Blog

  • Hello world!

    Welcome to WordPress. This is your first post. Edit or delete it, then start writing!

  • Punjab News: Golden Temple पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता Sunny Deol, देखें वीडियो

    अमृतसरः श्री हरमंदिर साहिब में बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल नतमस्तक हुए। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब में गुरबाणी का मधुर कीर्तन सुना और सभी के कल्याण की कामना की। वहीं सनी देओल ने अमृतसर में ज्ञानी टी स्टॉल के मालिक की चाय का स्वाद चखा। गौरतलब है कि सनी देओल इन दिनों भारत-पाकिस्तान सीमा के विभिन्न इलाकों में एक हिंदी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि अमृतसर आकर दिल खुश हो गया। ज्ञानी की चाय तो बस, वाहेगुरु की मेहर है। सनी देओल अपने बेटे करण देओल के साथ अमृतसर में फिल्म लाहौर 1947 की शूटिंग कर रहे थे। आज ही वह शूटिंग खत्म करके मुंबई के लिए रवाना हुए। फिल्म लाहौर 1947 असगर वजाहत के चर्चित नाटक जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याई नई पर आधारित है, जो 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बना है।

    गौर हो कि इस फिल्म को बनाने वाले आमिर खान हैं और इसे निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं। फिल्म में प्रीति जिंटा और अभिमन्यु सिंह भी दिखाई देंगे। अमृतसर में फिल्म की शूटिंग खालसा कॉलेज, खासा और अटारी रेलवे स्टेशन पर की गई है। इस दौरान कई फैंस ने गोल्डन टेंपल और खालसा कॉलेज के बाहर उनसे मिलने की कोशिश की।

  • 30 सेकेंड में नंद मार्केट से Apache Bike लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    30 सेकेंड में नंद मार्केट से Apache Bike लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    गुरुग्रामः बादशाहपुर की नंद मार्केट से 30 सेकेंड में एक चोर ने सफेद रंग की अपाचे बाइक चोरी कर ली। हैरानी की बात ये है कि दुकानदार ने इसे अच्छे से लॉक किया था, लेकिन चोर ने मास्टर की से कुछ ही सेकेंड में लॉक खोल दिया। दुकानदार शाम को घर जाने के लिए बाइक के पास पहुंचा तो वह गायब मिली। इसके बाद सीसीटीवी खंगाला तो चोरी का पता चला। दुकानदार ने बाइक चोरी की शिकायत बादशाहपुर थाने में दी है।

    शिकायतकर्ता प्रशांत कुमार ने बताया कि वह राजीव नगर में रहता है और नंद मार्केट में कपड़े की दुकान चलाता है। उसने अपनी बाइक को हमेशा की तरह दुकान के बाहर खड़ा किया था। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह घर जाने के लिए बाहर निकले, तो उनकी बाइक गायब थी। प्रशांत ने तुरंत आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

    इसके बाद उन्होंने मार्केट में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक युवक उनकी बाइक को चुराकर ले जाता दिखाई दिया। फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि चोर ने बाइक का लॉक तोड़ने और उसे स्टार्ट करने में सिर्फ 30 सेकेंड का समय लिया।

    प्रशांत ने बताया कि मैं हैरान रह गया कि इतनी जल्दी कोई बाइक कैसे चुरा सकता है। चोर ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया। मैंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और सीसीटीवी फुटेज सौंप दी। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं इलाके में आम हो रही हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में दहशत का माहौल है।

    लोगों का कहना है कि नंद मार्केट और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और पुलिस गश्त बढ़ाने से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सकता है।

    बादशाहपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि यह कोई नया चोर नहीं है, बल्कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो इस तरह चोरी करने में माहिर है।

     

  • Stock market: Sensex 300 और Nifty 80 अंक गिरा, IT, मेटल और रियल्टी सेक्टर में भी गिरावट

    Stock market: Sensex 300 और Nifty 80 अंक गिरा, IT, मेटल और रियल्टी सेक्टर में भी गिरावट

    बिजनेसः हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स करीब 300 अंक गिरकर 82,200 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 100 अंक की गिरावट है, ये 25,200 पर है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट है। टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफोसिस के शेयरों में 1% तक की गिरावट है। एशियन पेंट्स, जोमैटो और एयरटेल में बढ़त है। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 36 में गिरावट है। NSE के IT, मेटल, रियल्टी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में 1% तक की गिरावट है। हेल्थकेयर और मीडिया सेक्टर में फ्लैट कारोबार है।

    वहीं रुबिकॉन रिसर्च आईपीओ के सब्सक्रिप्शन का आज आखिरी दिन है। दवा निर्माता कंपनी Rubicon Research Ltd का आईपीओ 9 अक्टूबर को खुला था और यह आज यानी 13 अक्टूबर को बंद होगा। आखिरी दिन कंपनी के शेयरों की मांग में तेजी बनी हुई है और GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) अब भी मजबूत दिखाई दे रहा है। दूसरे दिन गुरुवार, 10 अक्टूबर को 2.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिली है।

    अनलिस्टेड बाजारों के आंकड़ों पर नज़र रखने वाली वेबसाइटों के अनुसार, रुबिकॉन रिसर्च का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) सोमवार (सुबह 6 बजे) को 96 रुपये रहा। इसका मतलब है कि शेयर इश्यू प्राइस से लगभग 20 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे हैं और अनुमानित लिस्टिंग 581 रुपये पर हो रही है।

  • Coldrif Syrup मामले में ED की श्रीसन फार्मा के 7 ठिकानों पर Raid

    Coldrif Syrup मामले में ED की श्रीसन फार्मा के 7 ठिकानों पर Raid

    चेन्नई: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत श्रीसन फार्मा और तमिलनाडु ड्रग नियंत्रण विभाग के शीर्ष अधिकारियों से जुड़े चेन्नई स्थित 7 ठिकानों पर रेड की। यह छापेमारी कोल्ड्रिफ (Coldrif) कफ सिरप मामले के सिलसिले में की गई है, जिसके कारण मध्य प्रदेश में 20 से अधिक बच्चों की किडनी फेल होने से मौत हो गई थी। मौत होने की वजह किडनी खराब होना रहा।

    श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा ही कोल्ड्रिफ कफ सिरप का उत्पादन किया जाता है। इस मामले में कंपनी के मालिक 73 वर्षीय जी रंगनाथन को भी गिरफ्तार किया गया। ED अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी तमिलनाडु के वरिष्ठ ड्रग नियंत्रण अधिकारियों के आवासों और जहरीले सिरप की निर्माता कंपनी श्रीसन फार्मा से जुड़े परिसरों पर की गई। बता दें कि जो दवा जीवन बचाती है, उसने बच्चों को मौत दी।

    इस मामले ने देशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। वहीं, नियामक निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण में भी गंभीर खामियों को उजागर किया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने कंपनी और तमिलनाडु खाद्य एवं औषधि प्रशासन दोनों द्वारा कई उल्लंघन पाए। खराब बुनियादी ढांचे और बार-बार सुरक्षा उल्लंघनों के बावजूद, श्रीसन 2011 में लाइसेंस प्राप्त करने के बाद से बेरोकटोक काम करती रही।

     

  • आज का राशिफल 13 अक्टूबर, 2025

    आज का राशिफल 13 अक्टूबर, 2025

    आज कार्तिक कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि सोमवार का दिन है। सप्तमी तिथि आज दोपहर 12 बजकर 25 मिनट तक रहेगी, उसके बाद अष्टमी तिथि लग जाएगी। आज अहोई अष्टमी का व्रत किया जायेगा। आज पूरा दिन पूरी रात पार करके सुबह 5 बजकर 55 मिनट तक शिव योग रहेगा। साथ ही आज दोपहर 12 बजकर 27 मिनट तक आर्द्रा नक्षत्र रहेगा।

