Blog

  • पंजाबः 2 किलो हेरोइन बरामद कर 4 लोगों को किया नामजद

    पंजाबः 2 किलो हेरोइन बरामद कर 4 लोगों को किया नामजद

    अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत देहाती एसएसपी स्वपन शर्मा की टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने गांव मोहवा, थाना घरिंडा में 2 किलो हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 4 लोगों को नामजद किया गया है।

  • जिम में वर्कआउट दौरान 46 वर्षीय मशहूर टीवी एक्टर का निधन

    जिम में वर्कआउट दौरान 46 वर्षीय मशहूर टीवी एक्टर का निधन

    मुबंईः टीवी के मशहूर एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का शुक्रवार को 46 साल की उम्र में निधन हो गया। सिद्धांत वीर के अचानक निधन की खबर से इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे थे। बताया जा रहा है कि एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी जिम में वर्कआउट कर रहे थे, इसी दौरान वो जमीन पर गिर पड़े। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक्टर को जिम में हार्ट अटैक आया, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

    करीब 45 मिनट तक चले हॉस्पिटल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा सिद्धांत को बचाने की पूरी कोशिश की गई लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हाल ही में पॉपुलर कॉमेडियन और एक्टर राजू श्रीवास्तव को भी जिम में वर्कआउट के दौरान ही हार्ट अटैक आया था, अस्पताल में करीब 45 दिनों तक जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ने के बाद उनका निधन हो गया था। उनसे पहले ‘भाभी जी घर पर हैं’ फेम एक्टर दीपेश भान की भी वर्कआउट के दौरान मौत हो गई थी।

  • होशियारपुरः दुष्कर्म की शिकार हुई 11 वर्षीय नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म

    होशियारपुरः दुष्कर्म की शिकार हुई 11 वर्षीय नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म

    नाबालिग की हालत खराब, मेडिकल कालेज में किया रेफर

    होशियारपुरः जिले में समाज को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दुष्कर्म की शिकार दिमागी रूप से कमजोर 11 साल की लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया है। मामला जिले के एक गांव का है। पुलिस ने लड़की की मां के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रसव के दौरान नाबालिग की हालत खराब होने के चलते उसे मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर किया गया है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं।

    इन दिनों वह जिले के एक गांव में एक किसान की मोटर पर परिवार के साथ रह रहे हैं। उसने बताया कि उसके 5 बच्चे हैं जिसमें से 4 लड़कियां और एक लड़का है। सबसे बड़ी लड़की 11 साल की है। कुछ दिन पहले उसका पति ग्वालियर गया। इस दौरान बेटी ने उसे बताया कि उसके पेट में दर्द हो रहा है, जिसके बाद वह उसे बजवाड़ा में एक डाक्टर के पास ले गई। डाक्टर ने उसे सिविल अस्पताल भेज दिया, जहां स्कैन करवाने पर पता चला कि उसकी बेटी गर्भवती है। इसके बाद उसने वन स्टाप सेंटर की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। महिला ने बताया कि वह व उसका पति मजदूरी करते हैं। उनके बच्चे घर में अक्सर अकेले रहते हैं। उनकी बेटी दिमागी तौर पर कुछ कमजोर है, जिसका फायदा उठाते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ गलत काम किया है।

    9 नवंबर रात को उसे प्रसव पीड़ा होने लगी, उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म वफा स्कोर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, प्रसव के कारण बच्ची की तबीयत ठीक नहीं है जिसके चलते जच्चा बच्चा दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अमृतसर भेज दिया गया है, इस संबंधी थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर लोमेश ने बताया कि उन्होंने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है व जांच जारी है, आरोपी को जल्द कब का लिया जाए। इस घटना को लेकर गांव के सरपंच ने कहा कि ऐसी गलत हरकत करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने डीएनए टेस्टिंग के जरिये दुष्कर्म के आरोपी का पता लगाने का दावा किया है।

  • पूर्व पीएम राजीव गांधी मर्डर केस के आरोपियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आया बड़ा आदेश

    पूर्व पीएम राजीव गांधी मर्डर केस के आरोपियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आया बड़ा आदेश

    नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की हत्या के मामले में जेल में बंद सभी 6 दोषियों को रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अगर इन दोषियों पर कोई अन्य मामला नहीं है, तो इन्हें रिहा कर दिया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में कहा कि लंबे समय से राज्यपाल ने इस पर कदम नहीं उठाया तो हम उठा रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में दोषी करार दिए गए पेरारिवलन की रिहाई का आदेश बाकी दोषियों पर भी लागू होगा। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस साल मई में पेरारिवलन को रिहा करने का आदेश दिया था। 

