Blog

  • मनप्रीत अय्याली सहित 14 लोगों पर FIR दर्ज

    मनप्रीत अय्याली सहित 14 लोगों पर FIR दर्ज

    चंडीगढ़ः ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हुई घटनाओं को लेकर पार्टी के कई नेताओं और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई से यह मामला एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। दरअसल, पुलिस ने मनप्रीत अय्याली सहित 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर निकले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थक मुख्यमंत्री भगवंत मान की चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित सरकारी कोठी के 1Km नजदीक तक पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। यहां तक कि वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया।

    पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर में मनप्रीत सिंह अय्याली, लक्खा सिधाना, भाना सिंह सिद्धू, सतिंदरजीत सिंह गिल, कबल सिंह भुल्लर, जगदीप सिंह कंसला, इकबाल सिंह संधू, परमजीत सिंह जौहल, पूर्व विधायक अजीब सिंह मखमलपुर, चमकौर सिंह धुन्न, वकील इमान सिंह खैरा, जसविंदर सिंह डरोली, इकबाल सिंह चुंडा, करनल सिंह पंजोली और लखवीर सिंह लक्खा सहित 14 लोगों को नामजद किया गया है।

    दरअसल, इस घटना के दौरान पुलिसवाले भी घायल हुए है। यह प्रदर्शन पहले से घोषित था, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चंडीगढ़ पुलिस इस पूरे मामले में कैसे चूक गई। वह न तो प्रदर्शनकारियों को बॉर्डर पर रोक पाई और न ही सीएम के घर के करीब पहुंचने तक रोक सकी। इस बारे में पंजाब के पूर्व डीजीपी एपी पांडे ने कहा कि यह चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस के बीच तालमेल और ग्राउंड इंटेलिजेंस की कमी है। बड़े प्रदर्शन को संभालने की सबसे मजबूत तैयारी होनी चाहिए थी। वहीं चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने पुलिस का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पुलिस माहौल खराब नहीं होने देना चाहती थी।

    SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि संगठन के नेताओं के साथ पिछले एक सप्ताह से बातचीत चल रही थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए। कुछ लोग हथियार लेकर आए थे। हम नहीं चाहते थे कि माहौल खराब हो। इनके हाथियारों से जवान घायल तक हुए हैं। SSP ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर धारा 163 के उल्लंघन के मामले में बीएनएस की धारा 173(1) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस चेहरों की पहचान कर रही है। एफआईआर के अनुसार, 29 जुलाई को सेक्टर 50/51/44/45 गौशाला चौक के पास हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। पुलिस का दावा है कि उन्होंने बिना मंजूरी रैली निकाली, मुख्य सड़क जाम की और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।

    पुलिस ने यह भी कहा है कि मौके पर लागू प्रतिबंधों के बारे में बार-बार अवगत कराने और रैली ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। एफआईआर में यह भी दावा किया गया है कि सरकारी वॉटर कैनन वाहन को नुकसान पहुंचाया गया और एक एएसआई सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद स्थिति को काबू करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया।

  • Punjab News: ATM मशीन के बाहर कागजों की गड्डी थमाकर पीड़ित से ठगे 45 हजार, देखें वीडियो

    Punjab News: ATM मशीन के बाहर कागजों की गड्डी थमाकर पीड़ित से ठगे 45 हजार, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में सुभाष नगर इलाके के पीड़ित से शातिर ठगों ने 45 हजार रुपए ठग लिए। दरअसल, पीड़ित एटीएम मशीन में पैसे जमा कराने गया था, लेकिन मशीन खराब होने के कारण वह जैसे ही बाहर आया तो उसे 2 अज्ञात ठगों ने अपनी बातों के जाल में फंसाकर उससे 45 हजार रुपये ठग लिए। इस दौरान ठगों ने उसे 1 लाख रुपये की गड्डी का लालच दिया था। पीड़ित ने बताया कि जब उसने गड्डी को खोला तो उसमें महज कागज के टुकड़ों का बंडल निकला। पीड़ित पिंटू कुमार ने बताया कि उसे घर पर अपने परिवार का एक पुराना कर्ज उतारना था। इसके लिए उसने अपने मालिक से 45,000 रुपये उधार लिए थे। वह यह पैसा अपने घर भेजने के लिए एटीएम में जमा करवाने गया था। मशीन में किसी कारणवश पैसे जमा नहीं हो पाए।