    मेष राशिःआज का दिन का अच्छा रहने वाला है। आज घर में नजदीकी संबंधियों के आगमन से उत्सव भरा माहौल रहेगा तथा सकारात्मक वार्तालाप भी होगा। हर काम को योजनाबद्ध तरीके से करना तथा एकाग्रचित्त रहना आपको सफलता प्रदान करेगा। निवेश संबंधी महत्वपूर्ण योजनाएं भी सफल होंगी। दोस्तों के साथ बात कर के अच्छा समय बीतेगा। इस राशि के जो लोग मेडिकल स्टोर के व्यापार से जुड़े हैं आज उन्हें अचानक कहीं से आर्थिक लाभ मिलेगा।

    वृष राशिःआज का दिन बहुत ही अच्छा रहने वाला है। आज आपके खास काम मन मुताबिक तरीके से बनने वाले हैं, इसलिए मेहनत में कोई भी कमी ना करें। रोचक तथा ज्ञानवर्धक साहित्य को पढ़कर कुछ समय व्यतीत करेंगे इससे मानसिक सुकून और शांति रहेगी। प्रॉपर्टी से संबंधित काम बनने की भी संभावना है। कोई जरूरी काम आज टाइम से पूरा हो जायेगा। छात्रों का आज पढ़ाई में मन लगेगा, नए लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी कोशिशें आज से ही शुरू कर दें। आज आपकी सेहत अच्छी रहने वाली है।

    मिथुन राशिः आज का दिन नई सौगात लेकर आया है। आज आपके मन में बहुत सी सकारात्मक भनभनायें आयेंगी। लवमेट के लिए आज का दिन अनुकूल है। आज आप किसी के साथ वाद-विवाद में ना उलझे तथा ईगो पर काबू रखें। आज अधिक सोचने विचारने से कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि हाथ से निकल सकती है। आज सही निर्णय लेना बहुत जरूरी है। आज दांपत्य जीवन मधुरता से भरा रहेगा। आज किसी मित्र से अचानक मुलाकात आपको ऊर्जावान बनाएगी।

    कर्क राशिःआज दिन की शुरुआत अच्छी रहेगी। आज आप ऊर्जा से भरे रहेंगे जिससे आप वो सब कुछ हासिल कर सकते हैं जो आप चाहते हैं। संचार से जुड़ी किसी नयी तकनीक से फायदा जरूर मिलेगा। आसपास और साथ के लोगों में आपकी अच्छी इमेज बनेगी। सेहत बिल्कुल ठीक रहने वाली है। भविष्य में सब अच्छा होगा। आज काम धीरे-धीरे ही सही लेकिन पूरे हो जायेंगे, तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। आज किसी भी नए कार्य की शुरुआत करने से पहले परिवार जनों से सलाह-मशविरा लेना उचित रहेगा।

    सिंह राशिःआज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आपको माता-पिता के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती हैं। आज खर्चों के मामले में ज्यादा दरियादिली ना रखें और ना ही दूसरों के मामले में हस्तक्षेप करें, इससे आपकी जिन्दगी में सुकून रहेगा। आज बच्चे अपने मन की बात आपसे शेयर कर सकते हैं। उचित मार्गदर्शन की जरूरत है, जिसमें आपका सहयोग कारगर साबित होगा। इस राशि के जो लोग कोचिंग संचालक है अगर आज संचालन कार्य में बदलाव करें तो फायदा जरूर होगा।

    कन्या राशिःआज आत्मविश्वास और उम्मीदों वाला दिन है। किसी भी स्थिति में घर के बुजुर्गों की सलाह अवश्य लें, आपको बढ़िया सलाह मिलेगी। आज भावनाओं में आकर किसी से भी कोई वादा ना करें। आज आप फिजूलखर्ची से दूर रहे तथा उचित बजट बनाकर चलें। आज किसी नए काम की शुरुआत के लिए उचित समय का इंतजार करें। कुछ नए अनुभव की प्राप्ति होगी। कामकाज में आज नये तरीकों को अपनाने की कोशिश करें फायदा जरूर मिलेगा। आज आपके साथ सब अच्छा होगा।

    तुला राशिःआज का दिन फायदेमंद रहने वाला है। आज अपने स्वभाव में समय अनुसार लचीलापन लाएं। किसी बात को लेकर मन ही मन सोच विचार करेंगे। आज आर्थिक मामलों में भी पूरी तरह सावधानी रखने की आवश्यकता है। आज व्यवसाय में अपनी योजनाओं व कार्यप्रणाली को किसी के समक्ष जाहिर ना करें। बिजनेस को आगें बढाने के नये तरिके आप सोचेंगे। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा ǀ जीवन में दूसरों का सहयोग हमेशा बना रहेगा।

    वृश्चिक राशिःआज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आज ध्यान रखें, ज्यादा सोच-विचार करने में समय हाथ से निकल सकता है इसलिए कोई भी उपलब्धि हाथ में आने पर तुरंत उसी पर काम शुरू कर दें। अपने क्रोध पर नियंत्रण रखें। किसी की मदद करने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन करेंगे। आज निगेटिव थॉट्स को दिमाग में न आने दें । आज की गई मेहनत का आपको सकारात्मक परिणाम जरूर मिलेगा। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों को कोई अच्छी ख़बर मिल सकती है । नए विचारों को जाँचने का बेहतरीन वक़्त है। आपके घर के सुख-सौभाग्य में बढ़ोतरी होगी।

    मकर राशिः आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। किसी मित्र से आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा । घर में आज वातावरण अनुकूल रहेगा, वर्कलोड कम रहेगा। आज सामाजिक गतिविधियों में आपकी कार्यकुशलता तथा योग्यता की सराहना होगी। अपने रुचि पूर्ण तथा रचनात्मक कार्य में कुछ समय व्यतीत करने से मानसिक सुकून मिलेगा। आज आपकी व्यस्तता की वजह से जीवनसाथी का परिवार की देखभाल में पूरा सहयोग रहेगा। जूनियर आपसे मदद की मांग कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति आज आपको ध्यान देने की जरूरत है।

    कुंभ राशिः आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। ऑफिस के किसी जरूरी काम को करने में सीनियर्स आपकी मदद करेंगे, जिससे काम आसानी से पूरा हो जायेगा। आज पारिवारिक मसलों पर बड़े शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालने में सक्षम होंगे। सामाजिक गतिविधियों में भी आपका योगदान रहेगा। इस राशि के विदेश जाने के लिए प्रयासरत लोगों को शुभ सूचना मिल सकती हैं। स्टूडेंट अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखेंगे। परिवार में आज आपको कुछ नयी जिम्मेदारी मिल सकती है। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहने वाला है।

    मीन राशिः आज अपनो का साथ मिलेगा। आज आप कुछ ठोस निर्णय लेंगे, जो कि बिल्कुल सही साबित होंगे। आप मार्केटिंग संबंधी कामों पर विशेष ध्यान दें। आज कामकाज को लेकर चल रही परेशानियां किसी सीनियर की मदद से हल हो जाएंगी। आज किसी भी प्रकार की चिंता न करके, मानसिक व शारीरिक रूप से आप स्वयं को बहुत ही ऊर्जावान महसूस करेंगे। इस राशि के जो लोग टीचर हैं उनका आज का दिन अच्छा रहने वाला है। महिलाओं को काम से थोडी राहत महसूस होगी।परिवार वाले उनके घर के कामों में मदद करेंगे।

     

  • कांग्रेस के बड़े नेता हिमाचल आ रहे हैं वह मुख्यमंत्री से लें गारंटियों का हिसाब: जयराम ठाकुर

    कांग्रेस के बड़े नेता हिमाचल आ रहे हैं वह मुख्यमंत्री से लें गारंटियों का हिसाब: जयराम ठाकुर

