Blog
-

पाइन ट्री पैकेजिंग कंपनी में रक्तदान शिविर का आयोजन
शिविर में 141 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान बददी, सचिन बैंसलः औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित पाइन ट्री पैकेजिंग कंपनी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में कुल 141 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में देवव्रत यादव ने शिरकत की। रोटरी ब्लड बैंक चंडीगढ़ की टीम ने सभी रक्तदाताओं का रक्त इकट्ठा किया। विधिवत्त दीप प्रज्वलित कर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि देवव्रत यादव ने बताया कि अस्पतालों में रक्त की कमी से किसी की जान नहीं जानी चाहिए, इसलिए सभी को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले लोग रक्तदान करने से डरते थे लेकिन अब प्रचार प्रसार होने के कारण लोग रक्तदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा लोग रक्तदान ही नहीं बल्कि अब तो लोग अंगदान भी कर रहे हैं और हम सबको इसके लिए आगे आना चाहिए। इस रक्तदान शिविर में अमरजीत शर्मा ने 98वी बार रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष में चार बार रक्तदान करते हैं। उन्होंने कहा उनकी कंपनी का एक ग्रुप है जिसके तहत वह जरूरत पड़ने भी पर भी रक्तदान करने जाते हैं। रक्तदान शिविर में विशेष अतिथि के तौर पर कृष्णा कौशल उपस्थित रहे। उन्होंने पाइन ट्री कंपनी को रक्तदान शिविर आयोजन करने पर बधाई दी।उन्होंने कहा कि सभी कंपनियों को इसी तर्ज पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना चाहिए। रक्त इकट्ठा करने आई रोटरी ब्लड बैंक की टीम के चिकित्सक डॉक्टर मनीष राय ने कहा कि रक्तदान करने से किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। पहले दिन से भी रक्त बनना शुरू हो जाता है उन्होंने कहा 18 से 60 साल तक का स्वस्थ व्यक्ति तीन माह के बाद रक्तदान कर सकता है। इन्होंने किया रक्तदान अमर जीत शर्मा , अमित सागवान, भूपेंद्र सिंह, दीपक सिंह, गगन भट्टी, यूद्ध बीर सिंह, नंद लाल, शुभम चंदेल, शेर सिंह, योगराज, प्रीतम, दीन बंधू, रमेश, रमेश कुमार, मिथुन, प्रेमचंद, कुनाल, हैरी, प्रमोद कुमार, राजीव गेंगवार, सुरेंद्र कुमार, तारा चंद, मुनीष कुमार, योगेश ठाकुर, मोहन शर्मा, सुनील पंवार, मनोज, रोहित, विजय, जगमोहन, सुरेश कुमार, अर्जन, प्रीतम, यादवेंद्र, अजय, मनीष, बंटी समेत 141 रक्तदाताओ ने रक्तदान किया। -

कालका-पिंजौर में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, सड़क किनारे कब्जे हटाए, देखें वीडियो
पंचकूलाः जिला उपायुक्त के आदेशों के तहत कालका और पिंजौर क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एस डी ओ अमर सिंह की मौजूदगी में संबंधित विभागों की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
जानकारी देते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट अमर सिंह ने बताया कि यह अभियान जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कालका स्थित काली माता मंदिर से लेकर पिंजौर के मल्लाह मोड़ तक सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। टीम ने सड़क पर रखे सामान, अस्थायी ढांचे और अन्य अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को खाली कराया।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना है। लंबे समय से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी, जिससे आम लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सड़क और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
-

NEET के बाद TET पेपर हुआ लीक, शिक्षा विभाग ने रद्द की परीक्षा
पुणेः नीट के बाद महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को रद्द कर दिया गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्न-पत्र लीक होने की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने यह बड़ा फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि पेपर परीक्षा से करीब 24 घंटे पहले ठाणे जिले से लीक हुआ था।
पुलिस ने की कार्रवाई, कई लोग हिरासत में
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस को पेपर लीक होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने ठाणे में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की। इस दौरान लीक हुआ प्रश्न-पत्र बरामद कर लिया गया। मामले में कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।शिक्षा विभाग ने परीक्षा रद्द करने का लिया फैसला
पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। विभाग का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी तरह की गड़बड़ी को देखते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है।कल होनी थी परीक्षा
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) की ओर से 28 जून को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा आयोजित की जानी थी। लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने वाले थे, लेकिन पेपर लीक की घटना के कारण परीक्षा नहीं हो सकी।गोपनीय सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
जानकारी के मुताबिक 27 जून की सुबह पुलिस को पेपर लीक होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जांच के दौरान महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया और बरामद दस्तावेजों की जांच कराई गई।लीक के पीछे कौन-कौन शामिल, जांच जारी
पेपर लीक कैसे हुआ और इसमें किन लोगों की भूमिका रही, इसकी जांच महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट तो काम नहीं कर रहा था। मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।जल्द जारी होगा नया परीक्षा कार्यक्रम
शिक्षा विभाग ने कहा है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही टीईटी परीक्षा की नई तारीख और संशोधित परीक्षा कार्यक्रम भी जल्द घोषित किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। -

बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये: मुख्यमंत्री
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री होंगे, जो यहां रात्रि प्रवास करेंगे।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने लोगों से संवाद के दौरान 6 बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की। इस दुर्गम क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर सेट लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल के स्कूली बच्चों को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए इंसेंटिव दिया जाएगा। इस क्षेत्र के नजदीकी स्कूलों को सरकार नोडल स्कूल बनाएगी ताकि बीड़ इत्यादि क्षेत्रों में जाकर यहां के बच्चे स्कूली शिक्षा ग्रहण कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बड़ा भंगाल को इको टूरिज्म के तौर पर विकसित करने के निर्देश दिए तथा शीघ्र ही विस्तृत कार्य योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाए गए राजमाह पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करेगी। सुक्खू ने कृषि विभाग के अधिकारियों को बड़ा भंगाल के लोगों को प्राकृतिक खेती के साथ जोड़ने व इसके लिए सभी सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश भी दिए। इस क्षेत्र के भेड़ पालकों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रेदश सरकार भेड़ पालकों से मीट की उचित मूल्य पर खरीद करेगी।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनका जीवन सुगम बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर आपदा के समय हुए नुकसान का जायजा भी लिया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे स्थानीय लोगों के अनुभवों को करीब से जाना। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 के बाद प्रदेश के किसी भी मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल का दौरा नहीं किया है। इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल भी उपस्थित थे।
-

हरियाणा के स्कूलों में बनेंगे वर्टिकल भवन, स्कूलों की लैब सुचारू रखने के भी निर्देश
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की खस्ताहाल बिल्डिंग को गिराकर नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाए, नये बनने वाले भवन ना सिर्फ आकर्षक हों, साथ ही यह वर्टिकल रूप में हों। बाकि जगह का इस्तेमाल बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड के रूप में हो। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद प्रदेश के किसी भी खस्ताहाल बिल्डिंग में बच्चों की कक्षा न लगे, उन्हें आस—पास के सरकारी भवन या दूसरे स्कूलों में तब तक शिफ्ट किया जाए, जब तक नये भवन का निर्माण नहीं हो जाता। इसके लिए टैंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हरियाणा निवास में सीएमजीजीए तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल, एसपीडी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, मुख्यमंत्री के ओएसडी राजेश संधू, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (CMGGA) भी उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) ने प्रदेश के अलग अलग स्कूलों तथा जल परियोजनाओं का अवलोकन करने के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में उपलब्ध साइंस लैब, कंप्यूटर लैब तथा अन्य सुविधाएं बच्चों को सुचारू रूप से मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में ड्यूल डेक्स जल्द उपलब्ध करवाने को भी कहा। इस बीच उन्होंने स्कूलों में पुराने हो चुके कंप्यूटर तथा अन्य उपकरणों की भी एक माह के अंदर नीलामी इत्यादि की प्रक्रिया को पूरा करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों को नई बिल्डिंग की जरूरत है, उनका निर्माण कार्य तेजी से किया जाए, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।रिपोर्ट तलब की, जवाबदेही सुनिश्चित होगी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष सीएमजीजीए द्वारा दिखाई गई रिपोर्ट के आधार पर जिन स्कूलों में खामियां मिली है, उनकी रिपोर्ट तलब की गई है। बकायदा डीईओ से लेकर सभी की जवाबदेही सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही क्लास ए के अधिकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के तमाम स्कूलों के प्रिंसिपल अथवा मुख्य अध्यापकों की वहां व्यवस्था इत्यादि बनाए रखने की जवाबदेही तय हो, अगर किसी स्कूल में खामियां मिलती है तो उस संबंध में तुरंत एक्शन लिया जाए।जल परियोजनाओं बारे भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में जल परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में महाग्राम योजना के तहत हो रहे कार्यो के अलावा अमृत सरोवर के मूल्यांकन और जलघरों की स्थिति संबंधित रिपोर्ट दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा में जिन गांवों में महाग्राम योजना के कार्य चल रहे हैं, उनमें एसटीपी पर मुख्य रूप से फोक्स किया जाए। उनके निर्माण, कनेक्शन इत्यादि का कार्य समय रहते पूरा हो। साथ ही आने वाले दिनों में बारिश के मद्देनजर ड्रेन तथा सीवरेज इत्यादि की सफाई करवाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति कराना है। -

मुख्यमंत्री ने तय की विकास की नई दिशा- स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, शिक्षा, सुशासन और जल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (CMGGA) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एचआरडी, जल प्रबंधन, नई शिक्षा नीति तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जनसेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी राजेश संधू, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (CMGGA) तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव यशपाल यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं समीक्षा बैठक के एजेंडे से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एचआरडी, जल प्रबंधन, नई शिक्षा नीति तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अब तक हुई प्रगति, लंबित कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिन स्थानों पर लोगों का अधिक आवागमन रहता है, वहां विशेष रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरे का संग्रहण हो तथा कहीं भी गंदगी के ढेर न लगने दिए जाएं। सड़कों की नियमित सफाई के साथ-साथ उनके किनारों पर वन विभाग द्वारा फूलदार एवं आकर्षक पौधों का रोपण कराया जाए। निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण करने वाले सभी वाहनों को जीपीएस प्रणाली से जोड़ा जाए, ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके। वाहनों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी कार्यक्षमता को और बेहतर बनाया जाए।
नगर निकायों में वार्ड समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक तीन माह में वार्ड समितियों के साथ बैठक आयोजित की जाए तथा समय-समय पर उनके साथ वर्चुअल संवाद भी किया जाए। उन्होंने वार्ड समितियों के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि समिति के सदस्य एवं नागरिक अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे साझा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम आयुक्त त्रैमासिक आधार पर शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) की स्वच्छता एवं कार्यप्रणाली की रैंकिंग करें। प्रत्येक नगर निगम अपने वार्डों की भी रैंकिंग तैयार करे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को सम्मानित किया जाए। उन्होंने नगर निगमों एवं नगरपालिकाओं को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
नई आवश्यकताओं एवं आधुनिक तकनीकों के अनुरूप ही स्वच्छता कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता पखवाड़े की तैयारियां अभी से शुरू करने तथा इसका विस्तृत कैलेंडर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्डों को सम्मानित किया जाए। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए शहरी स्थानीय निकायों के अंतर्गत आने वाले सभी बड़े नालों, नालियों एवं ड्रेनों की व्यापक सफाई 30 जून तक हर हाल में पूरी की जाए। गलियों की नालियों की नियमित सफाई कर उनमें आवश्यकतानुसार चूने का छिड़काव भी किया जाए, ताकि जलभराव एवं संक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो।
ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश
एचआरडी विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के मुख्यालयों एवं जिला स्तर के कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रत्येक माह अपने कार्यों का विवरण अनिवार्य रूप से ऑनलाइन एचआरएमएस पोर्टल पर दर्ज करें। वरिष्ठ अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक माह सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर अपना विवरण पोर्टल पर दर्ज करें।
सीएफएमएस से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, उनकी जिला एवं मुख्यालय स्तर पर नियमित समीक्षा करने तथा इंट्रा हरियाणा पोर्टल का सभी विभागों में प्रभावी एवं अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आयुष्मान भारत योजना के दायरे का विस्तार करने पर जोर
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पतालों को अधिक सक्षम बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर विशेष बल दिया। मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड तथा निजी चिकित्सकों द्वारा दिए जाने वाले प्रिस्क्रिप्शन को भी डिजिटल पोर्टल से जोड़ा जाए। आयुष्मान कार्ड पर दर्ज उपचार संबंधी जानकारी स्वतः पोर्टल पर अपडेट हो, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीज का मेडिकल रिकॉर्ड कहीं भी उपलब्ध हो सके। उन्होंने आयुष्मान मित्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा योजना से अभी तक नहीं जुड़े सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र शामिल करने के निर्देश भी दिए। -

Punjab News: आप सुप्रीमो केजरीवाल व सीएम मान कल धार्मिक समागम में करेंगे शिरकत, देखें वीडियो
हंसराज रघुवंशी शिव महिमा का करेंगे गुणगान
गुरदासपुरः आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पंजाब के दिन दौरे पर हैं। इसी क्रम में कल गुरदासपुर के सरकारी कालेज में कराये जा रहे एक शाम शिव के नाम धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। साथ ही सीएम भगवंत सिंह मान भी इस धार्मिक समागम में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियां जोरों पूरा कर ली गई हैं। ये आयोजन कल शाम 6 बजे से शुरुआत होगा। इस कार्यक्रम में भजन गायक हंसराज रघुवंशी शिरकत करेंगे। जिसके बाद अपने भजनों से सभी भक्तों अपने भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे।
समागम की तैयारी का जायजा लेने के लिए गुरदासपुर से आप के हलका इंचार्ज रमन बहल पहुंचे। वहींं उन्होंने कहा कि समागम को लेकर सभी तैयारियां हो चुकी हैं। पंजाब सरकार पहली बार ऐसा भव्य समागम गुरदासपुर में करवा रही है। इसलिए सभी लोगों को इसमें शामिल होना चाहिए।
-

एस.सी. बहुल गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पंजाब सरकार ने जारी किए 72.21 करोड़ रुपये : Dr Baljit Kaur
चंडीगढ़: समग्र ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज घोषणा की कि राज्य सरकार ने प्रदेश भर के उन गांवों के विकास के लिए, जहां अनुसूचित जाति (एस.सी.) की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक है, आदर्श ग्राम योजना के तहत 72.21 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व में पंजाब सरकार ऐसा ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक गांव को विकास के समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सरकार विकास की खाई को पाटने, नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है कि विकास का लाभ प्रत्येक घर तक, विशेषकर सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक पहुंचे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 3,763 गांवों को घर-घर सर्वेक्षण कराने, ग्राम विकास योजनाएं (वीडीपी) तैयार करने तथा योजना निर्माण से संबंधित अन्य गतिविधियों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने आगे बताया कि नव-चयनित 242 गांवों में से प्रत्येक को विकास कार्यों में कमी (गैप-फिलिंग) दूर करने के लिए 20 लाख रुपये की अनुदान राशि भी स्वीकृत की गई है। इस राशि का उपयोग ग्राम विकास योजनाओं के माध्यम से चिन्हित स्थानीय बुनियादी ढांचे की आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाएगा।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय (कन्वर्जेंस) पर विशेष बल दिया गया है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी एवं परिणामोन्मुख उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि उपायुक्तों की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समितियां प्रभावी योजना निर्माण, समयबद्ध कार्यान्वयन तथा धनराशि के उचित उपयोग को सुनिश्चित करेंगी, जिससे विकास कार्यों का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंच सके।
मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श गांवों के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इसके तहत आवश्यक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जो प्रत्येक नागरिक को सम्मान, बेहतर अवसर और उच्च जीवन स्तर प्रदान करने में सहायक हो।
-

Chandigarh और Jammu-Kashmir में लगे भूकंप के झटके, जानें क्या रही तीव्रता
चंडीगढ़ः चडीगढ़ में भूकंप के झटके महसूस किये गये है। साथ ही खबर आ रही है कि जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के झटके लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार 7 बजकर 8 मिनट पर लोगों ने ये झटके महसूस किये है। जिसके बाद घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर करीब 6.2 मापी गई और इसकी गहराई लगभग 215 किलोमीटर बताई जा रही है। फिलहाल चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा में भी लगे भूकंप झटके
भूकंप का असर भारत, पाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, अफगानिस्तान और किर्गिस्तान तक देखा गया। भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया।घरों से बाहर निकले लोग
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामुला, कुपवाड़ा और जम्मू सहित कई इलाकों में हल्के से मध्यम झटके महसूस होने के बाद लोग एहतियातन घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में भी कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।अभी नुकसान की जानकारी नहीं
फिलहाल जम्मू-कश्मीर या देश के अन्य प्रभावित क्षेत्रों से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की पुष्टि की है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। -

शिक्षा मंत्री ने चंबा सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया
शिमला: शिक्षा मंत्री ने चंबा सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में लुणा -सामरा -उरेई संपर्क मार्ग पर सारनी पुल के समीप हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया, जिसमें चार लोगों की मृत्यु हो गई तथा एक व्यक्ति घायल हो गया है।
शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।