Blog

  • धरने-प्रदर्शन की आड़ में बड़ी साजिश का अंदेशा, धारा 144 लागू 

    धरने-प्रदर्शन की आड़ में बड़ी साजिश का अंदेशा, धारा 144 लागू 

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में धरने-प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। धरने-प्रदर्शन की आड़ में बड़ी साजिश का अंदेशा है। साउथ-ईस्ट दिल्ली में खास तौर पर एडवाइजरी जारी की गई है। अगले 60 दिनों तक जामिया यूनिवर्सिटी के आसपास विशेष तौर पर मशाल और कैंडल मार्च जैसे प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई है। धारा 144 की लागू गई है। आदेश ना मानने पर कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।

    बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में निजामुद्दीन और शाहीन बाग सहित कई स्थानों पर ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) से संबद्ध ठिकानों पर छापेमारी के बाद मंगलवार को 30 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने तड़के कई स्थानों पर छापेमारी की। 

    छापेमारी के दौरान पुलिस को कई ऐसे संवेदनशील दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जिससे पता चला है कि राजधानी में अशांति फैलाने की योजना बनाई जा रही थी। सूत्रों के मानें तो राजधानी में हिंसा फैलाने के सबूत हाथ लगे हैं, हालांकि अभी जब्त सामग्री की जांच की जा रही है।

  • पंजाब से बड़ी ख़बरः आप विधायक के पिता का हुआ देहांत

    पंजाब से बड़ी ख़बरः आप विधायक के पिता का हुआ देहांत

    चंडीगढ़ः भदौड़ से बड़ी ख़बर सामने आई है। भदौड़ से आप विधायक लाभ सिह उगोके के पिता दर्शन सिंह का देहांत हो गया है। आप विधायक के पिता का लुधियाना के डीएमसी में ईलाज चल रहा था। जहां उन्होंने आज अतिंम सांस ली। बता दें कि उगोके के पिता ने गलती से गलत दवाई खा ली थी, जिसके बाद तबियत खराब होने पर उन्हें तुरंत डीएमसी अस्पताल लुधियाना में भर्ती कराया गया। आप विधायक लाभ सिंह उगोके पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर चर्चा में आए थे। 

  • पंजाब: इंसानियत हुई शर्मसार, नाले से नवजात शिशु का शव बरामद

    पंजाब: इंसानियत हुई शर्मसार, नाले से नवजात शिशु का शव बरामद

    मोगाः दुनिया भर में लाखों ऐसे बदकिस्मत दंपत्ति हैं जो निःसंतान हैं और अपने घरों में बच्चों को जन्म देने के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं, ऐसे नीची सोच वाले लोग भी हैं जो भगवान के इस आशीर्वाद को सड़कों पर फेंक देते हैं। ऐसा ही एक मामला स्थानीय न्यू टाउन में सामने आया है, जहां एक नवजात शिशु को नाले में फेंक दिया गया।

    मिली जानकारी के अनुसार नाले में पानी बंद होने के कारण स्थानीय लोगों ने नाले में पड़ी एक बोरी को खोला तो उसमें एक मृत नवजात शिशु बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चे के शव को सिविल अस्पताल मोगा  में भिजवा दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

  • पंजाब-हरियाणा में बारिश के कारण आसमान पर पहुंची सब्जियों की कीमत, जाने रेट

    पंजाब-हरियाणा में बारिश के कारण आसमान पर पहुंची सब्जियों की कीमत, जाने रेट

    चंडीगढ़ः पंजाब और हरियाणा में लगातार चार दिन तक बारिश के बाद हरी सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। सब्जियों की दरों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी हो गई है, जिसकी वजह से दोनों राज्यों में आम लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। व्यापारियों के अनुसार हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले एक सप्ताह में मटर और फूलगोभी जैसी सब्जियों की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है। 

    मटर की खुदरा कीमत 130-150 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 250 तक हो गई है, जबकि टमाटर 40 से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। दोनों राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश समेत कुछ पड़ोसी राज्यों में भारी मानसूनी बारिश के बाद कई सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसकी वजह से कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है। बींस और ककड़ी जैसी अन्य सब्जियों की खुदरा कीमतों में भी वृद्धि हुई है। ये क्रमश: 100-110 रुपये प्रति किलोग्राम और 50-60 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास हैं। फूलगोभी पहले 70-80 से करीब थी। अब 100-120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, करेला 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जो पहले 60 रुपये प्रति किलो था। गाजर की कीमत 50 से बढ़कर 60-70 रुपये हो गई है, जबकि लौकी 40 से बढ़कर अब 50-60 रुपये प्रति किलो हो गई है। 

    मूली की कीमतें 40 से बढ़कर 60-80 रुपये हो गई हैं। नींबू के दाम भी 25-30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति 250 ग्राम हो गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि धनिया 20 रुपये प्रति 100 ग्राम से बढ़कर 30 तक पहुंच गया है, जबकि मिर्च की कीमतें भी बढ़ गई हैं। हालांकि प्याज, आलू के अलावा सेब, नाशपाती और केले जैसे फलों की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। मौसम ठीक होने के कुछ दिनों बाद सब्जियों की कीमतों में स्थिरता आने की संभावना है।

  • पंजाबः भ्रष्टाचार के आरोप में IFS अधिकारी गिरफ्तार

    पंजाबः भ्रष्टाचार के आरोप में IFS अधिकारी गिरफ्तार

    चंडीगढ़ः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सोमवार को भ्रष्टाचार के आरोप में प्रधान मुख्य सरंक्षक वन आईएफएस अधिकारी प्रवीन कुमार को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो ने पिछली कांग्रेस सरकार में वन मंत्री संगत सिंह गिलजियां के कार्यकाल के दौरान हुए घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें प्रवीन कुमार का भी नाम शामिल था। विजिलेंस के मुताबिक जांच के दौरान प्रवीन कुमार ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री गिलजियां ने उन पर विधानसभा चुनाव के लिए निर्धारित विभाग के फंड से पैसे की व्यवस्था करने का दबाव डाला।

    इसके बाद कुमार ने पूर्व मंत्री के भतीजे दलजीत सिंह के साथ कथित तौर पर पैसों का इंतजाम करने के लिए साजिश रची। नतीजन वन विभाग में ट्री गार्ड की खरीद में लाखों रुपये का घोटाला हुआ। वन विभाग की ओर से खरीदे गए हर ट्री गार्ड पर 800 रुपये की रिश्वत ली गई। इसके अलावा, संगत सिंह और प्रवीन कुमार ने रिश्वत लेकर जनवरी में कई अधिकारियों को मनपसंद पोस्टिंग दी।  

  • देश में कोरोना की रफ्तार पड़ी धीमी: 24 घंटों में 4 हज़ार से भी कम नए मामले

    देश में कोरोना की रफ्तार पड़ी धीमी: 24 घंटों में 4 हज़ार से भी कम नए मामले

    नई दिल्ली: भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,230 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 4,45,75,473 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 42,358 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 32 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,562 पर पहुंच गई है। इन 32 मामलों में वे 22 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं।

     आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 42,358 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,057 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गई है। 

    गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।  

  • राशिफल (मंगलवार 27 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (मंगलवार 27 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी व्यक्ति विशेष से कहासुनी हो सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। बनते काम बि‍गड़ सकते हैं। चोट व दुर्घटना से बचें। नकारात्मकता बढ़ेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। घर में तनाव रहेगा। पार्टनरों से मतभेद व कहासुनी हो सकती है।

    वृषः कानूनी अड़चन दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। सभी कार्य समय पर होंगे। निवेश शुभ रहेगा। आय में वृद्धि होगी। स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

    मिथुनः प्रतिद्वंद्विता में वृद्धि होगी। थकान व कमजोरी रहेगी। स्थायी संपत्ति में वृद्धि होगी। कोई बड़ा सौदा हो सकता है। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। कारोबार में वृद्धि होगी। घर-बाहर सभी तरफ से सहयोग प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें।

    कर्कः कोई आनंददायक यात्रा का आयोजन हो सकता है। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। कारोबारी व्यस्तता रहेगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। घर-परिवार की चिंता रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। प्रभावशाली व्यक्तियों से परिचय होगा। प्रमाद न करें।

    सिंहः जोखिम व जमानत के कार्य टालें। शत्रु हानि पहुंचा सकते हैं। विवाद को बढ़ावा न दें। शोक समाचार मिल सकता है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। व्यवसाय में मनोनुकूल लाभ होगा। आय बनी रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। मेहनत अधिक होगी।

    कन्याः नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। उच्चाधिकारी की प्रसन्नता प्राप्त होगी। पारिवारिक चिंता में वृद्धि होगी। श‍त्रुओं से सावधानी आवश्यक है। निवेश शुभ रहेगा। मेहनत का फल प्राप्त होगा। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। जोखिम व जमानत के कार्य टालें।

