इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा आज किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा मुफ्त में मुहैया करवाई जा रही है। हरियाणा सरकार इसके अलावा भी अनेक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मुहैया करवा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच लैब व्यक्ति के जीवन में अहम भूमिका निभाती हैं, यदि व्यक्ति समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच करवाए तो वह बहुत सारी गंभीर बीमारियों से बच सकता है।
मेडिकल व हेल्थ हब बन रहा गुरुग्राम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज गुरुग्राम तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेडिकल व हेल्थ हब के रूप में गुरुग्राम की अपनी विशिष्ट पहचान बन रही है और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में आज एक और मील का पत्थर इस लैब के रूप में स्थापित होने से मजबूत सुरक्षा चक्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह लैब स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाएगी। उन्होंने गरीब व जरूरतमंद लोगों को भी विशेष सुविधाएं देने का आह्वान किया। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, पटौदी विधायक बिमला चौधरी व अन्य मौजूद रहे।