रोहतकः इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान के सुसाइड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने मुस्कान के पिता सुखबीर की शिकायत पर बहु अकबरपुर थाने में शीलू, उसके पिता सुरेंद्र, मां निशा और भाई मनीष के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। सुखबीर ने शीलू पर कई युवतियों से संबंध होने के भी आरोप लगाए हैं। पिता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। साथ ही शीलू के दूसरी लड़कियों से अवैध संबंध हैं। इसका पता उसे लग गया था।
हालांकि आरोपी पक्ष ने इस तरह के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पीजीआई में मुस्कान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को उसके ससुराल बहु अकबरपुर गांव ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। पति शीलू बल्हारा ने ही मुखाग्नि दी। उधर, मुस्कान के सुसाइड के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें परिवार की महिलाएं उसकी डेडबॉडी के पास नजर आ रही हैं। वीडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान हैं।
पुलिस को दी शिकायत में महम चौबीसी के गांव फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी मुस्कान की शादी दिसंबर 2023 में बहुअकबरपुर निवासी टिंकू (शीलु) बल्हारा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही टिंकु व उनके परिवार के लोग मुस्कान को दहेज कम लाने के ताने देने लगे। बेटी को बोलते थे कि शीलू तुम्हारे लेवल से बहुत ऊपर है। वह कबड्डी का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। परिवार का प्रताड़ित करने की सिलसिला चलता रहा। उन्होंने कर्ज लेकर एक डिमांड पूरी की। प्रताड़ना जारी रहने पर व्यक्तिगत व पंचायती तौर पर शीलू व उसके परिवार को समझाया। बेटे होने पर पीलिया में डिमांड पूरी करने के बावजूद मुस्कान को तंग व जलील करने का सिलसिला जारी रहा।