    झूठी गारंटियां देने वालों को हिमाचल के लोग सिखाएंगे सबक

    जन सेवा के लिए झूठी गारंटियों की नहीं सच्ची नीयत की जरूरत

    ऊना/सुशील पंडित: शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को अब 3 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। प्रदेश के नेताओं के साथ-साथ कल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का भी हिमाचल में जमावड़ा हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हिमाचल सरकार से उनके 3 साल का हिसाब लेने और प्रदेशवासियों को बताएं कि उनकी कितनी गारंटियां पूरी हो चुकी हैं। गारंटियों का लाभ किसे मिल चुका है और कैसे मिल चुका है? क्या सरकार ने कोई गारंटी उस तरीके से पूरी की है जैसा कांग्रेस ने वादा किया था। कांग्रेस के आला कमान को हिमाचल प्रदेश सरकार से इस बात का भी आंकड़ा लेकर जारी करना चाहिए कि कितने युवाओं को ठूंजा साल वाली पक्की नौकरी मिल चुकी है। कितने युवाओं को राजीव गांधी स्टार्टअप योजना का लाभ मिल चुकाहै? कितनी महिलाओं को सम्मान निधि मिल गई है। ₹100 किलो के हिसाब से कितने किसानों का दूध खरीदा गया है। जब सेब के दाम बागवानों को ही तय करने की गारंटी दी थी तो 27 साल में सबसे कम रेट सेब का क्यों मिल रहा है?

    जयराम ठाकुर ने कांग्रेस आला कमान से आग्रह किया कि वह सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों में न पड़कर जमीनी हकीकत भी पता लगाएं। वह सरकार से पूछे कि प्रदेश में हिम केयर के तहत लोगों को इलाज क्यों नहीं मिल रहा है? लोग इलाज के लिए क्यों भटक रहे हैं? सरकार हिम केयर का पैसा क्यों नहीं जमा कर रही है? सरकार आपदा प्रभावितों को फौरी राहत तक क्यों नहीं दे पाई है? पूरे देश में संविधान बचाओ यात्रा चलाने वाली कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और पंचायत चुनाव को टालकर हिमाचल प्रदेश के लोगों की संवैधानिक हकों को क्यों छीन रही है? कांग्रेस आला कमान को सरकार से यह भी पूछ कर प्रदेशवासियों को बताना चाहिए कि आज प्रदेश भर के पेंशनर सड़कों पर आने को क्यों लामबंद है? वह कौन सा गैर वाज़िब हक मांग रहे हैं? उन्हें उनके मेडिकल बिल और एरियर का भुगतान क्यों नहीं हो रहा है? हिमाचल प्रदेश में मित्रों के अलावा पूरा प्रदेश त्रस्त क्यों है?

    जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आला कमान प्रदेश वासियों को यह भी बताएं कि हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार को मित्रों की सरकार क्यों कह रही है?  प्रदेश में विकास के बजाय पीछे क्यों जा रहा है? पूरी सरकार ही कार्यवाहक ब्यूरोक्रेसी के भरोसे क्यों चल रही है? पूरी सरकार झूठ की वैसाखियों पर क्यों टिकी है? हिमाचल प्रदेश की सरकार के साथ ही साथ कांग्रेस वाला कमान को भी हिमाचल के साथ हुए इस छल का जवाब देना पड़ेगा।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि लोगों की सेवा के लिए, के विकास के लिए मंदिरों में जाकर कसमें खाने की जरूरत नहीं होती है। झूठी गारंटियां देने की जरूरत नहीं होती है। पांच साल हमने भी सरकार चलाई। हमने प्रदेश वासियों को गृहिणी सुविधा योजना, 125 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं को बसों में आधा किराया, ग्रामीण क्षेत्रों में फ्री पानी, हिम केयर, सहारा योजना, शगुन योजना, प्रदेश की हर महिला को 60 साल से अधिक की उम्र के बाद बिना किसी आय सीमा के वृद्धा पेंशन देना, स्वावलंबन योजना, बेटी है अनमोल योजना, कन्यादान योजना जैसी जनहित की तमाम योजनाओं की कोई गारंटी नहीं दी थी। प्रदेशवासियों के लिए जो जरूरी था वो किया।  पिछली सरकार पर कोई दोष नहीं मढ़ा। हमने कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी का सामना किया।

