Blog

  • विकास शर्मा बने नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स  (इंडिया)  जिला सोलन के कार्यकारी अध्यक्ष

    विकास शर्मा बने नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स  (इंडिया)  जिला सोलन के कार्यकारी अध्यक्ष

    प्रदेशाध्यक्ष रणेश राणा ने परवाणु में की घोषणा
    बददी/सचिन बैंसल : नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) हिमाचल प्रदेश इकाई की राज्य स्तरीय कोर कमेटी की बैठक परवाणु के शैली होटल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्रदेश प्रधान रणेश राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।  बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जोगिंद्र देव आर्य व सुमित शर्मा ने की। परवाणू में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में कई अहम् निर्णय लिए गए । वहीं इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रणेश राणा ने बैठक में सर्वसम्मति से परवाणु के विकास शर्मा को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स जिला सोलन के कार्यकारी अध्यक्ष पद के लिए नियुक्त किया ।नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्टस (इंडिया) जिला सोलन का कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने पर विकास शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जोगिंद्र देव आर्य,  सुमित शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष राणेश राणा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, राज्य महामंत्री किशोर ठाकुर, प्रदेश संगठन मंत्री गोपाल दत्त ठाकुर सहित सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद किया ।  
    विकास शर्मा ने कहा जिला सोलन की की पत्रकारों के हितों को लेकर जो भी कदम हमें उठाने पड़ें वह हम जरूर उठाएंगे । नवनियुक्त जिला सोलन के कार्यकारी प्रधान विकास शर्मा ने कहा की कोविड महामारी के बाद पत्रकारों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है लेकिन इस और आज तक किसी भी सरकार ने अभी तक कुछ ध्यान नहीं दिया, परंतु अब केवल पत्रकारों के ही हितों की बात होगी। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर पत्रकारों के लिए पेंशन का प्रावधान करे।
  • पंजाबः पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी में हुए शामिल

    पंजाबः पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी में हुए शामिल

    नई दिल्लीः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में शामिल हुए। कैप्टन ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) का भाजपा में विलय कर दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पीएलसी का केंद्र की सत्ताधारी पार्टी में विलय भी किया। अमरिंदर सिंह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, किरेन रिजिजू, बीजेपी नेता सुनील जाखड़ और बीजेपी पंजाब प्रमुख अश्विनी शर्मा की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन करने वाले अमरिंदर सिंह पहले ही अपने कई करीबी नेताओं को भाजपा में शामिल करा चुके हैं। पंजाब में संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के मिशन में लगी भाजपा अपनी राज्य इकाई की टीम में बड़े पैमाने पर बदलाव की तैयारी में है। माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही उन्हें पंजाब में कोई बड़ी भूमिका दे सकती है। उनके करीबी नेताओं को भी पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

    बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू से टकराव के कारण कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था। उस समय चुनावी रणनीति के तहत अमरिंदर सिंह ने अपने कई करीबियों को भाजपा में शामिल कराया था, लेकिन स्वयं अपने राजनीतिक दल के बैनर तले ही भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। हालांकि अमरिंदर सिंह न तो अपनी पटियाला सीट बचा पाए और न ही अपनी पार्टी के किसी उम्मीदवार को जीता पाएं। आम आदमी पार्टी की आंधी में भाजपा के मंसूबे भी धरे के धरे रह गए।

  • जालंधर: 700 ग्राम अफीम सहित महिला तस्कर गिरफ्तार

    जालंधर: 700 ग्राम अफीम सहित महिला तस्कर गिरफ्तार

    जालंधर/वरुणः पंजाब में सीएम भगवंत मान के आदेशों पर राज्य में जगह-जगह नशे के खिलाफ सर्च अभियान जारी है। इसी के तहत आज क्राइम ब्रांच देहात की पुलिस ने 700 ग्राम अफीम सहित एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच देहाती के इंचार्ज पुष्प बाली ने बताया कि एएसआई भूपिंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित जीटी रोड से मोहल्ला पंजाबी बाग की तरफ गश्त पर थे।

