी के लिहाज से शांत और गहरा है। साझेदारी में चंद्रदेव उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में धैर्यशील एनर्जी लाए हैं, जो रिश्तों को एक नई मजबूती देती है। पार्टनर के साथ आज कोई गहरी और मीनिंगफुल बात हो सकती है। शुक्रदेव लग्न पर हैं, जिससे व्यक्तित्व में एक गरिमामय आकर्षण बना रहेगा। योगकारक मंगलदेव करियर में ठोस कदम आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सूर्यदेव का पुनर्वसु नक्षत्र में लाभ दिलाने की उम्मीद जगाते हैं। हालांकि, बुधदेव वक्री हैं इसलिए कोई नया समझौता अभी नहीं करें। आज कहीं घूमने जाने का योग बन सकता है।

    कन्या राशि: कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और साझेदारी, दोनों ही मामलों में शांत और स्थिर है। साझेदारी में चंद्रदेव उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में गहरी और धैर्यशील एनर्जी लाए हैं। रिश्तों में आज जो ज्यादा सुनेगा, वो ज्यादा पाएगा। लाभ में लग्नेश बुधदेव और बृहस्पति का साथ है, लेकिन बुधदेव वक्री होने की वजह से पुरानी नेटवर्किंग ज्यादा काम आएगी। शनिदेव साझेदारियों में स्थिरता बनाए हुए हैं। सूर्यदेव का पुनर्वसु करियर में एक नई और ताजी दिशा देता है। हालांकि, लाभ में जल्दबाजी आज ठीक नहीं है।

    तुला राशि: तुला राशि वालों के लिए आज का दिन घर और करियर दोनों के मामले में सुकूनदेह है। घर में चंद्रदेव उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में ऐसी गहरी और शांत एनर्जी लाए हैं, जो घर के माहौल को सुकूनदेह बनाती है। मां या घर के किसी बड़े के साथ आज एक खास और गहरी बातचीत हो सकती है। करियर में बृहस्पति और बुधदेव का साथ है, अटके काम धीरे-धीरे आगे बढ़ेंगे। लग्नेश शुक्रदेव लाभ वाले घर में एक गरिमामय एनर्जी दे रहे हैं। योगकारक शनिदेव प्रतिस्पर्धा में बढ़त देते हैं। हालांकि, करियर में नया बड़ा कदम अभी नहीं।

    वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मकता और भाग्य दोनों के मामले में गहरा और असरदार है। रचनात्मक काम में आज एक ऐसी शांत और धैर्यशील एनर्जी है, जो जल्दबाजी नहीं करती लेकिन जो बनाती है वो टिकाऊ होता है। कार्यस्थल में उथल-पुथल का सामना करना पड़ सकता है। आज आप अपने मनोरंजन के लिए समय निकालेंगे। लग्नेश मंगलदेव साझेदारी में एक उन्नति भरी एनर्जी दे रहे हैं। भाग्य में बृहस्पति का दिव्य साथ जारी है। सूर्यदेव का पुनर्वसु नक्षत्र आज आपको बातचीत में एक नई और ताजी ऊर्जा देता है। हालांकि बुधदेव वक्री होने की वजह से रचनात्मक काम में पुराने आइडिया को ही नए सिरे से देखें, एकदम नया कुछ शुरू करने की जल्दी न करें।

    धनु राशि: धनु राशि वालों के लिए आज का दिन घर और छुपे मामलों दोनों के लिहाज से शांत और गहरा है। घर में चंद्रदेव उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में एक गहरी और धैर्यशील एनर्जी लाए हैं। घर की कोई पुरानी और अनसुलझी बात आज एक शांत और समझदार नजरिए से देखने पर खुद सुलझ सकती है। लग्नेश बृहस्पति छुपे मामलों वाले घर में बुधदेव के साथ हैं, जिससे कोई पुरानी बात आज सामने आ सकती है। मंगलदेव सेहत को बेहतर बनाए हुए हैं। आप किसी खेल-कूद में शामिल हो सकते हैं या एक्सरसाइज करना शुरू कर सकते हैं। हालांकि, बुधदेव वक्री होने की वजह से किसी भी नए छुपे मामले में जल्दबाजी में फैसला लेने से बचें।