    जब पूरी दुनिया में बड़ी-बड़ी सरकारों ने हाथ खड़े कर दिए, बड़ी सी बड़ी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को बिना नोटिस के नौकरी से निकाल दिया। उस समय भी हमने नए कर्मचारियों की भर्ती की, एक भी कर्मचारी के एक दिन का भी वेतन नहीं काटा। इस सरकार ने कोविद के समय में अपनी जान की परवाह न किए बिना लोगों की मदद करने वाले लोगों को भी एक झटके में बेरोजगार कर दिया। सरकार अच्छी नीयत से चलती है गारंटियों से नहीं। दुर्भाग्य इस बात का है की सरकार की नीयत में ही खोट है।

  • Heart Attack से बचाएंगे ये तरीके, दिल भी रहेगा स्वस्थ

    Heart Attack से बचाएंगे ये तरीके, दिल भी रहेगा स्वस्थ

    हेल्थः दिल का सेहतमंद रहना शरीर के सही कामकाज के लिए बेहद अहम है। यही खून पंप करता है और पूरे शरीर तक ऑक्सीजन और जरूरी पोषक तत्व पहुंचाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक कार्डियोवैस्कुलर बीमारियां (सीवीडी) दुनिया में मौत का सबसे बड़ा कारण हैं। हर साल करीब 1.8 करोड़ लोग इनसे जान गंवाते हैं। इन बीमारियों में पांच में से चार मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक की वजह से होती हैं।

    अमेरिका के कार्डियोलॉजिस्ट के अनुसार हम अच्छी डाइट, नियमित व्यायाम और तंबाकू से दूरी बनाकर जिंदगी की शुरुआती उम्र से ही दिल को होने वाले किसी भी नुकसान को कम कर सकते हैं। हार्ट अटैक तब होता है जब दिल तक जाने वाली खून की आपूर्ति अचानक रुक जाती है। खून का बहाव रुकने से ऑक्सीजन दिल तक नहीं पहुंच पाती और दिल की मांसपेशी को नुकसान हो सकता है। अगर तुरंत इलाज न मिले तो यह नुकसान स्थायी हो सकता है।

    कैसे पहचानें कि हार्ट अटैक हो रहा है?
    – हार्ट अटैक अलग-अलग लक्षणों के साथ हो सकता है। सबसे आम लक्षण है सीने में दर्द, लेकिन यह तेज चुभन जैसा दर्द नहीं बल्कि सीने पर दबाव और कसाव जैसा होता है।

    – कुछ महिलाओं को सीने के दर्द के साथ गर्दन और दोनों हाथों में भी दर्द महसूस हो सकता है।

    – चक्कर आना, सिर हल्का लगना, ज़्यादा पसीना आना, सांस लेने में तकलीफ़ और घरघराहट शामिल हैं।

    – हालांकि कई बार हार्ट अटैक अचानक होता है, लेकिन कभी-कभी इसके चेतावनी संकेत कई घंटे या दिन पहले भी दिख सकते हैं। ऐसा सीने का दर्द जो आराम करने पर भी ठीक न हो, एक संकेत हो सकता है।

    हार्ट अटैक से बचाव कैसे करें
    – हार्ट अटैक का खतरा कम करने के कई तरीके हैं, जैसे डाइट और एक्सरसाइज के जरिए ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल स्तर को नियंत्रित करना।

    – कोलेस्ट्रॉल खून में मौजूद वह पदार्थ है जो स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण के लिए ज़रूरी है। लेकिन कुछ प्रकार का कोलेस्ट्रॉल अगर बहुत ज़्यादा हो जाए तो यह दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है।

    – कम वसा और ज्यादा फाइबर वाला आहार सुझाया जाता है। नमक का सेवन रोज 6 ग्राम से ज्यादा नहीं होना चाहिए, क्योंकि ज्यादा नमक ब्लड प्रेशर बढ़ाता है।

