Blog

  • मणिमहेश जा रहे Punjab के श्रद्धालुओं के टेंपो ट्रैवलर को लगी आग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    मणिमहेश जा रहे Punjab के श्रद्धालुओं के टेंपो ट्रैवलर को लगी आग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    पठानकोटः बीती शाम 5 बजे पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक टेंपो ट्रैवलर में अचानक आग लग गई। यह टेंपो ट्रैवलर अमृतसर से 12 श्रद्धालुओं को मणिमहेश यात्रा पर ले जा रहा था, जिन्होंने पठानकोट से यह वाहन किराए पर लिया था। वाहन में आग लगने से यात्रियों का दम घुटने लगा। यह देखकर चालक ने वाहन रोक दिया। इसी बीच, यात्री वाहन से नीचे उतर गए। जैसे ही चालक ने वाहन का बोनट खोला, वाहन में तुरंत आग लग गई।

    गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। अमृतसर से मणिमहेश जा रहे तीर्थयात्रियों ने पठानकोट से यह गाड़ी किराए पर ली थी। इसके बाद, तीर्थयात्रियों ने पठानकोट से एक नई गाड़ी मंगवाई और मणिमहेश के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • बादल फटने से 3 दुकानें पुल और बाग-बगीचे बहे, स्कूल-कॉलेज बंद के आदेश, देखें वीडियो

    बादल फटने से 3 दुकानें पुल और बाग-बगीचे बहे, स्कूल-कॉलेज बंद के आदेश, देखें वीडियो

    कुल्लूः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की लगघाटी के कनौण की ऊंची पहाड़ी पर रात ढाई बजे बादल फटने के बाद फ्लेश फ्लड आ गया। सरवरी में एक पैदल पुल क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही है कि इस प्राकृतिक आपदा में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फ्लेश फ्लड से खासा नुकसान हुआ और सड़क का एक हिस्सा टूट गया है। बादल फटने से कुल्लू शहर के पास बहने वाली सरवरी खड्ड में जलस्तर काफी बढ़ गया, जिससे सरवरी में एक पैदल पुल क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, फोरलेन से कुल्लू बस स्टैंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा भी तेज बहाव में बह गया। हालांकि, पुलिस ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों को आगे जाने से रोका जा रहा है। कुछ लोग खतरा मोल लेकर अपनी गाड़ियां इन सड़कों पर चला रहे हैं, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ी है।

    दूसरी ओर बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आकर कनौण में तीन दुकानें बह गईं और बाढ़ से लोगों की ज़मीनों, बाग–बगीचों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। एक युवक ने बताया कि कनौण गांव में बूबू नाले पर बना पुल बह गया और 3 दुकानों का नामोनिशान मिट गया। युवक ने बताया कि वह पूरी रात सोए नहीं हैं। युवक ने बताया कि गांव का संपर्क कट गया है और बादल फटने के बाद काफी नुकसान हुआ है और सड़क पर बड़े बड़े पत्थर आ गए थे। इसके अलावा, हनुमानी बाग को जोड़ने वाला पैदल पुल भी टूटने की कगार पर है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही पर संकट खड़ा हो गया है।

    प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से परहेज करने और सतर्क रहने की अपील की है। कुल्लू जिला प्रशासन ने बीती रात से हो रही बारिश के चलते बंजार और कुल्लू सदर में स्कूल और कॉलेजों को बंद करने के आदेश दिए हैं। डीसी कुल्लू, एस. रवीश (IAS) ने आदेश जारी करते हुए बताया कि क्लाउडबर्स्ट, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की वजह से जगह-जगह सड़कों के बाधित होने, पुल बह जाने और नुकसान की सूचनाएं मिल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 अगस्त 2025 के लिए कुल्लू जिला में येलो अलर्ट जारी किया है।

    सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आदेश दिया है कि कुल्लू और बंजार उपमंडल के सभी शैक्षणिक संस्थान, जिनमें स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग व फार्मेसी कॉलेज (सरकारी व निजी), आंगनबाड़ी केंद्र और DIET शामिल हैं, 19 अगस्त 2025 को बंद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा व कल्याण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन ने सरवरी क्षेत्र में नदी-नालों के किनारे झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। नदी-नालों का जलस्तर ऊंचा बना हुआ है और लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

  • इन 3 शर्तों पर रुकेगा रुस-यूक्रेन का युद्ध, Donald Trump के सामने Zelensky ने रखी 3 शर्तें

    इन 3 शर्तों पर रुकेगा रुस-यूक्रेन का युद्ध, Donald Trump के सामने Zelensky ने रखी 3 शर्तें

    नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों रुस और यूक्रेन के बीच में चल रहा युद्ध सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सबसे पहले अलास्का में रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मीटिंग भी की। मीटिंग के बाद सोमवार को व्हाइट हाउस में पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय वार्ता होने वाली थी और उसके बाद यूरोपीय नेताओं के साथ त्रिपक्षीय। इसी बीच ट्रंप और जेलेंस्की के बीच तीन अहम मुद्दों पर सहमति बन गई है परंतु पुतिन का मानना है कि ट्रंप के लिए यह टेढ़ी खीर होगा।

    खत्म होगा यह युद्ध

    अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में हुई मीटिंग से पहले यह साफ कह दिया है कि वह रुस के हाथों यूक्रेन के जिन हिस्सों को हार गए हैं उनको भूल जाएं और नाटों में शामिल होने के विचार पर भी पूर्णविराम लगा दें। ट्रंप का कहना है कि यह युद्ध खत्म होगा। यह किसी भी हाल में खत्म होगा और हम यूक्रेन को नाटो की तरह सुरक्षा भी देंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रुस और यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए तीन मुख्य शर्तें भी रखी हैं। इसमें यूक्रेन को सिक्योरिटी गारंटी देने से लेकर यूक्रेन को अपनी सेना बढ़ाने की आजादी देना और शांति बहाली के बाद देश में चुनाव करवाना शामिल है। अब इन शर्तों पर पुतिन को मनाना अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण होगा। जेलेंस्की ने यह भी मांग की है कि यूक्रेन को भविष्य में रुसी आक्रमण से बचाने के लिए मजबूत सुरक्षा गारंटी मिले। इसका मतलब नाटो जैसे सैन्य गठबंधन की सदस्यता या बाकी अंतरराष्ट्रीय गारंटी होगा। यह रुस के लिए अस्वीकार्य है क्योंकि पुतिन ने बार- बार यूक्रेन के नाटों में शामिल होने का विरोध भी किया है। खुद ट्रंप भी यही चाहते हैं कि यूक्रेन नाटो को मेंबर बनाने का इरादा छोड़ दें। इसके अलावा जेलेंस्की यह भी चाहते हैं कि यूक्रेन को अपनी सैन्य क्षमता को बढ़ाने की पूरी स्वतंत्रता होनी चाहिए ताकि वह भविष्य में अपनी रक्षा कर पाए। यह शर्त भी रुस के लिए चिंता का विषय बन चुकी है क्योंकि पुतिन यूक्रेन की सैन्य ताकत को सीमित करने की मांग कर रहे हैं। जेलेंस्की का कहना है कि वह शांति समझौते के बाद यूक्रेन में स्वतंत्र और सुरक्षित चुनाव करवाने के लिए भी तैयार हैं परंतु इसकी सुरक्षा की गारंटी बहुत जरुरी है। उन्होंने यह साफ किया है कि यह तभी संभव हो पाएगा जब यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता बरकरार रहेगी। ट्रंप ने रुस-यूक्रेन का युद्ध खत्म करने के लिए मध्यस्थता की कोशिश भी की है। अलास्का में पुतिन के साथ हुई उनकी मुलाकात में कोई ठोस समझौता तो नहीं हुआ परंतु ट्रंप ने जेलेंस्की को रुस के साथ डील करने की सलाह दी है। ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ मिलकर शांति की दिशा में काम भी कर रहे हैं।

    पुतिन ने रखी शर्तें

    पुतिन ने इस युद्ध को खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रखी है। इसमें यूक्रेन द्वारा डोनेट्स्क और बाकी क्षेत्रों को छोड़ना, क्रीमिया पर रुस के नियंत्रण को स्वीकार करना और यूक्रेन का नाटो में शामिल होना शामिल है। ये सभी शर्तें जेलेंस्की की शर्तों के बिल्कुल ही उल्टी हैं क्योंकि जेलेंस्की ने किसी भी क्षेत्रीय रियायत से इंकार कर दिया है। वहीं ट्रंप और पुतिन में हुई अलास्का की मीटिंग सकारात्मक ही रही है। पुतिन ने इसको शुरुआत माना है हालांकि पुतिन ने जेलेंस्की की शर्तों पर सहमति के कोई भी संकेत नहीं दिए। इसके जगह पुतिन ने यूक्रेन ने डोनबास क्षेत्र छोड़ने की भी मांग की है जिसको जेलेंस्की ने सिरे से खारिज कर दिया है। पुतिन और जेलेंस्की की शर्तें एक-दूसरे से काफी अलग हैं। पुतिन यूक्रेन के नाटो में शामिल होने और सैन्य विस्तार को रोकना चाहते हैं वही जेलेंस्की को सिक्योरिटी गारंटी और सैन्य स्वतंत्रता भी चाहिए। ट्रंप ने जेलेंस्की पर समझौते के लिए दबाव भी बनाया है परंतु उसकी सलाह कि रुस एक बड़ी शक्ति है और यूक्रेन नहीं। जेलेंस्की को यह बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है कि ट्रंप की मध्यस्थता अभी तक बेनतीजा रही है। इसके अलावा यूरोपीय नेता जेलेंस्की का समर्थन कर रहे हैं और यही चाहते हैं कि यूक्रेन की सहमति के बिना कोई भी समझौता न हो। इसके अलावा ट्रंप की मध्यस्थता को यह और भी जटिल बनाती है।      
  • घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों ने किया हमला, देखें CCTV

    घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों ने किया हमला, देखें CCTV

    उदयपुरः राजस्थान के उदयपुर स्थित गौतम विहार कॉलोनी में घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे पर 3 आवारा कुत्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बच्चे की पहचान गौरांश के रूप में हुई है। घटना के दौरान पास में मौजूद मां ने तुरंत बच्चे को छुड़ाया। हालांकि, कुत्तों के हमले में बच्चा घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। गौतम विहार कॉलोनी में 5 वर्षीय बच्चे गौरांश को तीन कुत्ते झपट पड़े और उसे नीचे गिराकर नोचना शुरू कर दिया। बच्चे की चीख पुकार सुनकर उसकी मां दौड़ी और कुत्तों को भगाकर उसे बचाया। कुत्तों के हमले के दौरान गौरांश को मामूली चोट आई है। बच्चे पर कुत्तों के हमला का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घर के बाहर 5 साल का गौरांश खेलता हुआ नजर आ रहा है। इसी दौरान तीन कुत्ते दौड़ते हुए आए और उस पर हमला बोल दिया। सीसीटीवी फुटेज में एक कुत्ता बच्चे को जमीन पर पटकता और घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए नजदीक के एक अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों पर चिंता व्यक्त की है। दो महीने पहले भी इसी तरह की एक घटना में उदयपुर की फतहपुर क्षेत्र में एक आवासीय कॉलोनी में आवारा कुत्तों ने आठ साल के बच्चे पर हमला किया था।
  • शाही सवारी दौरान आपस में भिड़े भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता, खूब चले लात-घूंसे और कुर्सियां

    शाही सवारी दौरान आपस में भिड़े भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता, खूब चले लात-घूंसे और कुर्सियां

    उज्जैनः जिले में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ने का मामला सामने आया है। इस दौरान दोनों पक्षों में लात, घूंसे और कुर्सियां चलीं। वहीं घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

    जानकारी मुताबिक, हर साल की तरह इस साल भी उज्जैन से 50 किमी दूर महिदपुर में श्री धूर्जटेश्वर महादेव की शाही सवारी निकाली जा रही थी। महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बॉस के समर्थकों ने गांधी मार्ग स्थित जगदीश व्यायामशाला के सामने स्वागत मंच लगा रखा था। शाम 4 बजे सवारी के दौरान जब महिदपुर के पूर्व बीजेपी विधायक बहादुर सिंह चौहान के समर्थक मंच के सामने से निकले, तो दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ गए। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता भद्दे कमेंट्स कर रहे थे।

    महिदपुर से कांग्रेस के विधायक दिनेश जैन बॉस ने बताया कि मंच के सामने से निकल रहे बीजेपी के कार्यकर्ता भद्दे कमेंट्स कर रहे थे। इस बात से कहासुनी हुई और उनके बीच मारपीट हो गई। सभी बहादुर सिंह चौहान के कार्यकर्ता थे, हमने शिकायती आवेदन थाने में दिया है। वहीं घटना में एक पुलिस कर्मी घायल हुआ है जिसे अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी मिल गई है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Punjab News: शादी समारोह में शराब पीने के दौरान विवाद; बेसबॉल से युवक पर हमला, मौत

    Punjab News: शादी समारोह में शराब पीने के दौरान विवाद; बेसबॉल से युवक पर हमला, मौत

    लुधियानाः शादी समारोह में हुए विवाद में एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। यह वारदात साहनेवाल के गांव माजरा की है। जानकारी अनुसार शादी के दौरान शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद झगड़े में एक दोस्त ने दूसरे की बेसबॉल से मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 29 वर्षीय निखिल शाह के रूप में हुई है, जो साहनेवाल के गणेश नगर का रहने वाला था।

    मृतक के भाई बिल्टू शाह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई निखिल शाह डीजे चलाने का काम करता है। 14 अगस्त को निखिल शाह अपने दोस्त रोहित की शादी में था। तभी रोहित और उसके कुछ दोस्तों के साथ निखिल का झगड़ा हो गया। पहले तो यह झगड़ा सिर्फ कहासुनी तक ही सीमित था, लेकिन बाद में रोहित और उसके साथियों ने पहले निखिल के घर पर उसके साथ मारपीट की। जब घायल निखिल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, तो आरोपियों ने वहां भी उस पर हमला कर दिया।

    इस दौरान रोहित ने बेसबॉल से निखिल के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। निखिल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साहनेवाल पुलिस ने आरोपी रोहित पुत्र रणजीत और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

  • Punjab News: बुआ को घर छोड़ने आए 20 वर्षीय नौजवान का कत्ल, एक गंभीर घायल

    Punjab News: बुआ को घर छोड़ने आए 20 वर्षीय नौजवान का कत्ल, एक गंभीर घायल

    तरनतारनः झबाल में बुजुर्ग बुआ को ससुराल घर छोड़ने आए युवक का बुआ के पोत्रियों ने कथित तौर पर तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बुआ को उसका लड़का और पोत्री ना तो रोटी देते थे और ना ही जमीन के ठेके में से कोई पैसा देते थे। यह घरेलू विवाद 20 वर्षीय युवक की हत्या का कारण बन गया। फिलहाल थाना झब्बाल की पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर अगली जांच शुरू कर दी है।

    निशान सिंह पुत्र बक्ति सिंह निवासी पूहला ने बताया कि उसकी 90 वर्षीय बुआ बचन कौर का लड़का दिलबाग सिंह और पोत्री ना तो उसको रोटी-पानी देते थे और ना ही जमीन का ठेका जिससे वह परेशान रहती थी। उन्होंने बताया कि उसकी बुआ पूहले गांव में अपने मायके घर आई हुई थी। जिसे उसका भाई रणजीत सिंह (20) उसके गांव मालूवाल लेकर गया तो उसके बाहर पोत्रियों ने अज्ञात व्यक्तियों के साथ कथित तौर पर तेजधार हथियारों से हमला कर रणजीत सिंह की हत्या कर दी।

    जबकि बुआ का दोतरा सतनाम सिंह सोना हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची थाना झब्बाल के मुखी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विर्दी ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और परिवार के बयान कलमबंद कर अगली कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

     

  • Punjab News: दिन दहाड़े 30 रुपये को लेकर अस्पताल के मेडिकल शॉप में हुई गुंडागर्दी, की मारपीट

    Punjab News: दिन दहाड़े 30 रुपये को लेकर अस्पताल के मेडिकल शॉप में हुई गुंडागर्दी, की मारपीट

    संगरूरः जिले के मलेरकोटला में दिन दहाड़े गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जहां निजी अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर अपनी ड्यूटी पर तैनात साहिल नामक कर्मचारी के साथ कुछ बाहरी व्यक्तियों ने अंदर घुसकर खुलेआम गुंडागर्दी की है। मारपीट की पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पूरी बात केवल 30 रुपये की किसी चीज़ की वापसी को लेकर बताई जा रही है।

    जिसके कारण यह इतना बड़ा मामला बन गया कि अस्पताल के कर्मचारी को कुछ लोग खुलेआम मारते हुए मेडिकल स्टोर के अंदर जाने वाले दरवाज़े से पीटते हुए, मेडिकल स्टोर के अंदर ही पीछे बने छोटे स्टोर में ले जाते हुए दिख रहे हैं। वहीं, मेडिकल स्टोर पर एक महिला कर्मचारी और एक अन्य कर्मचारी भी सहमे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति छुड़वाने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार मारपीट का शिकार कर्मचारी साहिल सरकारी अस्पताल मलेरकोटला में इलाजाधीन है।

  • Jalandhar News: PRTC बस और पिकअप की टक्कर में 3 की मौत को लेकर तहसीलदार ने मुआवजा देने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    Jalandhar News: PRTC बस और पिकअप की टक्कर में 3 की मौत को लेकर तहसीलदार ने मुआवजा देने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    बस ड्राइवर को किया गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: जालंधर-कपूरथला रोड पर स्थित स्कूल के बाहर पीआरटीसी बस और पिकअप गाड़ी में भयानक टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना अल सुबह 3.20 पर हुई है। घटना को लेकर परिजनों द्वारा रोड जाम कर दिया गया। मौके पर पुलिस के साथ तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने कहाकि यह घटना काफी निंदनीय है। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं सरकार की हिदायतों द्वारा मृतकों के परिजनों को मुआवजा जल्द दिया जाएगा। मुआवजे का ऐलान एफआईआर के अनुसार देने का ऐलान किया जाएगा। बताया जा रहा हैकि पीआरटीसी बस के ड्राइवर को झपकी आ गई और बस डिवाइडर से टकराकर दूसरी सड़क पर चली गई। मृतकों की पहचान राकेश पुत्र मोहत निवासी औजला फाटक सामने दीप नगर कॉलोनी (कपूरथला), मुकेश कुमार पुत्र सुधीर सिंह निवासी नई सब्जी मंडी (कपूरथला) और ईश्वर बिंद पुत्र महेंद्र बिंद निवासी नई सब्जी मंडी (कपूरथला) के रूप में हुई हैं। इस दौरान सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से टकरा गई। मृतक सभी कपूरथला के रहने वाले है। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटना में छोटे हाथी वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। दूसरी ओर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कपूरथला-जालंधर रोड पर धरना देकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से दोषी बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सभी कपूरथला में सब्जी बेचने का काम करते थे। रोजाना की तरह आज सुबह भी वह जालंधर की बड़ी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए जा रहे थे। जब वह मंड के पास पहुंचे तो सामने से आ रही बस ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी। जिसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया। जांच अधिकारी ने बताया कि अल सुबह बस ड्राइवर की झपकी आने से यह हादसा हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार करके मामला दर्ज कर लिया गया है।
  • 3 Idiots के फेम एक्टर का हुआ निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर, 3 दिन बाद था बर्थडे

    3 Idiots के फेम एक्टर का हुआ निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर, 3 दिन बाद था बर्थडे

    मुबंईः बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आ रही है। आमिर खान की मूवी ‘3 इडियट्स’ में प्रोफेसर का किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर अच्युत पोतदार अब इस दुनिया में नहीं रहे। 91 साल की उम्र में अच्युत पोतदार का निधन हो गया है। स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अच्युत पोतदार को बीती रात अचानक बेहोश होने पर ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    Read in English:- Veteran Actor Achyut Potdar, Beloved Professor from 3 Idiots, Passes Away at 91

    तबीयत लगातार बिगड़ने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। पोतदार की बेटी अनुराधा पारस्कर ने बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सोशल मीडिया पर कई मराठी टीवी चैनल्स ने दिग्गज अभिनेता अच्युत पोतदार की पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए इस दुखद खबर का ऐलान किया है।

    इसके बाद से ही एक्टर के फैंस भी उन्हें कमेंट सेक्शन में श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस दुखद खबर से हिंदी के साथ-साथ मराठी सिनेमा इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ रही है। वहीं ‘3 इडियट्स’ में अच्युत पोतदार का एक डायलॉग बेहद फेमस हुआ था जिसमें वो बोलते हैं कि अरे कहना क्या चाहते हो। सोशल मीडिया पर इसका मीम काफी फेमस हुआ था। आज भी लोग उनके इस मीम पर फिदा हैं। सिनेमा में आने से पहले अच्युत पोतदार सेना और इंडियन ऑयल कंपनी में 25 साल तक रहे।

    हालांकि उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत देर से की, लेकिन उन्होंने पंडित सत्यदेव दुबे, विजया मेहता और सुलभा देशपांडे जैसे रंगमंच के दिग्गजों के साथ लंबे समय तक काम किया। 22 अगस्त को अच्युत पोतदार का जन्मदिन था। उससे पहले ही उनका निधन हो गया। अच्युत पोतदार फिलहाल उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे, जिसके चलते ही उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया था। वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार एक्टर अच्युत पोतदार का अंतिम संस्कार आज यानी 19 अगस्त को ठाणे में किया जाएगा।

    इस दौरान उनके परिवार के लोग और करीबी दोस्त ही उनके अंतिम संस्कार में जुड़ेंगे। बता दें एक्टर अच्युत पोतदार 80 के दशक से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव थे। फिल्मों के साथ-साथ एक्टर टीवी इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बना चुके थे। 3 इडियट्स, फरारी की सवारी, दबंग 2, आर राजकुमार, भूतनाथ, लगे रहो मुन्ना भाई, परिणीता, हम साथ-साथ हैं, दाग: द फायर और आक्रोश जैसी कई फिल्मों में काम कर चुके थे। इसके साथ ही वो टीवी सीरियल भारत एक खोज, शुभ मंगल सावधान और ऑल द बेस्ट जैसे टीवी सीरियल्स में भी पहचान बना चुके थे।