    जैसे ही वह एटीएम से बाहर निकला,गेट पर उसे एक अनजान व्यक्ति मिला। उस व्यक्ति ने पिंटू से पूछा कि उसे कितने पैसे जमा कराने हैं। पिंटू के 45,000 बताने पर उस शख्स ने कहा कि उसे भी 1 लाख रुपये जमा करवाने हैं, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही है। ठग ने पिंटू को झांसा दिया कि वे किसी दुकान से गूगल-पे (Google Pay) के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं। इसी दौरान ठग का दूसरा साथी वहां आ पहुंचा। दोनों ने मिलकर पिंटू को एक गड्डी दिखाई, जिसके ऊपर 500 रुपये का असली नोट लगा था। उन्होंने पिंटू से कहा, ये 1 लाख रुपये तुम पकड़ो और शिवपुरी चौक स्थित दुकान पर जाकर जमा करवा दो, बदले में तुम्हारे 45,000 रुपये कैश हम रख लेते हैं। पिंटू उनके झांसे में आ गया। उसने अपने 45,000 रुपये उन्हें दे दिए और वह गड्डी लेकर शिवपुरी चौक की तरफ चला गया। दोनों ठग कुछ दूर तक उसके पीछे आए और फिर अचानक गायब हो गए। जब पिंटू ने गड्डी खोलकर देखी तो उसके होश उड़ गए।

    ऊपर के एक 500 के नोट को छोड़कर बाकी सारे सादे कागज के टुकड़े थे। पिंटू का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि एक तरफ तो वह पहले से ही कर्ज में डूबा था, दूसरी तरफ अब उस पर मालिक के 45,000 रुपये का अतिरिक्त कर्ज चढ़ गया है। इस पैसे को चुकाने के लिए अब उसे अगले 5-6 महीने बिना वेतन के मालिक के पास काम करना पड़ेगा। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत सुंदर नगर थाने में जाकर अपनी शिकायत (कच्ची कंप्लेंट) दर्ज करवाई। लेकिन 3 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यहां तक कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जहमत भी नहीं उठाई। पीड़ित ने खुद ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई है। पिंटू ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया जाए और उसकी खून-पसीने की कमाई वापस दिलाई जाए।

  • Punjab News: बस और कार की टक्कर में तीन महिला समेत 6 लोग घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: बस और कार की टक्कर में तीन महिला समेत 6 लोग घायल, देखें वीडियो

    मोहालीः खरड़-लुधियाना हाईवे पर खानपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें पंजाब रोडवेज की बस और दो कारों की टक्कर में तीन महिलाओं समेत 6 लोग घायल हो गए।

    जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस फरीदकोट से चंडीगढ़ जा रही थी। जब बस खानपुर गांव के पास फ्लाईओवर से नीचे उतर रही थी, तभी नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा हाईवे पर बनाए एक नए कट से अचानक एक कार बस के सामने आ गई। जिस पर बस ड्राइवर ने कार को बचाने की कोशिश की, लेकिन फिर भी कार बस से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान बस ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे एक प्लॉट में उतार दिया, जिससे बस में सवार यात्री भी घायल हो गए।

