Blog

  • NIA की रेड में हुआ खुलासाः आर्मी के जवान कर रहे थे इस गैंग की मदद

    NIA की रेड में हुआ खुलासाः आर्मी के जवान कर रहे थे इस गैंग की मदद

    राजस्थानः शहर में मंगलवार सुबह एनआईए की टीम लॉरेंस के गुर्गों के यहां छापेमारी की। इसका कनेक्शन जोधपुर से भी सामने आया है। यहां भी उसके एक गुर्गे कैलाश मांजू के यहां रेड की गई। एनआईए लॉरेंस के सिंडिकेट कनेक्शन और हथियार की खरीद फरोख्त के मामले को लेकर हो रही है। इस बीच जोधपुर में 5 दिन पहले हुई सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। लॉरेंस का गुर्गा और सरपंच की हत्या की प्लानिंग करने वाला मास्टरमाइंड उम्मेद सिंह सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर के कॉन्टैक्ट में था। लॉरेंस के छोटे भाई अनमोल के साथ मिलकर वह जोधपुर में दहशत फैलाने की प्लानिंग कर रहा था। इसके लिए हथियारों की जरूरत थी। पुलिस ने गैंग की मदद करने के आरोप में आर्मी के एक लांस नायक को भी पकड़ा है।

    जोधपुर पुलिस की जांच में सामने आया कि इन्हीं हथियारों की खरीदी के लिए लॉरेंस का गुर्गा उम्मेद सिंह जोधपुर में नकली नोटों का बड़ा रैकेट भी चला रहा था। इन्हीं नोटों से हथियारों की खरीदी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि गैंग के पास इतने रुपए नहीं थे कि वे हाईटेक हथियार खरीद सके। इसी के चलते लॉरेंस की गैंग से जुड़े उम्मेद सिंह ने नकली नोट छापने शुरू कर दिए थे। शेरगढ़ (जोधपुर) उसके घर से भी करीब 3 लाख रुपए से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए गए थे।

    इन्हीं नकली नोटों से उसने सरपंच चुन्नीलाल टांक को मारने के लिए हथियार खरीदे थे। करीब सात दिन पहले पुलिस उम्मेद सिंह को उसके शेरगढ़ (जोधपुर) स्थित चाबा गांव में उसके घर लेकर गई तो वहां नकली नोट छापने की मशीन भी मिली। उसने पूछताछ में बताया कि वह गैंग के लिए हथियार इन्हीं नकली नोटों से खरीदता था। असली नोट को वह नकली नोट के बीच लगा देता और हथियार खरीद कर गैंग के लोगों को दे देता था। एडीसीपी नाजिम अली ने बताया कि इसी को लेकर जोधपुर पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुई है। मंडोर थाना अधिकारी मनीष दवे ने बताया कि टीम को इंदौर के पास एक गांव से इसका कनेक्शन मिला है और पुलिस अब इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करने में लगी है।

    पूछताछ में सामने आया कि उम्मेद सिंह ने इंदौर के पास बड़वानी से हथियार खरीदे थे। इसके लिए उम्मेद सिंह ने 2 लाख से ज्यादा के नोट छापे थे। घर पर भी करीब 3 लाख के नकली नोट जोधपुर पुलिस ने बरामद किए थे। पुलिस की इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि कलर प्रिंटर से नोटों को तैयार कर रहा था। उम्मेद सिंह नोट की फोटो कॉपी निकाल कर असली नोट के बंडल के बीच नकली नोट रख कर हथियार खरीदते थे। जल्दबाजी में ना नोट गिने जाते और ना ही अवैध हथियार बेचने वाले इसको तसल्ली से देखते। ऐसे में वह इस तरह का चकमा देकर रुपए बचाता था।

  • आयुष्मान योजना में धोखाधड़ी, 13 अस्पतालों पर हुई कार्रवाई

    आयुष्मान योजना में धोखाधड़ी, 13 अस्पतालों पर हुई कार्रवाई

    जम्मू : जम्मू-कश्मीर राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना  में धोखाधड़ी के लिए 13 अस्पतालों के पैनल से निलंबित कर दिया है और 17 अन्य पर भारी जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि 2022 में फर्जी गतिविधियों में शामिल अस्पतालों पर 1.77 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 1.34 करोड़ रुपए से अधिक की राशि एसएचए द्वारा अब तक वसूल की जा चुकी है।

    मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एसएचए) संजीव गडकर ने बताया कि सेहत योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के 98 प्रतिशत से अधिक परिवारों के पास एक-एक आयुष्मान कार्ड हैं। 83 प्रतिशत से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्राप्त हो चुके हैं। वर्तमान नीति अवधि के दौरान इस योजना के तहत तीन लाख से अधिक उपचार किए गए हैं और अस्पतालों को बीमा दावों के लिए 430 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। सार्वजनिक और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों द्वारा किए गए कार्यों का विवरण दिया गया।

  • पंजाबः पूर्व सैनिक से चलाई गोली, मौत

    पंजाबः पूर्व सैनिक से चलाई गोली, मौत

    लुधियानाः जगरांव के गांव मुल्लांपुर में एक पूर्व सैनिक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सैनिक ने अपने ही लाइसेंसी हथियार से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी दाखा थाने पहुंची और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।

    मिली जानकारी के अनुसार मृतक चरनजीत खुल्लर अपने एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल हुआ था और घर लौटने के बाद उसने अपने घर के कमरे को बंद कर दिया और अपनी रिवाल्वर से सिर पर गोली चली दी। इस घटना दौरान उसकी पत्नी और बच्चे घर में मौजूद थे। अचानक गोली चलने की आवाज आई तो पता चला कि कमरे के अंदर गोली चली है।

    आवाजे लगाने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो मोहल्ले के लोगों ने आकर घर का दरवाजा तोड़ा तो देखा तो कमरे में फौजी चरणजीव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है।

  • टीचर पर कार्रवाई करने के एवज में रिश्वत लेता अधिकारी गिरफ्तार

    टीचर पर कार्रवाई करने के एवज में रिश्वत लेता अधिकारी गिरफ्तार

    राजस्थानः भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल यूनिट कोटा में कार्रवाई की है। एसीबी ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक में कार्यरत अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, शहर निवासी प्रवीण सक्सेना को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सक्सेना ने घूस की यह राशि एक निलंबित शिक्षिका के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई करने की एवज में मांगी थी। आरोपी के खिलाफ बोरखेड़ा कोटा निवासी शंभूदत्त मेघवाल ने 11 जनवरी को एसीबी कोटा को परिवाद सौंपा था। इस परिवाद का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की गई। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज) के निर्देशन में तथा कोटा एसीबी एसपी आलोक श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

    75 हजार मांगे 60 हजार में सौदा तय हुआ

    एसीबी स्पेशल यूनिट कोटा इकाई के उपाधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शिक्षिका संजू मेघवाल को लेकर की गई शिकायत की जांच आरोपी प्रवीण सक्सेना के पास लंबित थी। 16 सीसी की शिकायत पर कार्रवाई करने की एवज में आरोपी ने 75 हजार रुपए की मांग की थी। इस पर 60 हजार रुपए में मामला तय हुआ. सत्यापन के दौरान आरोपी ने राशि लेने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि काम पूरा होने के बाद एक साथ राशि लेगा। जांच कार्य पूरा होने पर आरोपी की ओर से परिवादी को घूस की राशि देने के लिए बार-बार फोन किए जा रहे थे। इस पर सोमवार का दिन तय किया गया। परिवादी ने जैसे ही आरोपी को 50 हजार की रिश्वत की राशि दी तो एसीबी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ के साथ ली आवास पर तलाशी 

    आरोपी का शहर में नगर सेठ का बाग के पीछे आवास है। एसीबी द्वारा इस आवास सहित अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। एसीबी की कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसीबी महानिरीक्षक सवाईसिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी की ओर से मामले में लंबित पत्रावली की भी जांच की जा रही है। ऐसे में मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा। धर्मवीर सिंह, उपाधीक्षक एसीबी स्पेशल यूनिट कोटा इकाई ने कहा कि परिवादी की शिकायत पर कार्रवाई करने की एवज में आरोपी डीईईओ कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी ने 50 हजार की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन के बाद आरोपी को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

  • लोगोे की समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री 

    लोगोे की समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री 

    उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों एवं लोगो की जन समस्याएं सुनी

    ऊना / सुशील पंडित : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज घालूवाल स्थित जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में आम लोगों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री से विभिन्न प्रतिनिधिमंडल भी मिले तथा अपनी समस्याएं रखी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगो की समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी प्राथमिकता है ताकि आम जन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

    इस अवसर पर उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया तथा शेष समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निदान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