    – ज्यादा प्रोसेस्ड फूड और सैचुरेटेड फैट वाली चीजें न खाएं, क्योंकि ये खून में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ाती हैं। इनमें मीट, केक, बिस्किट, सॉसेज, बटर और पाम ऑयल वाली खाने की चीजें शामिल हैं।

    – संतुलित आहार में अनसैचुरेटेड फैट होनी चाहिए। यह अच्छे कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ाती है और धमनियों को खुला रखने में मदद करती है। इनमें ऑयली फिश, एवाकाडो, मेवे और वनस्पति तेल शामिल हैं।

  • Punjab News: बटाला गोलीकांड पर सांसद रंधावा का ऐलान, कल बंद रहेगा बटाला , देखें वीडियो

    Punjab News: बटाला गोलीकांड पर सांसद रंधावा का ऐलान, कल बंद रहेगा बटाला , देखें वीडियो

    बटाला: बीते दिनों बटाला में हुए दर्दनाक गोलीकांड में दो नौजवानों की मौत और चार लोगों के घायल होने के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल बना हुआ है। इसी बीच, लोकसभा सदस्य सुखजिंदर सिंह रंधावा शनिवार को बटाला पहुंचे और मृतकों के परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

    पत्रकारों से बातचीत में सांसद रंधावा ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि बटाला में मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई ढीली रही है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रंधावा ने कहा कभी बटाला के लोगों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ी थी।

    उसी तरह आज फिर से हमें राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की जरूरत है, ताकि अपराधियों को सख्त संदेश दिया जा सके। उन्होंने बताया कि इस वारदात से लोगों में गुस्सा गहरा है और कल बटाला शहर को पूरी तरह बंद रखने का ऐलान किया गया है। उन्होंने अपील की कि बटाला बंद का हर कोई समर्थन करे और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग में अपना योगदान दे।

  • Jalandhar News: Cabinet Minister Bhagat ने ADGP की आत्महत्या की दुखद घटना के विरोध में निकला Candle मार्च, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Cabinet Minister Bhagat ने ADGP की आत्महत्या की दुखद घटना के विरोध में निकला Candle मार्च, देखें वीडियो

    जालंधर : पंजाब के हरित विभाग मंत्री मोहिंदर भगत ने कैंडल मार्च का नेतृत्व किया, जिसमें हरियाणा में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पुराण कुमार की दुखद आत्महत्या का विरोध किया गया। उन्होंने बीजेपी सरकार की आलोचना की कि उसने दलित अधिकारियों और नागरिकों की रक्षा करने में असफल रहा।

    यह मार्च श्रीराम चौक से प्रारंभ होकर लवकुश चौक पर समाप्त हुआ। इसमें आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों ने भाग लिया। मंत्री के साथ मेयर विनीत धीर, पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टिनु, पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन मंगल सिंह बद्दी, पंजाब स्मॉल इंडस्ट्री व एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन के उपाध्यक्ष दिनेश धल्ल भी मौजूद थे। इन सभी ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और मृतक अधिकारी और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग की है।

    मंत्री भगत ने कहा कि यह अधिकारी, जो एक दलित समुदाय से थे, “सिस्टम द्वारा इतनी कठोर रूप से प्रताड़ित किए गए थे कि उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।” उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की निष्क्रियता न केवल प्रशासनिक उदासीनता का प्रतीक है, बल्कि यह उसकी दलित विरोधी मानसिकता को भी उजागर करता है। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश पर हुए हमला का उदाहरण देते हुए कहा कि यह भी इस पक्षपात का एक और चिंताजनक उदाहरण है, जो भी दलित समुदाय से हैं।

    मंत्री ने केंद्र और हरियाणा में BJP सरकार पर आरोप लगाया कि वे भेदभाव को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं ने पूरे देश में दलित समुदायों के बीच भारी गुस्सा पैदा कर दिया है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की और अपराधीकरण का मामला दर्ज करने की अपील की ताकि उचित न्याय हो सके।