Home Chandigarh आज 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे किसान, बॉर्डर पर पुलिस और किसानों में झड़प, SP और SHO घायल

आज 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे किसान, बॉर्डर पर पुलिस और किसानों में झड़प, SP और SHO घायल

0

चंडीगढ़ः पंजाब के किसान आज (बुधवार) सुबह 11 बजे दिल्ली कूच करेंगे। किसानों का मुख्य काफिला पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर से रवाना होगा। इसके अलावा खनौरी बॉर्डर से भी किसान हरियाणा में घुसेंगे। यहां से वे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में दिल्ली की तरफ जाएंगे। इससे पहले मंगलवार देर रात पंजाब से शंभू बॉर्डर की तरफ हैवी मशीनरी लेकर जा रहे किसानों और पुलिस में नाकाबंदी पर झड़प हो गई। इसमें शंभू थाना के SHO इंस्पेक्टर अमनपाल सिंह विर्क और मोहाली के SP जगविंदर सिंह चीमा घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

वहीं हरियाणा पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए शंभू बार्डर पर घग्गर नदी के ऊपर बने पुल पर सीमेंट के गर्डर और कंटीले तारों से बैरिकेडिंग की है। इसे तोड़ने के लिए किसान JCB, हाईड्रोलिक क्रेन और बुलेट प्रूफ पोकलेन मशीन भी साथ लाए हैं। किसान नेताओं की रणनीति के मुताबिक, सुबह 6 बजे ट्रैक्टर लाइन में खड़े कर दिए जाएंगे। केंद्र के अनुमान के अनुसार, पंजाब-हरियाणा सीमा पर 1,200 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 300 कार और 10 मिनी बस के अलावा कई अन्य छोटे वाहनों के साथ लगभग 14,000 लोग जमा हैं और उसने इसे लेकर पंजाब सरकार के समक्ष कड़ी आपत्ति जताई है।

सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इनकी संख्या बढ़ सकती है। आंदोलन का आज 9वां दिन है। आठ दिन से जारी किसान आंदोलन में अलग-अलग वजह से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 2 किसान और 2 पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को भेजे पत्र में कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति चिंता का विषय है और मंत्रालय ने राज्य सरकार को कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। गृह मंत्रालय ने कहा कि किसानों की आड़ में कई उपद्रवी पंजाब की हरियाणा से लगी शंभू सीमा के पास भारी मशीनरी जुटा रहे हैं और पथराव कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here