  • पंजाबः नहर में जीप गिरने से पति-पत्नी की मौत

    पंजाबः नहर में जीप गिरने से पति-पत्नी की मौत

    फाजिल्काः शहर के गंग कनाल नहर में एक जीप के गिरने का मामला सामने आया है। इस हादसे में जीप सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि लड़का बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि जीप में सवार परिवार मुक्तसर से अपने गांव इस्लामवाला आ रहा था तभी रास्ते में गंग कनाल नहर के पास हादसा हो गया।

    हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने नहर में कूदकर लड़के को बचा लिया, लेकिन पति-पत्नी को नहीं बचाया जा सका। अब पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जीप को एक लड़का चला रहा था। हालांकि, हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

  • जालंधरः डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रधान Raja Warring, देखें तस्वीरें 

    जालंधरः डेरा सचखंड बल्ला पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रधान Raja Warring, देखें तस्वीरें 

    जालंधर/वरुणः पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे, जहां उन्होंने संत निरंजन दास महाराज से मुलाकात की। इस दौरान राजा वड़िंग ने सरबत दे भले की अरदास की। इस मौके पर आदमपुर के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली, शाहकोट से विधायक हरदेव सिंह लाडी, वेस्ट हलके से पूर्व विधायक सुशील रिंकू, पूर्व विधायक सुरिंदर चौधरी, विक्रम चौधरी, अमृतपाल भौसले फिल्लौर आदि मौजूद रहे।

    बता दें कि बीते दिन राजा वड़िंग वेस्ट हलके के पूर्व विधायक सुशील रिंकू के घर पहुंचे थे। इस दौरान राजा वड़िंग ने सुशील रिंकू को आल इंडिया नेशनल कांग्रेस पार्टी में सदस्य नियुक्त किया। इसी के साथ ही उन्होंने आगामी एमपी चुनावों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुशील रिंकू के लोकसभा चुनाव के प्रबल दावेदार हो सकते है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि इसके लिए आने वाले दिनों में उन्हें सुशील रिंकू के लिए डोर टू डोर प्रचार भी करना पड़े।

  • 26 फरवरी को लठियाणी में गोविंद सागर झील के किनारे होगा सफाई अभियान

    26 फरवरी को लठियाणी में गोविंद सागर झील के किनारे होगा सफाई अभियान

    ऊना/सुशील पंडित : संत निरंकारी मिशन द्वारा आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन सानिध्य में दिनांक 26 फरवरी दिन रविवार को ‘अमृत परियोजना’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ जागरूकता रैली का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर लठियाणी में  गोविंद सागर झील के किनारे के तट की सफाई संत निरंकारी मिशन के 200 से अधिक स्वयंसेवकों द्वारा की जा रही है। इस बात की जानकारी संत निरंकारी मिशन के सदस्य  रविंद्र नाथ,  सतीश धीमान और अमृतलाल ने दी।

    विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण  हेतु अपनाए जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की योजना बनाना एवं उन्हें क्रियान्वित रूप देना तथा जल निकायों के स्वच्छता एवं स्थानीय जनता के बीच जागरूकता अभियान के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित करना है। निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज द्वारा समाज कल्याण हेतु जीवन पर्यंत अनेक कार्य किए गए। जिनमें स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान का आरंभ प्रमुख है और उन्हीं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संत निरंकारी मिशन द्वारा निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशन में ‘अमृत परियोजना’ का आयोजन किया जा रहा है।

    इस अवसर पर संपूर्ण भारत वर्ष के लगभग 1000 स्थानों के 730 शहरों, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशाल रूप में जल स्रोतों का सफाई अभियान किया जाएगा। जिसमें संत निरंकारी मिशन के लगभग डेढ़ लाख स्वयंसेवक अपने सहयोग द्वारा जल संरक्षण और जल निकायों जैसे समुद्र तट, नदियों, झीलों, तालाब, कुएं, पोखर, झरने और जल धाराओं इत्यादि को स्वच्छ एवं निर्मल बनाएंगे। मिशन की लगभग सभी शाखाएं इस अभियान में सम्मिलित होंगी और आवश्यकता पड़ने पर अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक रूप से इन सभी गतिविधियों में अपना योगदान देंगी। प्रदूषण चाहे मन के भीतर हो या बाहर दोनों ही हानिकारक हैं। संत निरंकारी मिशन एक आध्यात्मिक विचारधारा के रूप में जहां मानव के मन को प्रभु परमात्मा के ज्ञान द्वारा निर्मल कर रहा है वहीं ऐसे अनेकों रूपों में पर्यावरण की रक्षा हेतु भी योगदान दे रहा है।