    मकर राशि: मकर राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत और साझेदारी दोनों के मामले में शांत और स्थिर है। बातचीत में लग्नेश शनिदेव और चंद्रदेव दोनों का साथ है, जिससे आज जो भी बात करेंगे उसमें एक गहरी और परिपक्व समझ होगी। साझेदारी में बृहस्पति और बुधदेव का साथ है लेकिन बुधदेव वक्री होने की वजह से पुराने रिश्तों पर ध्यान दें। यही आपकी असली ताकत हैं। योगकारक शुक्रदेव फाइनेंस, बीमा के मामलों में लाभ दिला सकते हैं। सूर्यदेव का पुनर्वसु छुपे मामलों में एक नई रोशनी लाकर आपके दिमाग को तेज कर सकते हैं। हालांकि नया साझेदारी कॉन्ट्रैक्ट अभी नहीं करें।

    कुंभ राशि: कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन पार्टनरशिप और प्रेम के मामले में सफल साबित हो सकता है। एकांत में आज एक ऐसी आध्यात्मिक शांति है, जो रोज नहीं मिलती। थोड़ा वक्त खुद के साथ बिताएं, मन की आवाज सुनें। सेहत में बृहस्पति की व्यावहारिक एनर्जी जारी है, पुरानी तकलीफों को खत्म कर सकती है। हालांकि, बुधदेव वक्री होने की वजह से डॉक्टर से सलाह लिए बिना कोई दवाएं न लें। योगकारक शुक्रदेव बिजनेस पार्टनर और लाइफ पार्टनर के साथ रॉयल तरीके से दिन को बिताने में मदद कर सकते हैं। राहुदेव लग्न पर हैं, जिससे आज खास चुंबकीय आकर्षण आपमें दिखेगा

    मीन राशि: मीन राशि वालों के लिए आज का दिन शांत, गहरा और आत्मिक रूप से समृद्ध है। चंद्रदेव आज उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में सीधे आपकी राशि पर हैं। मन में एक ऐसी परिपक्व शांति है, जो तूफान के बाद आती है। आज किसी भी बात में जल्दी मत करें। फैसला सोच-समझकर लेंगे, तो लंबे समय तक काम आएगा। लग्नेश बृहस्पति रचनात्मकता और प्रेम वाले घर में हैं, जिससे इन दोनों मामलों में एक गहराई और समझ आएगी। शनिदेव भी लग्न पर हैं जिससे कार्मिक बंधन बना हुआ है। आपको खुद का बहुत ध्यान रखना चाहिए। संतान पक्ष से संतुष्ट रहेंगे। प्रेम संबंधों में सफलता मिल सकती है। हालांकि बुधदेव वक्री हैं, इसलिए प्रेम में कोई बड़ा फैसला जल्दबाजी में न करें।

     

  • लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बदलते बिज़नेस और कॉमर्स करियर के हिसाब से इंडस्ट्री-इंटीग्रेटेड बीबीए और बी.कॉम प्रोग्राम उपलब्ध है

    लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बदलते बिज़नेस और कॉमर्स करियर के हिसाब से इंडस्ट्री-इंटीग्रेटेड बीबीए और बी.कॉम प्रोग्राम उपलब्ध है

    जालंधर : जैसे-जैसे डिजिटल फाइनेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ग्लोबल ट्रेड में तरक्की के साथ बिज़नेस बदल रहे हैं, वैसे-वैसे सही स्किल्स और प्रैक्टिकल जानकारी वाले ग्रेजुएट्स की मांग तेज़ी से बढ़ रही है। इन बदलती ज़रूरतों को देखते हुए, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने अपने  मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस के ज़रिए बीबीए और बी.कॉम प्रोग्राम ऑफ़र करती है।

    क्लासरूम की पढ़ाई और प्रोफेशनल उम्मीदों के बीच के अंतर को कम करने के लिए बनाए गए एलपीयू के बीबीए और बी.कॉम प्रोग्राम्स में एकेडमिक पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी मिलते हैं। इसमें लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री पार्टनरशिप, वर्कशॉप, हैकाथॉन, गेस्ट लेक्चर, प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन, अंडरग्रेजुएट रिसर्च, इनक्यूबेशन प्रोजेक्ट्स, एजुकेशनल विज़िट, विदेश में पढ़ाई के मौके और लाइव स्टॉक ट्रेडिंग, ड्रॉप शिपिंग प्रोजेक्ट्स और असल दुनिया की बिज़नेस समस्याओं को सुलझाने जैसी एक्टिविटीज़ के ज़रिए प्रैक्टिकल लर्निंग शामिल है। यह प्रैक्टिकल लर्निंग का तरीका स्टूडेंट्स को क्लासरूम में सीखी गई बातों को असल ज़िंदगी में लागू करने में मदद करता है, साथ ही उनके प्रोफेशनल स्किल्स, नौकरी पाने की काबिलियत और करियर के लिए तैयारी को मज़बूत करता है।

