Blog

  • आज का राशिफल, 12 दिसंबर 2025

    आज का राशिफल, 12 दिसंबर 2025

    आज पौष कृष्ण पक्ष की उदयातिथि अष्टमी और शुक्रवार का दिन है। अष्टमी तिथि आज दोपहर 2 बजकर 57 मिनट तक रहेगी। आज दोपहर पहले 11 बजकर 12 मिनट तक प्रीति योग रहेगा। साथ ही आज पूरा दिन पूरी रात पार करके कल सुबह 5 बजकर 50 मिनट तक उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज अष्टका श्राद्ध और कालाष्टमी व्रत है।

    मेष राशि:आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। जो लोग होटल या रेस्टोरेंट जैसे बिजनेस से जुड़े हैं, उनके लिये दिन पहले से बेहतर रहेगा, आज आपका दिन ज्यादा लाभ कमाने का है। आज आपको जीवन और कार्यक्षेत्र दोनों जगहों पर पिता का सहयोग मिलेगा।

    वृष राशि:आज आपका दिन उमंग से भरा रहने वाला है। आज सोचे हुए काम करने के लिए और अपनी योजनाओं को पूरा करने के लिए दिन अच्छा रहेगा। इतने दिनों से जो दिमाग में चल रहा था, आज करने का दिन है किस्मत का साथ मिल जाएगा।

    मिथुन राशि:आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आज आपके दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। इस राशि के बिजनेसमैन के लिए आज का दिन रिलैक्स फील कराने वाला होगा। आप दोस्तों के साथ ट्रिप पर जाने का प्लान बना सकते हैं।

    र्क राशि:आज के दिन आपको रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। आज आप का दिन नई उमंग के साथ शुरू होने वाला है। आपके अच्छे व्यवहार से सोसायटी में आपकी अच्छी पहचान बनेगी। आज आप घर पर फ्लोवर डेकोरेशन का काम भी करवा सकते हैं।

    सिंह राशि:आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहने वाला है। आज बड़ा और अलग काम करने की सोच सकते है। ऑफिस के उच्चधिकारियों का सहयोग मिलने से आपका इम्पोर्टेन्ट काम बन जायेगा। आज आपका दिन भक्तिमय रहेगा। सिंह राशि वालों का डिटेल राशिफल

    कन्या राशि:आज का दिन आपके लिए खुशियां लेकर आया है। इस राशि के स्टूडेंट्स का दिन राहत भरा होगा नया शेड्यूल बनाने का भी विचार कर सकते हैं। आज ऑफिस में फ़ोन का इस्तेमाल कम से कम करेंगे और अपने काम पर पूरा फोकस करेंगे। कन्या राशि वालों का डिटेल राशिफल

    तुला राशि:आज आपका दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आज आपको करियर में सफलता मिलने वाली है यह आपको किसी सपने जैसा महसूस होगा। आज बिजनेस के क्षेत्र में आपको बड़ा धन लाभ होगा। आज आप आराम कर सकते है क्योंकि आपका काम सुचारू रूप से चल रहा है।

    वृश्चिक राशि:आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आज स्पोर्ट्स से जुड़े लोग अपनी ट्रेनिग में पूरी मेहनत करेंगे। कोरियर का बिज़नेस कर रहे कारोबारियों का आज फायदा होगा। आज विद्यार्थी प्रैक्टिकल को पूरा करने में सीनियर्स की मदद लेंगे।

    धनु राशि:आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। अपना व्यवहार लचीला रखें और दूसरों की बातें समझने का मन बनाकर चलेंगे तो आपको भी रिलैक्स फील होगा। आज बुजुर्ग या वरिष्ठ व्यक्ति आपको सही सलाह दे सकता है।
    मकर राशि:आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। अपने से बड़े या किसी अनुभवी से सलाह लेकर ही आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे। मेहनत, धैर्य और समझदारी से काम निपटा लेंगे। आपके पास बहुत-सी जिम्मेदारियां हो सकती हैं।

    कुंभ राशि:आज आपका दिन बढ़िया रहने वाला है। आज परिवार के लोगों से आपको भरपूर सहयोग प्राप्त होगा, खासकर आपके प्रति बड़ों का प्यार बना रहेगा। साथ ही बच्चे भी आपसे खुश रहेंगे। आज आप किसी नये बिजनेस को शुरू करने का विचार कर सकते हैं।

    मीन राशि:आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आज ट्रांसफर या प्रमोशन के लिए किसी से बात हो सकती है। इसमें आपको सफलता भी मिलेगी। आज आप अपने करियर में सक्सेस पाने के लिए प्लानिंग करेंगे इससे आपको आने वाले दिनों में फायदा होगा।

  • राजनीतिक गलियारें में शोक की लहर, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का हुआ निधन

    राजनीतिक गलियारें में शोक की लहर, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का हुआ निधन

    नई दिल्लीः कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर का निधन हो गया। शिवराज पाटिल मुंबई अटैक के वक्त देश के होम मिनिस्टर थे। महाराष्ट्र के लातूर में उनका निधन हो गया। शिवराज पाटिल चाकुरकर 91 साल के थे। उन्होंने आज यानी शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे लातूर में अपने घर ‘देवघर’ में आखिरी सांस ली। शिवराज पाटिल चाकुरकर की लंबी बीमारी के कारण घर पर ही इलाज चल रहा था। शिवराज पाटिल ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

    वह लोकसभा अध्यक्ष भी रहे। वह केंद्रीय मंत्रिमंडल में विभिन्न प्रमुख विभाग में भी रहे। शिवराज पाटिल महाराष्ट्र के लातूर से सात बार सांसद रहे। वह पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के एडमिनिस्ट्रेटर भी रहे। यूपीए सरकार में शिवराज पाटिल को गृह मंत्री बनाया गया था। वह देश के रक्षा मंत्री भी थे। शिवराज पाटिल का जन्म 12 अक्टूबर 1935 को हुआ था। वह 2004 से 2008 तक भारत के गृह मंत्री रहे। उन्होंने 1991 से 1996 तक लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर काम किया। वह भारत के 10वें लोकसभा अध्यक्ष थे।

    उन्होंने 2010 से 2015 तक पंजाब राज्य के राज्यपाल और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक के तौर काम किया। शिवराज पाटिल ने 1980 के दशक में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के मंत्रिमंडलों में रक्षा मंत्री के रूप में काम किया। 2008 के मुंबई हमलों के बाद हुई व्यापक आलोचना के बाद शिवराज पाटिल ने 30 नवंबर 2008 को अपने गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने हमलों के लिए जिम्मेदार सुरक्षा चूक की नैतिक जिम्मेदारी ली थी।

    शिवराज पाटिल ने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से विज्ञान में डिग्री प्राप्त की और बॉम्बे विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। 1967-69 के दौरान, वे स्थानीय सरकार (लातूर नगर पालिका) में कार्यरत रहे। केशवराव सोनावाने और माणिकराव सोनावाने ने शिवराज पाटिल को लातूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का पहला मौका दिलाने में मदद की। पाटिल पंचमसाली लिंगायत समुदाय से थे। उन्होंने जून 1963 में विजया पाटिल से शादी की थी। उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। वह सत्य साई बाबा के कट्टर अनुयायी भी थे।

  • Jalandhar News: सिद्धू मूसेवाला की मां ने क्रिश्चियन समुदाय को भेजा कानूनी नोटिस

