Blog

  • विदेश में 2 बुजुर्ग सिखों पर नस्लीय हमला, पगड़ी उतारी

    विदेश में 2 बुजुर्ग सिखों पर नस्लीय हमला, पगड़ी उतारी

    लंडनः ब्रिटेन में वॉल्वरहैम्प्टन रेलवे स्टेशन के पास 3 युवकों ने 2 बुजुर्ग सिखों पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पगड़ी भी जबरन उतारी गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।

    जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों युवकों ने अचानक बुजुर्ग सिखों को घेर लिया और बीच सड़क पर उनकी पिटाई शुरू कर दी। संघर्ष के दौरान एक सिख की पगड़ी उतर गई जिससे समुदाय में गहरा आक्रोश है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मांग की है कि भारत सरकार इस मुद्दे को तुरंत ब्रिटेन की सरकार के सामने उठाए।

    वॉल्वरहैम्प्टन की स्थानीय सांसद सुरिना ब्रेकेनरिज ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को सीधे पुलिस से संपर्क करना चाहिए या पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से गोपनीय रूप से जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने अपनी ऑनलाइन पोस्ट में लिखा, “मुझे वॉल्वरहैम्प्टन रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना की जानकारी है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।”

  • अमेरिका के बाद अब इस देश में 13 हजार से अधिक भारतीय हो सकते हैं डिपोर्ट

    अमेरिका के बाद अब इस देश में 13 हजार से अधिक भारतीय हो सकते हैं डिपोर्ट

    नई दिल्लीः अमेरिका के बाद अब यूरोपीय देश पुर्तगाल में रह रहे विदेशियों पर भी निर्वासन की तलवार लटक रही है, जिनमें करीब 13,380 भारतीय शामिल हैं। दरअसल, पुर्तगाल में दो महीने पहले बनी सरकार भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की आप्रवासी विरोधी नीतियों को अपनाकर विदेशियों को देश से बाहर निकालना चाहती है। उल्लेखनीय है कि पुर्तगाल भेजे जाने वाले विभिन्न देशों के विदेशियों की संख्या 400,000 बताई जा रही है, जिन्हें वहां की नई सरकार ने हिरासत में लेने के आदेश जारी किए हैं।

    ऐसे विदेशियों को रखने के लिए डिटेंशन सेंटर भी तैयार किए गए हैं, ताकि उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा जा सके और फिर विमानों से उनके संबंधित देशों में भेजा जा सके। पुर्तगाल की नई सरकार के इस धमकाने वाले कदम से वहां रह रहे विदेशियों में दहशत फैल रही है। बता दें कि यह सभी वह भारतीय हैं जो पिछले लगभग 5-6 साल से पुर्तगाल की सरकार को टैक्स तक दे रहे हैं।

    इसके बारे में जानकारी देते हुए पुर्तगाल में बैठे भारतीय धर्मजीत सिंह सैनी जो इन भारतीयों की तरफ से पुर्तगाल सरकार से लड़ रहे ने बताया कि पुर्तगाल सरकार ने कुछ दिन पहले साढे 13, 380 भारतीयों को डिपोर्ट करने की बात की है। यही नहीं इसके अलावा और भी कई देशों के लगभग 400,000 लोगों को डिपोर्ट करने की बात कही जा रही है। यह सभी वह विदेशी है जो पुर्तगाल सरकार को न सिर्फ टैक्स दे रहे हैं बल्कि लीगल तौर पर रह रहे हैं और मेडिकल सुविधाएं भी ले रहे हैं ।

