Blog

  • राजीव मेनन उना व रविन्द्र बिंदी फतह पुर से लड़ेंगे चुनाव

    राजीव मेनन उना व रविन्द्र बिंदी फतह पुर से लड़ेंगे चुनाव

    शिवसेना बाल ठाकरे अध्यक्ष ने जारी की पहली सूची

    ऊना/सुशील पंडित: शिवसेना बाल ठाकरे ने हिमाचल विधानसभा में अपने प्रत्याशियों की पहली संभावित सूची जारी कर दी है। 
    शिवसेना बाल ठाकरे हिमाचल के अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने वीरवार को प्रेस नोट में बताया कि राजीव मेनन उना सदर से विधानसभा चुनाव लडेंगे। इसके अलावा जय दत्ता हरोली, रविन्द्र बिंदी फतह पुर और लोट राम ठाकुर कुल्लू सदर विधानसभा प्रत्याशी होंगे। शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि विधानसभा प्रत्याशियों की संभावित दूसरी सूची भी जल्द जारी कर दी जाएगी।

    उन्होंने बताया कि शिवसेना बाल ठाकरे हिमाचल विधानसभा चुनावों में पूरे दमखम के साथ उतरेगी। शिवसेना बाल ठाकरे अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने वीरवार को स्टेट कार्यकारणी का भी विस्तार किया है। उन्होंने कुल्लू के लोट राम ठाकुर को प्रदेश भूतपूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और नीरज उधवानी को प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अजय सोंधी को अनुशासन समिति का अध्यक्ष व भाग सिंह ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्टेट कार्यकारणी में राजेश कुमार राजू को शिवसेना हिमाचल इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष, पंकज कोशल को प्रदेश सचिव बनाया गया है। वहीं आशीष शर्मा को युवा सेना का अध्यक्ष, अंकुश शर्मा को सचिव, हरदीप सैनी को उपाध्यक्ष व रजत शर्मा को युवा सेना संगठक बनाया गया है। शिवसेना बाल ठाकरे के अध्यक्ष एडवोकेट शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि रविन्द्र बिंदी को प्रदेश संगठन व जसवंत कटोच को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा आरती सोनी को भवानी सेना की प्रदेश अध्यक्ष और रेखा ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
  • अमेरिका में 20 साल के भारतीय छात्र का कत्ल

    अमेरिका में 20 साल के भारतीय छात्र का कत्ल

    वाशिंगटन : अमेरिका के इंडियाना प्रांत में एक विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावास में भारतीय मूल के 20 वर्षीय छात्र की हत्या किए जाने और उसके साथ रहने वाले कोरियाई छात्र को हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि इंडियानापोलिस निवासी वरुण मनीष छेड़ा परड्यू यूनिवर्सिटी परिसर के पश्चिमी छोर पर स्थित मैक्चियॉन हॉल में मृत पाया गया। ‘विदेशी न्यूज चैनल’ ने परड्यू यूनिवर्सिटी की पुलिस प्रमुख लेस्ले वीटे के हवाले से कहा कि बुधवार को विश्वविद्यालय के एक छात्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

    वीटे ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि साइबर सुरक्षा विषय की पढ़ाई कर रहे कोरियाई छात्र जी मिन ‘जिमी’ शा ने मंगलवार देर रात 12.45 बजे 911 सेवा पर फोन कर पुलिस को वरुण की मौत के बारे में सूचित किया। हालांकि, उन्होंने इस कॉल के बारे में अतिरिक्त विवरण नहीं दिया। प्राधिकारियों ने बताया कि घटना मैक्चियॉन हॉल की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में हुई। वरुण परड्यू यूनिवर्सिटी में डेटा साइंस विषय की पढ़ाई कर रहा था। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण की मौत ‘कई घातक चोटों’ के कारण हुई और उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। ‘फॉक्स न्यूज’ के अनुसार, पुलिस प्रमुख वीटे ने कहा कि उनका मानना है कि हमला ‘अकारण’ किया गया।