    Jalandhar News: सिद्धू मूसेवाला की मां ने क्रिश्चियन समुदाय को भेजा कानूनी नोटिस

    जालंधर, ENS: महानगर में कुछ दिन पहले क्रिश्चियन समुदाय द्वारा पंजाब मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी मिन्हास, भाणा सिद्धू और माता चरण कौर के पुतले लाकर डीसी दफ्तर के बाहर नारेबाजी की गई थी। हालांकि मीडिया में मामला सामने आने के बाद क्रिश्चियन समुदाय ने माफी मांग ली थी। लेकिन उसके बावजूद क्रिश्चियन समुदाय की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। इस मामले में अब सिद्धू मूसेवाला की माता चरण कौर ने क्रिश्चियन ग्लोबल एक्शन कमेटी को लीगल नोटिस भेजा। कुछ दिन पहले जालंधर में चरन कौर का पुतला फूंका गया था। इसके खिलाफ उन्होंने अपने वकील गुरविंदर संधू के ज़रिए लीगल नोटिस भेजा है।


    इसमें कहा गया है कि उनके खिलाफ ये सब किसी के इशारे पर किया गया। 15 दिन के अन्दर उनसे लिखित माफ़ी मांगी जाए। माफीनामा को अखबार में पब्लिश किया जाए, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाला जाए और 10 लाख की राशि चरण कौर को दी जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो वो कमेटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।

    बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की मां की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि चरन कौर के खिलाफ टिप्पणियां बंद की जाएं। इसके साथ ही 15 दिन के अंदर चरण कौर से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगी जाए और इसे समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाया जाए। संगठन के सभी सार्वजनिक सोशल मीडिया प्लेटफार्मों (फेसबुक पेज सहित) पर कम से कम 30 दिनों के लिए माफी की पोस्ट की जानी चाहिए। माफी का मसौदा चरन कौर से पढ़वाए बिना प्रकाशित न किया जाए। आपके एक्शन से चरन कौर को हुई मानसिक पीड़ा, सदमे और उनकी प्रतिष्ठा तथा सार्वजनिक स्थिति को हुए नुकसान के मुआवजे के रूप में 10 लाख रुपए दिए जाएं।

    नोटिस में कहा गया है कि अगर 15 दिन में माफी नहीं मांगी। इस माफी को सार्वजनिक तौर पर प्रकाशित न किया तो आपके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा। कोर्ट में जाकर केस किया जाएगा। बीएनएस की धारा 356 के तहत क्रिमिनल मुकदमा होगा और क्षतिपूर्ति के लिए सिविल मुकदमा शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस में शिकायत भी दर्ज की जाएगी। इस अपराध के लिए धारा 356(2) के तहत 2 साल की जेल, जुर्माना और सामुदायिक सेवा शामिल है।

  • एमसी मेहतपुर में अवैध पार्किंग एवं वेंडिंग को लेकर उपायुक्त ने जारी किए आदेश

    एमसी मेहतपुर में अवैध पार्किंग एवं वेंडिंग को लेकर उपायुक्त ने जारी किए आदेश

    ऊना में वेंडर्स के लिए दुकानों के आवंटन और नए वेंडिंग जोन चिन्हित करने के निर्देश

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला प्रशासन ने अवैध पार्किंग, अनियंत्रित वेंडिंग तथा इससे उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं को देखते हुए एमसी मेहतपुर में नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन तथा ऊना में वेंडर्स के लिए दुकानें आवंटित करने, नए वेंडिंग जोन और पार्किंग क्षेत्र निर्धारित करने को लेकर निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 117 के तहत वाहनों के उपयोग, पार्किंग और ठहराव संबंधी आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, जन सुरक्षा सुनिश्चित करना, तथा स्थानीय किसानों और वेंडर्स के हितों की रक्षा करना है।

    नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग ज़ोन

    आदेशों के अनुसार एनएच 503 एक्सटेंशन पर मेहतपुर औद्योगिक क्षेत्र से पंजाब सीमा तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग और वेंडिंग पूर्णतः निषेध रहेगी। इस खंड में तीन अधिकृत स्टॉपेज पॉइंट निर्धारित किए गए हैं जिसमें बस स्टॉप मेहतपुर (मेहतपुर गांव लिंक रोड के पास) जहां से नंगल की ओर जाने वाली बसें आती हैं। एक समय में दो बसों को ठहरने की अनुमति होगी। दूसरा बस स्टॉप मेहतपुर (ट्रक यूनियन लिंक रोड के पास) जहां से ऊना की ओर जाने वाली बसें आती हैं। यहां भी अधिकतम दो बसें ही रुक सकेंगी। तीसरा रेन शेल्टर, मेहतपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक समय में एक बस और एक टैक्सी को यात्रियों के चढ़ने-उतरने की अनुमति होगी।

    मेहतपुर से बसदेहड़ा रेलवे रोड तक भी लागू होगा नो-पार्किंग/नो-वेंडिंग क्षेत्र

    मेहतपुर से बसदेहड़ा रेलवे रोड तक सड़क के दोनों ओर नो पार्किंग और नो वेंडिंग ज़ोन घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधित न हो। किसान सब्जी मंडी का आयोजन प्रत्येक सोमवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक बसदेहडा स्थित ओवरहेड टैंक के पास अपने पूर्व स्थान पर किया जाएगा।इस दिन इस स्थान पर किसी भी प्रकार का दोपहिया/चार पहिया वाहन या अन्य वाहन पार्क नहीं होंगे।पास में दो पार्किंग स्थलों  एमसी, मेहतपुर पार्किंग और ओवरहेड टैंक के पास निजी पार्किंग का उपयोग किसी भी प्रकार के वाहनों के लिए नॉर्मल शुल्क पर किया जाएगा।

    इसके साथ ही, प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक मेहतपुर बसदेहडा में एमसी पार्किंग, ओल्ड देहला नंगल रोड, एमसी कार्यालय के पास किसान सब्जी मंडी लगेगी। इस दिन इस स्थान पर दोपहिया/चार पहिया/या कोई अन्य वाहन पार्क नहीं किया जाएगा।

    किसानों और वेंडर्स के हित सर्वोच्च प्राथमिकता: डीसी

    उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि प्रशासन का प्रयास केवल यातायात सुधारना नहीं, बल्कि किसानों और वेंडर्स को सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने कहा कि किसान और वेंडर्स हमारे लिए परिवार जैसे हैं। उनकी आय सुरक्षित रहे और वे सम्मानजनक तरीके से अपना कारोबार चला सकें, यह हमारी प्राथमिकता है।

    उपायुक्त ने बताया की हाल ही में कुछ स्थानों पर घोषित नो-वेंडिंग ज़ोन्स से प्रभावित छोटे विक्रेताओं व किसानों को ध्यान में रखते हुए, जिला परिषद के पास निर्मित दुकानों को तुरंत आवंटित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह स्थान केंद्रीय और सुगम है, जहाँ से वेंडर्स बिना ट्रैफिक बाधित किए सुरक्षित तरीके से अपनी उपज व सामान बेच सकेंगे। साथ ही, नगरपालिका क्षेत्र में पुराना बस स्टैंड तथा अन्य योग्य स्थानों को वेंडिंग ज़ोन और कार पार्किंग के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

    उपायुक्त ने कहा कि सुव्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन से व्यस्त क्षेत्रों में भीड़ कम होगी, नागरिक व्यवस्था सुधरेगी, और स्थानीय किसानों व विक्रेताओं की आय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही नागरिकों को ताज़ी उपज और आवश्यक वस्तुएँ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

  • Punjab News : ड्रग तस्कर 2 दिन की पुलिस रिमांड पर, देखें वीडियो

    Punjab News : ड्रग तस्कर 2 दिन की पुलिस रिमांड पर, देखें वीडियो

    मोहाली। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिससे 107 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल के साथ पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गये। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्कर को मोहाली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया। जहां, कोर्ट ने ड्रग तस्कर को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

  • सरकार की जनसंकल्प रैली पर भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा बोले

