Blog

  • चलती Train में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, 2 ने 10 लोगों को किया गंभीर घायल, देखें वीडियो

    चलती Train में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, 2 ने 10 लोगों को किया गंभीर घायल, देखें वीडियो

    कैम्ब्रिजशायरः ब्रिटेन के एक व्यस्त रेल मार्ग पर लंदन जा रही एक ट्रेन में बीती देर रात चाकूबाजी की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। पूर्वी इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर में एक ट्रेन में कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया, जिसके बाद पुलिस ने ट्रेन को रोककर घटना के सिलसिले में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ब्रिटेन की पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 9 को जानलेवा चोटें आई हैं। आतंकवाद निरोधी पुलिस जांच में सहयोग कर रही है।

    कैम्ब्रिजशायर पुलिस ने कहा कि उसके अधिकारी हंटिंगडन में ट्रेन को रोकने और घायलों को अस्पताल ले जाने के बाद ब्रिटिश यातायात पुलिस (बीटीपी) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कैम्ब्रिजशायर पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्हें शाम 7:39 बजे (स्थानीय समयानुसार) सूचना मिली कि ट्रेन में कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने किसी को चिल्लाते सुना ‘उनके पास चाकू है, मुझे मार दिया गया है।’

    पुलिस ने कहा कि अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रेन को हंटिंगडन में रोका गया, जहां 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने इस भयावह घटना की सोशल मीडिया पर निंदा की और लोगों से पुलिस की सलाह मानने का आग्रह किया।

    अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की भयावहता बयां करते बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को बड़ा चाकू लहराते देखा, चारों तरफ खून ही खून बिखरा था। लोग डर के मारे वॉशरूम में छिप गए, जबकि कुछ यात्री भागते हुए एक-दूसरे पर चढ़ गए। उन्होंने कहा कि मैंने सुना कि कुछ लोग चिल्ला रहे थे ‘वी लव यू’। अन्य गवाहों ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति चाकू लिए खड़ा था, जिसे पुलिस ने टेजर गन से नियंत्रित कर गिरफ्तार किया।

  • Phagwara News: शो से पहले Singer Khan Saab का छलका दर्द, देखें वीडियो

    Phagwara News: शो से पहले Singer Khan Saab का छलका दर्द, देखें वीडियो

    फगवाड़ा: मशहूर सिंगर खान साब आगरा में शो करने जा रहे थे। इस दौरान जिंदगी को लेकर उनका दर्द झलका। सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्होंने कलाकारों का दर्द बयां किया। इस दौरान उनका गला भर आया और आंसू निकल आए। खान साब ने कहा कि मैं आगरा में एक शो करने जा रहा हूं। अभी अम्मी को दुनिया से गए सवा महीना नहीं हुआ और अब्बू को 20 दिन। मगर, आयोजक मजबूरी नहीं समझते। शो पहले से बुक था। आप कैंसिल नहीं कर सकते। देखो कैसे मजबूरी है कि घर पर अम्मी-अब्बू की डेथ हुई है और मुझे लोगों को नचाना पड़ेगा। उनका एंटरटेनमेंट करना पड़ेगा। खान साब ने कहा कि कई बार मैं शो में व्यस्त रहता था। इस दौरान कई बार मुझे मां फोन करती थीं। बिजी होने पर मैं फोन नहीं उठा पाता था। वो हैलो… हैलो करती रहती थीं। उनका वॉयस नोट मेरे मोबाइल में सेव हो जाता था। अब इसी फोन पर उनकी कॉल का इंतजार रहता है। अब फोन में मोबाइल नंबर ही रह गया है। वो अब कभी फोन नहीं करेंगी।

    खान साब ने आगे कहा कि मेरे शो से पहले मां हमेशा पूछती थी कि बेटा खाना खा लिया या नहीं। अब पूछने वाली नहीं रही। मैं आगरा के लिए निकलने से पहले मां की कब्र पर गया और बताकर आया हूं कि मां खाना खाकर निकला हूं, तुम चिंता मत करना। खान साब ने एक वाकया सुनाते कहा कि जब मां बहुत बीमार थी तो उन्हें लुधियाना के DMC अस्पताल में भर्ती करवाया। इस बीच मेरा अमेरिका में शो आ गया। मैं मां को बीमार छोड़ बिना बताए निकल गया। जब उनसे किसी ने अस्पताल में पूछा कि खान कहां है तो मां ने कहा मुझे पता है वो अमेरिका गया है। मुझे बताकर नहीं गया। मैंने बातें करते हुए सुन लिया था। इतनी भोली थी मेरी मां। खान साब की मां परवीन बेगम का 26 सितंबर को लंबी बीमारी के बाद चंडीगढ़ के एक अस्पताल में निधन हो गया था। इसके बाद 13 अक्टूबर को खान साब के पिता इकबाल मुहम्मद का नहाते समय हार्ट अटैक आने से निधन हो गया था।

  • Jalandhar News: फरार चल रहा Rapist गिरफ्तार, Police रिकार्ड में था मृत

    Jalandhar News: फरार चल रहा Rapist गिरफ्तार, Police रिकार्ड में था मृत

    जालंधरः एक अजीब मामला सामने आया है। पुलिस ने 4 साल पहले मरे हुए व्यक्ति को जिंदा पकड़ लिया। जोकि रेप के मामले में जेल में बंद था और 4 साल पहले पैरोल पर वापस आया था। आरोपी ने खुद को मृत घोषित कर दिया। खुद का मृत्यु सर्टिफिकेट जेल में जमा करवा दिया और खुद वह नए नाम से जिंदगी जी रहा था। घटना के बारे में पता लगता ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

    आरोपी की पहचान जालंधर की रेलवे कॉलोनी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। आखिरकार उसकी यह चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चली, क्योंकि पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना ने उसकी मौत का सच सामने ला दिया। पकड़ा गया आरोपी हिमांशु वर्ष 2018 में दर्ज दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के गंभीर मामले में जेल में बंद था। 8 अक्टूबर 2021 को वह पैरोल पर जेल से बाहर आया, लेकिन वापस लौटने के बजाय उसने साजिश के तहत खुद को मृत दिखाने की योजना बनाई। उसने किसी अज्ञात व्यक्ति की मदद से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाया, जिसे जेल प्रशासन के पास जमा करवा दिया गया।

    रिकार्ड में हिमांशु को मृत मान लिया गया और उसका नाम बंदी सूची से हटा दिया गया। इसके बाद हिमांशु ने नई पहचान अपनाई और फरार होकर अपनी बुआ के पास सूरानस्सी इलाके में रहने लगा। उसने पहचान छिपाने के लिए अपनी दाढ़ी बढ़ा ली और रहन-सहन पूरी तरह बदल लिया। आसपास के लोग उसे नए नाम से जानते थे, किसी को यह अंदाजा भी नहीं था कि यह वही व्यक्ति है जो कानून की नजर में मर चुका है। लेकिन कुछ दिनों पहले पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि जिस व्यक्ति को रिकार्ड में मृत बताया गया है, वह अभी जीवित है और नए नाम से रह रहा है। इस सूचना के बाद पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की। जब रिकार्ड खंगाले गए और संबंधित दस्तावेजों की जांच हुई, तो सामने आया कि हिमांशु की मौत सिर्फ कागजों पर थी। थाना डिवीजन नंबर एक पुलिस की टीम ने जब सूरानस्सी में दबिश दी, तो आरोपित वहीं अपनी बुआ के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया।

    पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि यह पता चल सके कि उसने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र कहां से बनवाया, और इस साजिश में उसके साथ कौन-कौन शामिल था। यह भी जांच का विषय है कि किसने जेल प्रशासन तक फर्जी सर्टिफिकेट पहुंचाया, जिससे उसकी मृत्यु का रिकार्ड दर्ज किया गया। सर्टिफिकेट बनाने और जेल में पहुंचने वाले को भी नामजद किया जाएगा। वहीं पुलिस यह भी पता लग रही है कि क्या बुआ को पता था कि उसने एक कैदी को अपने यहां रखा हुआ है। यदि जानबूझकर उसे रखा गया तो रखने वाले भी केस में नामजद होंगे।

