Blog

  • अमेरिका से डिपोर्ट यात्रियों की सूची आई सामने, देखें लिस्ट

    अमेरिका से डिपोर्ट यात्रियों की सूची आई सामने, देखें लिस्ट

    जालंधर के 4, कपूरथला के 6 यात्री शामिल

    अमृतसरः अमेरिका में नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता संभालने के साथ ही अवैध तरीके से घुसे भारतीयों में से 205 आज भारत पहुंच रहे हैं। अमेरिकी सेना का विमान C-17 अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड होगा। वहीं यात्रियों की सूची सामने आई है, Jalandhar 4, Amritsar 5, Gurdaspur 1, Taran Taran 1, Kapurthala 6, Hoshiarpur 2, Ludhiana 2, SBS Nagar 2, Patiala 4, Sangrur 1, SAS Nagar 1 और Fatehgarh Sahib 1 सहित कुल 30 पंजाबी यात्री शामिल है। भारत के 6 राज्यों के लोग दोपहर को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। 205 यात्रियों का अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 अमेरिका के शहर सैन एंटोनियो से फ्लाइट संख्या आरसीएम 175 लेकर यहां आ रहा है। सूचना के अनुसार अमेरिका से आ रहे विमान में 11 क्रू मेंबर और 45 अमेरिकी अधिकारी भी साथ में होंगे, जो 205 भारतीयों को अमृतसर एयरपोर्ट पर उतारकर लौट जाएंगे। इसमें पंजाब के 30, गुजरात के 33, यूपी के 3, हरियाणा 33, चंडीगढ़ के 2, महाराष्ट्र के 3 लोगों सहित 104 भारतीय लोग मौजूद होंगे। पहले विमान के सुबह 8 बजे पहुंचने की सूचना थी, पर अब यह दोपहर एक बजे पहुंचेगा और साढ़े 4 बजे वापस रवाना होगा। एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां इसे लेकर पूरी तरह से सतर्क है। डिपोर्ट होकर आने वाले लोगों के दस्तावेज चेक करने के अलावा उनकी पूरी पृष्ठभूमि खंगाली जाएगी। अगर किसी का आपराधिक रिकॉर्ड निकला तो उसे जेल जाना होगा। अमृतसर एडमिनिस्ट्रेशन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी विमान में आ रहे सभी लोगों के अमृतसर एयरपोर्ट पर डॉक्यूमेंट्स चेक किए जाएंगे। इमिग्रेशन वगैरह के अलावा इन लोगों का पूरा बैकग्राउंड, खासकर क्रिमिनल रिकॉर्ड भी चेक किया जाएगा। अगर किसी का क्रिमिनल रिकॉर्ड निकला तो उसे एयरपोर्ट में ही अरेस्ट कर लिया जाएगा। इस प्रोसेस में पूरा दिन लग सकता है। सूत्रों के अनुसार, अमेरिका से डिपोर्ट हुए इन भारतीयों में कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं, जो भारत में कोई न कोई क्राइम कर अमेरिका निकल गए हों। अमृतसर के पूर्व पासपोर्ट अधिकारी जेएस सोढी ने जानकारी दी कि जिस भी व्यक्ति को डिपोर्ट किया जाता है, उसके पास अपना पासपोर्ट नहीं होता। ऐसे में संबंधित भारतीय दूतावास उन्हें सर्टिफिकेट इशू करता है, जो भारत में लैंड होते ही वापस ले लिया जाता है। यह सर्टिफिकेट इशू होने से पहले भारतीय दूतावास संबंधित व्यक्ति के बारे में विस्तृत जानकारियां जुटाता है और सब सही पाए जाने पर ही यह सर्टिफिकेट दिया जाता है। पूर्व पासपोर्ट अधिकारी ने जानकारी दी कि भारत लौटने के बाद भी स्थानीय पुलिस इन पर नजर रखती है। इनकी वेरिफिकेशन दोबारा से की जाती है। विमान में डिपोर्ट किए गए कुल कितने भारतीय है, अभी तक इसकी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है।
  • महाकुंभ से लौट रही बस हुई हादसाग्रस्त, 2 महिलाओं की मौत, कई घायल

    महाकुंभ से लौट रही बस हुई हादसाग्रस्त, 2 महिलाओं की मौत, कई घायल

    जयपुरः महाकुंभ से हनुमानगढ़ (राजस्थान) लौट रही स्लीपर बस हाईवे पर पलट गई। हादसे में 2 श्रद्धालु महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहा हैं। हादसे दौरान हुए धमाके की आवाज सुन गांव वाले हाईवे की ओर दौड़े और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

    जानकारी देते हुए बालाहेड़ी थाना इंचार्ज भगवान सहाय ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे दौसा के बालाहेड़ी इलाके में महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को महवा जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

    गंभीर स्थिति को देखते हुए 7 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया है। इनमें 2 महिलाओं की मौत हो गई जिनकी पहचान सुंदर देवी जाट (50) हरिपुरा थाना संगरिया, जिला हनुमानगढ़ और भंवरी देवी शर्मा (65) निवासी सरदारशहर, चूरू शामिल हैं।

  • 11 बजे तक इतने प्रतिशत हुई वोटिंग, 2 विधायकों पर मामला दर्ज

    11 बजे तक इतने प्रतिशत हुई वोटिंग, 2 विधायकों पर मामला दर्ज

    नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, LG वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, राहुल गांधी वोट डाल चुके हैं। 11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है। वोटिंग के दौरान आप पार्टी के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है।

    वहीं, ओखला विधानसभा से आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वोटिंग के बाद सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं।

     

  • 2 मंजिला इमारत में लगी आग, जिंदा जले मामा-भांजी

    2 मंजिला इमारत में लगी आग, जिंदा जले मामा-भांजी

    मुजफ्फरपुरः कांटी थाना क्षेत्र में 2 मंजिलें मकान में आग लगने से मामा-भांजी जिंदा जल गए। जिनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मिथिलेश (35) और इनकी भांजी शालू कुमार (17) के रूप में हुई है। इसके अलावा मृतक मिथिलेश की पत्नी भी झुलसी है।

    घटनास्थल पर मौजूद लोगों से ने बताया कि मकान में 4 लोग थे। आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि बुझाने में डेढ़ घंटे लग गए। जैसे-तैसे करके घर में से मृतक की पत्नी और 7 साल के बेटे को पड़ोसी ने निकला। मौके पर पहले दमकल की छोटी गाड़ी पहुंची, उसके बाद दो बड़ी गाड़ी भी आई। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। आग कैसे लगी इसकी पूरी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आग से पेट्रोल की बदबू आ रही थी, जांच चल रही है। घटना की जांच के लिए आसपास के लोगों से बातचीत की जा रही है। प्रशासन और अग्निशमन टीम के साथ मौके पर पूर्व मंत्री अजीत कुमार भी पहुंचे।

    वहीं, फायर ब्रिगेड व पुलिस की जांच में सामने आया कि कमरे में भारी मात्रा में पेट्रोल स्टोर किया गया था। जिस तरह से आग फैली है, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कमरे में 15 से 20 लीटर तक पेट्रोल हो सकता है।

  • Bolero को बेकाबू Truck ने मारी टक्कर, 10 छात्राएं घायल

    Bolero को बेकाबू Truck ने मारी टक्कर, 10 छात्राएं घायल

    सीवानः परीक्षा देने जा रही छात्राओं से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार गुठनी से सभी लोग वीएम इंटर कॉलेज जा रहे थे। इस बीच मैरवा की तरफ से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने बोलेरो में टक्कर मार दी। हादसे में कुल 10 छात्राएं घायल हो गई। घटना गुठनी चौराहे के पास की है। घायल छात्राओं को पहले गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर नीरज कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस से सभी छात्राओं को सीवान पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    घायल छात्राओं में सोनाली कुमारी (पिता महंथ प्रजापति), मीतू कुमारी (पिता मुसाफिर राम), मौसम कुमारी यादव (पिता रामाधार यादव), रागिनी कुमारी (पिता हरिकृष्ण भगत) और अनु कुमारी (पिता जितेंद्र राम) सहित अन्य छात्राएं शामिल है। गुठनी थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह के अनुसार, सभी छात्राओं को मामूली चोट लगी है और उनकी स्थिति ठीक है। पुलिस फिलहाल ट्रक चालक को खोज रही है।

  • Punjab News: केंद्र को सरकार भेजेगी पैनल, Gaurav Yadav के स्थायी DGP बनने का रास्ता हुआ साफ

    Punjab News: केंद्र को सरकार भेजेगी पैनल, Gaurav Yadav के स्थायी DGP बनने का रास्ता हुआ साफ

    चंडीगढ़ः पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, आईपीएस गौरव यादव का स्थायी तौर पर डीजीपी बनने का रास्ता साफ हो गया है। गौरव यादव से सभी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। राज्य में आप सरकार बनने के बाद गौरव यादव कार्यकारी डीजीपी के तौर पर काम कर रहे हैं। 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी और पूर्व डीजीपी वीके भावरा के छुट्टी पर जाने के बाद गौरव यादव को 4 जुलाई 2022 को डीजीपी का अतिरिक्त पदभार सौंपा गया था। इसके बाद स्थायी डीजीपी लगाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कभी भी पैनल नहीं भेजा गया। करीब ढ़ाई साल बाद अब राज्य सरकार की ओर से स्थायी डीजीपी लगाने के लिए केंद्र को पैनल भेजा जा रहा है।

    राज्य सरकार की ओर से केंद्र को जो पैनल भेजा जा रहा है उसमें डीजीपी यादव सबसे वरिष्ठ हैं। इनसे पहले जो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे या तो वह सेवानिवृत हो गए हैं या फिर केंद्रीय डेपुटेशन पर हैं। 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी दिनकर गुप्ता एनआईए प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। 1987 बैच के आईपीएस वीके भावरा पंजाब पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी के पद से पिछले साल मई में सेवानिवृत्त हुए थे। इसी तरह 1988 के बैच के आईपीएस अधिकारी प्रबोध कुमार बीते सप्ताह ही सेवानिवृत्त हुए हैं। 1989 बैच के आइपीएस अधिकारी पराग जैन भी केंद्रीय डेपुटेशन पर है। इसी बैच के आइपीएस अधिकारी संजीव कालडा भी इस माह 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

    गौरव यादव 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इनके बैच के आईपीएस हरप्रीत सिंह सिद्धू इस समय केंद्रीय डेपुटेशन पर है। इसी बैच के आईपीएस शरद सत्या चौहान भी इस समय पंजाब पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, आईपीएस कुलदीप सिंह इस समय स्पेशल डीजीपी एसटीएफ हैं। गौरव यादव करीब तीन साल से डीजीपी के तौर पर काम कर रहे है, इसलिए उनका स्थायी डीजीपी लगना लगभग तय है। हालांकि उनको डीजीपी लगाने के विरोध में पूर्व आईपीएस अधिकारी वीके भावरा ने कैट का रुख किया था, लेकिन उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिली थी। राज्य में इस समय करीब 16 डीजीपी हैं।

  • अनियंत्रित School Bus पुल से गिरी, एक छात्रा की मौत, मची चीख-पुकार

    अनियंत्रित School Bus पुल से गिरी, एक छात्रा की मौत, मची चीख-पुकार

    जयपुरः NH-52 पर स्कूल बस पुलिया से नीचे गिरने का मामला सामने आया है। हादसे में 12वीं की छात्रा की मौत हो गई, जबकि 9 बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसा बस का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। बस में 25-30 बच्चे सवार थे।

    जानकारी मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे NH-52 स्थित वीर हनुमान मार्ग पुलिया के पास स्कूल बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। हादसे में छात्रा कोमल देवंदा (18) पुत्री शिशुपाल देवंदा, निवासी रामपुरा, डाबड़ी (चौमूं) की मौत हो गई। कोमल कक्षा 12वीं की स्टूडेंट थी। सूचना मिलते ही चौमूं पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायल बच्चों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल छह बच्चों को शहर के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

    पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनुराग शर्मा व रवि शर्मा ने बताया कि खेल स्टेडियम में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज आई और बस पलट गई। मौके पर पहुंचे तो बच्चे चीख रहे थे। घायलों में सुमित चौधरी पुत्र मुरलीधर चौधरी निवासी रामपुरा, अंकिता कुमावत पुत्री शिवपाल कुमावत निवासी आंकेड़ा, मनीषा चौधरी पुत्री प्रहलाद सहाय निवासी आंकेड़ा, रवि शर्मा पुत्र बाबूलाल शर्मा निवासी आंकेड़ा, संजीव बुनकर पुत्र दिनेश कुमार बुनकर निवासी आंकेड़ा, देवेश कुंदल पुत्र सोहन लाल शर्मा निवासी रामपुरा, तनु प्रजापत पुत्री राकेश प्रजापत निवासी रामपुरा, वंश वर्मा निवासी रामपुरा और अक्षिता चौधरी निवासी आंकेड़ा शामिल हैं। इनका इलाज सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस की ब्रेक फेल हो जाने के कारण हादसा हुआ है।

    घटना की सूचना मिलने पर जयपुर डीसीपी वेस्ट अमित कुमार बुडानिया चौमूं पहुंचे। उन्होंने सामोद रोड स्थित सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में घायल बच्चों से घटना की जानकारी ली। इस मौके पर एसीपी अशोक चौहान व कार्यवाहक थाना प्रभारी गणेश सैनी, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शर्मा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनुराग शर्मा भी हॉस्पिटल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।

  • PM मोदी ने गले और हाथ में रुद्राक्ष की माला पहनकर लगाई आस्था की डुबकी, देखें वीडियो

    PM मोदी ने गले और हाथ में रुद्राक्ष की माला पहनकर लगाई आस्था की डुबकी, देखें वीडियो

    प्रयागराज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महाकुंभ 2025 में पवित्र त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस मौके पर पीएम मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने यमुना नदी में नाव की सवारी की। पीएम मोदी को देखने के लिए संगम तट पर काफी संख्या में श्रद्धालु एकजुट हुए हैं। ऐसे में वोट पर सवार पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। जब पीएम मोदी ने त्रिवेणी घाट पर स्नान किया, उस दौरान महाकुंभ में मौजूद लोग अपने प्रधानमंत्री को देखना चाहते थे। वह उन्हें लगातार देखने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। संगम में स्नान से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी के साथ नौका विहार भी किया था। इस दौरान दोनों नेताओं की बीच की ट्यूनिंग भी दिखाई दी। दोनों एक-दूसरे के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए। पीएम मोदी ने गंगा स्नान से पहले सीएम योगी के नौका विहार किया था, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच ट्यूनिंग साफ-साफ दिखाई दी। मोदी का विमान बमरौली एयरपोर्ट पहुंचा। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, CM योगी, दोनों डिप्टी सीएम ने स्वागत किया। एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से पीएम डीपीएस के हैलिपैड पहुंचे। यहां से उनका काफिला अरैल के VIP घाट पहुंचा। वहां से बोट से संगम पहुंचे। 54 दिन में PM का महाकुंभ का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 13 दिसंबर को यहां आए थे। पीएम मोदी के आगमन की सूचना पाकर कई श्रद्धालु महाकुंभ क्षेत्र में रुके हुए थे। मध्य प्रदेश के जबलपुर की काजल सोनी ने बताया कि उन्होंने संगम में स्नान कर लिया है, लेकिन जब उन्हें पीएम मोदी के आने की सूचना मिली तो वह उन्हें देखने के लिए रुक गईं।  
  • RBI की Monetary Policy Committee की मीटिंग आज

    RBI की Monetary Policy Committee की मीटिंग आज

    बिजनेसः RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग आज शुरू हो रही है। यह तीन दिवसीय मीटिंग 7 फरवरी तक चलेगी। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली मीटिंग में ब्याज दर पर फैसला लिया जाएगा। संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में ये पहली मीटिंग होगी। RBI ने फरवरी 2023 से रेपो रेट को 6.5% पर अपरिवर्तित रखा है।

