राजकीय बाल स्कूल ऊना में होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह: राघव शर्मा

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर जिलाधीश ने की बैठक की अध्यक्षता

ऊना/सुशील पंडित: जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के प्रांगण में मनाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने वैकल्पिक समारोह स्थल के रूप में टाउन हॉल को तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का थीम आजादी का अमृत महोत्सव होगा। 

डीसी राघव शर्मा ने समारोह स्थल को 13 अगस्त तक पूरी तरह से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में जिला के विकास को प्रदर्शित करने वाली कृषि, बागवानी, डीआरडीए, जल शक्ति विभाग, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी। इसके अतिरिक्त समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति, लोक कला एवं संस्कृति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगें। 

जिलाधीश ने कहा कि समारोह में भव्य मार्च पास्ट भी निकाला जाएगा, जिसमें पुलिस, आईआरबी बटालियन बनगढ़, होमगार्ड व एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी। समारोह की रिहर्सल 11 अगस्त से शुरू होगी।

राघव शर्मा ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों से अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनके विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं तथा विकासात्मक आंकड़ों से जुड़ा विस्तृत नोट जिला लोक संपर्क कार्यालय को समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। 

उपायुक्त ने समारोह स्थल पर कोविड-19 से संबंधित सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को समारोह के दौरान पॉलीथीन व प्लास्टिक का पूरी तरह से इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची उपायुक्त कार्यालय को 10 अगस्त से पूर्व उपलब्ध करवाएं ताकि ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जा सके। 

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल, सहायक आयुक्त रविंद्र शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *