घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यह कबाड़ी मार्केट डड्डूमाजरा रोड पर मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम जाने वाले तोगा रोड मार्ग के पास स्थित है। यहां 30 से अधिक दुकानें हैं, जहां दुर्घटनाग्रस्त और पुरानी गाड़ियां, उनके इंजन, टायर, प्लास्टिक और अन्य स्पेयर पार्ट्स रखे जाते हैं। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से एक दुकान से दूसरी दुकान तक फैल गई। आग को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर मार्केट के दोनों ओर से सड़क बंद कर दी, ताकि लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा जा सके और दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में कोई परेशानी न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुंच गईं और पूरे इलाके को खाली कराया गया। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। फिलहाल किसी के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन कई दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया है।