    हादसे में घायल लोगों की पहचान लुधियाना निवासी अमिता शर्मा, लुधियाना निवासी सबोद कुमारी, लुधियाना निवासी राजवीर सिंह, लुधियाना निवासी संदीप सिंह, साहनेवाल पुलिस स्टेशन की पंजाब पुलिस अधिकारी सुरिंदर कौर और कार ड्राइवर अभिषेक आहूजा के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते उन्हें सिविल अस्पताल फेज-6 मोहाली रेफर कर दिया है।

    सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे घायल राजवीर सिंह और संदीप सिंह ने बताया कि बस ड्राइवर ने समझदारी दिखाते बस को एक खाली प्लॉट में उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन प्लॉट गहरा था और झटके के कारण यात्रियों को चोटें आईं।

    पंजाब रोडवेज बस के ड्राइवर गुरसेवक सिंह ने बताया कि वह बस सामान्य गति से चला रहे थे। कार ड्राइवर ने अचानक हाईवे पर बने एक कट से कार को दूसरी तरफ मोड़ दिया, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिटी खरड़ पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी लखविंदर पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार के पीछे आ रही एक और कार जिसे जम्मू-कश्मीर के रहने वाले रोशन सिंह चला रहे थे, वह भी इस टक्कर की चपेट में आ गई, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • FDA का एक्शनः 100 होटल, कैफे और ढाबे के रद्द किए लाइसेंस, हाईकोर्ट ने की टिप्पणी

    FDA का एक्शनः 100 होटल, कैफे और ढाबे के रद्द किए लाइसेंस, हाईकोर्ट ने की टिप्पणी

    पुणेः एफडीए की ओर से ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। दरअसल, हाल ही में एफडीए ने अपने विशेष निरीक्षण अभियान के तहत होटल, कैफे और ढाबों के लाइसेंस रद्द कर दिए थे, जिसमें रैडिसन होटल भी शामिल था। वहीं रैडिसन होटल की ओर से एफडीए के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। बॉम्बे हाईकोर्ट में नवी मुंबई के पार्क इन बाय रैडिसन होटल की याचिका पर सुनवाई हो रही थी, तभी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी घुगे और एक अन्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने एफडीए को ये अहम बातें रखी। जस्टिस रविंद्र घुगे और जस्टिस गौतम अखंड की पीठ ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में यह सवाल उठाया कि आखिर इस प्रकिया का मापदंड क्या होना चाहिए, जब चर्चा कीड़ों-मकोड़ों पर पहुंची तो पीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए कहा, “पिछले सप्ताह मेरी मेज़ पर, बिल्कुल सामने, एक बड़ा कीड़ा बैठा था। अब हम क्या कर सकते हैं।

    हम भारत में हैं। मैं अभी आपको एक मक्खी के बारे में बता रहा था, है न? अभी भी यहां एक मक्खी उड़ रही है। हम भारत में हैं; हमें व्यावहारिक और यथार्थवादी दृष्टिकोण अपनाना होगा।” बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक होटल का फूड लाइसेंस निरस्त करने के मामले पर अहम टिप्पणी की। उन्होंने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कोर्ट ने कहा, हम भारत में हैं। खाद्य सुरक्षा के नियम लागू करते समय हमें व्यावहारिक (रियलिस्टिक) दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। हालांकि अदालत ने यह भी कहा कि जन स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

    दरअसल, एफडीए की ओर से होटल में अचानक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान होटल में दो कीड़े मिले, ऐसे में एफडीए ने होटल का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया था। यह होटल उन्हीं 100 होटलों में शामिल था जिनके लाइसेंस एफडीए ने निलंबित किए। होटल की ओर से पेश वकील ने दलील दी, “मुद्दा एक कॉकरोच या 10 कॉकरोच का नहीं है। लेकिन केवल एक चेकलिस्ट के आधार पर लाइसेंस निलंबित नहीं किया जा सकता।” वकील ने यह भी तर्क दिया कि एफडीए ने लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई से पहले अपने फैसले के समर्थन में लिखित रूप में पर्याप्त और ठोस कारण दर्ज नहीं किए थे। इस मामले को लेकर अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।

