Blog

  • जालंधरः HL Restaurant में पुलिस की रेड…

    जालंधरः HL Restaurant में पुलिस की रेड…

    जालंधर (हर्ष कुमार)। मकसूदा चौक के पास एच एल रेस्टोरेंट बार में सीआईए स्टाफ की पुलिस ने रेड कर वहां से 6 लोगों को अपनी हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह उर्फ सुख पुत्र तीर सिंह वासी मोती नगर, गुरप्रीत सिंह पुत्र तरलोचन सिंह वासी मोहल्ला उधम सिंह नगर, प्रदीप कुमार पुत्र संजीव कुमार वासी भगत सिंह नगर, पारस पुत्र विजय कुमार वासी आदर्श नगर, अमन पुत्र गिरधारी लाल वासी गांव पलिया यूपी, आरिज खान पुत्र अहमद खान वासी अली मोहल्ला के रूप में हुई है। 

    सीआईए प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि उनकी टीम गश्त के दौरान मकसूदा मौजूद थी। उन्हें गुप्त सूचना मिली की एच एल रेस्टोरेंट्स में बिना परमिट से ग्राहकों को शराब और हुक्का परोसा जा रहा है। पुलिस ने टीमें बनाकर वहां पर रेड की तो एच एल रेस्टोरेंट्स से ब्लेंडर प्राइड शराब और हुक्के की सामग्री बरामद हुई।

  • पंजाबः इस मामले में किसानों ने दी प्रशासन को चेतावनी, जाने कब करेंगे घेराव

    पंजाबः इस मामले में किसानों ने दी प्रशासन को चेतावनी, जाने कब करेंगे घेराव

    अमृतसरः जिले में बीते दिनों एनआरआई के शादी समारोह के दौरान 2 शराब तस्करों के बीच हुई गोली बारी की घटना के मामले ने एक बार फिर से तूल पकड़ ली है। एनआरआई परिवार के समर्थन में अब किसान जत्थेबंदी आ गई हैं। दरअसल, एनआरआई परिवार का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने उनके गेस्ट पर भी पर्चा कर दिया।

    इतना ही नहीं, इस पूरे घटनाक्रम को शराब तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ करार दे दिया है। एनआरआई परिवार के हक में आए किसान संगठनों ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान कई विदेशों में बसे एनआरआई परिवारों ने काफी मदद की थी, लेकिन अब जब उन्हें जरूरत है तो किसान उनके साथ ही हैं।

    उन्होंने जिला प्रशासन को इस मसले को सुलझाने के लिए सोमवार तक का समय दिया है। अन्यथा पंजाब के डीसी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने सही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि पंजाब में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। किसी के शादी समारोह में इस तरह गुंडागर्दी करना निंदा योग्य है। इतना ही नहीं, पुलिस ने भी दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की जगह एनआरआई के परिवार व उनके मेहमानों के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने मौजूदा एसएचओ व अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है।

  • घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने से पहले पढ़े ये ख़बर, ‘पेवमेंट्स आर फॉर पीपल’ के जरिए ट्रैफिक पुलिस दे रही चेतावनी

    घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने से पहले पढ़े ये ख़बर, ‘पेवमेंट्स आर फॉर पीपल’ के जरिए ट्रैफिक पुलिस दे रही चेतावनी

    चंडीगढ़ः ट्रैफिक पुलिस लगातार घरों के आगे फुटपाथ और रोड साइड गाड़ियां खड़ी करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिसकर्मी सेक्टरों में विशेष जागरूकता मुहिम भी चला रहे हैं। इनमें सेक्टरों के रिहायशी इलाकों और मार्किट एरिया को भी कवर किया जा रहा है। माइक के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करते हुए चेतावनी दी जा रही है। पुलिस ‘पेवमेंट्स आर फॉर पीपल’ के नाम से जागरूकता मुहिम चला रही है। इसमें लोगों को बताया जा रहा है कि पेवमेंट में गाड़ी पार्क कर बाधा पैदा करना गैरकानूनी है।

    पुलिस लोगों को चेतावनी दे रही है कि मोटर व्हीकल रोड साइड पेडेस्ट्रियन पाथ/पेवमेंट तथा साइकिल/रिक्शा ट्रैक पर पार्क न करें। इसे मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों की उल्लंघना बताया गया है। पुलिस लोगों को चेतावनी दे रही है कि इस प्रकार मोटर व्हीकल की पार्किंग करने पर उन्हें टो कर जब्त कर लिया जाएगा और चालान भी किया जाएगा। पुलिस रॉन्ग पार्किंग में खड़े वाहनों का 500 रुपए का चालान कर रही है।