    धर्मजीत सिंह सैनी ने पुर्तगाल सरकार का कानून 88 और 89 का हवाला देते हुए बताया कि अगर कोई गैर पुर्तगाली यहां आकर लीगल तरीके से परमिट ले लेता है तो वह रह सकता है। पुर्तगाल का कानून कहता है कि अगर कोई भी बाहरी व्यक्ति यहां आकर सभी कानून का पालन करता है तो उसको 90 दिन में यह बता दिया जाता है कि आप यहां रह सकते हैं या नहीं रह सकते। इसके साथ ही उनके ऊपर कुछ ऑब्जरवेशन भी लगा दी जाती है लेकिन यहां पर 90 दिन ही नहीं बल्कि चार-चार, पांच-पांच साल बीत जाने के बाद गवर्नमेंट की तरफ से उनका कोई भी इंटीमेशन नहीं दिया गया।

    वहीं पुर्तगाल से डिपोर्ट होने जा रहे भारतीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को ईमेल के माध्यम से एक पत्र भेजा है, जिसमें पुर्तगाली सरकार से इस मुद्दे को उठाने की अपील की गई है। धर्मजीत सिंह सैनी ने कहा कि यदि भारत के प्रधानमंत्री या भारत के विदेश मंत्री पुर्तगाल स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से वहां की नई सरकार से इस मुद्दे पर चर्चा करें तो हजारों भारतीयों और उनके परिवारों का भविष्य बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय दूतावास के अधिकारी भी वहां की सरकार से बात करें तो सुनवाई भी हो सकती है।

     

     

  • जेल से बाहर आए पति ने पत्नी का गला काटा, अवैध संबंधों का शक बनी वजह

    जेल से बाहर आए पति ने पत्नी का गला काटा, अवैध संबंधों का शक बनी वजह

    गाजियाबादः घरेलू विवाद के चलते सोमवार रात एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति 2 महीने पहले जेल से छूटा है। जानकारी मुताबिक सुमित गुप्ता का विवाह करीब 2 साल पहले राम पार्क एक्सटेंशन की रहने वाली कविता गुप्ता से हुआ था।

    विवाह के कुछ ही महीनों बाद सुमित को हरियाणा में गोली मारने के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। करीब दो वर्ष तक जेल में रहने के बाद वह दो महीने पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था। बाहर आने के बाद सुमित ऑटो चलाकर गुजर-बसर करने लगा। परिजनों और पड़ोसियों का कहना है कि जेल से आने के बाद से ही सुमित पत्नी पर अवैध संबंधों का शक जताकर आए दिन झगड़ा करता था। सोमवार शाम को भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में सुमित ने घर की रसोई से चाकू उठाया और पत्नी का गला काट दिया।

    कविता की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां वह खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पाकर एसीपी ज्ञान प्रकाश राय समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • कब होगी भगवान गणेश की स्थापना? जानें स्थापना की सही विधि और मुहूर्त

    कब होगी भगवान गणेश की स्थापना? जानें स्थापना की सही विधि और मुहूर्त

    धर्मः देशभर में गणेश महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। खासकर महाराष्ट्र और गुजरात में इस त्योहार की रौनक देखने लायक होती है। इस पर्व पर भक्त रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की पूजा करते हैं। घरों, मंदिरों और पंडालों में 10 दिनों तक गणपति की स्थापना कर श्रद्धा-भाव से पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान चारों ओर “गणपति बप्पा मोरिया” की गूंज सुनाई देती है।

    हिंदू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास की चतुर्थी तिथि 26 अगस्त दोपहर 01 बजकर 54 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 27 अगस्त दोपहर 03 बजकर 44 मिनट पर होगा। ऐसे में इस साल गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त 2025, बुधवार को मनाया जाएगा और इसी दिन गणेश स्थापना की जाएगी। गणेश उत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी पर होता है, जो इस साल 6 सितंबर को पड़ रही है। 10 दिन पूजन के बाद भक्त गणपति से अगले वर्ष जल्दी आने की प्रार्थना करते हुए प्रतिमा का विसर्जन करते हैं।

    गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त
    गणेश जी की स्थापना के लिए मध्याह्न काल सबसे उत्तम माना गया है, क्योंकि मान्यता है कि इसी समय गणपति का जन्म हुआ था. 27 अगस्त 2025 को मध्याह्न काल में गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 05 मिनट से लेकर दोपहर 01 बजकर 40 मिनट तक रहेगा।

