Blog

  • पंजाब में बड़े हमले की साजिश हुई नाकाम, दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

    पंजाब में बड़े हमले की साजिश हुई नाकाम, दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

    चंडीगढ़ः 26 जनवरी से पहले राजधानी दिल्ली में संदिग्ध आतंकियों की धरपकड़ का सिलसिला जारी है। जहांगीरपुरी से हाल ही में गिरफ्तार किए गए 2 संदिग्ध आतंकियों के बाद अब 2 और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही किसी बड़े हमले को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उन्हें अरेस्ट कर लिया।

    गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी जगप्रीत उर्फ जग्गा औऱ गुरुप्रीत के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई हैं। ये पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। इनके निशाने पर पंजाब का एक राजनेता भी था। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों की गिरफ्तारी 5 जनवरी को की गई है।

    बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके से दो संदिग्ध आतंकी नौशाद और जगजीत सिंह को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। दोनों दोनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में थे और राइट विंग लीडर की हत्या करना चाहते थे। दोनों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। नौशाद पर पूर्व में हत्या के दो मामले दर्ज हैं।

  • राशिफल (वीरवाार 19 जनवरी 2023) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (वीरवाार 19 जनवरी 2023) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। कुबुद्धि हावी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। मित्रों से संबंध सुधरेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रह सकता है।

    वृषः वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। पुराना रोग परेशानी का कारण रह सकता है। दूसरों के कार्य में दखल न दें। बड़ों की सलाह मानें। लाभ होगा। अपेक्षित कार्यों में विलंब होगा। मानसिक बेचैनी रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। धैर्य रखें।

    मिथुनः प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। बेवजह कहासुनी हो सकती है। कानूनी अड़चन दूर होगी। व्यापार में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मियों का साथ मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। प्रसन्नता रहेगी। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।

    कर्कः किसी अपने के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। शारीरिक कष्ट संभव है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शत्रु पस्त होंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल होंगे। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार में वृद्धि होगी।

    सिंहः घर के सदस्यों के स्वास्थ्य व अध्ययन संबंधी चिंता रहेगी। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। दुष्टजनों से दूरी बनाए रखें। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार में वृद्धि होगी। नौकरी में उच्चाधिकारी सहयोग करेंगे।

    कन्याः शत्रु हानि पहुंचा सकते हैं। दु:खद समाचार मिल सकता है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। लाभ के अवसर हाथ से निकलेंगे। बेवजह कहासुनी हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। व्यापार ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। धैर्य रखें।

    तुलाः शत्रु पस्त होंगे। सुख के साधन जुटेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पराक्रम बढ़ेगा। लंब समय से रुके कार्य सहज रूप से पूर्ण होंगे। कार्य की प्रशंसा होगी। शेयर मार्केट में सफलता मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। शुभ समय।

    वृश्चिकः घर में अतिथियों का आगमन होगा। व्यय होगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। अज्ञात भय रहेगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता का माहौल रहेगा।

    धनुः आंखों का ख्याल रखें। अज्ञात भय सताएगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। कानूनी अड़चन आ सकती है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। लॉटरी व सट्टे से दूर रहें। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नौकरी में प्रमोशन प्राप्त हो सकता है। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी।

    मकरः स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। किसी अप‍रिचित पर अतिविश्वास न करें। विवाद से क्लेश होगा। दूसरों के उकसाने में न आएं। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे। व्यवसाय की गति धीमी रहेगी। आय में निश्चितता रहेगी। कोई बड़ी समस्या आ सकती है। धैर्य रखें।

    कुंभः शारीरिक कष्ट संभव है तथा तनाव रहेंगे। सुख के साधन प्राप्त होंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। लंबे समय से रुके कार्यों में गति आएगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। मित्रों का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी।

    मीनः चोट व रोग से परेशानी संभव है। आराम तथा मनोरंजन के साधन उपलब्ध होंगे। यश बढ़ेगा। व्यापार वृद्धि होगी। नई योजना बनेगी जिसका तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। विरोधी सक्रिय रहेंगे। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। प्रमाद न करें।

  • जालंधर: सिविल अस्पताल में दो गुटों में जमकर चले लात घूंसे, देखें वीडियो

    जालंधर: सिविल अस्पताल में दो गुटों में जमकर चले लात घूंसे, देखें वीडियो

    जालंधर/हर्ष कुमार: महानगर के सिविल अस्पताल में दो गुटों में आपसी भिड़ंत की वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है लड़ाई के दौरान घायल युवकों का इलाज सिविल अस्पताल चल रहा है। इलाज के दौरान घायल अमनदीप सिंह निवासी बस्ती शेख ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ आदर्श नगर चौपाटी में मौजूद था, उसी दौरान कुछ युवक गाड़ी में सवार होकर आए जो गाड़ी पार्क करते समय उनसे उलझ गए और उसी दौरान उक्त युवकों के द्वारा उन पर हमला कर दिया गया और हमले के दौरान उसका दोस्त घायल हो गया।

  • जालंधर: लतीफपुरा मामले आप विधायकों और प्रशासन की संयुक्त मोर्चा से हुई बैठक में हुआ यह फैसला

    जालंधर: लतीफपुरा मामले आप विधायकों और प्रशासन की संयुक्त मोर्चा से हुई बैठक में हुआ यह फैसला

    जालंधर, वरुण /हर्ष: लतीफपुरा में बेघर हुए लोगों के मुद्दे के मामले में आज सर्किट हाउस में आम आदमी पार्टी के विधायकों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच बैठक में अहम फैसला लिया गया है। इस बैठक में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने लतीफपुरा में बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास का आश्वासन दिया। संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान से सुनते हुए विधायक व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन ने उन्हें बताया कि पंजाब सरकार इन परिवारों के समुचित पुनर्वास को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष जगतार सिंह संघेरा ने परिवारों से पुनर्वास के लिए आवेदन करने का आग्रह किया ताकि आगे की कार्रवाई तुरंत की जा सके।

    बैठक के दौरान विधायक शीतल अंगुराल, रमन अरोड़ा व बलकार सिंह ने प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि इन परिवारों का निश्चित रूप से पुनर्वास किया जाएगा। डीसी जसप्रीत सिंह, पुलिस आयुक्त डॉ. एस भूपति, जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह, आम आदमी पार्टी की नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, दीपक बाली आदि भी मौजूद रहे। लतीफपुरा पुनर्वास संयुक्त मोर्चा जसकरन सिंह काहन सिंह वाला, संतोख सिंह, गुरदीप सिंह भंडाल, कश्मीर सिंह, परमिंदर सिंह, कश्मीर सिंह घुगशोर, सुखजीत सिंह डरोली, परमजीत सिंह जबोवाल, हंस राज पबवां, राजविंदर कौर, महिंदर सिंह बाजवा, सरबजीत सिंह, हरजिंदर सिंह आदि ने बैठक में भाग लिया।

  • जालंधर: चाइना डोर के साथ एक गिरफ्तार

    जालंधर: चाइना डोर के साथ एक गिरफ्तार

    जालंधर/हर्ष कुमार: थानां दो की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 चाइना डोर के गट्टू बरामद किए हैं। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गोपाल नगर निवासी रमनदीप सिंह के रूप में हुई है। थाना दो के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम के एएसआई अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक गोपाल नगर में घूम फिर कर लोगों को चाइना ड़ोर के गटू की सप्लाई दे रहा है तभी उसी दौरान उन्होंने टीम तैयार कर युवक को काबू कर उसके कब्जे से 14 चाइना गट्टू बरामद कर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

  • जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ धमाका, 20 लोग झुलसे

    जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ धमाका, 20 लोग झुलसे

    करनालः हरियाणा के करनाल में निगदू थानाक्षेत्र के भोला खालसा गांव में बर्थ-डे कार्यक्रम के दौरान अचानक छोटे सिलिंडर में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही गांव में भगदड़ मच गई। कार्यक्रम में नाश्ता कर रहे महिला, व्यक्ति, बच्चे और बुजुर्ग समेत 20 से अधिक लोग आग में झुलस गए। आग में झुलसे लोग बचाव के लिए चिल्लाते रहे, मगर आग की लपटें काफी तेज थी।

    बर्थ-डे ब्वॉय के माता-पिता की हालत गंभीर

    गांव के लोगों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर बर्थ-डे ब्वॉय विशाल और उसके पिता सोमपाल मां, छिंदो देवी की हालत काफी चिंताजक बनी हुई है। आईसीयू में तीनों का उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आग में झुलसने वालों में 6 बालक, करीब दस व्यक्ति और चार महिलाएं शामिल हैं।

    नाश्ते के दौरान हुआ हादसा

    भोला खालसा में बर्थ-डे कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही थी। पिता सोमवीर ने लंबे समय बाद बेटे के जन्मदिन को लेकर काफी उत्साहित था। नाते-रिश्तेदार को कार्यक्रम में बुलाया। साथ ही गांव के लोगों को भी दावत के लिए न्यौता दिया। सुबह करीब 11 बजे नाश्ता चल रहा था। जहां पर रिश्तेदार और गांव के लोग नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान छोटा सिलिंडर में अचानक आग लगने से जोरदार धमाका हुआ। पंडाल में आग लगने से करीब 20 लोग झुलस गए।

