Blog

  • इस राज्य में होंगे दो बड़े राजनीतिक ‘धमाके’, दिग्गज नेत्री ने किया बड़ा दावा

    इस राज्य में होंगे दो बड़े राजनीतिक ‘धमाके’, दिग्गज नेत्री ने किया बड़ा दावा

    पुणे : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने दावा किया है कि अगले 15 दिनों में दो ‘धमाके’ (राजनीतिक) होंगे। उनके मुताबिक इन धमाकों में एक दिल्ली में और दूसरा महाराष्ट्र में होगा। उन्होंने यह टिप्पणी तब की जब कुछ संवाददाताओं ने उनसे वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर के उस बयान के बारे में मंगलवार को पूछा, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में अगले 15 दिनों में (राजनीतिक) ‘बम धमाके’ होंगे। राकांपा प्रमुख शरद पवार की बेटी सुले ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, ‘‘एक दिल्ली में होगा और दूसरा राज्य में होगा।’’

    शरद पवार के भतीजे और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने मंगलवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया था कि वह और उनके वफादार विधायकों का एक समूह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन कर सकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह जीवित रहने तक अपनी पार्टी (राकांपा) के लिए काम करेंगे। अजित पवार के अगले राजनीतिक कदम, उनके कथित असंतोष और भाजपा के साथ उनकी निकटता को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बारे में पूछे जाने पर सुले ने कहा, ‘‘जो हुआ है वह यह है कि किसी भी घटनाक्रम के लिए मेरे भाई (अजित पवार) को जिम्मेदार ठहराया जाता है। हर कोई एक सिक्के के बारे में बात करता है जिसकी बाजार में मांग है।’’ कुछ विधायकों से संपर्क नहीं होने के दावों पर उन्होंने कहा कि सीमा में नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

    राकांपा के 40 विधायकों के अजित पवार के साथ जाने के लिए तैयार होने संबंधी खबरों पर सुले ने कहा कि शरद पवार, अजित पवार और राकांपा के प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल सभी विधायकों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं और वह खुद भी सभी विधायकों से बात करती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई असंतुष्ट है तो हमें इसके बारे में पता चल जाएगा। अगर आपकी खबरों में जरा सी भी सच्चाई है और मुझे आपसे (मीडिया से) पता चलता है कि कुछ विधायक असंतुष्ट हैं तो मैं निश्चित तौर पर उनसे बात करूंगी।’’

  • भारत ने तोड़ा चीन का रिकॉर्ड, इस मामले में बना दुनिया में नबंर-1

    भारत ने तोड़ा चीन का रिकॉर्ड, इस मामले में बना दुनिया में नबंर-1

    नई दिल्लीः भारत ने आबादी के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक भारत अब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला बन गया है। भारत की आबादी 142.86 करोड़ पहुंच गई है जबकि चीन की जनसंख्या 142.57 करोड़ है। भारत की आबादी अब 29 लाख ज्यादा हो गई है। यह पहली बार है कि भारत की जनसंख्या 1950 के बाद से चीन से आगे निकल गई है। संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल यह अनुमान लगाया था कि अगले साल तक भारत सबसे ज्यादा आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा। इस संबंध में NFPA की ‘द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट, 2023’ ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट का नाम ‘8 बिलियन लाइव्स, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज: द केस फॉर राइट्स एंड चॉइस’ है। यह आंकड़े ‘डेमोग्राफिक इंडिकेटर्स’ की श्रेणी में दिए गए हैं।

    UNFPA के मीडिया सलाहकार अन्ना जेफरीज ने बताया, ‘हां, यह स्पष्ट नहीं है कि भारत ने चीन को कब पीछे छोड़ा है।’ जेफरीज ने कहा, ‘दरअसल दोनों देश की तुलना करना काफी कठिन है। क्योंकि दोनों देशों के डाटा कलेक्शन में थोड़ा अंतर है।’ उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट में यह साफ है कि चीन की आबादी पिछले साल अपने चरम पर पहुंच गई और अब इसमें गिरावट आने लगी है। वहीं भारत की आबादी फिलहाल बढ़ रही है। हालांकि भारत की आबादी के ग्रोथ रेट में  भी 1980 के बाद से गिरावट देखी जा रही है। इसका मतलब यह है कि भारत की आबादी बढ़ रही है लेकिन इसकी दर पहले के मुकाबले अब कम हो गई है।

    रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की 25 प्रतिशत आबादी 0 से 14 साल के बीच है। इसके अलावा 18 फीसदी लोग 10 से 19 की उम्र के हैं। 10 से 24 साल तक के लोगों की संख्या 26 प्रतिशत है। वहीं 15 से 64 साल तक के लोगों की संख्या 68 प्रतिशत है और 65 से ऊपर के 7 प्रतिशत लोग हैं। चीन की बात करें तो 0 से 14 साल के बीच 17%, 10 से 19 के बीच 12%, 10 से 24 साल 18%, 15 से 64 साल 69% और 65 से ऊपर के लोगों की संख्या 14% है।

  • कोरोना संक्रमण के बीच नाइट कर्फ्यू का आदेश, स्कूल-आंगनबाड़ी किए बंद 

    कोरोना संक्रमण के बीच नाइट कर्फ्यू का आदेश, स्कूल-आंगनबाड़ी किए बंद 

    शाम 6 बजे के बाद घर से नहीं निकल सकेंगे लोग

    पौड़ी: देश के कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। हालात दिन ब दिन बेकाबू हो रहा हैं सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में दिल्ली और महाराष्ट्र है। लेकिन इस बीच उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कई गांवों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। बताया जा रहा है कि इन क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद करने का आदेश जारी किया गया है। लेकिन यहां नाइट कर्फ्यू कोरोना के चलते नहीं बल्कि आदमखोर बाघ के हमलों को देखते हुए लगाया गया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर ने आदेश जारी किया है।

    जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार रात्रि कर्फ्यू वाले गांवों में शाम 7 से सुबह 6 बजे तक आवाजाही बंद रहेगी। पशुपालकों को चारा उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग को निर्देश दिए हैं। रात के समय स्थानीय लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। डीएम ने क्षेत्र में स्थिति सामान्य होने तक धारा 144 जारी रखने के भी निर्देश दिए हैं। बाघ के हमलों के बाद क्षेत्र के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए थे। ताजा आदेश के मुताबिक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र अगले मंगलवार तक बंद रहेंगे। उधर, डीएम डॉ.आशीष चौहान ने दुगड्डा में बैठक लेकर डीएफओ को क्षेत्र में पिंजरों की संख्या बढ़ाने, कैमरा ट्रैप और 10 किमी परिधि का जीपीएस मैप तैयार करने को कहा।

    वहीं, सरकारी महकमों के क्षेत्रीय कर्मचारियों को भी टीम बनाकर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम के निर्देश के बाद डल्ला गांव के आसपास दो ट्रैंकुलाइजर टीम, 15 पीआरडी जवान पुलिस के साथ, फॉरेस्ट गार्ड, राजस्व विभाग के अधिकारी भी ग्रामीणों की सुरक्षा एवं अन्य सहायता के लिए मुस्तेद किए गए हैं। बता दें कि पौड़ी जिले के जिम कॉर्बेट पार्क से लगे रिखणीखाल और धुमाकोट क्षेत्र में आदमखोर बाघ के हमलों को देखते हुए डीएम ने 24 गांवों में अगले आदेश तक रात का कर्फ्यू लगा दिया है। डीएम ने तहसीलदार रिखणीखाल को प्रभावित गांवों की सूची बनाने और अगले आदेश तक गांवों में ही रहने का आदेश दिया है।

  • छात्र संगठन ने किया राज्यव्यापी बंद का आह्वान, स्कूल बंद, परीक्षाएं हुई रद्द

    छात्र संगठन ने किया राज्यव्यापी बंद का आह्वान, स्कूल बंद, परीक्षाएं हुई रद्द

    रांची : सरकारी नौकरियों में स्थानीय लोगों के लिए 100 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को सुबह विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य राज्यव्यापी बंद लागू करने के लिए झारखंड की सड़कों पर उतरे। झारखंड राज्य छात्र संघ (जेएसएसयू) के सदस्यों ने रांची के मोराबादी इलाके में सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। वे पास की सब्जी मंडी भी गए और दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद करने को कहा।

    अन्य जिलों में भी ऐसा ही हाल देखने को मिला, लेकिन सुबह के समय जनजीवन पर असर नहीं पड़ा। राज्य भर में कई स्कूल बंद रहे, जबकि झारखंड अकादमिक परिषद (जेएसी) ने निर्धारित परीक्षाओं को रद्द कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बंद के आह्वान को देखते हुए राज्य की राजधानी में करीब 2,500 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। सरकारी नौकरियों में स्थानीय लोगों के लिए 100 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर छात्र संगठन अपने 72 घंटे के आंदोलन के तहत सोमवार से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