     

  • Punjab News: बंद के आह्वान पर शहर में खुला मिला मिनी सचिवालय, दी चेतावनी, देखें वीडियो

    Punjab News: बंद के आह्वान पर शहर में खुला मिला मिनी सचिवालय, दी चेतावनी, देखें वीडियो

    होशियारपुरः बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर पंजाब बंद का आह्वान किया गया था। जिस पर होशियारपुर में बंद के आह्वान के बावजूद शहर का मिनी सचिवालय खुला रहने से माहौल काफी गर्मा गया। मिनी सचिवालय में कामकाज होता देख भड़के संगठनों ने तुरंत मुख्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और उसे ब्लॉक कर दिया।

    प्रदर्शनकारी संगठनों के नेताओं ने प्रशासन को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर आधे घंटे के भीतर मिनी सचिवालय को पूरी तरह खाली नहीं कराया तो वे प्रशासन का पुतला जलाकर विरोध को और तेज कर देंगे। बंद के आह्वान के बावजूद सरकारी दफ्तर खुले रखना संगठनों के साथ धोखा है।

    संगठनों की चेतावनी के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। हालात बिगड़ने के डर को देखते प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। संगठनों की मांग मानते प्रशासन ने जल्द से जल्द मिनी सचिवालय खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की और प्रदर्शनकारियों की बात मान ली। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सचिवालय के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर भेज दिया जाएगा।

     

     

  • चोरों ने शीतला माता मंदिर में पहले मांगी माफी फिर चुराई दान पेटी, देखें CCTV

    चोरों ने शीतला माता मंदिर में पहले मांगी माफी फिर चुराई दान पेटी, देखें CCTV

    नागपुरः लकड़गंज इलाके में स्थित शीतला माता मंदिर से दान पेटी चोरी होने का मामला सामने आया है। जहां 2 आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। चोरों ने पहले भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और उसके बाद मंदिर की दानपेटियों के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

    पुलिस के अनुसार, मालधक्का परिसर स्थित शीतला माता मंदिर और शिव मंदिर की देखरेख करने वाले जितेंद्र पांडे मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों दानपेटियों के ताले भी टूटे हुए थे और उनमें रखी नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में 2 चोर मंदिर के अंदर प्रवेश करते दिखाई दिए।

    सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी करने से पहले दोनों चोरों ने भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। इसके बाद उन्होंने दानपेटियों के ताले तोड़े, उसमें रखी नकदी निकाली और मौके से फरार हो गए। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर लकड़गंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों चोरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मंदिर में चोरी का यह अनोखा मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

  • Punjab News: ट्रक की चपेट में आने से एनआरआई की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: ट्रक की चपेट में आने से एनआरआई की मौत, देखें वीडियो

    होशियारपुरः गढ़शंकर बंगा चौक पर एक ट्रक की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौके पर ही मौत हो जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार स्कूटर सवार बंगा की तरफ से शहर की ओर आ रहा था, तभी दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

    मृतक की पहचान अकालगढ़ निवासी एनआरआई गुरदयाल राम (पिता दौलत राम) के रूप में हुई है, जो कतर से छुट्टी पर आए हुए थे। घटना स्थल पर गढ़शंकर पुलिस ने लोगों की मदद से ट्रक को जब्त कर लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़शंकर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इस मौके पर हलका इंचार्ज (कांग्रेस) अमरप्रीत सिंह लाली और कंडी संघर्ष समिति के कन्वीनर दर्शन सिंह मट्टू ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    उधर, सब इंस्पेक्टर सरीन चेची ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

     

