Blog

  • Punjab News: महिला की बालियां छीनकर भागा Zomato Delivery Boy गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: महिला की बालियां छीनकर भागा Zomato Delivery Boy गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बठिंडाः पंजाब भर में स्नैचिंग की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं जिले के थर्मल थाने के अधीन आते इलाके में Zomato Delivery Boy का कारनामा सामने आया है। जहां जोमैटो ब्वॉय महिला की बालियां छीनकर फरार हो गया। घटना की शिकायत पीड़िता ने थर्मल थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जमैटो डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया है।

    आरोपी को अदालत में पेश करके उसका रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी-2 सर्बजीत सिंह ने कहा कि जमैटो की ड्रेस और बैग सहित नौजवान गुरुनानक नगर से महिला की सोने की बालियां छीनकर लेकर फरार हो गया था।

    पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर ही कार्रवाई करते हुए डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना कल की है। घटना स्थल पर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जमैटो डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसको माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा।

     

  • किसानों को राहत, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गेहूं की फसल पर बढ़ाया MSP

    किसानों को राहत, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गेहूं की फसल पर बढ़ाया MSP

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। दरअसल, केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले किसानों के लिए गुड न्यूज दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी फसल वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं सहित चुनींदा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कैबिनेट बैठक में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6.59% बढ़ाकर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। गेहूं के एमएसपी में इस साल 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए एमएसपी में वृद्धि को हरी झंडी दिखाई गई। मामले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गेहूं का एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके अलावा जौ का एमएसपी 2150 रुपये प्रति क्विंटल, चना 5875 रुपये प्रति कि्वंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों /रेपसीड 6200 रुपये प्रति क्विंटल और सैफफ्लावर (कुसुम) का एमएसपी 6540 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

    ऐसे में अगर साल रबी फसल वर्ष 2025-26 से तुलना करें तो गेहूं के एमएसपी में 160 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा किया गया है। इसी तरह जौ में 170 रुपये, चने में 225 रुपये, मसूर में 300 रुपये, सरसों में 250 रुपये और सैफफ्लावर के एमएसपी में 600 रुपये क्विंटल का इजाफा कर दिया गया है। तिलहन में सबसे ज्यादा एमएसपी सैफफ्लावर का बढ़ाया गया है जबकि दलहन में मसूर का एमएसपी सबसे अधिक किया गया है।

    उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में गेहूं की लागत 1239 रुपये आंकी गई है और नये एमएसपी 2585 के हिसाब से किसान को लागत का 109 प्रतिशत अधिक भाव मिलेगा। इसी तरह जौ की लागत साल 2026-27 में 1361 रुपये आंकी गई है और उसकी नयी एमएसपी 2150 के अनुसार किसान को लागत से 58 प्रतिशत अधिक भाव मिलेगा।

     

     

     

  • Punjab News: लाल लकीर के जमीन मालिको को बड़ी राहत, शुरू हुई ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम

    Punjab News: लाल लकीर के जमीन मालिको को बड़ी राहत, शुरू हुई ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम

    तरनतारन: कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और लालजीत सिंह भुल्लर ने तरंतारन जिले से ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम की शुरुआत की। इस दौरान लाल लकीर के अंदर आने वाली जमीन, जायदाद के मालिकाना अधिकार प्राप्त करने वाले हल्का तरनतारन के 11 गांवों के लाभपात्रियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए। इस मौके पर हल्का इंचार्ज हरमीत सिंह संधू, वधीक डिप्टी कमिश्नर राजदीप सिंह बराड़, एसडीएम गुरमीत सिंह और जिला मल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ढिल्लो के अतिरिक्त अन्य पदवृत्त और विभिन्न गांवों से आए लाभपात्र भी उपस्थित थे।

    इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि हम लोगों को उनकी संपत्ति के अधिकार बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तरनतारन से ‘मेरा घर, मेरा मान’ मुहिम की शुरुआत हुई, यह स्कीम प्रदेश में नई क्रांति लाएगी। उन्होंने कहा कि इस स्कीम को राज्य में मिशन मोड पर लागू किया जा रहा है, यह स्कीम दिसंबर 2026 तक राज्य भर में लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम वहां के आबादी क्षेत्र, जिसे हम लाल लकीर के नाम से जानते हैं, में रह रहे लोगों को जमीन के मालिकाना हक देना है।

    इस मौके पर उपस्थित लाभपात्रियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह प्रॉपर्टी कार्ड आपकी जमीन पर आपके मालिकाना हक का एक स्पष्ट, डिजिटल और सरकारी रिकॉर्ड होगा। अब किसी को यह नहीं कहना पड़ेगा कि आपके पास जमीन का सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह संपत्ति कार्ड अब बैंक में आपकी जमीन की गारंटी का कागज बनेगा और आप आसानी से लोन आदि प्राप्त कर सकेंगे। इस स्कीम के लाभपात्र अब लाल लकीर वाली इस जमीन को बिना किसी डर या झंझट के बेच सकते हैं। यह कार्ड खरीददार को पूरा भरोसा देगा कि जमीन साफ है और आप इसका असली मालिक हैं। इससे लेन-देन की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होगी।

    उन्होंने कहा कि अब पीढ़ी दर पीढ़ी के जमीन के झगड़े खत्म होंगे और बच्चों को वसीयत में साफ-सुथरी जमीन मिलेगी। यह संपत्ति कार्ड आपकी जमीन का आधार कार्ड है, यह आपकी अगली पीढ़ी की संपत्ति की गारंटी है। इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में राज्य के लोगों को जरूरतमंद सुविधाएं देने के लिए विभिन्न स्कीमें चलाई जा रही हैं और राज्य के सर्वपक्षी विकास के लिए अनेक विकास कार्य शुरू किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनावों से पहले राज्य के लोगों को जो गारंटियां दी थीं, उन्हें पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम के जरिए राज्य के हज़ारों परिवारों और लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के इंचार्ज हरमीत सिंह संधू ने कहा कि सरकार ने इस स्कीम को तरनतारन हलके से बड़े पैमाने पर प्रोजेक्ट ‘मेरा घर, मेरा मान’ की शुरुआत कर माझे को बड़ा सम्मान और गौरवान्वित किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का रजिस्ट्रेशन का कार्य भी तरनतारन से प्रारंभ किया गया। हरमीत सिंह संधू ने हलके के विभिन्न गांवों से आए ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम के लाभपात्रों को बधाई दी।

  • Filmy Style में Divider से टकराने के बाद Highway पर पलटी कार, उड़े परखच्चे, वीडियो वायरल

    Filmy Style में Divider से टकराने के बाद Highway पर पलटी कार, उड़े परखच्चे, वीडियो वायरल

    पनकुड़ीः तमिलनाडु के पनकुड़ी इलाके से एक भयावह सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस घटना की सीसीटीवी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया। हादसा चार लेन वाले हाईवे पर हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि फिल्मी स्टाइल में कार अचानक अपना नियंत्रण खो देती है और तेज रफ्तार की वजह से डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी खा जाती है। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार तेज रफ्तार में होने के कारण सीधे मीडियन पर बने क्रैश बैरियर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त होती है कि कार के टुकड़े उड़ जाते हैं और कार कुछ दूरी पर जाकर पलट जाती है। इस हादसे का नजारा देखने वाला हर कोई हैरान रह गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही कार बैरियर से टकराती है उसमें बैठा एक युवक सड़क पर गिर जाता है। इसके बाद कार कुछ दूरी तय करके पलट जाती है। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग तुरंत कार के पास दौड़े और सवार लोगों को बचाने की कोशिश करने लगे। घटना के तुरंत बाद आसपास काफी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ घायल लोगों की मदद करने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल भेजा गया। हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और गाड़ी पर नियंत्रण खो जाना बताया जा रहा है। इसके अलावा कार सवारों ने सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं किया था, जिससे चोटें और बढ़ गई। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सीट बेल्ट का इस्तेमाल किया होता तो गंभीर चोटों से बचा जा सकता था।
  • Punjab News: Government Girls College में पहुंची CM Mann की पत्नी, डाला गिद्दा, देखें वीडियो