    वरुण के बचपन के दोस्त अरुणभ सिन्हा ने ‘विदेशी न्यूज चैनल’ से कहा कि वरुण मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ ऑनलाइन बातचीत कर रहा था और गेम खेल रहा था, तभी उन्हें कॉल पर अचानक चीख की आवाज सुनाई दी। अरुणभ ने बताया कि वह उस रात दोस्तों के साथ नहीं खेल रहा था, लेकिन बाकी दोस्तों ने उसे बताया कि उन्होंने हमले की आवाज सुनी, लेकिन समझ नहीं पाए कि वहां हुआ क्या है और बुधवार सुबह जब वे उठे, तो उन्हें वरुण की मौत की खबर पता चली। वीटे ने कहा कि 911 सेवा पर कॉल आने के कुछ ही मिनटों बाद 22 वर्षीय शा को हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले जाया गया। वरुण की हत्या परड्यू यूनिवर्सिटी के परिसर में बीते आठ वर्षों से भी अधिक समय में हुई पहली हत्या है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष मिच डैनियल्स ने कहा कि वरुण की मौत ‘विश्वविद्यालय परिसर में घटित एक बेहद दुखद घटना है, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस भयानक घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’

  • पंजाबः फिर बढ़ा इस बीमारी का खतरा, जालंधर में 100 से अधिक मामले आए सामने

    पंजाबः फिर बढ़ा इस बीमारी का खतरा, जालंधर में 100 से अधिक मामले आए सामने

    जालंधर/वरुणः पंजाब में एक बार फिर डेंगू का कहर बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं जालंधर की बात करें तो शहर में डेंगू के 108 नए मामले सामने आए हैं। बता दें जालंधर छावनी, राममंडी, मकसूदन, भार्गव कैंप समेत करीब दो दर्जन इलाकों में डेंगू का खतरा बदजता दिखाई दे रहा है। सिविल सर्जन डॉ का कहना है कि विभाग की टीमों द्वारा डेंगू मरीजों के घरों और आसपास के इलाकों का सर्वे किया जा रहा है। इसके अलावा कीटनाशकों का छिड़काव भी किया जा रहा है। जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 108 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 41337 घरों का दौरा कर सर्वे किया है।

    बता दें कोरोना के बुधवार को दो नए मामले सामने आए हैं। सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए किसी भी मरीज को भर्ती नहीं किया जा रहा है। जिले में वैक्सीन डोज की संख्या 40,40,763 पहुंच गई है। इनमें 19,53,320 प्रथम, 18,83,047 सेकेंड और 2,04,396 बूस्टर डोज शामिल हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राकेश चोपड़ा का कहना है कि त्योहारों के चलते लोगों को वैक्सीन की खुराक मिलने की संभावना कम है।

  • पंजाबः भ्रष्टाचार और रंगदारी के मामले में AIG और पूर्व विजिलेंस ब्यूरो का अधिकारी गिरफ्तार

    पंजाबः भ्रष्टाचार और रंगदारी के मामले में AIG और पूर्व विजिलेंस ब्यूरो का अधिकारी गिरफ्तार

    चंडीगढ़ः पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजीलेंस टीम ने AIG और पूर्व विजिलेंस ब्यूरो अधिकारी आशिष कपूर को गिरफ्तार किया है। विजीलेंस की टीम ने बताया कि AIG और पूर्व विजिलेंस ब्यूरो अधिकारी आशिष कपूर को भ्रष्टाचार और रंगदारी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

    बता दें कि करीब एक महीना पहले विजिलेंस ने एआईजी के चंडीगढ़ सेक्टर 88 स्थित घर में रेड की थी। इस दौरान विजिलेंस ने उनकी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की थी। उस समय विजिलेंस की टीम ने आशीष कपूर के घर का मुआयाना कर इसकी वीडियोग्राफी भी की थी। हालांकि इस मामले को लेकर उस समय आशीष कपूर ने कहा था कि यह घर उन्होंने अपने पीएफ आदि कमाई के जायज साधनों से बनाया है। उन्होंने कुछ गलत नहीं किया।

