Blog

  • Jalandhar News: Genesis Fertility and Surgical Center  में बच्ची होने पर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Genesis Fertility and Surgical Center  में बच्ची होने पर हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    जालंधर: मॉडल टाउन मे Genesis Fertility and Surigcal Center में हंगामा होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल के डॉक्टर लखविंदर पाल सिंह पर लड़के के पैदा होने का कहकर लड़की सौंपने का आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए।

    जिसे लेकर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। व्यक्ति ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसका परिवार लंदन से आया था और उन्हें अस्पताल के डाक्टर द्वारा बताया गया था कि महिला को बेबी बॉय होगा। लेकिन जब महिला की डिलीवरी हुई तो बेबी गर्ल पैदा हुई। जिसके बाद ही डॉक्टर पर बच्चा बदलने का आरोप लगाया है।

    वहीं इस मामले पर अस्पताल के डॉ. लखविंदर सिंह का कहना है कि डिलीवरी से पहले कोई नहीं बताता कि क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि फैमिली को 5 साल से बच्चा नहीं हो रहा था। अब बच्चा हुआ है और वह भी लड़की हुई है। इससे वह परेशान है।

    इस दौरान डॉक्टर के साथी की एक वीडियो भी सामने आई है जिसमें वे परिवार से बात करते हुए पूछ रहे हैं कि क्या माता और पिता को पता था उनके लड़का होने वाला है। इस बारे में पिता को पता था और वह इंग्लैंड में है, लेकिन मां को नहीं पता था। डॉक्टर का साथी कहता है कि परिवार ने जो पेपर पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें साफ लिखा है कि लड़का या लड़की होने से कोई एतराज नहीं होगा।

    ऐसे में अब लड़की होने पर वह क्यों हंगामा कर रहे हैं। इस दौरान व्यक्ति एक अन्य अस्पताल में महिला की मौत को लेकर उदाहरण देता है, तभी परिवार के साथ आए व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने पेपर पर हस्ताक्षर ही नहीं किया बल्कि खुद लिखा है कि लड़का या लड़की ना होने से कोई एतराज नहीं है। जिसके बाद डॉक्टर ने परिवार को घर में खुशियां मनाने की सलाह दी।

    वही मीडिया से बात करते हुए डॉक्टर ने कहा कि अगर परिवार के पास किसी भी तरह का कोई सबूत हो, जिसमें परिवार को कहा गया हो कि उनके लड़का पैदा होगा तो वह सबूत दिखाए। उन्होंने आज तक किसी मरीज को भी लड़का या लड़की होने के बारे में कभी जानकारी नहीं दी है। इसी दौरान व्यक्ति डॉक्टर पर यार मार करने के आरोप लगाता है।

    डॉक्टर ने कहा कि परिवार के घर अब लड़की हो गई सिर्फ इसलिए ही उनके द्वारा शोर मचाया जा रहा है। हिंदुस्तान में किसी को भी लड़की नहीं चाहिए, सभी को लड़के ही चाहिए। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं लड़कियां न हीं हो, ताकि हमारी अगली पीड़ी आए ही ना।

    वहीं डॉक्टर के ऑफिस के पिछले में रूम में शराब रखने के आरोप भी हैं। इस पर डॉ. लखविंदर ने कहा कि वहां सिर्फ शराब की तीन बोतलें ही थी और वह सभी खुलीं हुई थीं। जिस पेटी की बात हो रही है वह खाली थी, उसमें कोई शराब नहीं थी। जबकि व्यक्ति द्वारा डॉक्टर के घर पर भारी मात्रा में शराब की पेटियां पड़ी होने के आरोप लगाए गए।

     

     

  • पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से 3,524 निःशुल्क आँखों के ऑपरेशन करवाए

    पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से 3,524 निःशुल्क आँखों के ऑपरेशन करवाए

    चंडीगढ़ : पंजाब सरकार मुख्यमंत्री सेहत योजना के माध्यम से आँखों की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ा रही है। इस योजना के तहत हजारों मरीजों को सरकारी तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में निःशुल्क आँखों के ऑपरेशन की सुविधा मिल रही है। इससे उपचार में होने वाली देरी कम हुई है, विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा तक लोगों की पहुँच बढ़ी है तथा विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है। योजना के आँकड़ों के अनुसार अब तक 3,524 मरीजों की आँखों की सर्जरी लगभग 1,98,68,890 रुपये की लागत से निःशुल्क की जा चुकी है। इनमें सबसे अधिक संख्या मोतियाबिंद के ऑपरेशनों की रही, क्योंकि यह बुजुर्गों में अंधत्व का प्रमुख कारण है।

    सबसे अधिक 3,070 मरीजों की स्मॉल इन्सीजन कैटरैक्ट सर्जरी (एसआईसीएस) नॉन-फोल्डेबल इंट्रा-ऑक्यूलर लेंस (आईओएल) के साथ की गई, जिनकी कुल लागत 1,54,40,380 रुपये रही। यह योजना के तहत कवर की गई आँखों की सभी सर्जरियों का 87 प्रतिशत से अधिक था।
    दूसरी सबसे अधिक की गई प्रक्रिया प्टेरीजियम विद कंजंक्टाइवल ऑटोग्राफ्ट रही, जिसके तहत 333 मरीजों का उपचार किया गया और इस पर 31,83,300 रुपये खर्च हुए। इसके अलावा योजना के तहत 28 एंट्रोपियन करेक्शन, 12 एक्ट्रोपियन करेक्शन, बच्चों की लेंस सर्जरी, ग्लूकोमा का उपचार, टियर डक्ट सर्जरी तथा अन्य कई प्रकार की आँखों की सर्जरी भी निःशुल्क की गईं, जिससे सभी आयु वर्ग के मरीजों को नेत्र उपचार की सुविधा मिल रही है।

    गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज, फरीदकोट के नेत्र रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मुनीश धवन ने कहा कि यह योजना आँखों के आधुनिक उपचार को प्रत्येक वर्ग के लिए आसान और किफायती बना रही है। उन्होंने कहा, “इस योजना के तहत मरीजों को अत्याधुनिक नेत्र उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। फोल्डेबल इंट्रा-ऑक्यूलर लेंस के साथ आधुनिक फेकोइमल्सिफिकेशन मोतियाबिंद सर्जरी निःशुल्क की जाती है। इसके अलावा यदि समय पर उपचार न मिले तो अंधत्व का कारण बनने वाले ग्लूकोमा का उपचार भी इस योजना में शामिल है, जिससे मरीजों पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ता।”

    उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध हुई है, क्योंकि आर्थिक तंगी के कारण कई लोग उपचार टाल देते हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत की जा रही आँखों की सर्जरियाँ बुजुर्ग मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हुई हैं। मोतियाबिंद की सर्जरी जैसी प्रक्रियाएँ अब अधिक सुलभ हैं। इससे मरीजों के जीवन स्तर में बड़ा सुधार आया है और वे अधिक आत्मनिर्भर बन रहे हैं, जिन्हें पहले दृष्टि संबंधी समस्या के कारण दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।” उन्होंने आगे कहा, “इसके अलावा स्क्विंट (भेंगापन) का ऑपरेशन भी इस योजना के तहत निःशुल्क किया जाता है।”

    डॉ. मुनीश धवन ने आँखों की बीमारियों से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “आँखों की बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बच्चों की नियमित दृष्टि जाँच, 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की समय-समय पर आँखों की जाँच तथा शुगर (डायबिटीज) के मरीजों की नियमित निगरानी बहुत आवश्यक है, क्योंकि डायबिटीज आँखों की रोशनी पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है।”

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों को शामिल करने से पूरे राज्य में आधुनिक तरीके से नेत्र उपचार सेवाएँ अधिक सुलभ हो गई हैं। उन्होंने कहा, “सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों तक सेवाओं का विस्तार करके हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अधिक से अधिक मरीजों को समय पर निःशुल्क सर्जरी मिल सके। समय पर उपचार से दृष्टि पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोका जा सकता है और मरीजों के जीवन में महत्वपूर्ण सुधार लाया जा सकता है।”

    स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि धुंधला दिखाई देना, आँखों में लगातार जलन, अत्यधिक पानी आना अथवा पलकों से संबंधित किसी भी प्रकार की असामान्यता जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने से जटिलताओं से बचा जा सकता है और दृष्टि को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सेहत योजना पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रही है। इसके माध्यम से पात्र मरीजों को सामान्य से लेकर विशेष नेत्र सर्जरियों तक की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हजारों लोग बेहतर उपचार प्राप्त कर स्वस्थ, आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।”

  • स्कूली बच्चों से भरी वैन पर गिरा बड़ा पेड़, एक की मौत, मौके पर मची चीख-पुकार

    स्कूली बच्चों से भरी वैन पर गिरा बड़ा पेड़, एक की मौत, मौके पर मची चीख-पुकार

    मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही एक स्कूल वैन पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा। हादसे के समय वैन में करीब 10 स्कूली बच्चे सवार थे। पेड़ गिरते ही वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चे उसके अंदर फंस गए। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    एक बच्चे की मौत, कई बच्चे घायल
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि एक बच्चा वैन के अंदर काफी देर तक फंसा रहा, जिसके कारण उसे बाहर निकालने में समय लगा।

    रेस्क्यू टीम ने चलाया बचाव अभियान
    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर हटाया और वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य तेजी से पूरा किया।

    यूनिवर्सल स्कूल की थी वैन
    जानकारी के मुताबिक, यह स्कूल वैन तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की थी। हादसा दोपहर करीब 2 बजकर 50 मिनट पर उस समय हुआ, जब वैन चेंबूर के 11 नंबर रोड से गुजर रही थी। अचानक पेड़ गिरने से बच्चों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

    स्थानीय लोगों ने पहले भी जताई थी चिंता
    चेंबूर के स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर इलाके के पुराने और खतरनाक पेड़ों की छंटाई या उन्हें हटाने की मांग की थी। लोगों का आरोप है कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल
    इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बच्चों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि पेड़ गिरने के पीछे क्या कारण थे।

     

     

  • हरियाणा के DGP Ajay Singhal ने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष के तौर पर संभाला कार्यभार, देखें वीडियो

    हरियाणा के DGP Ajay Singhal ने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष के तौर पर संभाला कार्यभार, देखें वीडियो

    पंचकूला: हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल के द्वारा हरियाणा में पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष के तौर पर अतिरिक्त कार्यभार संभालने पर एक मीडिया को संबोधित किया है। इस मौके पर हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल के द्वारा हरियाणा पुलिस के हाउसिंग कॉरपोरेशन डिपार्टमेंट में किया जा रहे काम और आगामी कामों को लेकर चर्चा की है। वहीं पर हरियाणा पुलिस के द्वारा हाल ही में बनाई गई एंटी टेरिस्ट स्कवॉड और हरियाणा में बढ़ते गैंग एक्टिविटी पर भी जानकारी दी है।

    हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि सीएम नायब सैनी ने हरियाणा पुलिस के मॉर्डनाइजेशन के लिए मार्गदर्शन दिया है। सीएम का यह विजन है कि पुलिस मॉर्डन हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी पुलिस स्मार्ट होनी चाहिए। मैंने पहले दिन ही बोला था कि मैं पहले पुलिस वेलफेयर के लिए काम करुंगा और मैंने ये काम किया है।

    मई 2026 तक 9 करोड़ रुपये पुलिस वेलफेयर के लिए खर्च कर चुके हैं। हरियाणा पुलिस की प्रैक्टिस देश में पहचानी जा रही है। प्रधानमंत्री ने 750 करोड़ पुलिस वेलफेयर के लिए दिए हैं जिनको हमने 2 साल में खर्च करने है। MHA ने 120 करोड़ रुपये दिए जिसको हम अपने टेक्निकल चीजों और मॉर्डन बनाने के लिए इस्तेमाल करेंगे। पहली बार हरियाणा पुलिस को इतना बजट मिला है। इसको 237 परियोजनाओं में इस्तेमाल किया जाएगा।

    हमारा लक्ष्य है कि हरियाणा पुलिस को देश की सबसे अच्छी पुलिस और अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना है। डीजीपी ने कहा कि बलराम डांगी पर जिन्होंने फायरिंग की उन्हें 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया है। अभेद ऐप के जरिए लोगों को काफी फायदा हो रहा है। पिछले साल से 8% क्राइम कम हुआ है। 1930 हमने साइबर क्राइम हेल्पलाइन की शुरुआत की है। इसमें 3 दिनों से 28 शिकायतें दर्ज हुई है।

     

     

     

     

     

  • नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आईटीआई बंगाणा में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

    नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आईटीआई बंगाणा में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

    खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
    ऊना सुशील पंडित : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना के दिशा-निर्देशन में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बंगाणा में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
    इस अवसर पर प्रतिभागियों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा नशे से दूर रहकर समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी बंगाणा अनूप सिंह तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बंगाणा के प्रधानाचार्य पुनीत कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और नशा मुक्त समाज के निर्माण की भावना को मजबूत करना रहा।
     
  • वीर सपूत शहीद विशम्बर सिंह मिंटू को नम आंखों से अंतिम विदाई, जनसैलाब उमड़ा

    वीर सपूत शहीद विशम्बर सिंह मिंटू को नम आंखों से अंतिम विदाई, जनसैलाब उमड़ा

    अनुराग ठाकुर पहुंचे घर, सरकार ने हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
    ऊना/सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत मलांगड़ के वीर सपूत शहीद विशम्बर सिंह मिंटू मंगलवार को पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गए। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बंगाणा से मलांगड़ तक सैकड़ों युवाओं की बाइक रैली के साथ पार्थिव शरीर पहुंचाया गया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “शहीद विशम्बर सिंह अमर रहें” के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
    जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर पहुंचा, परिवार का दर्द छलक पड़ा। पिता रसीला राम, माता, पत्नी और अन्य परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। पिता के चेहरे पर बेटे की शहादत का गर्व और उसे खोने का असहनीय दर्द दोनों साफ दिखाई दे रहे थे।
    भारतीय सेना की टुकड़ी ने सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। बिगुल की धुन और हथियारों की सलामी के बीच पूरा माहौल भावुक हो गया। सबसे मार्मिक क्षण तब आया जब शहीद के 11 वर्षीय पुत्र अक्षित ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मासूम बेटे की सिसकियों ने श्मशान घाट में मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम कर दीं। इसी बीच भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शहीद के घर मलांगड़ पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शहीद के पिता रसीला राम और परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह परिवार केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का गौरव है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए इस परिवार ने दो बेटों का सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे देश कभी नहीं भुला सकता।
    अनुराग सिंह ठाकुर शहीद के छोटे बच्चों से मिलकर भावुक हो गए और उन्हें गले लगाते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो भी सहायता संभव होगी, उसके लिए वह स्वयं हर स्तर पर प्रयास करेंगे। साथ ही कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो को शहीद परिवार से जुड़े आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के निर्देश भी दिए।
    दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी शहीद विशम्बर सिंह मिंटू के सर्वोच्च बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री की ओर से एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने अंतिम संस्कार के दौरान शोक संतप्त परिवार को संवेदना संदेश सौंपा और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।
    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के प्रति अद्वितीय समर्पण बताया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, डीएसपी अजय ठाकुर, थाना प्रभारी रोहित चौधरी, सेना के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। हजारों नम आंखों, सैन्य सम्मान और भारत माता की जय के नारों के बीच वीर सपूत शहीद विशम्बर सिंह मिंटू पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, साहस और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
     
  • Parikrama Restaurant में लगी आग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    Parikrama Restaurant में लगी आग, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में स्थित मशहूर परिक्रमा रेस्टोरेंट में मंगलवार दोपहर आग लगने से हड़कंप मच गया। यह रेस्टोरेंट एक ऊंची इमारत की 24वीं मंजिल पर स्थित है। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
    आग लगते ही मची अफरातफरी आग की खबर फैलते ही रेस्टोरेंट और इमारत में मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। चूंकि रेस्टोरेंट इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित है, इसलिए लोगों की चिंता और बढ़ गई थी। कई लोग जल्दबाजी में इमारत से नीचे उतरने लगे। फायर कंट्रोल रूम को मिली सूचना दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी मुकेश वर्मा के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि परिक्रमा रेस्टोरेंट के किचन में आग लगी है। इसके बाद दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं। ऑयल फ्रायर में लगी थी आग प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट के किचन में मौजूद ऑयल फ्रायर में आग लगी थी। आग तेजी से फैलने से पहले ही कर्मचारियों और दमकल कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दो दर्जन लोगों को सुरक्षित निकाला गया घटना के समय रेस्टोरेंट में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे। आग लगने की सूचना मिलते ही सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी भी व्यक्ति के घायल होने या झुलसने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने तुरंत संभाला मोर्चा आग बुझाने के लिए नजदीकी फायर स्टेशन से कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके साथ ही ऊंची इमारत होने के कारण स्काई लिफ्ट का भी इस्तेमाल किया गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। कोई हताहत नहीं, जल्द खोली जाएगी इमारत दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है। सुरक्षा के लिए पूरी इमारत को खाली कराया गया था। अधिकारियों के अनुसार, धुआं पूरी तरह साफ होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद इमारत को दोबारा खोल दिया जाएगा।      
  • नशा विरोधी अभियान में और तेजी, सड़क सुरक्षा उपायों को और व्यापक बनाने पर जोर

    नशा विरोधी अभियान में और तेजी, सड़क सुरक्षा उपायों को और व्यापक बनाने पर जोर

    ऊना सुशील पंडित :अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन और सड़क सुरक्षा दोनों ही जनहित से जुड़े विषय हैं, जिनमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी और नियमित समीक्षा जरूरी है। अतिरिक्त उपायुक्त मंगलवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित एन-कॉर्ड (राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल) के तहत गठित जिला स्तरीय समिति और जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

    एन-कॉर्ड समिति की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के जिन विद्यालयों से नशा निवारण समितियों  की गतिविधियों संबंधी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, वे सभी रिपोर्ट 30 जुलाई तक उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विद्यालय स्तर पर  जागरूकता बढ़ाने और नशे के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नशे की दृष्टि से संवेदनशील पंचायतों में संबंधित पंचायत प्रधानों के साथ विशेष बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके। साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस तथा संबंधित विभागों को केमिस्ट दुकानों का नियमित औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड की निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

    सड़क सुरक्षा के लिए विभागों के समन्वय पर बल

    जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ऊना बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग के मध्य बनाई जा रही रेलिंग में यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो वह पूरी तरह तकनीकी सुरक्षा मानकों तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने बड़ूही चौक सहित अन्य यातायात प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव और सड़क जाम की स्थिति का अध्ययन कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।

    घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

    अतिरिक्त उपायुक्त ने गुड समैरिटन (राह-वीर) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा यानी ‘गोल्डन ऑवर’ सबसे महत्वपूर्ण होता है, जिसमें समय पर सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ित को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को योजना के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने भी रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड समैरिटन को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की पहल की है। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

    उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में घोषित नो-वेंडिंग और नो-पार्किंग जोन के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
    अतिरिक्त उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग को सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषणात्मक आंकड़ा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें दुर्घटनाओं के स्थान, संख्या तथा कारणों का विवरण शामिल होगा। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम द्वारा सुझाए गए उपायों और विभिन्न विभागों के आंकड़ों को समाहित कर जिला सड़क सुरक्षा योजना को और सुदृढ़ बनाया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के.सी. ठाकुर सहित पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • ऊना जिले में पहली जुलाई से स्कूलों का सामान्य समय बहाल, सुबह 9 से दोपहर बाद 3 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

    ऊना जिले में पहली जुलाई से स्कूलों का सामान्य समय बहाल, सुबह 9 से दोपहर बाद 3 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

    ऊना सुशील पंडित : ऊना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक जुलाई से सामान्य समय के अनुसार पढ़ाई होगी। जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) जतिन लाल ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही भीषण गर्मी के मद्देनज़र पांच मई को स्कूलों के समय में किए गए बदलाव संबंधी आदेश भी वापस ले लिए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार जिले के सभी प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्कूल अब सुबह 9 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था एक जुलाई से प्रभावी होगी। जिला दंडाधिकारी ने एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी निर्देश दिए हैं कि स्कूलों के संशोधित समय के अनुरूप बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

  • रोटरी क्लब ऊना की नई टीम घोषित, एक जुलाई से संभालेगी कार्यभार

    रोटरी क्लब ऊना की नई टीम घोषित, एक जुलाई से संभालेगी कार्यभार

    रंजीत सिंह जसवाल होंगे अध्यक्ष, मोहित शर्मा सचिव, विभिन्न समितियों का गठन
    ऊना सुशील पंडित : रोटरी क्लब ऊना (रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट-3070) ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी एवं विभिन्न स्थायी समितियों की घोषणा कर दी है। नवगठित टीम 1 जुलाई 2026 से विधिवत कार्यभार संभालेगी। आगामी वर्ष में क्लब समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, युवा सशक्तिकरण, रक्तदान, पोलियो उन्मूलन तथा सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक सेवा प्रकल्पों को नई गति देगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन रंजीत सिंह जसवाल के नेतृत्व में नई टीम रोटरी के आदर्श “सर्विस अबव सेल्फ” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेगी।
    घोषित कार्यकारिणी के अनुसार रोटेरियन रंजीत सिंह जसवाल अध्यक्ष, रोटेरियन मोहित शर्मा सचिव, रोटेरियन यशपाल ठाकुर इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट (आईपीपी), रोटेरियन सुरिंदर ठाकुर वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रोटेरियन जतिंदर सैनी उपाध्यक्ष, रोटेरियन बलदेव चंद वित्त सचिव, रोटेरियन आर.के. शर्मा सार्जेंट एट आर्म्स, रोटेरियन अनुराग शर्मा संयुक्त सचिव, रोटेरियन एम.के. बस्सी मुख्य परामर्शदाता, रोटेरियन संजीव अग्निहोत्री मुख्य प्रशिक्षक, रोटेरियन एच.एन. चीटू मुख्य सलाहकार, रोटेरियन ओंकार नाथ कसाना निदेशक (वोकेशनल सर्विसेज), रोटेरियन नरिंदर कपिला निदेशक (क्लब सर्विसेज), रोटेरियन बलजिंदर जीत सिंह निदेशक (इंटरनेशनल सर्विसेज) तथा रोटेरियन डॉ. मोनिका सिंह निदेशक (यूथ सर्विसेज) नियुक्त किए गए हैं।
    क्लब की विभिन्न गतिविधियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अलग-अलग समितियों का भी गठन किया गया है। जनसंपर्क समिति के अध्यक्ष एम.आर. शर्मा तथा सदस्य राजेश सांभर होंगे। सदस्यता विकास समिति के अध्यक्ष यशपाल ठाकुर तथा सदस्य जतिंदर कंवर बनाए गए हैं। उपस्थिति प्रोत्साहन समिति का दायित्व अनिल वशिष्ठ को अध्यक्ष तथा सुखविंदर सैनी को सदस्य के रूप में सौंपा गया है। फेलोशिप एवं डिस्ट्रिक्ट फंक्शंस समिति के अध्यक्ष जगदीश्वर कंवर तथा सदस्य नरिंदर कपिला होंगे। रोट्रैक्ट, इंटरैक्ट एवं आरसीसी समिति के अध्यक्ष अरुणपाल ठाकुर तथा सदस्य सुरिंदर ठाकुर बनाए गए हैं।
    इसी प्रकार मेडिकल कैंप एवं स्वास्थ्य सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. के.आर. आर्या तथा सदस्य डॉ. मोनिका सिंह, रक्तदान एवं पोलियो उन्मूलन समिति के अध्यक्ष अनुराग शर्मा तथा सदस्य डॉ. जगदीश्वर कंवर, रोटरी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष के.बी. शर्मा तथा सदस्य डॉ. रोहित शर्मा, इनर व्हील समिति के अध्यक्ष बलदेव चंद तथा सदस्य ओंकार नाथ, फंड रेजिंग समिति के अध्यक्ष रजनीश लूंबा तथा सदस्य राजेश सांभर, करियर गाइडेंस एवं उद्यमिता समिति के अध्यक्ष मंगत राम शर्मा तथा सदस्य आर.के. शर्मा, डेवलपमेंट एवं पर्सनैलिटी समिति के अध्यक्ष संजीव अग्निहोत्री तथा सदस्य नीलम अग्निहोत्री, रोड एंड ट्रैफिक सेफ्टी समिति के अध्यक्ष राजेश सांभर तथा सदस्य कृष्ण ठाकुर, आर.आई. कन्वेंशन समिति के अध्यक्ष संजीव अग्निहोत्री तथा सदस्य एम.के. बस्सी, वाटर मैनेजमेंट एवं पर्यावरण समिति के अध्यक्ष अनुराग शर्मा तथा सदस्य संजीव पुरी बनाए गए हैं।
    क्लब लीडरशिप प्लान समिति का अध्यक्ष डॉ. के.आर. आर्या को बनाया गया है। इस समिति में संजीव पुरी, आर.के. शर्मा, एम.आर. शर्मा तथा गिरीश भयाना सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। इसके अलावा क्लब ने वर्षभर के सेवा प्रकल्पों के प्रभावी संचालन के लिए वरिष्ठ रोटेरियनों को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं, ताकि प्रत्येक परियोजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
    नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन रंजीत सिंह जसवाल ने कहा कि नई टीम सेवा, सद्भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करेगी। क्लब स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान, जल संरक्षण कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा जागरूकता, करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, युवाओं के नेतृत्व विकास, शिक्षा सहायता तथा जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करेगा।