    Punjab News: Government Girls College में पहुंची CM Mann की पत्नी, डाला गिद्दा, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के भारत नगर चौक के पास स्थित सरकारी गर्ल्स कॉलेज में मेला धीयां का प्रोग्राम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की धर्मपत्नी डा. गुरप्रीत कोर मान पहुंचीं। इस दौरान जहां उन्होंने कॉलेज में छात्राओं द्वारा लगाए गए कार्यक्रमों को देखा, वहीं उन्होंने कॉलेज की छात्राओं के साथ गिद्दा डाला और पींग झूली।

    पत्रकारों से बात करते हुए डा. गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि वह मेले धीयां के प्रोग्राम में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि धीयां समाज के लिए गर्व की बात हैं और यह एक बहुत अच्छा प्रयास है जो लड़कियों का कार्यक्रम करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें रोजाना ही बेटियों का दिन मनाना चाहिए और क्योंकि बेटियों किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए कार्यक्रमों को देखकर ऐसा लगता है कि इन बच्चों का टैलेंट किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को भी लड़कों के बराबर पढ़ाई करनी चाहिए।

  • SK Motors की Workshop में लगी भीषण आग, करोड़ों की Luxury गाड़ियां जलकर राख, देखें वीडियो

    SK Motors की Workshop में लगी भीषण आग, करोड़ों की Luxury गाड़ियां जलकर राख, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः शहर के मक्खन माजरा इलाके में देर रात एक भीषण हादसे ने सबको चौंका दिया। एस.के. मोटर्स नामक एक वर्कशॉप में अचानक आग लग गई, जिसमें बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, रेंज रोवर, जगुआर और लैंड क्रूजर जैसी करीब 20 लग्जरी गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग पास की एक प्लास्टिक की दुकान में हुए शॉर्ट सर्किट से फैली। दुकान में लगी आग ने तेजी से फैलते हुए वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। चूंकि वर्कशॉप में ज्वलनशील पदार्थ और उपकरण मौजूद थे, आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कुल 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

    दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और आसपास के कई घरों और दुकानों को एहतियातन खाली करवाना पड़ा। आग बुझाने की कोशिश में वर्कशॉप के मालिक संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वर्कशॉप में रखी कीमती मशीनरी, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान भी आग में जल गया।

    इस वर्कशॉप में मुरम्मत के लिए आईं महंगी लग्जरी गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी हैं। गाड़ियों के मालिकों में इस हादसे को लेकर भारी गुस्सा है। कई लोगों ने मुआवजे की मांग की है। इस पर वर्कशॉप मालिक संतोष ने कहा है कि वह गाड़ियों के नुकसान की भरपाई के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए कुछ समय चाहिए।

    घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और बिजली विभाग को भी अलर्ट किया गया है। आग के वास्तविक कारण की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। साथ ही, अग्निशमन उपायों और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

  • Punjab News: Golden Temple पहुंचे रामदेव, बाढ़ पीड़ितों को दिया एक करोड़ का राहत फंड, देखें वीडियो

    Punjab News: Golden Temple पहुंचे रामदेव, बाढ़ पीड़ितों को दिया एक करोड़ का राहत फंड, देखें वीडियो

    अमृतसरः योग गुरु बाबा रामदेव आज सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए। जहां उन्होंने श्री गुरु साहिबानों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को राहत कोष हेतु एक करोड़ रुपये का चेक भेंट किया। बाबा रामदेव ने कहा कि गुरु नानक साहिब का उपदेश “नाम जपो, कीरत करो ते वंड छको” आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सेवा ही असली धर्म है और जब किसी समुदाय या क्षेत्र पर मुसीबत आती है तो मनुष्यत्व के नाते सभी को आगे आकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रकम कोई बड़ी दान नहीं बल्कि गुरु की सेवा के प्रति एक छोटा सा अर्पण है।