    बैंक ऑफ अमेरिका सिक्योरिटी यानी बोफाएस इंडिया के अर्थशास्त्री (भारत और एशिया) राहुल बाजोरिया और एलारा सिक्युरिटीज की इकोनॉमिस्ट गरिमा कपूर को उम्मीद है कि RBI इस मीटिंग में रेपो रेट 0.25% घटकर 6.25% कर देगा। यदि रिजर्व बैंक ब्याज दरें कुछ कम करता है तो आम लोगों पर EMI का बोझ कम होगा। इससे अतिरिक्त बचत होगी। एक्सपर्ट्स के अनुसार RBI रेपो रेट में इस साल चरणबद्ध तरीके से रेपो रेट में 1% तक कटौती करके कर सकता है। इससे 2025 के आखिर तक रेपो रेट को 5.50% के स्तर पर लाया जा सकता है। साथ ही कैश रिजर्व रेश्यो (CRR) 0.50% घटाकर या खुले बाजार से बॉन्ड खरीदकर भी RBI बैंकिंग सिस्टम में कैश बढ़ा सकता है।

    महंगाई से लड़ने का शक्तिशाली टूल है पॉलिसी रेट ​​​​​​
    किसी भी सेंट्रल बैंक के पास पॉलिसी रेट के रूप में महंगाई से लड़ने का एक शक्तिशाली टूल है। जब महंगाई बहुत ज्यादा होती है, तो सेंट्रल बैंक पॉलिसी रेट बढ़ाकर इकोनॉमी में मनी फ्लो को कम करने की कोशिश करता है। पॉलिसी रेट ज्यादा होगी तो बैंकों को सेंट्रल बैंक से मिलने वाला कर्ज महंगा होगा। बदले में बैंक अपने ग्राहकों के लिए लोन महंगा कर देते हैं। इससे इकोनॉमी में मनी फ्लो कम होता है। मनी फ्लो कम होता है तो डिमांड में कमी आती है और महंगाई घट जाती है।

    इसी तरह जब इकोनॉमी बुरे दौर से गुजरती है तो रिकवरी के लिए मनी फ्लो बढ़ाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में सेंट्रल बैंक पॉलिसी रेट कम कर देता है। इससे बैंकों को सेंट्रल बैंक से मिलने वाला कर्ज सस्ता हो जाता है और ग्राहकों को भी सस्ती दर पर लोन मिलता है।

    आखिरी बार फरवरी 2023 में हुआ था बदलाव
    मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की पिछली मीटिंग दिसंबर में हुई थी, जिसमें कमेटी ने लगातार 11वीं बार दरों में बदलाव नहीं किया था। RBI ने आखिरी बार फरवरी 2023 में दरें 0.25% बढ़ाकर 6.5% की थीं।

  • स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पेरेंट्स और प्रशासन में मचा हड़कंप

    स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पेरेंट्स और प्रशासन में मचा हड़कंप

    नोएडाः देश में आए दिन स्कूलों को बम के उड़ाने की धमकियां मिल रही है। वहीं दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में कई नामचीन स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने के मामले सामने आए है। इस ई-मेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। उनमें हेरिटेज स्कूल और मयूर स्कूल का नाम शामिल है।

    स्कूल से बच्चों के पेरेंट्स को इमरजेंसी कॉल किया गया है और सभी बच्चों को घर भेजा जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हालात संभालने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य है। कई स्कूलों में कक्षाएं पुनः शुरू हो गई हैं। वहीं इस ई-मेल के बाद प्रशासन और पेरेंट्स में दहशत का माहौल पाया जा रहा है।

    मौके पर पहुंचकर नोएडा पुलिस की टीम ने बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता स्कूलों में पहुंच चुके हैं और छात्रों को ऐहतियातन सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित कर लिया गया है। अब तक किसी भी स्कूल में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। बम स्कवॉड और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्कूलों में जांच कर रहे हैं।

    बताया जा रहा हैकि स्टेप बाय स्टेप स्कूल, द हेरिटेज स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल और मयूर स्कूल को स्पैम ई-मेल द्वारा बम धमकी प्राप्त होने के बाद तत्काल विभिन्न पुलिस टीमों, बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड और बीडीडीएस टीम द्वारा सभी स्थानों की जांच की गई। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य है। साइबर टीम द्वारा ई-मेल की विवेचना की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जनता से अनुरोध है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।