    खुशियों का माहौल हुआ गमगीन

    परिवार में लंबे समय बाद बेटे विशाल के जन्मदिन को लेकर महीने भर से तैयारियां चल रही थी। रिश्तेदार और परिवार के लोगों में जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह था, मगर किसी को नहीं पता था कि खुशी के मौके पर दर्दनाक हादसा हो जाएगा। बुधवार को सिलिंडर फटने की आग में लोग झुलस गए। हादसा होने पर खुशियों का माहौल गमगीन हो गया।

  • पंजाबः RTA और PRTC दफ्तर में परिवहन मंत्री की औचक चैकिंग, देखें तस्वीरें

    पंजाबः RTA और PRTC दफ्तर में परिवहन मंत्री की औचक चैकिंग, देखें तस्वीरें

    पटियालाः पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज दोपहर ज़िला प्रशासनिक कंपलैक्स के ब्लाक-डी स्थित सचिव, रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी पटियाला के दफ़्तर की अचानक चैकिंग की। परिवहन मंत्री ने नाभा रोड स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग ट्रैक टैस्ट और पीआरटीसी मुख्यालय का भी जायज़ा लिया। इस दौरान लालजीत सिंह भुल्लर ने आरटीए दफ्तर में अपने कामकाज के लिए पहुंचे लोगों के साथ बातचीत की और दफ़्तर में किसी किस्म की शिकायत आदि के बारे लोगों से फीडबैक हासिल किया।

    कैबिनेट मंत्री ने दफ़्तरी अमले से उनके कामकाज के बारे बारीकी से पूछताछ की और हिदायत की कि लोगों के काम पहल के आधार पर किये जाएं ताकि लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। परिवहन मंत्री ने ड्राइविंग ट्रैक और आरटीए दफ्तर में मुलाजिमों को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा लोगों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करने के सख़्त संदेश से अवगत करवाते हुये आदेश दिए कि कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी और लोगों को तंग-परेशान करने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्यवाही की जायेगी।

    लालजीत सिंह भुल्लर ने आरटीए और ड्राइविंग ट्रैक के दफ़्तरी अमले से उनके द्वारा किये जाते काम, जैसे नयी आरसीज़, ट्रकों के पर्मिट, रिन्यूल और ड्राइविंग लायसेंस आदि के कामों के बारे जानकारी हासिल की। सहायक आरटीए शाम लाल और अन्य कर्मचारियों को हिदायत देते हुये उन्होंने कहा कि वह समय के साथ-साथ अपने आप को अपडेट रखें। इसके बाद परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने यहां पीआरटीसी के मुख्यालय का निरीक्षण किया और ड्राइवर-कंडक्टर ट्रेनिंग स्कूल, टायर प्लांट और बस बॉडी फेब्रिकेशन सैल का विशेष के तौर पर जायज़ा लिया।

    परिवहन मंत्री ने पीआरटीसी के जनरल मैनेजर प्रवीन कुमार और मनिन्दरपाल सिंह सिद्धू और कार्यकारी इंजीनियर जतिन्दरपाल सिंह ग्रेवाल के साथ मीटिंग करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार द्वारा पीआरटीसी और पनबस को चोर बज़ारी बंद करके वित्तीय तौर पर मज़बूत किया जा रहा है, इसलिए सरकार की हिदायतों पर पीआरटीसी को बुलन्दियों पर ले जाने के लिए कोई कसर बाकी न छोड़ी जाये।

  • पंजाबः हरपाल चीमा ने शिक्षा विभाग की यूनियनों के साथ की मीटिंग, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

    पंजाबः हरपाल चीमा ने शिक्षा विभाग की यूनियनों के साथ की मीटिंग, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

    चंडीगढ़ः पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों की अलग-अलग अध्यापक जत्थेबंदियों के साथ मीटिंग करके उनकी समस्याओं और मांगों के बारे विस्तार से विचार-विमर्श किया। कंप्यूटर टीचर्ज यूनियन पंजाब, पंजाब स्टेट एडिड स्कूलज़ टीचर्ज एंड अदर एम्पलाईज़ यूनियन और 3704 अध्यापक यूनियन पंजाब के नुमायंदों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक चली मीटिंगों के दौरान वित्त मंत्री ने अध्यापक जत्थेबंदियों की मांगों और मुद्दों, जिनमें से ज़्यादातर वेतन, पैंशन और तबादलों से सम्बन्धित थे, को धैर्यपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने वित्त और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ अध्यापक यूनियनों के मुद्दों के बारे विस्तार में चर्चा की और इनको तुरंत हल करने के लिये कहा।