    ये 6 दोषी होंगे रिहा

    राजीव गांधी हत्याकांड में नलिनी, रविचंद्रन, मुरुगन, संथन, जयकुमार, और रॉबर्ट पॉयस को रिहा करने के आदेश दिया है। पेरारिवलन पहले ही इस मामले में रिहा हो चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 18 मई को जेल में अच्छे बर्ताव के कारण पेरारिवलन को रिहा करने का आदेश दिया था। जस्टिस एल नागेश्वर की बेंच ने आर्टिकल 142 का इस्तेमाल करते हुए यह आदेश दिया था।

    31 साल पहले हुई थी राजीव गांधी की हत्या

    21 मई 1991 को एक चुनावी रैली के दौरान तमिलनाडु में एक आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उन्हें एक महिला ने माला पहनाई थी, इसके बाद धमाका हो गया। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में कुल 41 लोगों को आरोपी बनाया गया था। 12 लोगों की मौत हो चुकी थी और तीन फरार हो गए थे। बाकी 26 पकड़े गए थे। इसमें श्रीलंकाई और भारतीय नागरिक थे। फरार आरोपियों में प्रभाकरण, पोट्टू ओम्मान और अकीला थे। आरोपियों पर टाडा कानून के तहत कार्रवाई की गई। 7 साल तक चली कानूनी कार्यवाही के बाद 28 जनवरी 1998 को टाडा कोर्ट ने हजार पन्नों का फैसला सुनाया। इसमें सभी 26 आरोपियों को मौत की सजा सुनाई गई।

    19 दोषी पहले हो चुके रिहा

    ये फैसला टाडा कोर्ट का था, इसलिए इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। टाडा कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती नहीं दी जा सकती थी। एक साल बाद सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने इस पूरे फैसले को ही पलट दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 26 में से 19 दोषियों को रिहा कर दिया। सिर्फ 7 दोषियों की फांसी की सजा को बरकरार रखा गया था। बाद में इसे बदलकर उम्रकैद किया गया।

  • पंजाबः डेरा प्रेमी की हत्या को लेकर परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार

    पंजाबः डेरा प्रेमी की हत्या को लेकर परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार

    फरीदकोटः कोटकपूरा में हुए डेरा प्रेमी प्रदीप कुमार उर्फ राजू के कत्ल मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 4 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने फरीदकोट के दो संदिग्ध युवकों के घर पर दबिश देकर वहां से मोबाइल कब्जे में लिया है। दूसरी ओर परिवार ने अव के अंतिम संस्कार को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है। कुछ समय में पुलिस प्रशासन व परिवार के बीच बैठक होगी।

    उसमे अंतिम संस्कार को लेकर निर्णय लिया जाएगा। वीरवार को अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर प्रदीप का कत्ल कर दिया था। हमले में प्रदीप के अलावा उनके सुरक्षाकर्मी हाकम सिंह व पूर्व पार्षद अमर सिंह को भी गोली लगी थी। ये दोनों जीजीएस मेडिकल कालेज में उपचाराधीन हैं। डेरा अनुयायी प्रदीप का शव को कोटकपूरा में डेरे के नाम चर्चा घर मे रखा गया है। यहां पर डेरा श्रद्धालु एकत्रित हो रहे हैं। कुछ देर बाद प्रदीप के घरवालों व डेरा कमेटी की पुलिस प्रशासन के साथ बैठक हो होगी, जिसके बाद ही अंतिम संस्कार के बारे में कोई फैसला हो पाएगा।

    हत्याकांड को लेकर पंजाब पुलिस ने फरीदकोट शहर में दो संदिग्ध युवकों के घरों पर दबिश दी है। सादिक रोड पर रहने वाले भूपिंदर सिंह गोल्डी और मनप्रीत सिंह मनी पर घर छापामारी की गई है। दोनों ही युवक पिछले 5 दिनों से गायब हैं और नशा करने के आदी हैं। गोल्डी के परिवार का दावा है कि वह चार-पांच दिन से घर में नहीं है। पुलिस उन्हें बेवजह परेशान न करे। अगर उसने कुछ गलत काम किया है तो उसको उसकी सजा जरूर मिले। पुलिस उनके घर से मोबाइल सहित कुछ अन्य सामान साथ लेकर गई है। 

  • Airtel का ये प्लान! मचा रहा है धूम

    Airtel का ये प्लान! मचा रहा है धूम

    नई दिल्ली: एयरटेल के कॉलिंग प्लान्स के साथ ही डाटा और वैलिडिटी प्लान्स को भी काफी पसंद किया जाता है। दरअसल ये प्लान्स आपको अच्छे-खासे बेनिफिट्स देते हैं साथ ही साथ इनकी कीमत भी बेहद ही कम रहती है। आप अगर वैलिडिटी बनाए रखने के लिए एक सस्ता प्लान तलाश रहे हैं और आपके बजट में कोई प्लान फिट नहीं हो पा रहा है तो हम आपके लिए बेस्ट ऑप्शन लेकर आए हैं जो आपके बजट में फिट हो जाएगा।

    कौन सा है Airtel का ये प्रीपेड प्लान 

    Airtel के जिस प्रीपेड प्लान की हम बात कर रहे हैं उसकी कीमत महज 99 रुपये है, इस प्लान को उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो वैलिडिटी को बनाए रखना चाहते हैं लेकिन ज्यादा खर्च नहीं करना चाहते हैं। प्रीपेड प्लान क हिसाब से ये एक सस्ता प्लान है जो ग्राहकों के बजट में आसानी से फिट हो सकता है। अगर आप भी इस प्लान को खरीदने का मन बा रहे हैं तो आज हम आपको इसकी खासियत के बारे में बताने जा रहे हैं।

    क्या हैं बेनिफिट्स 

    अगर बात की जाए बेनिफिट्स की तो एयरटेल के इस प्लान में ग्राहकों को पूरे 28 दिनों की वैलिडिटी मिल जाती है। किफायती कीमत में एक महीने की वैलिडिटी मिलना एक बड़ी बात है, ऐसे में ये आपके बजट में आसानी से फिट हो जाता है और आपको ज्यादा खर्च भी नहीं करना पड़ता है। अगर अन्य बेनिफिट्स की बात करें तो इस प्लान में आपको 200 MB डेटा भी मिल जाता है जो आपकी छोटी-मोटी इंटरनेट की जरूरतों को पूरा करने का काम करता है। अगर आप भी एयरटेल ग्राहक हैं और एक ऐसे ही प्लान की तलाश में थे तो अब आप इसे एक्टिवेट करवा सकते हैं और इसमें मिलने वाले बेनिफिट्स का लाभ भी ले सकते हैं।

  • पंजाबः पत्रकार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक पर लगे गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    पंजाबः पत्रकार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक पर लगे गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    पटियालाः राजपुरा से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां एक पत्रकार ने आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या करने से पहले पत्रकार एक वीडियो बनाता है जिसमें उसने कई बड़े लोगों पर जबरन आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। वीडियो में पत्रकार ने कांग्रेस के पूर्व विधायक पर भी निशाना साधा है। राजपुरा के पत्रकार रमेश शर्मा ने वीडियो में कहा कि 40 माह पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक हरदियाल सिंह कंबोज ने मेरी दुकान पर कब्जा करवाकर मुझे बेरोजगार कर दिया था। उनके बेटे मिल्टी कंबोज ने 30,000 रुपये प्रति माह का भुगतान न करने पर हमारा ढाबा बंद कर दिया था।

    उन्होंने कहा कि मुझे संजीव गर्ग से 5 लाख रुपये लेने हैं और अवतार सिंह जो एक नकली स्वतंत्रता सेनानी है और लवकेश कपूर जो 10 वीं पास डेंटल सर्जन है और उसका भाई जो दुकानदारी के साथ पत्रकारिता करता है और गंगानगर से कानून की डिग्री लाकर ब्लैकमेलिंग कर रहा है। मैंने सभी से शिकायत की थी और अब सब मिलकर मुझे परेशान करने के लिए मुझ पर कई केस डालकर परेशान कर रहे हैं। रमेश कुमार ने कहा कि वह इन सभी लोगों से परेशान होकर आत्महत्या कर रहे हैं, क्योंकि इन सभी ने मिलकर उनके खिलाफ कई मामले दर्ज कराए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है।

  • पंजाबः अवैध माइनिंग मामले में राकेश चौधरी गिरफ्तार

    पंजाबः अवैध माइनिंग मामले में राकेश चौधरी गिरफ्तार

    मोहाली: राज्य में हो रही अवैध माइनिंग को लेकर पंजाब सरकार लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। आज अवैध खनन माफिया पर पंजाब सरकार द्वारा अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। रोपड़ पुलिस ने खनन विभाग की शिकायत पर पिछले कई सालों से अवैध खनन के किंगपिन राकेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी खनन मंत्री हरजोत सिंह बैस ने ट्वीट करके दी है।