    तुलाः आत्मसम्मान बना रहेगा। अच्छे समाचार मिलेंगे। अतिथियों का आगमन होगा। प्रसन्नता में वृद्धि होगी। किसी बड़े काम को करने का मन बनेगा। जल्दबाजी न करें। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नए मित्र बनेंगे। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। आय में निश्चितता रहेगी।

    वृश्चिकः उत्साह व प्रसन्नता से काम कर पाएंगे। कोई बड़ा कार्य होने से प्रसन्नता में वृद्धि होगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति होगी। बेरोजगारी दूर होगी। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रमोशन मिल सकता है। निवेश शुभ रहेगा। भाग्य की अनुकूलता रहेगी। प्रमाद न करें।

    धनुः फालतू खर्च होगा। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। जीवनसाथी से असहयोग मिलेगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। लेन-देन में जल्दबाजी व लापरवाही न करें। धनहानि हो सकती है। विवाद से बचें। झंझटों से दूर रहें। आय में निश्चितता रहेगी।

    मकरः रुका हुआ धन मिलने के योग हैं, प्रयास करते रहें। यात्रा लाभदायक रहेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। रोजगार में वृद्धि होगी। आय बढ़ेगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। भाइयों का सहयोग प्रसन्नता में वृद्धि करेगा। घर-बाहर जीवन सुखमय रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें।

    कुंभः नई योजना बनेगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। रोजगार में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने का अवसर प्राप्त हो सकता है। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। नए काम मिल सकते हैं। बाहर जाने का मन बनेगा। प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। जल्दबाजी न करें।

    मीनः तंत्र-मंत्र में रुचि जागृत होगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। सभी तरफ से सफलता प्राप्त होगी। प्रसन्नता में वृद्धि होगी। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्‍य प्रभावित हो सकता है। थकान रहेगी।

  • पंजाबः अवैध माइनिंग पर पुलिस ने कसा शिकंजा, टिप्पर और ट्राली सहित 4 गिरफ्तार

    पंजाबः अवैध माइनिंग पर पुलिस ने कसा शिकंजा, टिप्पर और ट्राली सहित 4 गिरफ्तार

    तरनतारन: पंजाब सरकार ने अवैध माइनिंग को लेकर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वहीं थाना सदर पट्टी की पुलिस ने नदी किनारे रेत की अवैध माइनिंग के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सब इंस्पेक्टर मुखिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सतलुज नदी क्षेत्र के जलोके गांव के पास कुछ लोग रेत की अवैध माइनिंग कर रहे हैं।

    उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस दल के साथ छापेमारी की और मौके से 4 लोगों को रेत के साथ 2 टिप्पर, एक पॉकलाइन मशीन, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, 3 कारों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उक्त व्यक्तियों की पहचान कमलजीत सिंह पुत्र महिंदर सिंह, भूपिंदर सिंह उर्फ ​​भिंदा पुत्र सूबा सिंह निवासी भऊवाल, संदीप सिंह उर्फ ​​लाली पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी तूत और गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोपी पुत्र कारज सिंह निवासी गांव जंड के रूप में हुई है। सब इंस्पेक्टर मुखिंदर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

  • पुलिस कार्रवाई से नाखुश मृतका के परिजनों ने किया रोड जाम

    पुलिस कार्रवाई से नाखुश मृतका के परिजनों ने किया रोड जाम

    ससुरालियों पर बेटी को ज़हरीला पदार्थ देकर मारने का आरोप
    ऊना/सुशील पंडित : उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते गांव चंदपुर में 28 वर्षीय विवाहिता की मौत के विरोध स्वरूप मायके पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए प्रदर्शन किया। मृतका के परिजनों ने चंदपुर में टाहलीवाल-पालकवाह रोड़ जाम करते हुए पुलिस प्रशासन व स्थानीय नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। मृतका के परिजनों का आरोप है कि बेटी को ससुराल पक्ष ने जहर देकर मार दिया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने पर भी आरोपीयों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
    परिजनों द्वारा किए गए प्रदर्शन व रोड़ जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। 
    मृतका के पिता चंदपुर निवासी फतेह सिंह ने बताया कि बेटी बबीता देवी की शादी 5 वर्ष पहले कुठारबीत निवासी रामपाल के साथ हुई थी। मेरी बेटी के दो वच्चे है। उन्होंने बताया कि बेटी को पिछले काफी समय से ससुराल वाले नजायज तंग करते थे। हमने कई बार समझाया था, लेकिन गत सोमवार को बेटी ने अपने पति रामपाल, सास, ससुर व जेठानी की प्रताडऩा से तंग आकर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। फतेह सिंह का कहना है कि बेटी के जहर निगलने की सूचना भी ससुराल पक्ष से नहीं, बल्कि किसी अन्यों से उन्हें प्राप्त हुई थी।  उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन आज दिन तक पुलिस द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं की।  रोड़ जाम की सूचना मिलने पर हरोली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन परिजन डीसी व एसपी की मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब अढ़ाई घंटे चले प्रदर्शन के बाद एएसपी ऊना प्रवीन धीमान मौके पर पहुंचे, जिन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए मामले को शांत करवाया। जानकारी देते हुए एएसपी ऊना प्रवीन धीमान ने कहा कि मामले को लेकर पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर ससुराल पक्ष पर विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है, लेकिन आरोपियों ने हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई हुई है। साथ ही पुलिस की पूछताछ में भी साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष तौर पर मामले की जांच कर रही है।
  • पंजाबः सीएम मान ने कैनेडियन राज्य ससकैचवन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ की मीटिंग, राज्य में निवेश करने का दिया न्यौता

    पंजाबः सीएम मान ने कैनेडियन राज्य ससकैचवन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ की मीटिंग, राज्य में निवेश करने का दिया न्यौता

    चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब और कैनेडा ख़ास तौर पर वहां के राज्य ससकैचवन के बीच संबंधों को और मज़बूत करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। कैनेडियन राज्य ससकैचवन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विचार-विमर्श के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और कैनेडा के इस राज्य के बीच मज़बूत और दोस्ताना संबंधों की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि कैनेडा की सामाजिक-आर्थिक तरक्की में पंजाबी अहम भूमिका निभा रहे हैं। भगवंत मान ने कहा कि यह बड़े मान और संतोष वाली बात है कि बड़ी संख्या में पंजाबियों ने कैनेडा के राजनैतिक क्षेत्र में भी अपने लिए अलग जगह बनाई है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश भर में से उद्योग लगाने के लिए सबसे पंसदीदा स्थान है। उन्होंने ससकैचवन के प्रतिनिधिमंडल को न्योता दिया कि वह उद्यमियों को पंजाब में निवेश के लिए उत्साहित करें जिससे वह औद्योगिक तरक्की के लिए यहां के अनुकूल माहौल का लाभ ले सकें। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य को पहले ही औद्योगिक तरक्की की राह पर डाल दिया है, जिससे निवेशकों को लाभ होगा। कैनेडा में बसे पंजाबियों को सुचारू तरीके से पंजाब के बरैंडिड उत्पाद हासिल करने योग्य बनाने के लिए समूचे ढांचे को मज़बूत करने का मुद्दा उठाते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के सोहना मार्का के उत्पाद विश्व प्रसिद्ध हैं और कैनेडा में निवासी पंजाबी भाईचारा इन उत्पादों को ख़ास तौर पर पसंद करता है। इसी तरह वेरका के उत्पाद घी, दूध, मक्खन, लस्सी, खीर, दही, आईस-क्रीम, मिठाईयां और अन्य वस्तुएँ पहले ही अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। भगवंत मान ने विदेशों में रहते पंजाबियों तक यह वस्तुएं आसानी से पहुंचाने करने के लिए सप्लाई लड़ी को मज़बूत करने के लिए कैनेडा के प्रतिनिधिमंडल से सहयोग मांगा।

    मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब और कैनेडा ख़ास तौर पर ससकैचवन के बीच सहयोग से दोनों मुल्कों को बड़ा फ़ायदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य के व्यापक विकास को यकीनी बनाने के लिए इसकी तत्काल ज़रूरत है। भगवंत मान ने उम्मीद अभिव्यक्ति कि पंजाब और कैनेडा के बीच परस्पर सहयोग राज्य के नौजवानों के लिए रोज़गार के नये मौके खोल कर उनकी तकदीर बदल देगा। इस दौरान कैनेडा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल एडीएम इंटरनेशनल इंगेजमैंट, ससकैचवन ट्रेड और एक्सपोर्ट डिवैल्पमैंट रिशैल बोरगौन, एमडी ससकैचवन इंडिया आफिस विक्टर ली, कौंसिल जनरल आफ कैनेडा पैट्रिक हेबरट और यूनिवर्सिटी आफ ससकैचवन में वाइस प्रैज़ीडैंट आफ रिर्सच डा. बलजीत सिंह ने मुख्यमंत्री का समय देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को हरेक क्षेत्र में भरपूर सहयोग और तालमेल करने का यकीन भी दिलाया।