  • Punjab बंद के दौरान पुल पर हुआ हादसा, पुलिस कर्मी की मौत, देखें वीडियो

    Punjab बंद के दौरान पुल पर हुआ हादसा, पुलिस कर्मी की मौत, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिल में पंजाब बंद के दौरान ड्यूटी निभा रहे एक पुलिस जवान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 9वीं बटालियन के सीनियर कांस्टेबल रणबीर सिंह की ड्यूटी भंडारी पुल पर लगी हुई थी, जहां पंजाब बंद के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। ADCP हरपाल सिंह ने बताया कि ड्यूटी के दौरान रणबीर सिंह के घर से फोन आया कि उनका बच्चा गिरने के कारण घायल हो गया है।

    इस संबंध में उनके इंचार्ज SI खुशवंत सिंह ने उन्हें घर जाने की अनुमति देने की विनती की, जिसके बाद रणबीर सिंह को घर जाने की मंजूरी दे दी गई। रणधीर सिंह अपनी एक्टिवा पर घर के लिए रवाना हुए, लेकिन जैसे ही वह भंडारी पुल से उतरकर हुसैनपुरा की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचे तो उनकी एक्टिवा अचानक स्लिप हो गई।

    हादसे के दौरान उनका सिर सीधा सड़क से जा टकराया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। ADCP हरपाल सिंह ने बताया कि हादसे के समय रणबीर सिंह के मुंह से काफी खून निकल रहा था। उन्होंने कहा कि रणबीर सिंह बटाला के खजूरी गेट के रहने वाले थे और वह पुलिस विभाग के एक होनहार और मेहनती जवान थे। उनकी अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है और साथी कर्मचारियों में भी गहरा दुख पाया जा रहा है।

  • स्कूल में 5वीं कक्षा के छात्रों में हुई मारपीट में एक की मौत, 7 टीचर सस्पेंड, देखें वीडियो

    स्कूल में 5वीं कक्षा के छात्रों में हुई मारपीट में एक की मौत, 7 टीचर सस्पेंड, देखें वीडियो

    कौशाम्बीः उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में सरकारी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5वीं के 2 बच्चों के बीच हाथापाई हो गई। यह मामला चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। जहां मारपीट में घायल 12 वर्षीय छात्र की ईलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान 12 वर्षीय विभान निवासी गांव बीरू राठौर के रूप में हुई है। छात्र की मौत को लेकर गुस्साए परिजन और ग्रामीण उसका शव लेकर स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    वहीं घटना में दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरु कर दी है। आरोप है कि घटना के बाद स्कूल की तरफ से परिजनों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान मौजूद शिक्षक ने दोनों बच्चों को रोकने की कोशिश नहीं की और मूकदर्शक बने रहे।

    बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि चायल ब्लाक के सुधवर प्राथमिक विद्यालय में छात्र की मौत के मामले में एबीएसए चल की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृश्य दोषी पाए गए प्रधानाध्यापक समेत 6 अध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले को लेकर विभागीय जांच कराई जा रही है। शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से विद्यालय में चलती रहे इसके लिए 7 अध्यापकों को सस्पेंड कर दिया गया है। परिजनों का कहना है कि जब विभान घर पहुंचा तो उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। उसके गले से खाना और पानी तक नहीं उतर रहा था। तब परिवार के लोगों ने उससे कारण पूछा।

    इस पर उसने स्कूल में बच्चों के बीच हुई मारपीट की जानकारी दी। बेटे की हालत गंभीर देखकर परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ चायल शिवांक सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में मारपीट के बाद छात्र की मौत और हंगामा की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तथ्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगा।

  • दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर में धमाका, 4 लोग झुलसे

    दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर में धमाका, 4 लोग झुलसे

    रेवाड़ीः रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र में रात 8 बजे एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें गरीब नगर मोहल्ले में स्थित एक दुकान में गैस सिलेंडर में गैस भरते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

    हादसे में चार लोगों के झुलसने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    हादसा एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर से अवैध रूप से गैस ट्रांसफर किए जाने के खतरनाक चलन पर सवाल खड़े करता है। बिना सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित मानकों के गैस ट्रांसफर करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।