    माइनिंग विभाग को पुख्ता सूचना थी कि आरोपी अवैध माइनिंग करवा रहा है। विभाग ने बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ रेड की तो आरोपी को दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में रेत के कुछ टिप्पर भी पकड़े गए है। सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी कांग्रेस समय में चन्नी का खास रहा है।

    राजनेताओं के साथ अच्छी पकड़ होने के कारण आरोपी को कोई भी अधिकारी हाथ नहीं डालता था। पंजाब में अब सरकार बदलते ही कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने रेड शुरू कर दी है। मंत्री हरजोत सिंह बैंस पहले भी कह चुके है कि लोगों को रेत सस्ती दी जाएगी। इसके लिए पहले रेत की अवैध माइनिंग रोकनी पड़ेगी। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू हो चुकी है कि वह इतने वर्ष किसकी आशीर्वाद से रेत खनन का कारोबार कर रहे है।

  • पंजाब: डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    पंजाब: डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    फरीदकोटः पंजाब के फरीदकोट में हुई डेरा सच्चा सौदा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों में से 4 को पकड़ लिया है। इसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए 3 आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक पंजाब के हैं। एक आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के बख्शीवाला से गिरफ्तार किया है।

    फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपी से पूछताछ कर रही है। स्पेशल सेल के सभी अधिकारी इनसे पूछताछ कर रहे हैं। स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या की साजिश में कौन-कौन शामिल हैं? साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने उनको हायर किया था और कितने पैसे दिए थे? इसके अलावा कहां से हथियार आया और कब से यह प्लानिंग हो रही थी? यह भी जानने में पुलिस जुटी हुई है।

    साथ ही स्पेशल सेल हत्या के पीछे की वजह सिर्फ बेदअबी है या कुछ और मकसद है। आपको बता दें कि फरीदकोट में गुरुवार सुबह डेरा सच्चा सौदा प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या उस समय हुई थी, जब डेरा सच्चा सौदा प्रेमी अपनी दुकान खोलने जा रहा था। हमलावर बाइकों पर सवार होकर आए थे। इन बदमाशों ने गोलीबारी की। गोलीबारी में डेरा प्रेमी का गनमैन और उसका एक पड़ोसी घायल भी हुआ था। जिस डेरा सच्चा सौदा प्रेमी की हत्या की गई है, वह गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोपी था। प्रदीप हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा से जुड़ा हुआ था।

  • पंजाबः अब महंत की हुई हत्या, खून से लथपथ मिला शव

    पंजाबः अब महंत की हुई हत्या, खून से लथपथ मिला शव

    फतेहगढ़ साहिबः पंजाब में हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद अब महंत की हत्या का मामला सामने आया है। मोहाली जिले के गांव बुढ़नपुर में चार दशक से कुटिया में रहने वाले महंत शीतल दास (70) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। महंत पर तेजधार हथियारों से वार किया गया है। गांव की महिलाओं ने सुबह महंत का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

    शक है कि इलाके में सक्रिय भैंस चोर गिरोह के सदस्यों ने वारदात को अंजाम दिया है। महंत शीतल दास मूलरूप से फतेहगढ़ साहिब जिले के एक गांव के रहने वाले थे। वह बीते करीब 42 साल से गांव बुढ़नपुर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के पीछे महंत सावन दास की समाधि के पास एक झोपड़ी में रहते थे। घटनास्थल पर डीएसपी से लेकर सभी बड़े पुलिस अधिकारी पहुंचे। इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इलाके के लोगों ने बताया कि महंत शीतल दास के नाम करीब तीन बीघा जमीन थी लेकिन वह गांव से भीख मांगकर अपना पेट भरते थे।

    गांव के बाशिंदों ने बताया कि महिलाओं ने सुबह करीब 10 बजे खून से लथपथ महंत का शव देखा। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और गांववाले वहां जुटे। लोगों ने बनूड़ थाने की पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने कहा कि रात भैंस चोरों का एक गिरोह गांव में घूम रहा था। जब उन्होंने एक किसान की भैंस को खोलना शुरू किया तो शोर सुनकर पास के घर के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचा दिया। घटना के बाद आरोपी आंगन की दीवार फांद कर भाग गए। ग्रामीणों को शक है कि महंत शीतल दास की हत्या भैंस चोरी करने वाले गिरोह ने की है। घटनास्थल पर थाना प्रमुख बनूड़ करमजीत सिंह, राजपुरा के डीएसपी सुरिंदर मोहन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या की जांच शुरू कर दी है।