    वहीं सूत्रों के मुताबिक उन्हें पूनम राजन नाम की महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। पूनम राजन ने पहले भी उन पर रेप के आरोप लगाए थे। गौरतलब है कि एआईजी आशीष कपूर करोड़ों रुपये के सिंचाई घोटाले में जांच अधिकारी भी रह चुके हैं और उन पर सिंचाई विभाग के कई अधिकारियों से पैसे लेकर उनके नाम निर्दोषों की सूची में डाले और दूसरों को दोषी घोषित करने का आरोप है। इसी के तहत उनकी संपत्ति को भी काफी समय पहले विजीलेंस की ओर से मापी गई थी।

  • पंजाबः बंदी सिखों को लेकर बोले मनिंदर जीत सिंह बिट्टा, कहा- पूछना चाहिए इन्होंने 36 हजार हिंदुओं को क्यों मारा

    पंजाबः बंदी सिखों को लेकर बोले मनिंदर जीत सिंह बिट्टा, कहा- पूछना चाहिए इन्होंने 36 हजार हिंदुओं को क्यों मारा

    अमृतसरः आल इंडिया एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के चेयरमैन मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने धर्म के नाम पर नफरत फैलानों वालों से सावधान रहने की अपील की है। कहा कि कुछ सिख चरमपंथी नफरत फैला रहे हैं। यहां किसी के लिए ठीक नहीं है। मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि खालिस्तान के नाम पर जो लोग आजादी मांग रहे हैं, उनसे वह पूछना चाहते हैं कि किस बात की आजादी चाहिए। यह लोग देश को बांटने का काम कर रहे हैं, जबकि हिंदुस्तान ने हमें सब कुछ दिया। देश में पीएम, राष्ट्रपति, नेवी चीफ, आर्मी चीफ सब पदों पर सिख आसीन रहे हैं।

    इसके बावजूद चंद लोग पूरा माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। बिट्टा ने कहा कि एक बार पहले भी गरम भाषण के कारण मां के लाल मारे जा चुके हैं। अब फिर से खालिस्तान के नाम पर यह लोग पंजाब की जवानी को खत्म करने की कोशिश में लगे हैं। वहीं, वारिस पंजाब के मुख्य सेवादार अमृतपाल सिंह के मामले पर उन्होंने कहा की इन लोगों को विदेशों से फंडिंग हो रही है, अगर यह लोग इतने ही बहादुर हैं तो जाएं पहले उन लोगों को खत्म करें जिन लोगों ने पंजा साहब का अपमान किया है। गुरुद्वारों का अपमान किया।

    बंदी सिखों पर मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि यह लोग मौत के सौदागर हैं। उन्होंने बिना कारण बेकसूर 36000 हिंदुओं को मारा। सिख कौम का इतिहास बहुत महान है, मगर इनसे यह पूछना चाहिए कि हिंदुओं को क्यों मारा गया, जबकि हिंदू अपने मन में नफरत की कोई भावना लेकर नहीं चलते हैं, ईसाई अपने मन में नफरत की कोई भावना लेकर नहीं चलते हैं। सिखों को अगर खतरा है तो वह अपने ही लोगों से खतरा है न की किसी और धर्म से खतरा है, इसलिए जरूरी है कि धर्म का प्रचार किया जाए न कि नफरत फैलाई जाए।

  • पंजाबः पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन की सूचना देने पर मिलेगा एक लाख रुपया, BSF ने रखा ईनाम

    पंजाबः पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन की सूचना देने पर मिलेगा एक लाख रुपया, BSF ने रखा ईनाम

    गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर में पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन पर बॉर्डर के गांवों के लोग भी नजर रखेंगे। इसी साल जुलाई महीने में ड्रोन की सूचना देने वाले को 1 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी। बीते कुछ दिनों में रोजाना ड्रोन की मूवमेंट और लगातार हेरोइन व हथियारों की खेप मिलने के बाद अब बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने पूरे इलाके में 1 लाख इनाम देने के पोस्टर लगवा दिए हैं।

    ड्रोन के जरिए तस्करी रोकने के लिए बीएसएफ ने एक लाख रुपए इनाम देने के पोस्टर बॉर्डर पर बसे गांवों में लगवा दिए हैं। बीएसएफ की 89 बटालियन के जवानों ने बीओपी मेतला, अगवान, बोहड़ पठाना, मीरकचाणा, मोमनपुर, रोसा, पकीवां, धीदोवाल, बरीला, रुडियाणा, दोस्तपुर, बोहड़ वडाला, चौड़ खुर्द आदि दर्जन के करीब गांवों में पोस्टर लगाए हैं।

    जिसमें ड्रोन के बारे में सूचना देने वाले को 1लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। BSF अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि पाकिस्तान से आने वाले नशे और ड्रोन के बारे में जानकारी को 9417809047, 9417901144, 9417809014, 9417809018, 9417901150, 01812233348, 9417901153 नंबरों पर सांझा किया जाए। इसके अलावा हेरोइन पकड़ाने वाले को भी इनाम दिया जाएगा। डीआईजी प्रभाकर जोशी ने स्पष्ट किया कि जानकारी देने वालों के नाम पूरी तरह से गुप्त रखे जाएंगे।

  • पंजाब : FCI का कर्मचारी10,000 रुपये की रिश्वत लेते काबू 

    पंजाब : FCI का कर्मचारी10,000 रुपये की रिश्वत लेते काबू 

    चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर स्थित एफसीआई के लेबर हैंडलिंग इंचार्ज शंकर शाह को भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के दौरान 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जालंधर निवासी शमा की शिकायत पर कथित आरोपित श्रम प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है।

    अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उक्त सेवानिवृत्त श्रम प्रभारी अपने पिता की मृत्यु के बाद एफसीआई बकाया के निपटान में मदद के बदले में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने कहां कि मुलाजिम शंकर शाह इस संबंध में उससे पहले ही 10,000 रुपये ले चूका हैं। प्रवक्ता ने आगे बताते हुए कहां कि इस संबंध में तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने उक्त आरोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

  • दर्दनाक हादसाः दुर्गा विसर्जन के दौरान नदी में आई बाढ़, डूबने से 7 की मौत, कई लापता

    दर्दनाक हादसाः दुर्गा विसर्जन के दौरान नदी में आई बाढ़, डूबने से 7 की मौत, कई लापता

    बंगालः उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में माल नदी में बुधवार की रात अचानक आई बाढ़ के कारण मूर्ति विसर्जन के लिए गए कम से कम आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई। कहा जा रहा है कि देवी दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के लिए नदी के किनारे भारी संख्या में लोग जमा हो गए थे। जलपाईगुड़ी जिले की जिला मजिस्ट्रेट मौमिता गोदारा बसु ने कहा, “एक बच्चे सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। 50 से अधिक लोगों को बचाया गया। किसी के लापता होने की सूचना नहीं है। डाउनस्ट्रीम में अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी भी बारिश हो रही है।”

    घटना मालबाजार में रात करीब साढ़े नौ बजे की है। अधिकांश नदियों की तरह माल नदी में भी हिमालय की तलहटी में भारी बारिश होने पर बाढ़ आ जाती है। जिस समय हादसा हुआ उस वक्त कलिम्पोंग पहाड़ियों में भारी बारिश हो रही थी। भक्तों को नदी की ऊपरी धारा में जल स्तर में वृद्धि के बारे में पता नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग नदी तट पर जमा हो गए थे। अचानक आई बाढ़ के कारण चंद सेकेंड में ही पानी का स्तर छह इंच से बढ़कर 3.5 फुट हो गया।

    सभी पीड़ितों की पहचान कर ली गई है। बाढ़ के पानी में कई वाहन बह गए जिनमें मूर्तियों को ले जाया गया था। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। एक स्थानीय निवासी राजेन मुर्मू ने कहा, “अगर प्रशासन की ओर से पहाड़ियों में भारी बारिश और जल स्तर में वृद्धि की संभावना के बारे में चेतावनी दी गई होती, तो दुर्घटना टल सकती थी।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हुई दुर्घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना।”
     

  • सिटी हॉल में अंधाधुंध फायरिंग, मेयर सहित 18 की मौत, इलाके में दहशत

    सिटी हॉल में अंधाधुंध फायरिंग, मेयर सहित 18 की मौत, इलाके में दहशत

    मैक्सिकोः गोलीबारी की घटनाएं अब अमेरिका से बाहर निकलकर उसके पड़ोसी देशों तक पहुंच गईं हैं। कनाडा के बाद अब मैक्सिको में भी गोलीबारी होने लगी है। वीरवार को मैक्सिको के मैक्सिकन सिटी हॉल में सामूहिक गोलीबारी हुई। इसमें मेयर समेत 18 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मौत का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और फायरिंग की वजह पता करने की कोशिश कर रही है। हालांकि इस घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन एक संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है।

    पूरे इलाके में दहशत का माहौल

    विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वीरवार सुबह मैक्सिकन सिटी हॉल में एक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था। कार्यक्रम में अचानक एक अनजान शख्स घुसता है और अंधाधुंध फायरिंग करने लगता है। गोलीबारी में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में वहां के मेयर के अलावा उनके पिता, पूर्व मेयर और मुन्सिपल्टी पुलिस के कई अधिकारी शामिल हैं। वहीं सामूहिक फायरिंग की इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

    सामने आई डराने वाली 2 तस्वीर

    इस फायरिंग को लेकर सोशल मीडिया पर 2 तस्वीरें भी वायरल हो रहीं हैं। पहली पोटो में दीवार पर सिर्फ गोलियों के ही निशान नजर आ रहे हैं. बदमाश ने दीवार पर ही करीब 30-35 राउंड गोली चलाई है। वहीं, हमले की दूसरी पोटो में आरोपी शख्स नजर आ रहा है, जिसे पुलिस ने पटककर गिरफ्तार कर लिया है।

    सामूहिक गोलीबारी से अमेरिका सबसे ज्यादा परेशान

    बता दें कि सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं से अमेरिकी सरकार सबसे ज्यादा परेशान हैं। यहां कोई महीना ऐसा नहीं जाता जिसमें गोलीबारी की कोई घटना सामने न आए। अभी 3 अक्टूबर को न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स स्ट्रीट में रात करीब 11 बजे (अमेरिकी समय) गोलीबारी हुई थी। इसमें 15 वर्षीय छात्र घायल हुआ था। इससे पहले इस साल अमेरिका में गोलीबारी की कई बड़ी घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें काफी लोग मारे जा चुके हैं।

  • पंजाबः दिन दिहाड़े मामूली विवाद को लेकर चली गोली, एक घायल

    पंजाबः दिन दिहाड़े मामूली विवाद को लेकर चली गोली, एक घायल

    लुधियानाः पंजाब में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ती ही जा रही है। आए दिन जिलें में गोली चलने के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज थाना कूमकलां के गांव भमां में गोली चलने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में एक युवक घायल हो गया है। घायल युवक की पहचान लखविंदर सिंह के रूप में हुई है।

    घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव भमां में कुछ युवकों में किसी बात को लेकर तकरार हो गई। इसी तकरार में वहां गोली चल गई। जिसमें लखविंदर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गोली उसके टखने पर लगी है। उसे घायल अवस्था में तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कूमकलां की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।