Haryana News : टैक्सी लूट व मर्डर प्लान का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1 देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस बरामद, देखें वीडियो

Written by

in

पंचकूला। पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 को टैक्सी लूट मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए टैक्सी लूट व हत्या की साजिश रचने वाले गैंग के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया है।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले के बारे मे अधिक जानकारी देते हुए बताया कि हमारी टीम ने टैक्सी लूट व हत्या की साजिश रचने वाले गैंग के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसके सिर पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए आरोपी की पहचान हमजा पुत्र मोहम्मद जावेज, निवासी जिला सहारनपुर, उत्तरप्रदेश हाल गांव किशनपुरा, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। 21 वर्षीय हमजा को 8 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। हमजा के खिलाफ पौंटा साहिब में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित कुल 5 संगीन मामले दर्ज हैं।

पूछताछ के दौरान हमजा ने अपने एक साथी का नाम उजागर किया, जिसके बाद क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 की टीम ने 10 दिसंबर को दबिश देकर हथियार सप्लायर जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी उम्र 21 वर्ष, पुत्र मलकीत सिंह, निवासी पौंटा साहिब, जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश को भी काबू कर लिया। जस्सी को आज कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां दोनों से यह जानने के लिए पूछताछ जारी है कि वे हथियार कहां से और किस माध्यम से खरीदते थे।

19 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे रामगढ़ पुल के नीचे गन पॉइंट पर टैक्सी चालक से टाटा नैक्सन कार लूट मामले मे 4 आरोपियों का हाथ था। 18 नवंबर की रात आरोपियों ने पहले चंडीगढ़ में एक मोबाइल स्नैच की घटना को अंजाम दिया था। मोबाइल स्नैच करने के बाद उन्होंने उसी मोबाइल से ऐप चलाकर टैक्सी बुक की और कार लूट ली थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इस लूटी हुई कार का इस्तेमाल पौंटा साहिब के युवक ऋषभ की हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के अनुसार इस मामले में क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 इन्चार्ज दलीप सिंह की टीन ने तीन आरोपियों रोहित धीमन, बिट्टू ठाकुर और सतबीर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से पुलिस ने लूटी हुई टाटा नैक्सन कार, दो देसी कट्टे और छह जिंदा कारतूस बरामद कर लिए थे। अब गैंग के मास्टरमाइंड हमजा और हथियार सप्लायर जस्सी की गिरफ्तारी के बाद मामले में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी), शिवास कविराज ने कहा कि पंचकूला पुलिस शहर में अपराध को जड़ से खत्म करने के अपने मिशन पर पूरी मजबूती और सजगता के साथ कार्य कर रही है। हमारी टीम हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि ऐसे नेटवर्क भविष्य में दोबारा सक्रिय न हो सकें। पंचकूला पुलिस नागरिकों को भरोसा दिलाती है कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहर की शांति को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *