Blog

  • रिश्वत के मामले में CBI  ने रेलवे  के तीन अफसर समेत 5 को किया गिरफ्तार 

    रिश्वत के मामले में CBI ने रेलवे के तीन अफसर समेत 5 को किया गिरफ्तार 

    सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) के तीन बड़े अफसरों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। रेलवे अफसरों के अलावा कोलकाता स्थित एक निजी कंपनी से जुड़े दो अन्य शख्स भी पकड़े गए हैं। गिरफ्तार किए गए रेलवे अधिकारियों में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य माल परिवहन प्रबंधक (सीएफटीएम) संजय कुमार के साथ समस्तीपुर के वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) रूपेश कुमार और सोनपुर के वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सचिन मिश्रा शामिल हैं।

    तीनों भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी हैं। वहीं कोलकाता स्थित आभा एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और आभा एग्रो एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के नवल लाधा और मनोज कुमार साहा को भी गिरफ्तार किया गया है। छापे के दौरान 46.50 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं। इनके अलावा कंपनी से जुड़े मनोज लाधा को भी रिश्वतखोरी के मामले में नामजद किया गया है। सीबीआई ने पटना, सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कोलकाता में छापेमारी की। 

    वेंडरों को मनमाफिक लोडिंग के लिए रैक उपलब्ध कराने का आरोप

    सीबीआई के मुताबिक पूर्व मध्य रेल के इन अधिकारियों पर जोन के अधीन वेंडरों को सामान की मनमाफिक लोडिंग के लिए रैक उपलब्ध कराने का आरोप है। कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक और रेलवे के अफसरों के बीच इसको लेकर एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। उक्त निजी कंपनी के लिए रैक उपलब्ध कराने में सारे नियम-कानून ताक पर रख दिए जाते थे। इसके एवज में कंपनी द्वारा रेलवे अधिकारियों को हर महीने रिश्वत के तौर पर मोटी रकम का भुगतान होता था। इस मामले में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें संजय कुमार, रूपेश कुमार और सचिन मिश्रा के अलावा कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक समेत तीन नामजद और अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया था।

    संजय कुमार को 6 लाख रुपये रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

    सीबीआई के मुताबिक सीएफटीएम संजय कुमार को 6 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इस दौरान रिश्वत देने वाला भी पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि कोलकाता स्थित कंपनी के निदेशक ने अपने भाई को रेलवे अधिकारियों को 23.5 लाख रुपये रिश्वत भेजने को कहा था। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने पटना, सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कोलकाता के कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 46.50 लाख रुपये के साथ कई दस्तावेज भी बरामद हुए। इनमें से 29 लाख रुपये कोलकाता स्थित व्यवसायी के पास से जब्त किए गए। एक एसयूवी गाड़ी में रेलवे अफसरों को रिश्वत में देने के लिए 6 लिफाफे में भी रुपये रखे हुए थे।

    दो दिनों तक चली सीबीआई की कार्रवाई

    रिश्वतखोरी के इस मामले में सीबीआई की कार्रवाई दो दिनों तक जारी रही। रविवार को सीएफएमटी को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की कई टीमों ने अवैध लेनदेन से जुड़े रैकेट में शामिल लोगों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। सोमवार तक कार्रवाई जारी रही। गिरफ्तार रेलवे अफसरों के अलावा निजी कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ में कई अहम जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।

    इस मामले में हो सकती है कई और गिरफ्तारियां 

    सूत्रों के मुताबिक पूर्व मध्य रेल के तीन बड़े अफसरों की गिरफ्तारी और रैक के आवंटन में गड़बड़ी के खुलासे के बाद कई अन्य अधिकारियों के भी इसके जद में आने की आशंका है। छापेमारी के दौरान एक्सयूवी गाड़ी से रेलवे के छह अफसरों को रिश्वत देने के लिए रखा लिफाफा मिला था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस मामले में कई और गिरफ्तारी हो सकती है।

  • राजकीय बाल स्कूल ऊना में होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह: राघव शर्मा

    राजकीय बाल स्कूल ऊना में होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह: राघव शर्मा

    जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर जिलाधीश ने की बैठक की अध्यक्षता

    ऊना/सुशील पंडित: जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के प्रांगण में मनाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने वैकल्पिक समारोह स्थल के रूप में टाउन हॉल को तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का थीम आजादी का अमृत महोत्सव होगा। 

    डीसी राघव शर्मा ने समारोह स्थल को 13 अगस्त तक पूरी तरह से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में जिला के विकास को प्रदर्शित करने वाली कृषि, बागवानी, डीआरडीए, जल शक्ति विभाग, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी। इसके अतिरिक्त समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति, लोक कला एवं संस्कृति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगें। 

    जिलाधीश ने कहा कि समारोह में भव्य मार्च पास्ट भी निकाला जाएगा, जिसमें पुलिस, आईआरबी बटालियन बनगढ़, होमगार्ड व एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी। समारोह की रिहर्सल 11 अगस्त से शुरू होगी।

    राघव शर्मा ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों से अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनके विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं तथा विकासात्मक आंकड़ों से जुड़ा विस्तृत नोट जिला लोक संपर्क कार्यालय को समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। 

    उपायुक्त ने समारोह स्थल पर कोविड-19 से संबंधित सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को समारोह के दौरान पॉलीथीन व प्लास्टिक का पूरी तरह से इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची उपायुक्त कार्यालय को 10 अगस्त से पूर्व उपलब्ध करवाएं ताकि ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जा सके। 

    बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल, सहायक आयुक्त रविंद्र शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • पंजाबः मेडिकल कालेज के स्टूडेंट ने पीजी से लगाई छलांग, हालत गंभीर

    पंजाबः मेडिकल कालेज के स्टूडेंट ने पीजी से लगाई छलांग, हालत गंभीर

    फरीदकोट: जिलें में एमबीबीएस छात्र के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। वाइस चांसलर डा. राज बहादुर के आर्थो वार्ड में ड्यूटी करने वाले एमबीबीएस छात्र ने पीजी की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर की हड्डी टूट गई। छात्र को घायल अवस्था में मेडिकल कालेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। एमबीबीएस फाइनल ईयर का स्टूडेंट शेखर रतन महाराष्ट्र के नासिक जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह छह महीने की इंटर्नरशिप कर रहा था।

    छात्र ने खुदकुशी करने की अभी वजह सामने नहीं आई है। हालांकि बाबा फरीद यूनिर्वसिटी इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारी यक्षपाल सिंह ने बताया कि यहां एमबीबीएस व एमडी की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट बेहद दबाव में है, विद्यार्थियों की ओर से कई बार यूनिवर्सिटी प्रशासन को लिखकर प्रेशर कम करने के लिए ड्यूटियां कम करने की मांग की गई है। परंतु यूनिवर्सिटी प्रशासन ड्यूटियां कम नहीं कर रहा है। इसी परेशानी के चलते शेखर ने फरीदकोट शहर के जनिया मोेहल्ले में एक निजी पीजी की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

    उन्होंने बताया कि उक्त डाक्टर शेखर वाइस चांसलर डा. राज बहादुर के आर्थो वार्ड में रात्रि ड्यूटी कर रहा था। हालांकि घटना की सूचना मेडिकल कालेज द्वारा डा. शेखर के परिजनों को बता दी गई है, उनके फरीदकोट पहुंचने के बाद ही सभी स्थित स्पष्ट होगी, क्योंकि मेडिकल कालेज अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस मामले में बेहद गोपनीयता बरती जा रही है। 

  • जालंधरः डिप्टी मेयर को पार्टी से निकाला या दिया इस्तीफा, सच आया सामने

    जालंधरः डिप्टी मेयर को पार्टी से निकाला या दिया इस्तीफा, सच आया सामने

    जालंधर, (वरुण): महानगर के डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। हाल ही में सोशल मीडिया डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत बंटी को लेकर ख़बर वायरल हो रही थी कि उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधायक सुशील रिंकू से परेशान होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन सच यह है कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है बल्कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। इसको लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पत्र भी जारी कर दिया है। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि पार्टी की विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी से निकाला गया है।

    कांग्रेस पार्टी ने बंटी को किया था कारण बताओ नोटिस जारी

    बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के समर्थन को लेकर वह लगातार पार्टी के निशाने पर थे और बताया जा रहा है कि पिछले दिनों में पार्टी ने कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया। जिसके बाद पार्टी ने कार्रवाई करते हुए 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है।

    बंटी का पार्टी विरोधी गतिविधियों का वीडियो हुआ था वायरल

    बंटी ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेसी उम्मीदवार सुशील रिंकू का विरोध किया था और आम आदमी पार्टी की मदद की थी। इसकी कई वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने कार्रवाई की तैयारी कर ली थी। हालांकि यह बताया जा रहा है कि बंटी की आम आदमी पार्टी में भी बात नहीं बन रही है और वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हरसिमरनजीत सिंह बंटी के साथ ही कई कांग्रेसी पार्षदों को भी नोटिस जारी हुआ था और वह भी डिप्टी मेयर बंटी के साथ जा सकते हैं।

  • नेशनल हेराल्ड के दफ्तर सहित 12 ठिकानों पर ED की रेड

    नेशनल हेराल्ड के दफ्तर सहित 12 ठिकानों पर ED की रेड

    नई दिल्लीः नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली और कोलकाता समेत 12 जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। ईडी ने दिल्ली स्थित नेशनल हेराल्ड के दफ्तर पर भी छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ईडी ने हेराल्ड हाउस की चौथी मंजिल पर सर्च कर रही है। यहां नेशनल हेराल्ड का पब्लिकेशन ऑफिस है। ईडी सुबह 10 बजे हेराल्ड हाउस में दाखिल हुई थी।

    ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस में हाल ही में सोनिया गांधी से पूछताछ की थी। इतना ही नहीं इससे पहले राहुल गांधी से भी इस मामले में पूछताछ की गई थी। उधर, कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई के खिलाफ देशभर में सत्याग्रह किया था। बताया जा रहा है कि नेशनल हेराल्ड दफ्तर में सिक्योरिटी गार्ड के अलावा कोई भी मौजूद नहीं है। वहीं कांग्रेस सांसद उत्तर रेड्डी ने ईडी के छापेमारी को लेकर कहा है कि यह चौंकाने वाला है। यह राजनीतिक बदले के अलावा कुछ भी नहीं है।

  • बुलेट सवार युवक के हेलमेट ना पहनने पर पुलिस ने डंडे से की पीटाई, कांस्टेबल सस्पेंड, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः चंडीगढ़ पुलिस की दादागिरी की घटना से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने शुरु हो गए हैं। दरअसल, कुछ पुलिस कर्मियों की हरकतों की वजह से पूरे विभाग पर प्रश्न चिन्ह लग जाता है। कुछ ऐसी ही घटना चंडीगढ़ पुलिस ने की है। चंडीगढ़ पुलिस के जवानों ने हेलमेट न पहनने पर बुलेट सवार युवक की डंडे से पिटाई कर दी।

    वीडियो वायरल होने कांस्टेबल सतीश सस्पेंड

    इसका वीडियो वायरल होने के बाद पूरे विभाग की किरकिरी हो रही है। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने उस कांस्टेबल को ही निलंबित कर दिया है, जिसने युवक की डंडे से पिटाई की थी। कांस्टेबल सतीश को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर पुलिस लाइन में भेज दिया है। जबकि उसके साथ मौके पर तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों मुलाजिम आइटी पार्क थाने में तैनात थे।

    चालान काटने के बजाय कांस्टेबल सतीश ने की डंडे से पिटाई 

    पीड़ित युवक बिट्टू ने बताया कि शनिवार रात वह घर से अपनी बुलेट बाइक पर सब्जी लेने गया था। उसने हेलमेट नहीं पहना था। घर लौटते समय रास्ते में ड्यूटी पर तैनात एसआइ महेंद्र और कांस्टेबल सतीश ने उसे रोक लिया। चालान काटने के बजाय कांस्टेबल सतीश ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू की दी। वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद भी कांस्टेबल पिटाई करता रहा। बावजूद उससे जबरन लिखवाया लिया कि उसे चोट हादसे के कारण लगी है। घटना का किसी ने वीडियो बना दिया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद कांस्टेबल सतीश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है। वहीं एएसाई महेंद्र को लेकर जांच चल रही है।