    रामदेव ने पंजाबी समुदाय को बहादुर और साहसी करार देते हुए कहा कि भले ही हाल ही की बाढ़ के कारण लोगों को जान-माल का नुकसान हुआ है, लेकिन पंजाब शीघ्र ही इस संकट से बाहर निकलेगा और फिर अपने पैरों पर खड़ा होगा। उन्होंने एसजीपीसी द्वारा बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए किए जा रहे राहत कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की। इस मौके पर एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि बाढ़ के दौरान पंजाब के कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए, लोगों की फसलें और पशुपालन नष्ट हुए और कईयों ने अपना घर-परिवार खोया। उन्होंने बताया कि शुरू से ही शिरोमणि कमेटी की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिए गए थे और लोगों द्वारा भी धन के रूप में सहयोग मिल रहा है।

    धामी ने बाबा रामदेव द्वारा दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ सिख समुदाय के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि रामदेव ने यह भरोसा भी दिलाया है कि यदि आगे और आवश्यकता पड़ी तो वह फिर भी मदद के लिए उपस्थित होंगे। इस मौके पर धामी ने बाबा रामदेव को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहादत स्मारक सभाओं में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया, जो आगामी 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में करवाई जाएगी।

    रामदेव ने यह निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वह जरूर इन समारोहों में पहुंचेंगे। अन्त में, बाबा रामदेव ने कहा कि सिख गुरुओं के बलिदानों के बिना न तो हिन्दू धर्म बच सकता था और न ही देश की आज़ादी सम्भव थी। उन्होंने कहा कि गुरुओं के उपदेश सिर्फ सिख समुदाय के लिए ही नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए हैं और आज के समय में सभी को इन्हीं से सीख लेकर आपसी भाईचारे के साथ मिलकर सेवा करनी चाहिए।

  • Punjab News: सोशल मीडिया से चमकी 19 वर्षीय रैपर परम की किस्मत, देखें वीडियो  

    Punjab News: सोशल मीडिया से चमकी 19 वर्षीय रैपर परम की किस्मत, देखें वीडियो  

    मोगाः सोशल मीडिया के माध्यम से चर्चा में आए मोगा के गांव दुन्नेके की 19 वर्षीय ‘रैपर’ परम की किस्मत चमक गई। परम की किस्मत चलने के बाद परिवार बहुत खुश हैं। सारी उम्र गरीबी में काटने के बाद अब उन्हें उम्मीद जागी है कि अब उनके भी दिन बदलेंगे। परम के घर की हालत बहुत खस्ता है व वह अपने माता पिता के साथ एक दो कमरों के छोटे से घर में रहती है, जिसमें से एक कमरा अभी कच्चा ही है। परम के पिता मजदूरी व उसकी माता घरों में सफाई का काम करती है। परम कुल 4 भाई बहन हैं।

    परम की बड़ी बहन की फरीदकोट शादी हो चुकी है। तीनों कुंवारे भाई बहनों में परम सबसे बड़ी है। परम से छोटा भाई फरीदकोट में अपनी बड़ी बहन के पास 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है, जबकि सबसे छोटा भाई दुन्नेके गांव में ही 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल परम के इस शौंक के चलते किस्मत चमकने से घरवालों की ख़ुशी का कोई ठिकाना नहीं है। मीडिया के रूबरू परम के छोटे भाई वीर सिंह ने बताया कि वे लोग कुल 4 भाई बहन हैं व परम ऊपर से दूसरे नंबर पर आती है। खुशी जाहिर करते हुए वीर सिंह ने बताया कि बीकॉम की छात्रा परम को छोटे होते से ही गाना गाने का शौक था व वह अपने दोस्तों के साथ गाना गाया करती थी।

    वह गाने को रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर वायरल करती रहती थी। सोशल मीडिया पर वायरल उसके गानों के चलते ही उसे मुंबई बुलाकर गाना गवाया गया। इसके बाद अब वह चंडीगढ़ में काम कर रही है। परम के भाई वीर सिंह ने बताया कि उनके पिता मजदूरी का काम करते हैं, जबकि उसकी माता घरों का काम करती है। वीर सिंह ने उम्मीद जताई कि अब परम के मशहूर होने से उनके भी दिन बदल जाएंगे। इधर परम के ताया के पुत्र कालू ने भी बताया कि परम बचपन से ही बहुत खुशमिजाज स्वभाव की स्वामी है।