    पुलिस का कहना है कि सड़क किनारे और पेवमेंट्स पर गाड़ी पार्क करने से अन्य गाड़ियों के लिए सड़क पर जगह तंग हो जाती है। वहीं पैदल जा रहे व्यक्ति को भी पेडेस्ट्रियन पाथ/पेवमेंट्स की बजाय सड़क पर उतरना पड़ता है। इससे उनकी जान जाने और हादसों का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों, नेत्रहीनों आदि के लिए ज्यादा खतरा है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करते हुए बता रही है कि शहर भर में बनाए गए साइकिल ट्रैक्स पर भी मोटर व्हीकल चलाना गैरकानूनी है। इसमें 6 महीने तक की सजा हो सकती है। शहर के स्मार्ट कैमरे भी इस प्रकार की हरकतों को कैप्चर कर रहे हैं।

    शहर में कई ऐसे छोटे घर और तंग गलियां हैं जहां पर गाड़ी गेट के अंदर पार्क करना संभव नहीं है। ऐसे में उन्हें घरों के बाहर ही गाड़ियां पार्क करनी पड़ रही हैं। पुलिस ऐसे लोगों का भी चालान कर रही है। पुलिस का साफ कहना है कि या तो घरों में गाड़ी पार्क करें या डेजिग्नेटिड पार्किंग में गाड़ी लगाएं। चंडीगढ़ एस्टेट ऑफिस के नोटिस के बाद पुलिस यह सख्ती कर रही है।

    कुछ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि चंडीगढ़ प्रशासन को कम्युनिटी पार्किंग शहर भर में शुरू किया जाना चाहिए था। इस प्रकार लोगों को तंग करना गलत है। वहीं लोगों का कहना है कि पार्किंग पॉलिसी को भी प्रशासन लागू नहीं करवा पाया है। एक जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ की आबादी 12 लाख के लगभग है और वही शहर में वाहनों की संख्या 14 लाख के लगभग है।

  • कर्मचारी राज्य बिना निगम बद्दी में स्व-रचित काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

    कर्मचारी राज्य बिना निगम बद्दी में स्व-रचित काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

    बददी/सचिन बैंसल:  संयुक्त नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति पिंजौर-कालका-परवाणू के तत्वाधान में  स्व-रचित काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राज्य कर्मचारी बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में  नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति केंद्र सरकार के कार्यालयों, बैंकों तथा सरकारी उपक्रमों के लिए राजभाषा हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए एक मंच प्रदान किया गया। समिति के संयुक्त सचिव वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी कुमार रविशंकर ने बताया कि प्रतियोगिता में संयुक्त नराकास कालका-पिंजौर-परवाणु कार्यालय के विभिन्न सदस्य कार्यलयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।  इस अवसर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति कोषाध्यक्ष विरेंद्र कुमार अग्रवाल तथा अन्य कार्यकारी सदस्य भी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के आरंभ में सहायक निदेशक  हरपाल सिंह ने उपस्थित पदाधिकारियों तथा प्रतिभागियों को स्वागत किया।   संयुक्त सचिव  कुमार रविशंकर ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए समिति एक कारगर मंच है।  इस प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को समिति के वार्षिक समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
    उप निदेशक  प्रशांत बैजल ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन एक अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से कर्मचारियों के रचनात्मक कौशल का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कविताओं की सराहना की।  प्रतियोगिता में दुखमोचन गोपाल, चाहत गोयल, दीपा राम, सूरजभान, नवजोत शर्मा, अभिषेक तिवारी, मनोज तंवर आदि प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री चंद्रशेखर, अंजना राणा, सहायक सुकोमल, सन्नी मल्होत्रा व अजय कुमार तथा अन्य भी मौजूद रहे। 
  • प्रकाश चंद बरोटीवाला कालेज के पीटीए के प्रधान चुने

    प्रकाश चंद बरोटीवाला कालेज के पीटीए के प्रधान चुने

    बददी/ सचिन बैंसल:  राजकीय महाविद्यालय में शिक्षक अभिभावक संघ के चुनाव में प्रकाश चंद सर्वस मति से प्रधान चुने गए। कालेज के प्राचार्य राजेंद्र  कुमार की देखरेख में चुनाव कराए गए जिसमें प्रधान के अलावा उपप्रधान चंपा रानी, वरिष्ठ उपप्रधान केसर सिंह, सचिव डॉ. सुनिता गोयल, संयुक्त सचिव गुड्डी देवी तथा कोषाध्यक्ष के पद पर डॉ. ईना चुनी गई। इसके अलावा धनंजय, लता देवी, लक्ष्मी देवी, सुनिता, डॉ. राजेश चौहान, डॉ. तृप्ता, प्रो. पल्लवी चौहान, प्रो. शिल्पा कोचर, डॉ. नीति गुप्ता और प्रो. गुंजन को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। इस मौके पर अभिभावकों ने महाविद्यालय के विकास कार्यो में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
  • पंजाबः Tata शोरूम से ट्रायल के बहाने गन पॉइंट पर कार लेकर फरार हुए लुटेरे, देखे वीडियो