  • पंजाबः फौजी ने अपनी 10 माह की बच्ची को फर्श पर पटका, मौत 

    पंजाबः फौजी ने अपनी 10 माह की बच्ची को फर्श पर पटका, मौत 

    श्री मुक्तसर साहिब: जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक मुक्तसर के गांव रणजीतगढ़ में एक सिपाही ने अपनी 10 माह की बच्ची को फर्श पर पटक दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है फौजी का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिससे गुस्साए फौजी ने यह कदम उठाया। मृतक बच्ची की मां ने फौजी और सास-ससुर के खिलाफ बच्ची को मारने के आरोप में थाना सदर में मामला दर्ज करवाया है। 

    ढेढ़ साल पहले हुई थी शादी

    थाना सदर प्रभारी ने बताया कि गांव रणजीतगढ़ का सतनाम सिंह जोकि अंबाला में फौजी था, उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले गांव लखेके बिहराम की रहने वाली अमनदीप कौर के साथ हुई ही। शादी के कुछ समय बाद ही अमनदीप कौर तथा उसके पति व सास, ससुर के बीच में झगड़ा रहने लगा। उस समय अमनदीप कौर गर्भवती थी, जिसकी शिकायत अमनदीप ने फौजी अधिकारियों को की।

    अधिकारियों ने सतनाम सिंह व अमनदीप कौर को बुलाकर उनके साथ बातचीत की और दोनों को समझाया, मगर मामला अभी शांत नहीं हुआ था। इस दौरान अमनदीप ने एक बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने रहमत रखा था। 12 जुलाई को फौज के अधिकारियों ने फिर से दोनों को बुलाया और समझाते हुए दोनों को 20 दिन साथ रहने के आदेश दिए, जिसके बाद दोनों पति पत्नी वापस अपने गांव में आ गए। इस दौरान अमनदीप के पिता जसविंदर सिंह अपनी लड़की तथा उसकी बच्ची के कपड़े लेने के लिए आए हुए थे।

    घटना के बाद फौजी, सास-ससुर फरार

    इस दौरान इन दोनों में फिर से टकराव हो गया। इस दौरान फौजी के पिता सुखचैन सिंह तथा माता स्वर्ण कौर ने बताया कि दोनों के बीच लड़ाई की वजह बच्ची ही है, जिसके बाद फौजी सतनाम सिंह ने जबरदस्ती अमनदीप कौर से बच्ची को छीनकर फर्श पर पटक दिया, जिसके बाद फौजी घायल बच्ची को एक प्राइवेट अस्पताल ले गया।

    जहां पर डाक्टरों ने बच्ची का हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण अन्य अस्पताल में भेजा दिया। जिसके कुछ देर बाद फौजी व उसका पिता वहां से फरार हो गए। बच्ची को ईलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित करार दिया। बच्ची की मां के बयानों के आधार पर आरोपी फौजी, उसकी माता तथा उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज करके छापेमारी शुरू कर दी गई है। 

  • पंजाबः सेहत मंत्री जौड़ामाजरा की बड़ी मुश्किलें, पूर्व सीएम चन्नी की भाभी डॉ. मनिंदर कौर ने दिया इस्तीफा

    पंजाबः सेहत मंत्री जौड़ामाजरा की बड़ी मुश्किलें, पूर्व सीएम चन्नी की भाभी डॉ. मनिंदर कौर ने दिया इस्तीफा

    चंडीगढ़ः पंजाब के सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में मंत्री के खराब रवैये से नाराज बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. राज बहादुर ने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद से विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। वहीं अब ताजा मामला पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की भाभी डॉ. मनिंदर कौर का सामने आया है। पूर्व CM चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह की पत्नी डॉ. मनिंदर कौर ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। वह खरड़ सिविल अस्पताल में सीनियर मेडिकल अफसर के पद पर तैनात थी।

    दरअसल, सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा 20 जुलाई को खरड़ अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ लोकल विधायक और सरकार में पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान भी मौजूद थी। इस दौरान सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने खरड़ अस्पताल की चेकिंग की थी। जिसमें वार्ड में पंखे न चलने और वाशरूम साफ न होने पर एसएमओ को फटकार लगाई थी। इस दौरान अस्पताल में सफाई को लेकर मंत्री ने एसएमओ को खूब खरी-खोटी सुनाई। जिसके बाद डॉ. मनिंदर का तबादला खरड़ से बरनाला के धनौला में कर दिया गया था।