    परम को गाने सुनने व गाना गाने का बहुत शौक था। उन्होंने बताया कि परम अपने दोस्तों के साथ एक ग्रुप बनाकर अक्सर गाने गाया करते थे। कालू ने उम्मीद जताई कि अब उसके चाचा की बेटी परम ऊंचाइयों को छूएगी। परम के चाचा के पुत्र कालू ने बताया कि परम अक्सर ही सिद्धू मूसेवाला के गानों पर रैप करती थी, लेकिन गानों में अंग्रेजी भाषा के इस्तेमाल के चलते उसे गाने समझ नहीं आते थे। कालू ने बताया कि परम व उसके परिवार ने बहुत गरीबी देखी है, वे लोग बहुत ही ज्यादा गरीबी में रहे हैं, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई है कि अब परम परिवार को आगे लेकर जाएगी व उनके दिन भी बदलेंगे।

  • वृंदावन गार्डन में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    वृंदावन गार्डन में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की शाहबेरी में वृंदावन गार्डन में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को दी। वहीं आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद फ्लैट में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

    दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि पूजा-अर्चना के दौरान दीया जलाने से उठी चिंगारी ने कुछ ही पलों में भीषण आग का रूप ले लिया। जिससे सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है।

    जहां आग लगने के पीछे प्रारंभिक कारण पूजा के बाद जलाए गए दीये से निकली चिंगारी को माना जा रहा है, जो पास रखे ज्वलनशील सामान की चपेट में आ गई। देखते ही देखते फ्लैट धुएं में तब्दील हो गया। फ्लैट के अंदर रखा स्टेशनरी का सारा सामान जलकर राख हो गया। ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग धुएं के कारण दम घुटने की शिकायत करने लगे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ, जिसमें इमारत से घना काला धुआं निकलता साफ देखा जा सकता है, वहीं नीचे फायर टेंडर आग बुझाने में जुटे नजर आए।

     

  • पंजाबी परिवार को Australia छोड़ने के आदेश जारी, 12 वर्षीय लड़के का भविष्य प्रभावित

    पंजाबी परिवार को Australia छोड़ने के आदेश जारी, 12 वर्षीय लड़के का भविष्य प्रभावित

    मेलबर्नः ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन नीतियों की सख्ती के कारण मेलबर्न के विंधम वेल इलाके में रहने वाले एक पंजाबी परिवार को नवंबर तक देश छोड़ने का आदेश दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार अमनदीप कौर और स्टीवन सिंह 2009 में ऑस्ट्रेलिया आए थे। वह पिछले कई वर्षों से आर्जी वीज़ा पर यहां अपना जीवन बिता रहे हैं और कई बार स्थायी आवास के लिए आवेदन भी कर चुके हैं।

    बताया जा रहा हैकि सरकारी अधिकारियों ने उनकी सभी कोशिशें खारिज कर देते हुए अब परिवार को वापस भारत जाने का आदेश दे दिया गया। इस फैसले से उनके 12 साल के पुत्र अभिजोत सिंह का भविष्य सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। अभिजोत ऑस्ट्रेलिया में पैदा हुआ है और ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। वह स्थानीय स्कूल में पढ़ता है। यहां उसका अपने दोस्तों, शिक्षकों और जिंदगी से गहरा जुड़ाव बना चुका है।

    मानवाधिकार विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला सिर्फ़ इमिग्रेशन नीति का नहीं, बल्कि बच्चे के अधिकारों का भी है। बच्चे का अपने माता-पिता के साथ रहने का अधिकार है। ऐसे में सरकारी फैसले से यह अधिकार खतरे में पड़ रहा है। फिलहाल परिवार इस फैसले के खिलाफ कोई अंतिम रास्ता निकालने के लिए कानूनी विशेषज्ञों से सलाह ले रहा है।