    सरकार की जनसंकल्प रैली पर भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा बोले

    रैली में आई जनता ने ही कांग्रेस सरकार को दिखाया आईना 

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल सरकार द्वारा तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जनसंकल्प रैली पर भाजपा किसान मोर्चा के ऊना जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र राणा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में सर्वाधिक आपदा प्रभावित जिले मंडी और डिसास्टर एक्ट लगाए जाने के बावजूद कांग्रेस सरकार द्वारा तीन वर्ष की अवधि का जश्न मनाए जाने को जनभावों से खिलवाड़ बताया है। उन्होंने कहा कि रैली में आई जनता ने ही सुक्खू सरकार को आईना दिखा दिया है, क्योंकि रैली में आई महिलाओं ने ही सरकार को उपलब्धि पूछे जाने पर सुक्खू सरकार द्वारा कुछ भी नहीं किए जाने और न ही आगे किए जाने की बात कही है।

    भाजपा नेता ने आगे कहा कि रैली स्थान के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन सरकार की शून्य रही कारगुज़ारी को बताते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय में एक तरफ जहां सुक्खू सरकार पंचायती चुनाव निर्धारित समय के बाद भी नहीं करा पाने में असमर्थता जता रही है, वहीं इसके बावजूद वो जश्न मना रही है। धर्मेन्द्र राणा ने कांग्रेस की गारंटियों पर भी हमला बोला और तीन सौ  यूनिट मुफ्त बिजली, प्रत्येक महिला को 1500 योजना को सुक्खू सरकार का एक बड़ा छलावा बताया। उन्होंने कहा कि रैली कुल मिलाकर कांग्रेस सरकार का फ्लॉप शो सिद्ध हुआ है।

  • Haryana News : टैक्सी लूट व मर्डर प्लान का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस बरामद, देखें वीडियो

    Haryana News : टैक्सी लूट व मर्डर प्लान का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस बरामद, देखें वीडियो

    पंचकूला। पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 को टैक्सी लूट मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए टैक्सी लूट व हत्या की साजिश रचने वाले गैंग के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया है।

    एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले के बारे मे अधिक जानकारी देते हुए बताया कि हमारी टीम ने टैक्सी लूट व हत्या की साजिश रचने वाले गैंग के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसके सिर पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए आरोपी की पहचान हमजा पुत्र मोहम्मद जावेज, निवासी जिला सहारनपुर, उत्तरप्रदेश हाल गांव किशनपुरा, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। 21 वर्षीय हमजा को 8 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। हमजा के खिलाफ पौंटा साहिब में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित कुल 5 संगीन मामले दर्ज हैं।

    पूछताछ के दौरान हमजा ने अपने एक साथी का नाम उजागर किया, जिसके बाद क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम ने 10 दिसंबर को दबिश देकर हथियार सप्लायर जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी उम्र 21 वर्ष, पुत्र मलकीत सिंह, निवासी पौंटा साहिब, जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश को भी काबू कर लिया। जस्सी को आज कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां दोनों से यह जानने के लिए पूछताछ जारी है कि वे हथियार कहां से और किस माध्यम से खरीदते थे।

    19 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे रामगढ़ पुल के नीचे गन पॉइंट पर टैक्सी चालक से टाटा नैक्सन कार लूट मामले मे 4 आरोपियों का हाथ था। 18 नवंबर की रात आरोपियों ने पहले चंडीगढ़ में एक मोबाइल स्नैच की घटना को अंजाम दिया था। मोबाइल स्नैच करने के बाद उन्होंने उसी मोबाइल से ऐप चलाकर टैक्सी बुक की और कार लूट ली थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इस लूटी हुई कार का इस्तेमाल पौंटा साहिब के युवक ऋषभ की हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के अनुसार इस मामले में क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 इन्चार्ज दलीप सिंह की टीन ने तीन आरोपियों रोहित धीमन, बिट्टू ठाकुर और सतबीर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से पुलिस ने लूटी हुई टाटा नैक्सन कार, दो देसी कट्टे और छह जिंदा कारतूस बरामद कर लिए थे। अब गैंग के मास्टरमाइंड हमजा और हथियार सप्लायर जस्सी की गिरफ्तारी के बाद मामले में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

    किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा
    पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी), शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला पुलिस शहर में अपराध को जड़ से खत्म करने के अपने मिशन पर पूरी मजबूती और सजगता के साथ कार्य कर रही है। हमारी टीम हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि ऐसे नेटवर्क भविष्य में दोबारा सक्रिय न हो सकें। पंचकूला पुलिस नागरिकों को भरोसा दिलाती है कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहर की शांति को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

  • सरस्वती विद्या मंदिर बददी में सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन

    सरस्वती विद्या मंदिर बददी में सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन

    बददी/सचिन बैंसल: सरस्वती विद्या मंदिर बददी में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर पार्षद नालागढ़ शालिनी शर्मा व मुख्य वक्ता शालिनी गोयल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग संघ की कोषाध्यक्ष और विद्यालय की पूर्व छात्रा वसुन्धरा अग्रवाल ने की। इस कार्यक्रम में  शालिनी गोयल ने कुटुंब परियोजना पर अपने विचार प्रस्तुत किए और वक्ता सपना ने पर्यावरण पर अपने सुंदर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की मुख्यातिथि शालिनी शर्मा ने पर्यावरण तथा कुटुंब परिवार पर अपने सुंदर विचार तथा अपने अनुभव सांझा किए।

    इस कार्यक्रम में कुछ विशिष्ठ महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।सम्मानित की गई महिलाओं में शालिनी गोयल (अमरावती), शालिनी शर्मा (नालागढ़) , वसुंधरा अग्रवाल (बददी), संयुक्त परिवार के लिए नीलम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम से संबंधित  प्रश्नों के उत्तर देने वाली महिलाओं को, विद्यालय को कार्यक्रम करने के लिए, विद्यालय को स्थान देने वाले  विजय शर्मा आदि को सम्मानित किया गया। सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर बददी की छात्रों ने भी बढ़ चढ़ कर अपनी भागीदारी दी, जिसमें छात्रों ने झांसी की रानी, रानी दुर्गावती आदि वीरांगनाओं का वेश धारण कर महिलाओं को अदम शक्ति का संदेश दिया।

  • Jalandhar News : 250 लीटर लाहन, 2 तिरपाल, 2 ड्रम सहित 266 बोतल अवैध शराब ज़ब्त

    Jalandhar News : 250 लीटर लाहन, 2 तिरपाल, 2 ड्रम सहित 266 बोतल अवैध शराब ज़ब्त

    जालंधर, ENS: देहाती पुलिस ने ज़िला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में कुल 250 लीटर लाहन, 02 तिरपाल, 02 ड्रम और 266 बोतल अवैध शराब पुलिस स्टेशन बिलगा की टीम ने जब्त किया है।

    SSP हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों पर शरारती तत्वों और ड्रग तस्करों के खिलाफ़ शुरू किए गए अभियान के तहत सरबजीत राय PPS. सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस, इन्वेस्टिगेशन, जालंधर रूरल और भरत मसीह लधर, PPS. डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस सब डिवीज़न फिल्लौर की अगुवाई में आज पुलिस स्टेशन बिलगा के इलाके में सतलुज नदी के किनारे सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसके तहत सब इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह, चीफ ऑफिसर, पुलिस स्टेशन बिलगा ने अलग-अलग मामलों में 250 लीटर लाहन, 02 तिरपाल, 02 ड्रम और 266 बोतल अवैध शराब जब्त करके बड़ी सफलता हासिल की है।

    पुलिस अधिकारी ने मीडिया को दी ये जानकारी
    इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी Bharat Masih Ladhar ने कहा कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस स्टेशन बिलगा की टीम द्वारा बिलगा के क्षेत्र में एक फ्लैग मार्च निकाला गया और सतलुज नदी के किनारे अवैध शराब की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब और लाहन जब्त की गई। मामला नंबर 181 दिनांक 10-12-2025, अपराध 61-01-14 आबकारी अधिनियम पुलिस स्टेशन बिलगा, 250 लीटर लाहन, 02 तिरपाल, 02 ड्रम और मामला नंबर 182 दिनांक 10.12.2025, अपराध 61-1-14 आबकारी अधिनियम पुलिस स्टेशन बिलगा, 02 तुबा जिसमें 100/100 बोतलें थीं, कुल 266 बोतल अवैध शराब जब्त की गई।

  • हिमाचल में विकास की नई रफ्तार CM Sukhu बोले, बदलाव अब तेजी से दिखेगा

    हिमाचल में विकास की नई रफ्तार CM Sukhu बोले, बदलाव अब तेजी से दिखेगा

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मण्डी के पड्डल मैदान में आयोजित जन संकल्प रैली के दौरान पिछले तीन वर्षों के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि किस तरह प्रदेश सरकार ने राज्य में आर्थिक, राजनीतिक और प्राकृतिक चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार नेे पांच वर्षों के वित्तीय कुप्रबन्धन से प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ा। वर्तमान प्रदेश सरकार को इस कर्ज को चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। यही नहीं, कर्मचारियों के एरियर की अदायगी का 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारी का बोझ भी वर्तमान सरकार पर छोड़ गई।

    उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने कस्टमाईजड पैकेज के नाम पर बिना रजिस्ट्री के 4500 बीघा भूमि सिर्फ एक करोड़ 12 लाख रुपये में बेच दी। हमारी सरकार प्रदेश की संपदा और हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध है। हिमाचल के हितों को लुटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए बड़े निर्णय लिए गए हैं, साथ ही केन्द्र और पड़ोसी राज्यों से अपने हक लेने के लिए मजबूती से अपना पक्ष रखा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल, शिमला मामले में कानूनी लड़ाई जीती है, जिससे प्रदेश को हर वर्ष 20 करोड़ रुपये की आय होगी। प्रदेश सरकार के प्रयासों से कड़छम-वांगतु परियोजना में रॉयल्टी 12 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई है, जिससे प्रदेश को हर वर्ष 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में शराब की दुकानों को रिन्यू करने से मात्र 450 करोड़ रुपये की आय हुई जबकि वर्तमान सरकार ने एक वर्ष में ही आबकारी से 450 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कि भाजपा दुष्प्रचार और व्यक्तिगत आक्षेप की राजनीति कर रही है। यहां तक कि मैंने जब अपनी ऑल्टो गाड़ी का प्रयोग किया, उस पर भी ओछी टिप्पणियां की गई। लेकिन प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियों के दम पर वर्ष 2027 में 52 सीटर वॉल्वो में पुनः सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि राजनीति के सच्चे सेवक किसी से नहीं घबराते, वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।

    सुक्खू ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है। हमने सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना लागू की। कानून बनाकर अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा दिया। यह सरकार की गारंटी नहीं थी, बल्कि संवेदनशील सोच का परिणाम है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रभावितों की मदद के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों को भी इंगित किया।

    मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ओपीएस देने का निर्णय राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं लिया गया बल्कि कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए लिया गया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के जन सरोकार व देश सेवा के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दो प्रधानमंत्री देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान किये हैं। राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर योगदान दिया है।

    उन्होंने प्रदेशवासियों से आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए सहयोग देने का आग्रह करते हुए कहा कि हम दो वर्ष में हिमाचल की तकदीर और तस्वीर बदलेंगे। निर्णायक युद्ध में जीत जनता की होगी और कांग्रेस पुनः सत्तासीन होगी।