    जैसे ही पुलिस पार्टी पंजाबी बाग के गुरुद्वारा सिंह सभा के पीछे वाली गली में पहुंची तो सामने से आ रही एक महिला जिसके हाथ में दूध का डोलू पकड़ा हुआ था उसे शक के आधार पर रोका गया। वहीं पूछताछ में महिला ने अपना नाम निशा पत्नी स्वर्गीय प्रदीप चौधरी निवासी मोहल्ला अशोक विहार नजदीक वेरका मिल्क प्लांट थाना डिवीजन नंबर 1 बताया।

    पुलिस पार्टी ने जब डोलू की तलाशी ली तो उसके अंदर एक और डोलू था जिसमें प्लास्टिक के लिफाफे में लिपटी हुई 700 ग्राम अफीम थी। महिला ने डोलू को खासतौर पर तैयार करवाया था जिसके ऊपर देसी घी डाला हुआ था और नीचे के डोलू में अफीम रखी हुई थी। वहीं पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उस पर थाना मकसूदां में मामला दर्ज कर लिया है। महिला तस्कर पर पहले भी अलग-अलग थानों में 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस महिला से आगे पूछताछ कर रही है।

  • कोर्ट परिसर में गैंगवार, पेशी पर आए गैंगस्टर को शूटर्स ने गोलियां मार की हत्या

    कोर्ट परिसर में गैंगवार, पेशी पर आए गैंगस्टर को शूटर्स ने गोलियां मार की हत्या

    नागौरः राजस्थान में सालों बाद एक बार फिर गैंगवार एक्टिव हो चुकी है। यहां नागौर कोर्ट में हरियाणा से पेशी पर आए एक गैंगस्टर पर शूटर्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। अचानक कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग से एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। पुलिस जब तक पहुंचती तब तक सड़क पर सिर्फ गोलियों के कुछ खोल और खून के धब्बे थे। एसपी नागौर समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे हैं। जिसकी हत्या की गई है उसका नाम संदीप सेठी बताया जा रहा है। फिलहाल पूरे जिले में ए श्रेणी की नाकाबंदी की गई है। शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर जिले में कोर्ट के बाहर हरियाणा के गैंगस्टर संदीप सेठी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बदमाश चंद मिनट में मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कारतूस के करीब 10 खोल बरामद किए हैं। दिनदहाड़े कोर्ट के बाहर हुई इस घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस की ओर से पूरे इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। संदीप सेठी हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर बताया जा रहा है। नागौर के रघुवीर हत्याकांड के मामले में जिसकी गिरफ्तारी हुई थी। कुछ समय पहले ही उसकी जमानत हुई थी। वह सोमवार को पेशी पर नागौर कोर्ट आया था। 

    बताया जा रहा है कि नागौर में जिला कोर्ट के बाहर आज दोपहर में अच्छी खासी चहल पहल थी। बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। इस दौरान दो गाडियां वहां आकर रुकी। गाड़ियों में कई बदमाश बैठे थें। उनमें से कुछ बदमाशों ने कोर्ट से बाहर आने के दौरान संदीप को घेर लिया। संदीप कुछ समझ पाता इससे पहले ही उसे गोलियों से भून दिया। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाजों के बीच लोग जान बचाकर भागने लगे। संदीप वहीं गिर गया। संदीप के शव को अस्पताल में रखवाया गया है। इस घटना के बाद बवाल मचा हुआ है। पूरे नागौर में पुलिस बंदोबस्त सख्त कर दिया गया है। कोर्ट के आसपास के एरिया में भारी पुलिस तैनात हैं,  लेकिन अभी तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया है। 

    गैंगवार में गैंगस्टर संदीप बिश्नोई के एक साथी को भी गोली लगी है। वहीं एक गोली कोर्ट के बाहर खड़े एक वकील को भी छूकर निकल गई। घटना के बाद सभी को नागौर के जेएलएन अस्पताल ले जाया गया। जहां संदीप सेठी की मौत हो गई। वहीं संदीप बिश्नोई के साथी को पुलिस ने डिटेन कर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी राममूर्ति जोशी, एडिशनल एसपी राजेश मीणा सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