  • भारतीय स्टार ओपनर के खिलाफ 11 धाराओं के तहत केस दर्ज

    भारतीय स्टार ओपनर के खिलाफ 11 धाराओं के तहत केस दर्ज

    नई दिल्लीः टीम इंडिया के स्टार ओपनर पृथ्वी शॉ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सपना गिल के साथ हुआ विवाद अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। सपना गिल को बीते दिन एक स्थानीय कोर्ट से जमानत मिली थी, जमानत पर बाहर आने के बाद सपना गिल ने पृथ्वी शॉ के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। सपना गिल ने आपराधिक शिकायत दर्ज करवाई है, पृथ्वी शॉ के अलावा आशीष सुरेंद्र यादव, बृजेश और अन्य लोगों पर केस दर्ज करवाया गया है। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सपना गिल ने पृथ्वी शॉ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

    वकील अली काशिफ देशमुख के मुताबिक, सपना गिल ने आईपीसी की धारा 34, 120B, 144, 146, 148, 149, 323, 324, 351, 354, 509 के तहत केस दर्ज करवाया है। गौरतलब है कि टीम इंडिया के क्रिकेटर पृथ्वी शॉ बीते दिनों विवादों में आ गए थे, जब मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में उनका सपना गिल और उनके दोस्तों के साथ विवाद हुआ था। पृथ्वी शॉ का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें सपना गिल और उनके दोस्तों से हाथापाई हो रही है।

    पृथ्वी शॉ के दोस्तों की ओर से पुलिस में सपना गिल और उनके दोस्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया था, यह हिरासत 20 फरवरी को खत्म हुई और बाद में स्थानीय अदालत द्वारा उन्हें ज़मानत दे दी गई। पृथ्वी शॉ की बात करें तो वह अभी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, बीते दिनों उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में शामिल किया गया था। हालांकि, वह प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना पाए थे।

  • जंगली हाथी का कहरः तीन महिलाओं सहित 4 की मौत

    जंगली हाथी का कहरः तीन महिलाओं सहित 4 की मौत

    लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में जंगली हाथियों ने तीन महिलाओं सहित चार लोगों को कुचलकर मार डाला। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सोमवार की सुबह भंडरा थाना क्षेत्र के एक गांव में हाथी के कुचलने से तीन लोगों की मौत हो गई। इससे पहले रविवार की शाम कुडु थाना क्षेत्र में हाथी के कुचलने से एक महिला की मौत हो गई।

    लोहरदगा के वन क्षेत्र अधिकारी (डीएफओ) अरविंद कुमार ने बताया कि कुडु में रविवार शाम 50 साल की महिला की मौत हो गई। जबकि सोमवार सुबह भंडरा में तीन लोगों को जंगली हाथी ने कुचल डाला। मरने वालों की उम्र 30 से 65वर्ष के बीच है। उन्होंने बताया कि भंडरा और कुडु में करीब 25 किलोमीटर का फासला है। ऐसे में संभव है कि सभी मौतें एक ही हाथी के कुचलने से हुई हों। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि की जानी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


    25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि कराई गई उपलब्ध 

    डीएफओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सोमवार को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि तत्काल मुहैया करायी गई, जबकि प्रत्येक पीड़ित परिवार को सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3.75 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने ने बताया कि भंडरा और कुडु इलाकों में हाथियों की नियमित रूप से आवाजाही नहीं होती है। उन्होंने बताया कि इसलिए क्षेत्र के लोगों को हाथियों से निपटने की आदत नहीं है। वे उत्साह में हाथी के पास चले जाते हैं। लेकिन वे लोगों को समझा-बुझा रहे हैं कि वे जानवरों को परेशान ना करें।

    समूह से बिछड़ने के बाद जंगली हाथी काफी गुस्से में

    इधर, वन विभाग के कर्मी भंडरा इलाके से जंगली हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटे है। बताया गया है कि तीन लोगों को कुचलने के बाद जंगली हाथी काफी देर तक पतरा गांव में रुका रहा। समूह से बिछड़ने के कारण हाथी काफी गुच्चे में था। जिसके कारण उसे कहीं ले जाने या भगाने की कोशिश काफी देर तक नहीं की गई। इससे पहले रविवार को जंगली हाथियों ने रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह गांव में भी जमकर उत्पात मचाया था। एक हाथी ने अनीता उरांव के कच्चा मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया था।