    डॉ. मनिंदर कौर के पति डॉ. मनोहर सिंह ने भी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसके लिए उन्होंने भी एसएमओ पद से इस्तीफा दे दिया था। वह बस्सी पठाना से कांग्रेस की टिकट मांग रहे थे। कांग्रेस से टिकट न मिली तो वह आजाद लड़े लेकिन हार गए। उन्हें उम्मीद थी कि सीएम चरणजीत चन्नी की लोकप्रयिता से जीत जाएंगे लेकिन चन्नी ही खुद 2 सीटों से चुनाव हार गए।

    इस बारे में डॉ. मनिंदर कौर ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत वजह से नौकरी छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने 10 दिन पहले इस्तीफा दे दिया था। वह 22 साल की नौकरी कर चुकी हैं। अब नोटिस पीरियड की 3 महीने की ड्यूटी और करेंगी। उन्होंने सेहत मंत्री की चेकिंग की घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

  • जालंधरः लड़के ने लड़़के से रचाई शादी, अब छोड़कर हुआ फरार

    जालंधरः लड़के ने लड़़के से रचाई शादी, अब छोड़कर हुआ फरार

    जालंधर, (हर्ष): महानगर में दो लड़कों के शादी रचाने के ढाई साल बाद ही छोड़कर भागने का मामला सामनेे आया है। जानकारी के मुताबिक पहले यह दोनों साढ़े चार साल से साथ रह रहे थे। जिसमें में दो साल दोनों लिविंग रिलेशन में रहे, फिर पिछले ढाई साल से शादी कर रहे थे। लेकिन आज अर्जुन पुत्र विजय कुमार न्यू संत नगर के फरार होने का मामला सामने आया है। शिवम नामक युवक जिसने नाम बदलकर जिया रख लिया था।

    वह आज बस्ती बावा खेल में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाने पहुंचा है। पीड़ित शिवम ने बताया कि हम दोनों इकट्ठे करण गौरी नामक ग्रुप में झांकियों का काम करते थे। 23 साल के शिवम ने बताया कि अर्जुन के कहने पर उसने अपना नाम जिया रखा और लड़कियों के कपड़े पहनने शुरू कर दिए। हम दोनों कुछ फैकट्रियों में भी काम कर चुके है। जिसके बाद हम दोनों पहले 2 साल रिलेशन में रहे। शिवम ने बताया कि हमारी शादी को ढाई साल हो गए है।

    हम दोनों नाला गांव गैस एजेंसी के पास किराए पर रह रहे थे। लेकिन आज अर्जुन जो उन्हें छोड़कर फरार हो गया है। इस मामले को लेकर वह लैदर कप्लेक्स के बस्ती थाना में शिकायत दर्ज करवाने के लिए आया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस की ओर से शिकायत दर्ज नहीं की जा रही।

  • जालंधरः पालतू पिटबुल ने दो लड़कियों को किया घायल  

    जालंधरः पालतू पिटबुल ने दो लड़कियों को किया घायल  

    जालंधर, (वरुण): जिलें में पिटबुल कुत्ते के काटने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक गढ़े के अधीन आते कनियावाली में पिटबुल कुत्ते ने दो लड़कियों को बुरी तरह से नोचकर घायल कर दिया है। लड़कियों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    लड़कियों ने पाल रखा था पिटबुल

    बताया जा रहा है कि कुत्ते को लड़कियों ने खुद ही पाल रखा था। गौरतलब है कि जैसा कि कई बार देखा गया है कि पिटबुल कुत्ते ने छोटे बच्चों और अन्य लोगों को घायल किया है जिसको देखते हुए भारत समेत कई देशों में ये कुत्ते प्रतिबंधित है और भारत सरकार ने पिटबुल कुत्ते रखने पर भारी जुर्माना और सजा भी रखी हुई है।

    घायल लड़कियों के परिजनों से तेजधार हथियार बरामद

    बताया जा रहा है कि लड़कियों को इलाज दौरान अस्पताल ले जाने वाले परिजनों के पास से तेजधार हथियार भी बरामद किया गया है। जिसे सिविल अस्पताल में तैनात पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही बरामद कर थाना 4 के पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया। गौरतलब है कि पिटबुल कुत्ते पर सरकार की ओर प्रतिबंध लगाया गया हुआ है, लेकिन इसके बावजूद लोग इस कुत्ते को घरों में रख रहे है।