    संदीप सेठी का पूरा नाम संदीप बिश्नोई था। संदीप सुपारी किलर था। संदीप हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर और सुपारी किलर था। वह सेठी गिरोह से जुड़ा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब तस्करी के साथ वह सुपारी किलिंग भी करता था। उसने नागौर में भी एक व्यापारी का मर्डर किया था। पुलिस इसे गैंगवार मान रही है। गौरतलब है कि इससे पहले ऐसा ही एक मामला राजधानी नई दिल्ली में आया था। जहां भी कोर्ट परिसर में गोली चली थी।

    सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि नागौर शहर में न्यायालय परिसर में सरेआम फायरिंग करके एक व्यक्ति की हत्या कर देने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक का आवास इस न्यायालय परिसर से महज 50 मीटर और कलेक्टर, एसपी का कार्यालय महज 100 मीटर दूर है। ऐसे में इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि नागौर सहित प्रदेश में बढ़ता अपराध चिंता का विषय है। प्रदेश की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर है और इस प्रकार की घटनाएं राजस्थान में जंगलराज होने का प्रमाण है। जिले में खनन माफिया सक्रिय है।

  • हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने किया कोर्ट में सरेंडर

    हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने किया कोर्ट में सरेंडर

    नई दिल्लीः हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने आज कोर्ट में सरेंडर किया। जानकारी के मुताबिक, एसीजेएम कोर्ट ने सपना चौधरी को सरेंडर के उपरांत कस्टडी में ले लिया। सपना चौधरी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके चलते उनको कोर्ट में पेश होना था। लेकिन पिछली 6 तारीख को कोर्ट में पेश होने से पूर्व जज शांतनु त्यागी आपात छुट्टी पर चले गए थे।

    इसकी वजह से बेंच नहीं बैठी। अब उसी एनबीडब्ल्यू के रिकॉल पर सपना चौधरी ने आज एसीजेएम शांतनु त्यागी की कोर्ट में पेश होकर खुद को सरेंडर कर दिया। जहां कोर्ट ने डांसर सपना चौधरी को कस्टडी में ले लिया था। कुछ ही देर बाद खबर आई कि सपना का वारंट वापस ले लिया गया। सपना को कोर्ट ने कस्टडी से मुक्त कर दिया है। कोर्ट ने सपना चौधरी का वारंट इस शर्त पर खत्म किया कि कोर्ट में वो पेश होकर सहयोग करेंगी। मामले में अगली सुनवाई अब 30 सितंबर को होगी।

    क्या है पूरा मामला?

    बता दें कि साल 2018 के अक्टूबर में लखनऊ के स्मृति उपवन में सपना चौधरी का कार्यक्रम था। लोगों ने कार्यक्रम को देखने के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन 300 रुपए दिए थे। लेकिन सपना चौधरी उस कार्यक्रम में नहीं पहुंची थीं। इसके बाद लोगों ने हंगामा काटा और फिर मामला कोर्ट में जा पहुंचा, क्योंकि हजारों की तादाद में लोगों ने टिकट को पैसे देकर खरीदा था।

    ऐसे में जब सपना चौधरी परफॉर्मेंस के लिए नहीं पहुंची तो लोग नाराज हो गए और हंगामा किया। इसी धोखाधड़ी के मामले में आज सपना चौधरी को लखनऊ के एसीजेएम कोर्ट में पेश होना था। इस मामले की एफआईआर में शो के ऑर्गनाजर जुनैद अहमद, नवीन शर्मा, इवाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय का नाम भी शामिल था।

    हरियाणा की फेमस डांसर हैं सपना 

    सपना चौधरी हरियाणा की फेमस डांसर हैं। उन्हें अपने लाइव स्टेज शोज के लिए जाना जाता है। सपना को तेरी आख्या का यो काजल नाम के गाने में अपनी परफॉरमेंस के बाद पहचान मिली थी। इसके बाद उन्हें रियलिटी शो बिग बॉस में भी देखा गया। शो में भी उन्होंने अपने डांस का जलवा दिखाया था. सपना के ढेरों फैंस हैं, जो उनके डांस शो के दीवाने हैं। हजारों की संख्या में सपना चौधरी का शो देखने दर्शक पहुंचते थे। सपना चौधरी को काफी हिट गानों के वीडियो में देखा जा चुका है। उन्होंने हाल ही में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ काम किया था। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्म वीरे दी वेडिंग और नानू की जानू में भी परफॉर्म किया था। इतना ही सपना चौधरी ने 2019 में आई फिल्म दोस्ती के साइड इफेक्ट्स में एक्टिंग भी की थी।

    पर्सनल लाइफ की बात करें तो जनवरी 2020 में सपना चौधरी ने वीर साहू से शादी कर ली थी। इस शादी के बारे में उन्होंने किसी को यही बताया था। 2021 में उन्होंने इंस्टाग्राम के आस्क मी एनीथिंग सेशन के दौरान अपनी शादी की डेट का खुलासा किया था। सपना का एक बेटा भी है। उन्होंने अपने बेटे का नाम पोरस रखा है। बेटे का जन्म अक्टूबर 2020 को हुआ था।

  • वर्तमान सरकार की योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति तक पहुंचाः वीरेंद्र कंवर

    वर्तमान सरकार की योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति तक पहुंचाः वीरेंद्र कंवर

    ऊना/सुशील पंडित:महान संत रविदास का संदेश न केवल दलित समाज बल्कि समूची मानवता के लिए अनुकरणीय है तथा भाजपा शासित सरकारों ने उनके उपदेश के अनुरूप कार्य कर दलित समाज व इससे जुड़ी शख्सियतों को सम्मान प्रदान किया है। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कला केंद्र समूर कलां के सभागार में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला स्तरीय सम्मेलन में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि भाजपा सरकारों ने ही अलग-अलग समय पर डॉ. भीमराव अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना, संत रविदास उन्नयन योजना तथा माता शबरी योजना जैसी अनेकों महत्वपूर्ण योजनाएं दलित समाज से जुड़ी महान शख्सियतों के नाम से आरंभ की तथा इसका सीधा लाभ अनुसूचित जाति समाज के परिवारों व उनसे संबंधित क्षेत्रों को मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में ही विशेष घटक योजना के तहत खर्च होने वाले बजट में बढ़ोतरी कर उसे अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या के अनुपात में 25 प्रतिशत किया, जिससे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में विकास को नई रफ्तार मिली। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने अपने कार्यकाल में संसद भवन में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दलित समाज का सम्मान बढ़ाया।
    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रदेश की जनता ने जब-जब सत्ता की बागडोर भारतीय जनता पार्टी को सौंपी समूचे प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के एक समान विकास हुआ। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता के निरंतर समर्थन से उन्हें हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में 5 विभागों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ तथा उन्होंने प्रदेश की जनता के प्रति अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन किया। गत पौने 5  वर्षों  के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 230 करोड़ पर सड़क निर्माण परियोजनाओं पर तथा 150 करोड़ पर भवन निर्माण कार्यों पर खर्च किए गए हैं। यही नहीं क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की मांग को सुदृढ़ करने के लिए 150 करोड़ रुपए विभिन्न पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं।  
    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत  प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा भविष्य में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में किसान के खेत तक सिंचाई की सुविधा हो इस के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। 
    उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश सरकार ने हाल ही में महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराए में छूट दी है। इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के पेंशन सुविधा प्रदान कर रही है। 
    इस अवसर पर भाजपा चुनाव सह प्रभारी देवेंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सुदृढ़ नेतृत्व तथा मजबूत संगठन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आज न केवल भारत देश के बल्कि समूचे विश्व के नेता हैं। उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार व हिमाचल प्रदेश में जय राम सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में दोगुनी रफ्तार से विकास हुआ है तथा प्रदेश वासियों ने डबल इंजन की ताकत का अनुभव किया है। 
    सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रदेश में पूर्व कांग्रेसी सरकारों ने दलित समाज का वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया तथा उनके उत्थान के लिए कोई विशेष पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बेहतरीन सरकार कार्य कर रही है, जिसमें अनुसूचित जाति समाज के 12 मंत्री हैं। डॉ. सिकंदर कुमार ने स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर की मांग पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए 300 सोलर लाइटें प्रदान करने की घोषणा की। सांसद ने कहा कि इससे पूर्व भी उन्होंने कुटलैहड़ में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए दिए हैं।
    इस अवसर पर जिला परिषद ऊना की अध्यक्ष नीलम कुमारी व उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, खंड विकास समिति बंगाना के अध्यक्ष देव राज शर्मा, ऊना जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष मेला राम दड़ोच, ऊना जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सूरम सिंह,  प्रवक्ता परस राम व सचिव हेम राज, कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, सुरेंद्र हटली, मास्टर ज्ञान दास, कमल बाबा, गुरदास चंद, कैप्टन प्रीतम सिंह डडवाल, बलराम बबलू, सालिग राम, एडवोकेट जगजीत बग्गा, सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों से प्रधान, उपप्रधान बीडीसी सदस्य तथा वार्ड सदस्य उपस्थित थे।
  • पंजाबः शव के दाह संस्कार के दौरान भट्ठी में विस्फोट, कई लोग झुलसे

    पंजाबः शव के दाह संस्कार के दौरान भट्ठी में विस्फोट, कई लोग झुलसे

    मोगाः जिलें शव के दाह संस्कार दौरान विस्फोट होने की ख़बर मिली है। गांव धुडीके में शव के दाह संस्कार के दौरान भट्ठी में गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से विस्फोट भी हुआ। इस घटना में 30 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायलों में उपन्यासकार जसवंत सिंह कंवल का पुत्र सरबजीत सिंह भी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार डुढीके में दोपहर बाद करीब ढाई बजे एक व्यक्ति का संस्कार गैस की भट्टी पर किया जा रहा था, संस्कार के दौरान जैसे ही भट्टी के लिए गैस सिलेडर का वाल्व खोला गया तो अचानक आग भड़क गई।

    इससे पहले कि आपरेटर सिलेंडर के वाल्व को नियंत्रित कर पाते, आग ने सिलेंडर को भी चपेट में ले लिया। बड़ी संख्या में लोग उस समय संस्कार के लिए मौजूद थे, कुछ लोग स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। इस कारण वहां मौजूद करीब 30 से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए।

    कुछ पल के लिए तो स्थिति ये हो गई कोई किसी को बचाने की स्थिति में नहीं था, लेकिन धमाका तेज होने के कारण थोड़ी ही देर में आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, उन्होंने मौके के हालात देख ग्रामीणों की मदद से पहले तो आग पर काबू पाया। बाद में वे झुलसे लोगों को विभिन्न वाहनों में लादकर मोगा, जगरांव, लुधियाना के लिए रवाना हो गए। मोगा सिविल अस्पताल में गंभीर रूप से घायल चार लोग पहुंचे हैं, यहां पर बर्न यूनिट न होने के कारण प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें रेफर करने की तैयारी का जा रही है।

  • आईटीआई के छात्रों ने सीखे आपदाओं से बचाव के गुण

    आईटीआई के छात्रों ने सीखे आपदाओं से बचाव के गुण

    ऊना/सुशील पंडित: एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन, आरआरसी नालागढ़ ने उपमंडल ऊना के 4 दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान उपमंडल ऊना के भूस्खलन, संवेदनशील व बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्राकृतिक व अप्राकृतिक घटनाओं से संबंधित जानकारियां एकत्रित की। इस संबंध में जानकारी देते हुए आईटीआई प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने बताया कि इसी कड़ी के तहत आज आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के सहयोग से आईटीआई ऊना में आयोजित जागरूकता शिविर में आपदा के दौरान खोज एवं बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों, लाइफबोट्स, कंक्रीट कटर, वुड कटर के माध्यम से बचाव के गुण सिखाए।
    शिविर में लगभग 400 छात्रों ने इन तकनीकों का इस्तेमाल सीखा। शिविर में युवाओं को आपदा प्रबंधन की चुनौतियों जैसे कि अग्निश्मन, खोज, बचाव दल एवं आपदा के समय राहत व उपचार कैसे करें आदि गतिविधियों के द्वारा युवाओं को अवगत करवाया गया। इसके अलावा शिविर में आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना से समन्वयक धीरज कुमार व सुमन चहल तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के निरिक्षक जीडी जगपाल, उप-निरीक्षक गोविंद मीणा, आईटीआई के स्टाफ मेंबर सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • सात दिन में प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू करे: अनिल मनकोटिया 

    सात दिन में प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू करे: अनिल मनकोटिया 

    ऊना/सुशील पंडित : आम आदमी पार्टी जिला ऊना इकाई ने आज अनिल मनकोटिया की अध्यक्षता में पुरानी पेंशन योजना बहाली को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने यह मांग की कि सात दिन में प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू करे। अटल बिहारी वाजपेई सरकार के समय नई पेंशन योजना लागू की गई थी । उसके बाद केंद्र में कांग्रेस की सरकार दो बार लगातार रही लेकिन उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं की । आम आदमी पार्टी का मानना है को हर कर्मचारी को सम्मानपूर्वक पेंशन मिलनी चाहिए और ये उनका अधिकार है। 
    भाजपा सरकार अगर पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं करती तो आम आदमी पार्टी  पुरानी पेंशन योजना बहाली की गारंटी कर्मचारियों को देती है और हिमाचल प्रदेश में सरकार बनने पर पूरी की जाएगी। पार्टी ने एमसी पार्क,बस स्टैंड से लेकर जिला उपायुक्त मुख्यालय तक प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला इंचार्ज यशपाल , युवा नेता ईशान , मीनाक्षी , संजय , विजय , संदीप, अजय ठाकुर , महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश कुमारी , रुचि सैनी, राजन शर्मा, तिलक राज सैनी, रविंदर मान, प्रदेश प्रवक्ता सुषमा , अजय भारती, अनिल मनकोटिया उपस्थित रहे।
  • उपायुक्त ऊना राघव शर्मा को मिला स्टेट गुड गवर्नेंस अवार्ड-2021

    उपायुक्त ऊना राघव शर्मा को मिला स्टेट गुड गवर्नेंस अवार्ड-2021

    ऊना/सुशील पंडित : जिलाधीश ऊना राघव शर्मा को राज्य स्तरीय गुड गवर्नेंस पुरस्कार प्रदान किया गया है। मंडी में आज आयोजित एक समारोह के दौरान मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह पुरस्कार राघव शर्मा को प्रदान किया। जिला ऊना ने जिला सुशासन सूचकांक-2021 में प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है तथा पुरस्कार के रूप में प्रदेश सरकार की ओर से 25 लाख रुपए की इनामी राशि के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।  उपायुक्त राघव शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए समस्त जिलावासियों के साथ-साथ सभी विभागों के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सबके प्रयासों से जिला ऊना ने यह पुरस्कार हासिल किया है।
    उन्होंने कहा कि जिला सुशासन सूचकांक-2021 को तैयार करने के लिए 8 थीम एवं 84 इंडीकेटर पर विभिन्न विभागों से सूचना एकत्र कर रिपोर्ट तैयार की गई। सूचकांक में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कानून व्यवस्था, पर्यावरण, सुशासन में पारदर्शिता, कृषि और इससे जुड़े क्षेत्र, वाणिज्य एवं उद्योग क्षेत्रों से जुड़े 84 इंडीकेटर के आधार पर हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों की तुलना की गई। इसी के परिणामों के आधार पर जिला ऊना को तीसरे स्थान पर आंका गया और जिला ने यह उपलब्धि हासिल की है।