    पंजाबः Tata शोरूम से ट्रायल के बहाने गन पॉइंट पर कार लेकर फरार हुए लुटेरे, देखे वीडियो

    अमृतसरः जिल में लूटपाट और चोरी की वारदाते लगातार बढ़ रही है। वहीं जिले में गन पॉइंट पर कार छीनने का मामला सामने आया है। घटना गोल्डन गेट स्थित टाटा मोटर्स के शोरूम की है। मिली जानकारी के अनुसार, टाटा शोरूम पर एक मास्क पहने हुए युवक गाड़ी खरीदने के लिए पहुंचा। इसी दौरान उन्होंने टाटा की सफारी कार की टेस्ट ड्राइव लेने की मांग की।

    कंपनी ने फॉर्मेलिटी पूरी करने के बाद कर्मचारी को साथ भेज टेस्ट ड्राइव की अनुमति दे दी। अज्ञात आरोपी कार में तारां वाला पुल के समीप ही पहुंचा था, तभी आरोपी ने 32 बोर की पिस्टल तान दी। आरोपी ने चैक शर्ट पहन रखी थी और मुंह पर मास्क लगाया हुआ था। कर्मचारी जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपी ने पहले उसका मोबाइल फोन छीना और फिर कार से उतरने के लिए कहा। उसने कर्मचारी को गोली मारने की धमकी दी।

    जैसे ही वह कार से उतरा, आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच सीसीटीवी व कर्मचारी के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। टाटा मोटर्स ने कर्मचारी ने पुलिस को जानकारी दी है कि कार में पेट्रोल अधिक नहीं है। जिसके चलते आरोपी कार को अधिक दूर नहीं ले जा सकते। पुलिस ने आसपास के एरिया व पेट्रोल पंप पर इसकी सूचना दे दी है ताकि आरोपियों की हरकतों पर नजर रखी जा सके।

  • पंजाबः भ्रष्टाचार के मामले सरपंच के खिलाफ FIR दर्ज

    पंजाबः भ्रष्टाचार के मामले सरपंच के खिलाफ FIR दर्ज

    चंडीगढ़: पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों के नाम पर घूस लेने के आरोप में सरपंच हरजीत सिंह गुल्लू निवासी गांव मटरां, एसएएस नगर के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया है।

    विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि डेराबस्सी थाना के गांव बरोली निवासी सरबजीत कौर द्वारा मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उक्त सरपंच के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है। 

    उन्होंने बताया कि इस शिकायत की जांच पड़ताल और इस संबंध में पेश किए गए सबूतों की जांच के दौरान पता लगा कि उक्त सरपंच ने शिकायतकर्ता से एसएएस नगर के सोहाना पुलिस थाने में एक शिकायत के मामले में इन्साफ देने के लिए एक पुलिस कर्मचारी को 10,000 रुपये की दी थी। प्रवक्ता ने आगे कहा कि जांच के दौरान आरोप सही पाए गए और उक्त सरपंच के खिलाफ एफआईआर संख्या 23 दिनांक 09.11.2022 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुर कर दी है।

  • पंजाबः 10 हजार रुपए रिश्वत लेते महिला SHO गिरफ्तार

    पंजाबः 10 हजार रुपए रिश्वत लेते महिला SHO गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक/एसएचओ फाजिल्का बख्शीश कौर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मंडी गुरदयाल सिंह निवासी हजूर सिंह फाजिल्का की शिकायत पर आरोपी एसएचओ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र साथ रखें : डीसी

    मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र साथ रखें : डीसी

    मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो 12 वैकल्पिक फोटायुक्त दस्तावेज़ों को कर सकते हैं प्रयोग 
    ऊना/ सुशील पंडित:  जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि मतदाताओं को मतदान करने के लिए अपनी पहचान के लिए एक फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि यदि मतदाता के पास पहचान है तो सबसे अच्छा, यदि किसी कारणवश मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो उसके स्थान पर 12 अन्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेज़ों में से एक दस्तावेज़ को मतदान के दिन दिखाना अनिवार्य होगा।
    पहचान के 12 दस्तावेज़
     जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 12 फोटोयुक्त वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज मतदान के दौरान प्रस्तुत करना होगा। जिनमें पासपोर्ट, ड्राईविंग लाईसेंस, राज्य/केन्द्र सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियां को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंकों /डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, आरजीआई एवं एनपीआर द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पैंशन दस्तावेज, यूनिक डिसेविल्टी (यूडीआडी कार्ड) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और आधार कार्ड शामिल है। 
    उन्होंने बताया कि मतदाता पहचान पत्र में वर्तनीय या लेखन की अशुद्धि को नज़र अंदाज कर देना चाहिए बशर्तें मतदाता ऐसा फोटां पहचान पत्र प्रदर्शित करता है जोकि किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जारी किया गया है, तो वह पहचान पत्र भी मतदाता की पहचान स्थापित करने हेतू स्वीकृत किया जाएगा, बशर्ते निर्वाचक का नाम जहां वह मतदान करने आया है उस मतदान केन्द से संबन्धित निर्वाचक नामावली में उपलब्ध होना चाहिए। यदि फोटोग्राफ इत्यादि के बेमेल होने के कारण मतदाता की पहचान सुनिश्चित करना संभव न हो तो उपरोक्त वैकल्पिक दस्तावेज़ों में से कोई एक दस्तावेज़ प्रस्तुत करना होगा। 
    उन्होंने बताया कि जो प्रवासी मतदाता अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर लोक प्रतिनिधित्व 1950 की धारा 20 (क) के अधीन निर्वाचक नामावलियों में पंजीकृत हैं, मतदान केंद्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट के आधार पर ही पहचाना जाएगा। उनके लिए पहचान के अन्य दस्तावेज़ मान्य नहीं होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला के सभी मतदाताओं से 12 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।
  • जिला में  मतदान डयूटी पर तैनात कर्मचारियों ने ली चुनाव से पूर्व अंतिम ट्रेनिंग

    जिला में  मतदान डयूटी पर तैनात कर्मचारियों ने ली चुनाव से पूर्व अंतिम ट्रेनिंग

    ऊना/सुशील पंडित: 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत जिला के सभी विधानसभा क्षेंत्रों में चुनाव डयूटी पर तैनात कर्मचारियों को चुनाव से संबंधित तीसरे और अंतिम चरण का संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निग अधिकारियों ने कत्र्तव्य निष्ठा के साथ अपनी डयूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। हरोली विधानसभा क्षेत्र में कर्मचारियों को दिया अंतिम चुनाव प्रशिक्षण स्किल डेवलपमेंट सेंटर पालकवाह में कर्मचारियों के लिए विधानसभा चुनाव से पूर्व अंतिम रिहर्सल का आयोजन किया गया जिसमें प्रीसाइडिंग ऑफिसर्स, असिस्टेंट प्रीसाइडिंग ऑफिसर्स तथा पोलिंग ऑफिसर्स ने ईवीएम की ट्रेनिंग तथा चुनाव से संबंधित ट्रेनिंग प्रदान की गई। रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम हरोली विकास शर्मा ने प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहकर विधानसभा चुनाव 2022 से संबंधित प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं प्रशिक्षण कक्षों में पहुंच कर प्रशिक्षण संबंधी संशयों का समाधान किया। पोस्टल बैल्ट पेपर तथा ईडीसी हेल्पडेस्क का भी परिसर में प्रबंध किया गया था।  एसडीम ने सभी पोलिंग पार्टियों को पोलिंग से संबंधित सामग्री प्राप्त करने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थान पालकवाह में शुक्रवार को प्रातः 8ः30 बजे रिपोर्ट करने के निर्देश दिए ताकि सभी पोलिंग पार्टियां समयानुसार अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।

    कुटलैहड़ विधानसभा में भी आयोजित हुई अंतिम रिहर्सल

    इसके अतिरिक्त कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में चुनावी डयूटी पर तैनात कर्मचारियों को अंतिम चरण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान ने कर्मचारियों को कत्र्तव्य निष्ठा के साथ अपनी डयूटी निर्वहन करने का आहवान किया। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र गगरेट के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबोआ में सामान्य पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा की उपस्थिति में रिटर्निंग अधिकारी सोमिल गौतम ने डयूटी पर तैनात कुल 108 पोलिंग पार्टियों के कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी मुहैया करवाई।
    ऊना विस के तहत राजकीय महाविद्यालय ऊना में अंतिम चरण की रिहर्सल का आयोजन किया गया जिसमें एसडीएम डाॅ निधि पटेल ने कुल 116 पोलिंग पार्टियों को चुनावी प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी मे तैनात कुल 120 पोलिंग पार्टियों को चुनावों के दृष्टिगत अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ईवीएम, वीवीपैट व मोक पोल का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।  इस अवसर पर चिंतपूर्णी निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा ने भी अंतिम रिहर्सल में पहंुच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर एडीसी डाॅ अमित कुमार शर्मा और आईएएस प्रोबेशनर गुर सिमरत ने भी निर्वाचन के दौरान संभावित समस्याओं के समाधान बारे जागरूक किया। रिटर्निंग अधिकारी डाॅ मदन कुमार ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को शुक्रवार प्रातः 9 बजे गंतव्य स्थान की ओर रवाना कर दिया जाएगा।