    गणेश चतुर्थी 2025 के शुभ योग
    इस बार गणेश चतुर्थी का दिन बेहद खास है। इस साल गणेश चतुर्थी की शुरुआत बुधवार से हो रही है, जिससे बहुत शुभ माना जा रहा है। साथ ही 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर चार शुभ योग का निर्माण हो रहा है- शुभ योग, शुक्ल योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग का संयोग रहेगा। इसके अलावा हस्त नक्षत्र और चित्रा नक्षत्र भी रहेगा।

    गणेश स्थापना विधि
    सबसे पहले एक साफ चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं। हाथ में जल, चावल और फूल लेकर व्रत का संकल्प लें। इसे बाद’ॐ गं गणपतये नमः’ मंत्र का जाप करते हुए गणेश जी का स्मरण करें। मूर्ति को पंचामृत से स्नान कराकर नए वस्त्र और आभूषण पहनाएं। गणेश जी को मोदक, लड्डू, दूर्वा घास, लाल फूल और सिंदूर अर्पित करें। अंत में पूरे परिवार के साथ आरती करें और भक्तिभाव से पूजन संपन्न करें।

  • दंपति के झगड़े ने लिया खूनी रूप, पत्नी की मौत

    दंपति के झगड़े ने लिया खूनी रूप, पत्नी की मौत

    गाजियाबादः पति द्वारा अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों की 3 साल पहले शादी हुई थी। पति उससे आए दिन झगड़ता था। बीती रात भी दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद देर रात पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद महिला का पति घर से फरार हो गया। सूचना पर मोदी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक मोदीनगर थाना क्षेत्र के गदाना गांव निवासी जितेंद्र टायर पंचर की दुकान चलाता है। उसकी 3 साल पहले स्वाति (26) के साथ शादी हुई थी। दोनों का एक 14 महीने का बच्चा है। पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। पत्नी कई बार शराब पीने का विरोध करती थी तो भी उसे कमरे में बंद करके मारता था। जितेंद्र प्रजापति अपने परिवार में इकलौता बेटा है। जितेंद्र के पिता और मां आशा देवी रात में बरामदे में सोए हुए थे। पंखे की आवाज में मां बाप को कुछ सुनाई नहीं दिया। रात करीब 12:00 बजे के बाद जितेंद्र का अपनी पत्नी स्वाति से झगड़ा हुआ।

    परिवार के लोगों ने बताया कि जितेंद्र ने रात में कमरे में बंद करके पत्नी को बेरहमी से पीटा। जितेंद्र आए दिन पत्नी स्वाती के साथ मारपीट करता था, इसलिए मां और बाप बेटे के डर के मारे कुछ बोल नहीं पाते थे। महिला का सवा साल का बेटा रात में अपने दादी आशा देवी के पास सोया हुआ था, पास में ही दादा भीम की चारपाई थी।

    स्वाती के चेहरे पर भी चोट के निशान थे जिससे पुलिस मान रही है कि पति ने मर्डर करने से पहले पत्नी को मारा होगा। यह बात विवाहिता के ससुर ने पुलिस को भी बताई है कि रात में दोनों में झगड़ा हो रहा था। शरीर पर चाकू के चार निशान मिले हैं, जबकि गले में गहरे घाव मिले हैं। पुलिस मान रही है की सब्जी काटने वाले चाकू से ही पति ने पत्नी का मर्डर किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए छापामारी शुरू कर दी है।

  • YouTuber अपूर्वा मुखीजा को लेकर फिर हुआ विवाद, Ex Boyfriend ने लगाया धोखाधड़ी के आरोप

    YouTuber अपूर्वा मुखीजा को लेकर फिर हुआ विवाद, Ex Boyfriend ने लगाया धोखाधड़ी के आरोप

    नई दिल्लीः इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद से चर्चा में आई यूट्यूबर अपूर्वा मुखीजा एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार अपूर्वा मुखीजा अपने एक्स बॉयफ्रेंड उत्सव दहिया की वजह से चर्चा में हैं। दरअसल, उत्सव दहिया ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर कर अपूर्वा मुखीजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अपूर्वा ने धोखा दिया है और धमकी दी है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अपूर्वा मुखीजा ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है।

    करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में साथ नजर आए उत्सव दहिया और अपूर्वा को लेकर कई लिंक की खबरें चली थीं। शो के खत्म होने के कुछ समय बाद सूफी ने ऐलान किया कि अब वह अपूर्वा के साथ नहीं हैं। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लोगों ने सूफी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। अब उन्होंने इस मामले पर एक रिएक्ट किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि ‘अब और झूठ नहीं… बहुत से लोग बोल रहे हैं कि मैंने अपूर्वा को फंसाया और फिर उसे छोड़ दिया।

    उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने कभी अपूर्वा के साथ किसी प्रोजेक्ट में पर्सनली काम नहीं किया है। वह सिर्फ बार यूट्यूब वीडियो में नजर आए थे, जो पूरी तरह से उसका कंटेंट पीस था। रही बात अपूर्वा को फंसाने और उसकी पॉपुलैरिटी का फायदा उठाने की, तो बता दूं हम एक-दूसरे को जाने बिना एक ही शो में थे। इसलिए मुझे उसकी पॉपुलैरिटी की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, अपूर्वा ने उत्सव दहिया के पोस्ट पर अभी तक कोई रिएक्ट नहीं किया है।

  • इंडिया गठबंधन से SC के पूर्व जज लड़ेंगे उपराष्ट्रपति चुनाव, उम्मीदवार का हुआ ऐलान

    इंडिया गठबंधन से SC के पूर्व जज लड़ेंगे उपराष्ट्रपति चुनाव, उम्मीदवार का हुआ ऐलान

    नई दिल्लीः उपराष्ट्रपति चुनाव चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। इंडिया गठबंधन ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके नाम का ऐलान किया। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि गठबंधन ने सर्वसम्मति से उनका नाम तय किया है। खड़गे ने नाम की घोषणा करते हुए कहा, “सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी हमारे उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे।

    हम सभी जानते हैं कि उन्होंने गरीबों के लिए कैसे खड़े होकर संविधान की रक्षा की। यह एक वैचारिक लड़ाई है और सभी विपक्षी दल इस पर सहमत हैं, इसीलिए हम चुनाव लड़ रहे हैं। हमने मिलकर उपराष्ट्रपति चुनावं के लिए एक साझा उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है और मुझे खुशी है कि सभी एक नाम पर सहमत हुए हैं, यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ा क्षण है।” उनका मुकाबला एनडीए गठबंधन के सीपी राधाकृष्णन से होगा। दोनों उम्मीदवार 21 अगस्त को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। खडगे ने कहा कि कल सभी विपक्षी दलों के सांसद 1 बजे सेंट्रल हॉल में बैठक कर रहे हैं।”

    खड़गे ने कहा, “बी. सुदर्शन रेड्डी भारत के सबसे प्रतिष्ठित न्यायविदों में से एक हैं। उनका एक लंबा और प्रतिष्ठित कानूनी करियर रहा है, जिसमें आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश, गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्य शामिल है। वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के एक निरंतर और साहसी समर्थक रहे हैं। वे एक गरीब व्यक्ति हैं और यदि आप उनके कई फैसले पढ़ेंगे, तो आपको पता चलेगा कि उन्होंने कैसे गरीबों का पक्ष लिया और संविधान तथा मौलिक अधिकारों की रक्षा की।”