    एलपीयू के बी.कॉम प्रोग्राम्स में कॉमर्स, अकाउंटिंग, फाइनेंस, टैक्सेशन और बिज़नेस मैनेजमेंट की मज़बूत नींव के साथ-साथ इंडस्ट्री के हिसाब से खास स्पेशलाइज़ेशन और दुनिया भर में माने जाने वाले प्रोफेशनल रास्ते शामिल हैं। खास प्रोग्राम्स में पेटीएम के साथ मिलकर फिनटेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बी.कॉम, यूएस- सीएमए के साथ इंटीग्रेटेड बी.कॉम (मैनेजमेंट अकाउंटिंग और इंटरनेशनल फाइनेंस), और यूके- एसीसीए के साथ इंटीग्रेटेड बी.कॉम (इंटरनेशनल अकाउंटिंग) शामिल हैं। ये प्रोग्राम्स स्टूडेंट्स को डिजिटल फाइनेंस, इंटरनेशनल अकाउंटिंग, फाइनेंशियल प्लानिंग और एआई-बेस्ड बिज़नेस सॉल्यूशंस में काबिल बनाते हैं।

    अपने कॉमर्स प्रोग्राम्स के साथ-साथ, एलपीयू के बीबीए प्रोग्राम्स स्टूडेंट्स को उभरते बिज़नेस सेक्टर के हिसाब से खास स्किल्स सिखाते हैं। स्टूडेंट्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग, कार्गो, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट के साथ-साथ डिजिटल मार्केटिंग, बिज़नेस एनालिटिक्स और फाइनेंशियल मार्केट्स जैसे ज़्यादा मांग वाले क्षेत्रों में भी प्रोग्राम कर सकते हैं। लाइव बिज़नेस प्रोजेक्ट्स, स्टॉक मार्केट सिमुलेशन, एंटरप्रेन्योरशिप पहल और ड्रॉप शिपिंग एक्सरसाइज़ के ज़रिए प्रैक्टिकल लर्निंग से ये प्रोग्राम्स ग्रेजुएट्स को टेक्नोलॉजी-बेस्ड बिज़नेस, कंसल्टिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, लॉजिस्टिक्स और कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर के लिए तैयार करते हैं।

    पढ़ाई के अलावा, छात्र इंटर्नशिप, रिसर्च, इनोवेशन प्रोजेक्ट्स, एंटरप्रेन्योरशिप पहल और प्रैक्टिकल सीखने के मौकों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं, जो उन्हें बदलते टूरिज्म इकोसिस्टम के लिए तैयार करते हैं।खास प्रोग्राम, ग्लोबल सहयोग और अनुभव-आधारित सीखने के तरीके के साथ, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस फाइनेंस, अकाउंटिंग, मैनेजमेंट, कंसल्टिंग, टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स, एंटरप्रेन्योरशिप और बड़े कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर के लिए ग्रेजुएट्स को तैयार करता है।

     
  • Haryana News: इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माण सामग्री चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग पिकअप बरामद

    Haryana News: इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माण सामग्री चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग पिकअप बरामद

    पंचकूलाः पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने चंडीमंदिर थाना क्षेत्र के अलीपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माणाधीन प्लॉटों से स्टील कॉलम, बीम और अन्य निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

    एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार 20 मई 2026 को सेक्टर-28 पंचकूला निवासी व्यक्ति ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अलीपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में उनके तथा उनके परिचित के निर्माणाधीन प्लॉट से अज्ञात व्यक्ति स्टील कॉलम, बीम, सीढ़ियों के ढांचे सहित अन्य निर्माण सामग्री चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।

    मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और एक मजदूर ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी जल्दबाजी में तीन स्टील पिलर, एक मोबाइल फोन तथा एक चाकू मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में शिकायतकर्ता ने जांच के दौरान पाया कि प्लॉट से बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री पहले ही चोरी की जा चुकी थी।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने शिकायत के आधार पर थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से बरामद मोबाइल फोन और चाकू को कब्जे में लिया। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने इन्चार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए 4 जुलाई को गांव नगल निवासी गौरव उर्फ गोला को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर गांव डंडारडू निवासी प्रवीण कुमार उर्फ लक्की को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

    दोनों पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गोला की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। मामले में अभी एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

  • राजेश धर्माणी ने हिमुडा को अपनी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए

    राजेश धर्माणी ने हिमुडा को अपनी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए

    शिमला : आवास, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने आज हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) को प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही तथा प्रस्तावित सभी विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परियोजना कार्य में पूर्ण  पारदर्शिता, दक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। धर्माणी आज यहां हिमुडा निदेशक मंडल की 59वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश में हिमुडा द्वारा संचालित विभिन्न आवास एवं आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा किया जाए ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण आवास और बेहतर शहरी सुविधाओं का लाभ जल्द सुनिश्चित किया जा सके। मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हिमुडा की आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण को कारोबार में सुगमता बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने, नागरिक हितैषी व्यवस्था अपनाने तथा लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप किफायती आवास विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बैठक में 251 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना एवं बजट अनुमान को मंजूरी दी गई। इसमें भविष्य की आवास एवं शहरी विकास परियोजनाओं के लिए भूमि खरीद के लिए 52 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मंत्री ने कहा कि सुनियोजित भूमि अधिग्रहण से आने वाले वर्षों में हिमुडा की योजनाबद्ध विकास परियोजनाओं को और मजबूती मिलेगी। निदेशक मंडल ने ऊना जिले के रक्कड़ फेज-4 स्थित हिमुडा कॉलोनी के लिए एकमुश्त समाधान (वन टाइम सेटलमेंट) नीति को भी मंजूरी प्रदान की। इससे पात्र आवंटियों को राहत मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा। बैठक में अवगत करवाया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 117 करोड़ रुपये के बजट अनुमान के मुकाबले हिमुडा ने 200 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो प्राधिकरण की बेहतर वित्तीय स्थिति और कार्य कुशलता को दर्शाता है। संस्थान की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाने के लिए निदेशक मंडल ने हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के नियमों के अनुरूप ठेकेदार पंजीकरण नियमों में संशोधन को मंजूरी दी। इसके अलावा, शिमला में निगम विहार स्थित हिमुडा मुख्यालय को आधुनिक कॉर्पोरेट स्वरूप प्रदान करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई, जिससे कार्यालय का कार्य वातावरण बेहतर होगा और आम लोगों को सेवाएं अधिक प्रभावी एवं सुगमता से उपलब्ध करवाई जा सकेगी। हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेन्द्र वशिष्ठ ने बैठक में प्राधिकरण की उपलब्धियों, विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। सचिव आवास अमरजीत सिंह, उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, विशेष सचिव (वित्त) विजयवर्धन तथा निदेशक मंडल के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य जितेन्द्र चंदेल, प्रदीप सूर्य और अभियंता राजेश बनियाल भी बैठक में उपस्थित थे।

  • Haryana News: जीजा-साले मर्डर केस में 3 आरोपी गिरफ्तार, इतने दिनों की मिली पुलिस रिमांड, देखें वीडियो

    Haryana News: जीजा-साले मर्डर केस में 3 आरोपी गिरफ्तार, इतने दिनों की मिली पुलिस रिमांड, देखें वीडियो

    पंचकूलाः सेक्टर-19 क्षेत्र में आपसी रंजिश में हुई जीजा-साले की मौत के मामले में सैक्टर-19 चौकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात जीजा और साला के बीच आपसी रंजिश और पूर्व विवाद का परिणाम थी। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा वारदात में प्रयुक्त वाहनों और अन्य अहम साक्ष्यों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामलें की जांच सैक्टर-19 चौकी इन्चार्ज पीएसआई कमलदीप सिंह द्वारा की जा रही है।

    सैक्टर-20 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका के अनुसार दिनांक 4 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से घायल होने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पहुंची तथा प्रारंभिक पूछताछ के दौरान घटना स्थल का पता लगाकर सीआईडी अंडरपास के समीप खाली स्थान पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर अर्जुन उर्फ चीटा निवासी खड़क मंगोली का शव बरामद हुआ, जिसके शरीर पर भी तेजधार हथियारों के कई गंभीर चोटों के निशान थे।

    सीन ऑफ क्राइम ने मौके पर पहुंचकर स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पुलिस ने मौके अनेक अहम साक्ष्य कब्जे में लिए। जांच के दौरान मृतक अर्जुन उर्फ चीटा की बहन के बयान में बताया कि उसके भाई का संजीत की बहन  के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था तथा दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में दोनों अलग रहने लगे थे, जिसके बाद संजीत और अर्जुन के बीच लगातार विवाद और रंजिश चल रही थी। आरोप है कि नामकरण कार्यक्रम के बहाने अर्जुन को बुलाया गया, जहां संजीत तथा उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान हुए खूनी संघर्ष में संजीत की भी मौत हो गई। दोनों मामलें सैक्टर-20 थाना में दर्ज है।