    रांची में मंगलवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने मशाल जुलूस निकाला। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। जेएसएसयू नेता देवेंद्र महतो ने कहा, ‘इस सरकार ने स्थानीय लोगों के लिए सरकारी नौकरियों में 100 प्रतिशत आरक्षण का वादा किया था, लेकिन राज्य के बाहर के छात्रों के लिए दरवाजा खोल दिया, जिससे हमें बंद का आह्वान करना पड़ा।’ उन्होंने कहा कि 1932 की ‘खतियान’ (भूमि बंदोबस्त) आधारित भर्ती योजना को लागू करने के बजाय, यह सरकार पुरानी रोजगार नीति को वापस ले आई है जिसके तहत 60 प्रतिशत सीटें वंचित छात्रों के लिए आरक्षित होंगी, जबकि 40 प्रतिशत सीट सभी के लिए होंगी।

  • अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद थाना प्रभारी समेत 5 कर्मी सस्पेंड, सुबह ACP पर गिरी थी गाज

    अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद थाना प्रभारी समेत 5 कर्मी सस्पेंड, सुबह ACP पर गिरी थी गाज

    प्रयागराज: कुख्यात माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के लाइव मर्डर केस में आखिरकार जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर गाज गिर ही गई। पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इसी के साथ उन्होंने अतीक और अशरफ की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका जांचने को कहा है। पुलिस कमिश्नर ने यह कार्रवाई मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर की है। इससे पहले एक एसीपी को हटा दिया गया था। वहीं अब इन पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। एसआईटी ने अपनी प्राथमिक जांच रिपोर्ट पेश करते हुए शाहगंज कोतवाल समेत 5 पुलिसकर्मियों को दोषी माना है। प्रयागराज पुलिस से मिले इनपुट के मुताबिक घटना की रात ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया था। अगले दिन सुबह से एसआईटी ने अपनी जांच भी शुरू कर दी और संबंधित तथ्यों को सूचवद्ध करते हुए मंगलवार को शाहगंज कोतवाल समेत सभी पुलिसकर्मियों से पूछताछ की थी।

    इस दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा को सौंप दी थी। वहीं पुलिस कमिश्नर ने भी बिना देरी किए इस रिपोर्ट के आधार पर एसएचओ शाहगंज समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने विभागीय जांच की जिम्मेदारी डीसीपी रैंक के अधिकारी को दी है। बता दें कि इससे पहले आज सुबह ही एसीपी पर भी गाज गिरी थी। जानकारी के मुताबिक शाहगंज पुलिस स्टेशन हत्याकांड की जगह से तकरीबन 100-150 मीटर की दूरी पर है। इस हत्याकांड को लेकर एसआईटी ने मंगलवार दोपहर में एसओ समेत सभी पुलिसकर्मियों से पूछताछ की थी। इसके बाद एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर सभी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। प्रयागराज में 15 अप्रैल की रात बाहुबली अतीक अहमद और अशरफ की गोली मारकर हत्‍या की गई थी।

    इसी के साथ पुलिस ने इन तीनों आरोपियों से आगे की पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड मांगी। पुलिस ने दलील दी कि इन आरोपियों से वारदात का मोटिव जानने के अलावा यह पता करना है कि इनके पास से तुर्की में बना पिस्टल कहां से आया। इन बदमाशों ने इतने महंगे पिस्टल को चलाने की ट्रेनिंग कहां ली। इसके अलावा इन आरोपियों से यह भी पता करना है कि इनके पीछे वारदात का मास्टरमाइंड कौन है। हालांकि कोर्ट ने कहा कि इस पूछताछ के लिए महज चार दिन का समय पर्याप्त है। इस अवधि में पुलिस निशानदेही भी करा सकती है और वारदात के संबंध में जरूरी पूछताछ भी कर सकती है। पुलिस अधिकारियों के के मुताबिक कोर्ट से आरोपियों का रिमांड मंजूर हो चुका है, लेकिन चूंकि अभी आर्डर की कॉपी बाहर नहीं आई है, इसलिए उसका इंतजार किया जा रहा है। आर्डर की कॉपी मिलते ही इन तीनों आरोपियों का मेडिकल कराया जाएगा। हालांकि इस बार पुलिस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसलिए आरोपियों को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिस लाइन में ही डॉक्टरों को बुलाकर मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

  • पंजाबः मुख्तार अंसारी को लेकर बड़ा खुलासा, सेवा करने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज!

    पंजाबः मुख्तार अंसारी को लेकर बड़ा खुलासा, सेवा करने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज!

    चंडीगढ़ः पंजाब की रूपनगर जेल में गैंगस्टर से राजनेता बने मुख्तार अंसारी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्तार अंसारी को जेल में विशेष सुविधाएं मिलती थीं। इसके बदले में जेल अधिकारियों ने अंसारी से रिश्वत ली थी। मामले की जांच के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित की गई कमेटी की रिपोर्ट में यह तथ्य दर्ज है। अंसारी को विशेष सुविधाएं देने वाले अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश की गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आरएन ढोके की यह जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास पहुंच गई है। अब शीघ्र ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि मुख्तार अंसारी रूपनगर जेल में जनवरी, 2019 से अप्रैल 2021 के बीच में बंद था। जेल में न सिर्फ उसे विशेष सुविधाएं दी गईं, बल्कि जिस मामले में पंजाब पुलिस उसको ट्रांजिट रिमांड पर लाई थी, उसका चालान भी पेश नहीं किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में पंजाब पुलिस के कुछ अधिकारी भी जिम्मेदार हैं।

    मुख्तार अंसारी रूपनगर जेल में जब बंद था, तब पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार थी और सुखजिंदर सिंह रंधावा जेल मंत्री थे। विधानसभा चुनाव-2022 में अंसारी को विशेष सुविधाएं देने का मुद्दा बेहद गर्म रहा था। यह आरोप लगा था कि अंसारी के कांग्रेस नेताओं से संबंध थे। उल्लेखनीय है कि मोहाली पुलिस जनवरी, 2019 में अंसारी को उत्तर प्रदेश की जेल से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई थी। अंसारी पर मोहाली के सेक्टर-70 के एक बिल्डर से दस करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अंसारी को वापस भेजने के लिए 25 रिमाइंडर भेजे थे, लेकिन उसे नहीं भेजा गया। बाद में उत्तर प्रदेश पुलिस सुप्रीम कोर्ट और पहुंची थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अंसारी को पंजाब से लेकर गई।

    जेल में अंसारी को सुविधाएं देने के मामले में पूर्व जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के खिलाफ भगवंत मान सरकार में जेल मंत्री रहे हरजोत बैंस ने मोर्चा खोला था। बैंस अब शिक्षा मंत्री हैं। उन्होंने अंसारी के बारे में एक विस्तृत फाइल तैयार की थी, जिसमें बताया गया था कि कैसे अंसारी को जेल में वीआइपी सुविधाएं दी गईं। अंसारी के परिवार ने जेल के पास एक घर लिया था। स्वजनों को किसी भी समय जेल में अंसारी से मिलने की आजादी थी। बैंस ने पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायकों के साथ बहस में भी कहा था कि अंसारी अपने मददगारों के साथ 25 कैदियों के लिए बने सेल में रहता था। उसकी पत्नी उसके साथ रहती थी।

  • अकाली दल को बड़ा झटकाः पंजाब विधानसभा व लोकसभा के पूर्व स्पीकर ने दिया इस्तीफा

    अकाली दल को बड़ा झटकाः पंजाब विधानसभा व लोकसभा के पूर्व स्पीकर ने दिया इस्तीफा

    लुधियानाः लोकसभा उप चुनाव से पहले कई दिग्गज नेता पार्टियों को अलविदा कह रहे है। इस दौरान कई नेता दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे है। वहीं आज शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पंजाब विधानसभा व लोकसभा के पूर्व स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल ने अकाली दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की कॉपी पार्टी अध्यक्ष को भेज दी है। बता दें कि चरणजीत सिंह अटवाल के बेटे इंदर इकबाल सिंह अटवाल जालंधर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर खड़े हुए हैं। वह कुछ दिन पहले ही अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

    इस बात पर भी चर्चा चल रही थी कि अटवाल अपने बेटे के चुनाव प्रचार के लिए जालंधर पहुंचेंगे या नहीं क्योंकि उन्होंने अकाली दल से इस्तीफा नहीं दिया था। लेकिन अब चरणजीत सिंह अटवाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चरणजीत सिंह अटवाल 2 बार एमपी और तीन बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा वे 2 बार स्पीकर और एक बार डिप्टी स्पीकर रह चुके हैं। 

  • पंजाबः फरार चल रहे लारेंस बिश्नोई के भाई की करण औजला के साथ वीडियो आई सामने, जाने गायक ने क्या कहा

    पंजाबः फरार चल रहे लारेंस बिश्नोई के भाई की करण औजला के साथ वीडियो आई सामने, जाने गायक ने क्या कहा

    चंडीगढ़ः सिद्धू मूसेवाला कत्ल केस में गिरफ्तार लारेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, हाल ही में अमेरिका में एक शादी में चल रहे पंजाबी गायक करण औजला के शो के दौरान लारेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई देखा गया। बता देंकि मूसेवाला कत्ल केस में अनमोल बिश्नोई अभी फरार चल रहा है। लेकिन हाल ही में उसकी करण औजला के शो दौरान आई वीडियो से हड़कंप मच गया। हालांकि इस वीडियो के वायरल होने के बाद गायक करण औजला ने भी अपना स्पष्टीकरण दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि वह उस शादी में केवल एक कलाकार के रूप में शामिल था। गायक ने आगे कहा कि वह संदिग्ध अनमोल बिश्नोई के बारे में कुछ नहीं जानता।

    करण औजला ने एक पोस्ट जारी की है। जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मुझे ज़रुरत थी पर बहुत सारे पोस्ट्स और मैसेजिस देखने के बाद मैं एक इवेंट के बारे में स्पष्ट करना चाहता हूं जो कि रविवार को बस्केडफील्ड, कैलिफ़ोर्निया में हुआ था। गायक ने आगे कहा कि मेरे और शैरी मान के एक कॉमन दोस्त ने हमे एक रिसेप्शन पार्टी में परफॉर्म करने के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा कि बतौर आर्टिस्ट हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं होती कि फंक्शन में किसको बुलाया गया है और कौन-कौन से लोग पार्टी में आने वाले हैं। इसलिए मैं ज्यादा वेड्डिंग्स शोज भी नहीं करता। मेरे सुनने में आया है कि उस प्रोग्राम में मेरे और शैरी भाई के परफॉर्म करते समय हमारे पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। 

    जब तक मैंने यह सब पोस्ट देखे, इससे पहले तक मुझे उस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बतौर आर्टिस्ट मैं हर प्रोग्राम में सिर्फ अपनी परफॉरमेंस पर ध्यान देता हूं और परफॉर्म करके निकल जाता हूं। वहां जो भी लोग होते हैं, मैं हर एक आदमी पर ध्यान नहीं देता। पोस्ट में आगे लिखा कि मैं यह भी बताना चाहता हूं कि जहां मैं परफॉर्म कर रहा था। वहां मेरे आस पास बहुत से कैमरे और फ़ोन थे जिनमे रिकॉर्डिंग हो रही थी। मैं जान बूझकर कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति से संबंध नहीं रखता। उन्होंने आगे कहा कि मैं विनती करता हूं कि मुझे इन सब बातों में मत घसीटा जाए। एक आर्टिस्ट होने के नाते हम पहले ही बहुत-सी चीज़ों से गुज़र रहे होते हैं, हमारे लिए और मुश्किलें पैदा न करें। आशा है कि इससे मामला स्पष्ट हो गया होगा।

  • पंजाबः बर्खास्त पुलिस अधिकारी राजजीत सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी

    पंजाबः बर्खास्त पुलिस अधिकारी राजजीत सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी

    चंडीगढ़ः बर्खास्त पुलिस अधिकारी राजजीत सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर विजिलेंस ब्यूरो ने उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। सरकार ने राजजीत के खिलाफ जांच के लिए आवश्यक पत्र विजिलेंस ब्यूरो को भेज दिया है। विजिलेंस सूत्रों का कहना है कि परिवार के सभी परिवारिक मैंबरों की संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य संस्थानों से अधिक आय होने की स्थिति में जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि राजजीत सिंह की मोहाली व अन्य जगहों पर संपत्ति का पता चला है। फिलहाल राजजीत सिंह फरार बताया जा रहा है।

  • पंजाबः दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई हरकृष्ण सिंह का निधन 

    पंजाबः दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई हरकृष्ण सिंह का निधन 

    अमृतसरः श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी भाई हरकृष्ण सिंह का निधन हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक बरनाला जिले से संबंधित भाई हरकृष्ण सिंह का 43 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह गुर्दे के रोग से पीड़ित थे और कई महीनों से उनका इलाज चल रहा था। भाई हरकृष्ण सिंह के निधन पर शिरोमणि रागी सभा सचंखड, श्री हरिमंदिर साहिब के रागी सिंह, सचखंड हरिमंदिर साहिब के मुख ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह, शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने परिवार के साथ दुख व्यक्त किया और गुरु से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।