    इस मौके पर वित्त मंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को यूनियन नेताओं की तरफ से उठाईं मांगों सम्बन्धी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी हिदायत की कि वह यूनियन नेताओं के साथ ज़रूरत पड़ने पर मीटिंगें करें, जिससे जायज़ मांगों का उपयुक्त हल किया जा सके। चीमा ने वित्त विभाग के अधिकारियों को इन मांगों से सम्बन्धित वित्तीय प्रभाव के बारे रिपोर्ट तैयार करने के लिए भी कहा।

    मीटिंगों के दौरान यूनियनों ने वित्त मंत्री को मांग-पत्र भी सौंपे गए। स. चीमा ने जत्थेबंदियों को भरोसा दिया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र को नयी बुलन्दियों पर ले जाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने अध्यापकों से अपील की कि वह राज्य के हर विद्यार्थी को मानक शिक्षा देने के लिए सरकार की तरफ से किये जा रहे यत्नों का तन-मन से समर्थन करें।

  • 5.68 ग्राम चिट्टे सहित व्यक्ति काबू 

    5.68 ग्राम चिट्टे सहित व्यक्ति काबू 

    ऊना/सुशील पंडित : थाना हरोली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति  को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को टाहलीवाल पुलिस नंगल कला के वार्ड नंबर 5 के  पास मौजूद थी । एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को पुलिस टीम ने चेकिंग के लिए रोका। उक्त व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।तलाशी लेने पर उसके पास  से  5.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

    आरोपित व्यक्ति की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ अग्गो गांव नंगल कलां वार्ड नंबर 5 तहसील  हरौली के रूप में हुई है । इस संबंध में इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया  कि आरोपित व्यक्ति के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

  • फगवाड़ाः गीता भवन कोचिंग सेंटर में जगजीत सिंह ने बच्चों को सिखाए पब्लिक स्पीकिंग के अहम पहलू 

    फगवाड़ाः गीता भवन कोचिंग सेंटर में जगजीत सिंह ने बच्चों को सिखाए पब्लिक स्पीकिंग के अहम पहलू 

    फगवाड़ा, (राजेश कुमार): गीता भवन मंदिर कटहरा चौक द्वारा संचालित गीता भवन कोचिंग सेंटर में आज प्रभावशाली वक्ता कैसे बने के विषय पर विशेष वार्तालाप का आयोजन किया गया। जिसमें वार्ताकार जगजीत सिंह चांना ने छात्राओं के संबोधन में कहा कि अगर जीवन में सफल बनना चाहते हो तो आपको एक सफल एवं प्रभावी वक्ता होना आवश्यक है। हमें अपने लंबे-चौड़े भाषण को संक्षिप्त में कहकर उपस्थिति को संतुष्ट करने का हुनर प्राप्त करना होगा। अपनी बात को 50 मिनट में करना है तो उसी बात को हमारी करने की क्षमता 5 मिनट में होनी अति आवश्यक है।

    हमें अपनी बात में कहे जाने वाले शब्दों को बार-बार नहीं दोहराना चाहिए। जिस प्रकार अगर घर में मिष्ठान बनाते समय खीर इत्यादि बनाई जाए तो उसमें चावल एवं दूध व मीठे का  मिश्रण अलग-अलग मात्रा में होता है। उसी प्रकार अपनी बातें अलग-अलग शब्दों में कहकर वजनदार बनानी चाहिए। प्रोफेशनल ट्रेनर एवं मोटिवेशनल स्पीकर जगजीत सिंह ने पब्लिक स्पीकिंग के अनेक अहम पहलू बताते हुए कहा कि अगर बच्चे अपने बोलने का डर खत्म कर दें तो जीवन में हर जगह सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

    मंच संचालन का कार्यभार दीप्ति ने बखूबी निभाया। राजरानी शर्मा मुस्कान अंशिका पुष्पा अंकिता लक्ष्मी मनीषा गौतम सिया आदि उपस्थित हुए। चेयरमैन पंडित देवी राम शर्मा ने एक स्मृति चिन्ह देकर सरदार जगजीत सिंह को सम्मानित किया और बहुमूल्य समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। सेंटर निर्देशक मदन मोहन खट्टर के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम का सफलता से समापन हुआ।