    13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप के मामले में जेल में बंद था आरोपी23 मई, 2018 को मकसूदां में 13 साल की बच्ची को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पीड़िता का पिता फैक्ट्री में काम करता था, जबकि मां मर चुकी है। बच्ची ने पुलिस को बताया था कि शाम को दो युवक घर आए और उसके सिर में ईंट मारकर दुष्कर्म किया। घर से नकदी-गहने भी लूट लिए। दूसरे दिन इलाके में 70 साल की आज्ञावंती को जख्मी कर लूट की गई थी। पुलिस ने 24 घंटे में हुई दो वारदात के बाद जीजा-साले को गिरफ्तार किया था। उन्होंने माना कि वे गैस कर्मचारी बनकर आज्ञावंती के घर की रेकी करके लौट रहे थे तो छात्रा को देख उनकी नीयत खराब हो गई थी। दुष्कर्म और लूट में हिमांशु और उसके जीजा दुर्गेश यादव को उम्र कैद और 5-5 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

  • Punjab News: रातभर Police की बड़ी चेकिंग; अखबारों की गाड़ियों को रोका, सप्लाई पर पड़ा असर, देखें वीडियो

    Punjab News: रातभर Police की बड़ी चेकिंग; अखबारों की गाड़ियों को रोका, सप्लाई पर पड़ा असर, देखें वीडियो

    लुधियानाः शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात पंजाब पुलिस ने राज्यभर में एक विशेष अभियान चलाकर अखबार लेकर जा रही गाड़ियों की विशेष चेकिंग की। यह कार्रवाई रात करीब 10 बजे शुरू होकर सुबह तक चलती रही। अभियान के चलते लुधियाना समेत कई शहरों, कस्बों और गांवों में शनिवार की सुबह लोगों को अखबार समय पर नहीं मिल पाए, क्योंकि पुलिस ने अखबार सप्लाई करने वाली गाड़ियों को अलग-अलग इलाकों में रोककर जांच की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को ड्रग और हथियार सप्लाई से जुड़ा इनपुट मिला था।

    इसी वजह से विभिन्न प्रिंटिंग प्रेसों से निकलने वाली न्यूजपेपर की गाड़ियों को रास्ते में रोककर तलाशी ली गई। कई जगहों पर डॉग स्क्वाड की मदद ली गई, जबकि कुछ स्थानों पर गाड़ियों को थानों के अंदर ले जाकर जांच की गई। हालांकि, इस व्यापक चेकिंग अभियान को लेकर अब तक पंजाब पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। स्थानीय लोगों और अखबार एजेंसियों का कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से अखबारों की सुबह की डिलीवरी प्रभावित हुई और कई जगहों पर लोग सुबह की खबरें पाने से वंचित रह गए।

  • Jalandhar News: बंद घर से चोर गहने और 50 हजार लेकर फरार

    Jalandhar News: बंद घर से चोर गहने और 50 हजार लेकर फरार

    जालंधरः चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते सोने के गहनों के साथ हजारों की नकदी चुरा ली। घर के मालिक ने थाना मकसूदां की पुलिस को सूचित किया तथा मौके पर एएसआई केवल सिंह पुलिस पार्टी सहित पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित शम्मी महे ने बताया कि उनका पुराना घर लिद्दड़ों में है। बंद पड़े घर को देखने हर सप्ताह आते हैं।

    शुक्रवार सुबह जब वे गांव लिद्दड़ों के घर में पहुंचे तो देखा कि अलमारी के ताले टूटे हुए थे तथा सारा सामान जमीन पर बिखरा हुआ है। जब उन्होंने बाकी कमरे चैक किए तो लोहे की पेटी में से भी सामान बाहर बिखरा हुआ था। पीड़ित ने बताया कि चोर उनके घर में से प्रापर्टी के कागजात, 2 सोने की चेन, 1 सोने का सैद, 4 सोने की अंगूठियां, चांदी के गहनों, सिक्कों के साथ करीब 50 हजार की नकदी तथा 2 गैस सिलैंडर भी चुरा कर ले गए। एएसआई केवल सिंह ने बताया कि पुलिस घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है तथा आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।

  • आज का राशिफल, 2 नवंबर 2025

    आज का राशिफल, 2 नवंबर 2025

    आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की उदया तिथि एकादशी और रविवार का दिन है। एकादशी तिथि आज सुबह 7 बजकर 32 मिनट तक रहेगी। उसके बाद द्वादशी तिथि लग जायेगी। आज शाम 5 बजकर 4 मिनट से कल सुबह 6 बजकर 9 मिनट तक सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। साथ ही आज शाम 5 बजकर 4 मिनट तक पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र रहेगा।

    मेष राशि: मेष राशि वालों आज आपका दिन नई उमंगों के साथ शुरू होगा। आपको आर्थिक रूप से अपने सगे संबंधियों की मदद मिलेगी। साथ ही लेन-देन के मामलों में आपको सावधानी बरतने की जरूरत है। आज आपको अपने करियर में गुरु का सहयोग प्राप्त होगा। आप जीवन में आगे बढ़ेंगे। आज आपका कॉन्फिडेंस आपको सक्सेस दिलाएगा। आज अपनी सेहत को बेहतर बनाये रखने के लिए आपको टहलना चाहिए। साथ ही नकारात्मक चीज़ों से आपको बचे रहना चाहिए। आज अपना ध्यान आध्यात्मिक पुस्तकें पढ़ने पर लगा सकते हैं। आज किसी अपरिचित व्यक्ति से ज्यादा घुलना-मिलना आपको नुकसान दे सकता है। आज आप अपनी बात किसी से भी शेयर ना करें।

    वृष राशि: दांपत्य जीवन में मधुरता और आर्थिक स्थिरतवृष राशि वालों आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। अगर आप अपने जीवनसाथी से स्नेह की आशा रखते हैं, तो आज का दिन आपकी आशाओं को पूरा करेगा। आज जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने का प्लान बना सकते हैं और अच्छे मौसम का लुफ्त भी उठायेंगे। आज आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। आज परिवार के सदस्यों की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। आज आपके अंदर पॉजिटीविटी बनी रहेगी, जिससे आपका मन काम करने में लगा रहेगा। आपकी भौतिक सुख सुविधाएँ बनी रहेंगी। आज आपकी आर्थिक स्थितियों में सुधार आएगा। नौकरी कर रहे लोगों को आज दिए गए कार्यों को समय पर पूरा करना होगा, नहीं तो सीनियर से डांट भी खानी पड़ सकती है।

    मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों आज आपका दिन खुशनुमा रहेगा। इस राशि के लोगों का आज जीवनसाथी के साथ उनके रिश्ते मधुर बनेंगे। साथ ही आज रात को डिनर के लिए किसी अच्छे रेस्टॉरेंट में भी जायेंगे। आज किसी काम में भाई-बहन से आपको पूरा सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। आज कार्यक्षेत्र में कुछ लोगों से पूरा सहयोग मिलेगा। ऑनलाइन बिजनेस कर रही महिलाओं की इनकम में इजाफा होगा। आज आप किसी जरूरतमंद की मदद करने के लिए आगे आयेंगे। बिजनेस के सिलसिले में बनाई गई योजनाएं कारगर साबित होगी। आपके लिए धन लाभ की संभावना बढ़ेगी। मास इन मीडिया कम्युनिकेशन के छात्रों के लिए खास अवसर मिलने की संभावना है। आपके अंदर कलात्मक चीजों के प्रति उत्साह पैदा होगा।

    कर्क राशि: कर्क राशि वालों आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि के जो लोग रोजगार की तलाश में हैं, उन्हें आज किसी अच्छी कंपनी से जॉब के लिए ऑफर आ सकता है। आज यात्रा के कारण आप थोडा थकान महसूस कर सकते हैं लेकिन शाम तक अच्छा महसूस करेंगे। आज लवमेट के साथ लॉग ड्राइव पर जा सकते हैं। इससे आपके रिश्तों के बीच मिठास आएगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। मौसम में परिवर्तन की वजह से थोड़ी परेशानी हो सकती है। समाज सेवा से जुड़े लोगों का समाज में प्रभाव बढ़ेगा। लोगों का सहयोग मिलेगा।

    सिंह राशि: सिंह राशि वालों आज आपका दिन सामान्य बना रहेगा। जो लोग राजनीति के क्षेत्र से जुड़े हैं, वे लोग आज किसी सामाजिक कार्यक्रम में जा सकते हैं और वहाँ आपकी बातों पर सबका ध्यान भी केंद्रित होगा। परिवार में हर्षोल्लास का वातावरण रहेगा। दाम्पत्य जीवन में आपसी सामंजस्य बेहतर बना रहेगा। सेहत के लिहाज से आप चुस्त-दुरुस्त रहेंगे। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए शिक्षकों का पूरा-पूरा सहयोग मिलेगा। इस राशि के जो लोग कपड़े का व्यापार करते हैं, उनके लिए आज का दिन अच्छा है। आज आपके व्यापार में धन लाभ होने के आसार भी नजर आ रहे हैं।

    कन्या राशि: कन्या राशि वालों आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। आज आपको बुजुर्गों का प्रेम और आशीर्वाद मिलेगा। आज आपका मन प्रसन्न रहेगा। आज बाहरी यात्राओं का दौर रहेगा और यह यात्रा सुखद भी रहेगी। आज अपनी ऊर्जा अच्छे कार्यों में लगायेंगे। आज घर में सुखद वातावरण रहेगा। शिक्षा से रिलेटेड आपकी मनोकामना पूरी होगी। आपको परीक्षा में अच्छे अंकों के साथ रिज़ल्ट मिलेंगे। अच्छे कॉलेज में आप एडमिशन पाएंगे। आगे चलकर आपको नये सुनहरे अवसर मिलने की संभावना बढ़ेगी। आज आपके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव आएगा और रहन-सहन के प्रति अधिक सजग रहना दूसरों के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगा।

    तुला राशि: तुला राशि वालों आज आप काफी ऊर्जावान रहेंगे। आज के दिन किया गया निवेश आपकी समृद्धि और आर्थिक स्थिति में लाभ करा सकता है। आज कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति कुछ बाधाओं के चलते थोड़े दिन के लिए अटक सकती है। बस आपको धैर्य से काम लेने की जरुरत है। आप अपने खानपान पर ध्यान रखेंगे। जिससे आपकी सेहत फिट एंड फाइन रहेगी। एजुकेशन सेक्टर में काम कर रहे लोगों को आज अच्छा फायदा होगा। आज आपका वैवाहिक जीवन अधिक रंगों से भरा रहेगा। आज आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। आपकी एक गलत बात आपको परेशानी में डाल सकती है।

    वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों आज आपका दिन परिवार वालों के साथ गुजरेगा। इस राशि के छात्रों को आज परीक्षा में बहुत अच्छे अंक प्राप्त होंगे। आज दोस्तों के साथ टाइम स्पेंड करने की संभावना बन रही है। आज व्यापारिक यात्रा फायदेमंद साबित हो सकती है। आज बच्चों से संबंधित चिंता दूर होगी। आज धर्म के प्रति आपकी विशेष रुचि रहेगी। वैवाहिक जीवन में मधुरता बढ़ेगी। आज राह चलते किसी अनजान व्यक्ति से बेवजह विवाद से बचें। संयम रखने से रुकी योजनाएं सफल होंगी। आज किसी अटके हुए काम को पूरा करने के लिए उचित समय है। किसी भी योजना को क्रियान्वित करने से पहले घर के सदस्यों की सलाह भी जरूर ले।

    धनु राशि:धनु राशि वालों आज आपके व्यवहार से दूसरे लोग प्रसन्न रहेंगे। आज दाम्पत्य जीवन खुशनुमा बना रहेगा। आज परिवार के साथ हंसी ख़ुशी के पल बितायेंगे। आज वैवाहिक जीवन में समरसता बढ़ेगी। आज घरेलू उत्तरदायित्व बखूबी निभायेंगे। आज मित्रों के साथ मनोरंजक यात्रा हो सकती है। आज घर परिवार में किसी मांगलिक आयोजन की रूपरेखा भी बनेगी। आज आपके कठिन परिश्रम का लाभ मिलने से मन में ख़ुशी का भाव बना रहेगा। धैर्य से निर्णय लेने पर सफलता के आसार खुलेंगे। आज आप अपने लक्ष्य से भटक भी सकते है। किन्तु अपनों का साथ आपको सही दिशा में ले जायेगा।

    मकर राशि: मकर राशि वालों आज ऑफिस में लंबे समय से रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। उनका पढ़ाई में मन लगेगा। अगर आज आप अपनी घरेलू ज़िम्मेदारियों को अनदेखा करेंगे, तो कुछ ऐसे लोग नाराज़ हो सकते हैं, जो आपके साथ रहते हैं। बेहतर होगा ज़िम्मेदारियों को नजर अंदाज न करें। आज आपको अपने प्रिय के साथ समय बिताने की ज़रूरत है। ताकि आप दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह से समझ सकें। आज तेजी से परखने की क्षमता आपको दूसरों से आगे बनाये रखेगी।

    कुंभ राशि: कुंभ राशि वालों आज आपका रुझान धार्मिक कार्यों की तरफ रहेगा। आज आप किसी धार्मिक पंडाल में जाने की योजना बनाएंगे। आज रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर से तरोताजा करने का दिन है। आज परिवार और मित्रों का पूर्ण सहयोग मिलेगा। आज विवाहित लोग अपने जीवनसाथी को खुश करने का प्लान जरूर बनायेंगे। प्रॉपर्टी खरीदने का विचार बना रहे लोग आज किसी प्रॉपर्टी डीलर्स से बातचीत करेंगे। आज आपको बिजनेस के सिलसिले से राज्य से बाहर जाना पड़ सकता है। आज व्यावसायिक कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की बेहतरी की उम्मीद ना करें। यह समय रुकी हुई पेमेंट को कलेक्ट करने तथा आर्थिक स्थितियों को मजबूत करने के लिए उत्तम है।

    मीन राशि:मीन राशि वालों आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। समाज सेवा से जुड़े लोगों का समाज में प्रभाव बढ़ेगा। लोगों का सहयोग मिलेगा। आज के दिन अपनी वाणी पर संयम बना के रखें। किसी के मामले में न पड़ें। आज आपको रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। परिवार के साथ प्रेम बढ़ेगा। लेखन के क्षेत्र से जुड़े लोगों को आज बड़ी खुशखबरी मिलेगी। नए काम करने की सोच से आपको धन लाभ के अवसर मिलेंगे। लोग आपकी योजना पर काम करने के लिए आपसे सलाह भी लेंगे।

  • Punjab News: PRTC बस ड्राइवर ने की गुंडागर्दी, वीडियो वायरल

    Punjab News: PRTC बस ड्राइवर ने की गुंडागर्दी, वीडियो वायरल

    बठिंडा। शहर से एक पीआरटीसी बस ड्राइवर द्वारा गुंडागर्दी करने का वीडियो सामने आया है। वायरल हो रही वीडियो में देखा जा रहा है कि पीआरटीसी ड्राइवर बस से उतरता है और अपने हाथ में पकड़े नुकीले लोहे के टुकड़े से युवकों पर हमला करता है। वहां मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे मामले की वीडियो बना ली और वह वायरल हो गई। मौके पर चश्मदीद ने बताया कि पीआरटीसी बस बठिंडा बस स्टैंड से आ रही थी। जब वह लाल बत्ती पर थी, तो बस उसने चला दी। युवकों ने बस ड्राइवर से कहा कि तुमने तो लाल बत्ती में बस चला दी और अचानक तेज हॉर्न बजा दिया। जिसके बाद पीआरटीसी बस ड्राइवर गुस्से में आकर लोहे के नुकीले टुकड़े से युवकों को मारने लगा।
  • Punjab News: अवैध पिस्तौल सहित वांछित अपराधी रणजीत गिरफ्तार

    Punjab News: अवैध पिस्तौल सहित वांछित अपराधी रणजीत गिरफ्तार

    बठिंडा। राज्य भर में डीजीपी द्वारा शरारती तत्वों के खिलाफ अभियान चलाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने शनिवार को बठिंडा पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में, बठिंडा के बंगी निहाल सिंह गांव निवासी रणजीत सिंह उर्फ सप्प को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किये।

    पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी गैंगस्टर रम्मी मचाना का करीबी सहयोगी है और दो आपराधिक मामलों में वांछित था। उन्होंने कहा कि एक पिछले मामले में, पुलिस ने उसके घर से 130 ग्राम हेरोइन, एक नौ मिमी देसी पिस्तौल, छह कारतूस और एक देसी 12 बोर पिस्तौल बरामद की थी। उस समय उसकी मां परमजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि आरोपी भागने में सफल रहा था।

  • दो दिवसीय जिला स्तरीय (सीबीएसई) खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन

    दो दिवसीय जिला स्तरीय (सीबीएसई) खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन

    उपायुक्त ने की समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत, एसएसआरवीएम ऊना को मिला ओवरऑल ट्रॉफी का खिताब

    ऊना/सुशील पंडित: एसएसआरवीएम ऊना (सहोदया कॉम्प्लेक्स) में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सीबीएसई से संबद्ध 10 विद्यालयों के 425 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर एसएसआरवीएम ऊना ने कुल 37 अंकों के साथ ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।

    उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में आयोजनकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक बल बल्कि मानसिक दृढ़ता और अनुशासन भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी समान रुचि दिखाएं, क्योंकि यही संतुलित व्यक्तित्व निर्माण का आधार है।

    गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 31 अक्तूबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा द्वारा किया गया था। दो दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने जोश, उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया, जिससे पूरा माहौल ऊर्जावान बना रहा।

    खेलकूद प्रतियोगिताओं में रहे विजेता

    इस दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों की कबड्डी, खो-खो, बॉलीवाल, चैस, रेसलिंग और परेड प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता में एसएसआरवीएम ऊना विजेता, एसएसआरवीएम नया नंगल उपविजेता और लड़कों में एसएसआरवीएम नया नंगल विजेता और एसएसआरवीएम ऊना उप विजेता रहे। लड़कियों की बालीवॉल प्रतियोगिता में रूद्रा इंटरनेशन विजेता, एसएसआरवीएम नया नंगल उपविजेता और लड़कों की बॉलीवॉल प्रतियोगिता में शांति इंटरनेशनल विजेता और एसएसआरवीएम ऊना उपविजेता रहे।

    लड़कियां की खो-खो प्रतियोगिता में एसएसआरवीएम ऊना विजेता, जेएस विजडम उप विजेता जबकि लड़कों में एसएसआरवीएम ऊना विजेता और जेएस विजडम उप विजेता रहा। लड़कियों की रेसलिंग प्रतियोगिता में जेएस विजडम विजेता, एसएसआरवीएम उप विजेता जबकि लड़कों की श्रेणी में जेएस विजडम विजेता और एसएसआरवीएम ऊना उप विजेता रहा। चेस प्रतियोगिता में लड़कियों के वर्ग में एसएसआरवीएम ऊना विजेता, रूद्रा इंटरनेशनल उप विजेता जबकि लड़कों में जेएस विजडम विजेता और रोकफोर्ड उपविजेता रहे। इसके अलावा परेड कम्पीटीशन में एनसीसी कैडेट्स ऊना ने प्रथम, एसएसआरवीएम नया नंगल ने दूसरा और रूद्रा इंटरनेशनल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    ये रहे उपस्थित
    इस अवसर पर एमडी एसएसआरवीएम ऊना सुमेश कुमार, रूद्रा इंटरनेशनल स्कूल के एमडी शिवांग शर्मा, प्रधानाचार्य व्रिज वाला, अकेडमिक हेड सुरेंद्र रात्रा सहित अन्य स्कूली स्टाफ मौजूद रहा।

  • तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 में उपायुक्त जतिन लाल ने सेल्फी के माध्यम से युवाओं को दी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा

    तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 में उपायुक्त जतिन लाल ने सेल्फी के माध्यम से युवाओं को दी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आज (शनिवार) को स्वास्थ्य विभाग ऊना द्वारा आयोजित “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” में भाग लिया। अभियान के तहत उपायुक्त जतिन लाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने संयुक्त रूप से “तंबाकू मुक्त सेल्फी वॉल” पर एक प्रेरणादायक सेल्फी लेकर युवाओं को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

    यह अभिनव पहल युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा उन्हें व्यसन-मुक्त, स्वस्थ और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी नुकसानदेह है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हुए “तंबाकू मुक्त ऊना” के लक्ष्य को साकार करें।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि अभियान अवधि के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य वार्ताएं और नशा मुक्ति रैलियां आयोजित की जाएंगी ताकि अधिक से अधिक युवा इस मुहिम से जुड़ सकें।

    उल्लेखनीय है कि “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” एक विशेष जन-जागरूकता पहल है, जो दिसंबर 2025 तक जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में तंबाकू एवं अन्य नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करना और एक स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।