    विपक्ष का कहना है, “वो (एनडीए) संघ से जुड़े व्यक्ति को लाए हैं, हम सुप्रीम कोर्ट से आए व्यक्ति को सामने ला रहे हैं।” यह नाम विपक्ष की तमाम शर्तों पर खरा उतरता है – दक्षिण भारत से उम्मीदवार जिसे डीएमके चाहती थी, और राजनीति से बाहर का चेहरा जिसकी मांग टीएमसी ने उठाई थी। टीएमसी का कहना था कि ऐसे शख्स को उम्मीदवार बनाया जाए जो नॉन-पॉलिटिकल हों।

    वहीं डीएमके चीफ और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने तमिलनाडु से किसी चेहरे को उम्मीदवार बनाने की मांग की थी। बता दें कि बी सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई 1946 को हुआ था। वे भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और गोवा के पहले लोकायुक्त रह चुके हैं। सुदर्शन रेड्डी का जन्म आंध्र प्रदेश के रंगा रेड्डी जिले के अकुला मायलारम गांव में एक कृषि परिवार में हुआ। शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने हैदराबाद के उस्मानिया यूनिवर्सिटी से 1971 में लॉ पास किया।

  • PM Modi से मिले Shubhanshu Shukla, प्रधानमंत्री ने कहा – ‘तुमने मेरा होमवर्क किया’

    PM Modi से मिले Shubhanshu Shukla, प्रधानमंत्री ने कहा – ‘तुमने मेरा होमवर्क किया’

    नई दिल्ली: अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भारत आ चुके हैं। भारत आने के बाद उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। इस दौरान शुभांशु ने पीएम के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर उनके सफल मिशन को लेकर भी बात की है। पीएम मोदी ने शुभांशु से उनसे भारत वापिस आने पर होमवर्क अपडेट भी मांगी जिसको लेकर शुभांशु ने कहा कि उन्होंने होमवर्क पूरा कर लिया है। दोनों के बीच अंतरिक्ष मिशन को लेकर काफी बातें हुई। दोनों के बीच में अंतरिक्ष मिशन को लेकर भी काफी बातें हुई। पीएम के आवास पर दोनों की मुलाकात 18 अगस्त को हुई। दोनों में करीब 8 मिनट की बात हुई और शुभांशु शुक्ला ने पीएम को अपने मिशन के बारे में बताया। इसमें उन्होंने चालक दल के सदस्य के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए उनसे पूचा कि मैंने जब आपको होमवर्क कहा था तो उसका क्या प्रोग्रेस हुआ है। इस पर शुभांशु ने हंसते हुए जवाब दिया कि – ‘बहुत अच्छा प्रोग्रेस हुआ है। लोग मुझे चिढ़ाते भी थे कि तुम्हारे पीएम तु्म्हें होमवर्क देते हैं’। शुभांशु ने बताया कि उन्होंने अंतरिक्ष में कई जरुरी इस्तेमाल किए इसमें टार्डीग्रेड्स, मयोजेनिसिस, मेथी और मूंग के बीजों का अंकुरण, सायनोबैक्टीरिया, माइक्रोएल्गी और फसली बीजों से जुड़े अध्ययन शामिल थे। आगे उन्होंने कहा कि उनके अंतरराष्ट्रीय क्रूमेट्स गगनयान मिशन को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। पीएम ने जब उनसे पूछा कि पृथ्वी पर वापिस आने पर उन्हें कैसा अनुभव हुआ तो उन्होंने कहा कि – ‘दिमाग को यह समझने में समय लगता है कि अब चलना है वापिस आने के बाद मैं चल नहीं पा रहा था। मुझे लोग सहारा देकर उठा रहे थे। उन्होंने बताया कि ऐसा ही अनुभव उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने पर हुआ था’। शुक्ला ने पीएम को बताया कि पिछले एक साल में वो जहां भी गए लोगों में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को लेकर बहुत एक्साइटेड और जिज्ञासु दिखे। उन्होंने हसंते हुए बताया कि लोग मुझसे गगनयान के लॉन्च की तारीख पूछते थे। शुक्ला ने यह भी शेयर किया है कि अंतरिक्ष मिशन के दौरान उन्होंने जो अनुभव और जानकारियां हासिल की है वो गगनयान कार्यक्रम के लिए बेहद एक्साइटेड साबित होगी। पीएम ने पूछा कि आईएसएस पर सबसे ज्यादा कौन रुका है? इस पर शुभांशु शुक्ला ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर इस समय एक बार कोई भी अंतरिक्ष यात्री 8 महीने तक रहता है। कुछ लोग दिसंबर में वापिस भी आ रहे हैं। गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर Axiom-4 मिशन के अंतर्गत गए थे। वहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रयोग किए। पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला को अपने मिशन के दौरान अलग-अलग पहुलुओं को दस्तावेज करने का होमवर्क भी दिया था। यह गगनयान कार्यक्रम में बेहद उपयोगी होगा।  
  • Punjab News: कुकर फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत, 2 झुलसे

    Punjab News: कुकर फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत, 2 झुलसे

    पटियालाः पातड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कुकर फैक्ट्री में अचानक भयानक आग लग गई। इस घटना में कई मजदूर आग में फंस गए। मिली जानकारी के अनुसार बुरी तरह झुलसे 2 मजदूरों को मुश्किल से बाहर निकाला गया। इनमें से एक मजदूर ने अस्पताल में जाकर दम तोड़ दिया। जबकि घायल मजदूर महिला को पटियाला के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई।

    Read in English:

    One Dead, Several Injured in Massive Fire at Cooker Factory in Patiala

    आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक नियंत्रण पाया गया, लेकिन अभी भी धुआं और लपटें निकल रही हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय निवासियों ने भी मदद करते हुए पानी डालकर मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की।

    आग लगने का पता लगते ही भागकर बाहर निकले मजदूर ने बताया कि बिजली का शॉर्ट सर्किट होने से पैकिंग वाले गत्तों में आग लग गई और जल्दी ही यह आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई। कई मजदूर तो बाहर आ गए, लेकिन कुछ मजदूर जो फैक्ट्री के पिछले हिस्से में काम कर रहे थे, वे बाहर नहीं निकल सके।

  • Punjab News: 8 हजार रिश्वत लेने के मामले में थानेदार और साथी गिरफ्तार

    Punjab News: 8 हजार रिश्वत लेने के मामले में थानेदार और साथी गिरफ्तार

    बरनालाः पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत थाना धनौला के थानेदार और एक अन्य को विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने 8 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो बरनाला के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता जोगा सिंह निवासी बडबर ने रिश्वत मांगे जाने संबंधी विजिलेंस ब्यूरो बरनाला में शिकायत दर्ज करवाई थी।

    जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना धनौला में तैनात थानेदार सुखदेव सिंह को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जोगा सिंह निवासी बड़बर के पुत्र निर्मल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस का एक मामला दर्ज किया है। जिस पर धनौला पुलिस ने उनके घर छापेमारी कर तीन मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए थे, जो उसके बेटे निर्मल सिंह के खिलाफ दर्ज मामले में शामिल नहीं था। परिवार पुलिस से मोबाइल फोन वापिस मांग रहा था, जिस पर एएसआई सुखदेव सिंह ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

    सौदा 8 हजार रुपये में तय हुआ था। उनके गांव के ही सतविंदर सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी बडबर ने थानेदार में रिश्वत देने में बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। जिसे विजिलेंस ने थानेदार के साथ गिरफ्तार भी कर लिया है। विजिलेंस एएसआई सतगुर सिंह ने बताया कि पुलिस को रिश्वत देने में बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले सतविंदर सिंह के खिलाफ पहले ही मध्यस्थता का मामला दर्ज किया जा चुका है। विजिलेंस ब्यूरो बरनाला ने एएसआई सुखदेव सिंह और उसके निजी सहयोगी सतविंदर सिंह दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।