    जांच के दौरान सैक्टर-19 चौकी इन्चार्ज पीएसआई कमलदीप सिंह ने टीम की मदद से  विपिन निवासी अभयपुर, प्रेमचंद निवासी अभयपुर तथा सुखप्रीत सिंह उर्फ लक्की निवासी अभयपुर को गिरफ्तार कर लिया। आज तीनों को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब वारदात में प्रयुक्त स्कूटी एवं मोटरसाइकिल की बरामदगी के साथ-साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

    डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार मामले की गहनता से जांच जारी है। फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारदात में प्रयुक्त वाहनों की बरामदगी तथा अन्य साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में शामिल प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

  • धर्मपाल चौहान बने हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष

    धर्मपाल चौहान बने हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष

    बददी,सचिन बैंसल: बद्दी के मानकपुरा निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल चौहान को हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और समर्थकों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

    धर्मपाल चौहान इससे पहले जिला सोलन जिला परिषद के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लंबे समय से सामाजिक कार्यों और जनसेवा से जुड़े चौहान को अब गोसेवा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।दून के पूर्व विधायक स्वर्गीय चौधरी लज्जा राम के चहते रहे हैं एवम उन्हें वो अपना धर्म के पुत्र मानते थे ।

    अपनी नियुक्ति पर धर्मपाल चौहान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार,गोसेवा आयोग के अध्यक्ष रमेश्वर ठाकुर, दून के विधायक राम कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा सहित प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

    धर्मपाल चौहान ने कहा कि उनकी आस्था शुरू से ही गोसेवा में रही है और वे इसे केवल दायित्व नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानते हैं। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मेरा प्रयास रहेगा कि प्रदेश में गोसंरक्षण एवं गोसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाए।”

    उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौशालाओं को सशक्त बनाने के लिए आयोग के माध्यम से सार्थक कार्य किए जाएंगे। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

  • Punjab News: बस स्टैंड पर आवारा कुत्ते ने कई लोगों पर किया हमला

    Punjab News: बस स्टैंड पर आवारा कुत्ते ने कई लोगों पर किया हमला

    जीरा: फिरोजपुर के जीरे में आवारा कुत्तों का कहर देखने को मिला। जहां आज बस स्टैंड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक आवारा कुत्ते ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार कुत्ते ने पहले एक बुजुर्ग को बुरी तरह नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान कुत्ते ने 5 से 6 अन्य व्यक्तियों को भी काट लिया।

    हादसे के कारण घटना स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल जीरा में भर्ती कराया गया, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में इलाजाधीन है।

    घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की जा रही है।

     

  • हिमाचल सरकार स्वर्ण जयंती आश्रय योजना में पक्का घर बनाने के लिए दे रही 1.50 लाख की आर्थिक मदद

    हिमाचल सरकार स्वर्ण जयंती आश्रय योजना में पक्का घर बनाने के लिए दे रही 1.50 लाख की आर्थिक मदद

    ऊना सुशील पंडित : हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 1.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान कर रही है। यह सहायता उन्हीं लोगों को दी जाती है जिनके नाम पर भूमि पंजीकृत हो और जिनकी वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो। लाभार्थियों को अपने आवेदन तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करवाने होते हैं। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्यदल आर.के. कलामंच चिंतपूर्णी ने सोमवार को अंब उपमंडल की ग्राम पंचायत डूहल भटवालां के गांव बामसेरा और घंघरेट पंचायत में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए दी।
    कलाकारों ने बताया कि यह योजना उन गरीब परिवारों के सपनों को साकार कर रही है, जिनके पास खुद की जमीन तो है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण वे पक्का मकान नहीं बना पाते। इसके साथ ही ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना और नशा निवारण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। कलाकारों ने नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
    एससी वर्ग के लिए कल्याणार्थ संचालित योजनाओं के प्रचार प्रसार को छेड़ा गया है विशेष अभियान
    उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। इन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है।
    ऊना जिले में यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। जिले के 20 अनुसूचित जाति बहुल्य गांवों में कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 4-4 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
    *ये रहेगा आगामी कार्यक्रमों का शेड्यूल*
    प्रथम चरण के तहत आरके कलामंच चिंतपूर्णी द्वारा 7 को गुरेट और भरवां उर्फ कंगरूही, 8 को गगरेट के डंगोह खास और गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर, 9 को कैलाश नगर और गगरेट अप्पर तथा 10 जुलाई को बंगाणा के मोउखास और सकोहान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।
    इस मौके पर डूहल भटवालां पंचायत प्रधान देवराज, उप प्रधान संजीव कुमार, घंघरेट पंचायत प्रधान सरोज कुमारी, उप्रधान ओंकार चंद, सचिव वनीत कुमार और प्रदीप कुमार, पंचायत वार्ड सदस्यों सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।