Blog

  • जालंधरः सरेआम खेतों में हवा में फायर करते युवती की वीडियो वायरल

    जालंधरः सरेआम खेतों में हवा में फायर करते युवती की वीडियो वायरल

    जालंधर/वरुणः पंजाब सरकार और डीजीपी गौरव यादव द्वारा गन कल्चर को खत्म करने के लिए चलाई गई मुहिम के तहत सख्ती से कार्रवाई के आदेश जारी किए गए है। लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गोलियां चलाने की वीडियो वायरल की जा रही  है। पायल परम नाम की एक लड़की की वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें वह खेतों में सरेआम हवा में फायर करती हुई दिखाई दे रही है। परम की यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। मिली जानकारी के मुताबिक लड़की जालंधर की बताई जा रही है। ये वीडियो नई है या पुरानी इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

    बता दें कि सरकार की ओर से गन कल्चर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 9 दिनों में 897 लाइसेंस को रद्द किए गए है। इसी के साथ 324 लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। लाइसेंस रद्द किए जाने के मामले में सबसे ज्यादा जालंधर के है। पुलिस ने जालंधर में 391, रोपड़ में 146, मोहाली में 32, फिरोजपुर में 25, तरनतारन में 19, कपूरथला में 17 और पठानकोट में 1 लाइसेंस रद्द किया है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि सरकार गन कल्चर पर लगाम लगाने के लिए सख्त है। फर्जी पतों पर लाइसेंस बनाने के मामले भी सामने आए हैं। किसी भी कीमत पर किसी को नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

  • जिला ऊना मे साँसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम ने की 107 लोगों के स्वास्थ्य की जांच

    जिला ऊना मे साँसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम ने की 107 लोगों के स्वास्थ्य की जांच

    टीम ने हरोली में की 70 बच्चों की अनीमिया जांच

    ऊना/सुशील पंडित: केंद्रीय मंत्री एवं साँसद हमीरपुर संसदीय क्षेत्र अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन मे प्रयास संस्था द्वारा संचालित Aस्पताल – साँसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने अस्पताल हर घर, हर द्वार कार्यक्रम के तहत जिला ऊना के  चिंतपूर्णी व हरोली में बुजुर्गों, महिलाओं एवम बच्चों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच मोबाइल मेडिकल यूनिट्स द्वारा की । साँसद मोबाईल स्वास्थ्य सेवा की हरोली टीम ने डॉ प्रदीप के नेतृत्व मे आंगनवाड़ी केंद्र बड़ा हार, भदसाली मे 37 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की | अनिमिया मुक्त अभियान के तहत 70 स्कूली छात्रों के रक्त की जांच करते हुए छात्रों मे खून की कमी की जांच की गई ।
    साँसद मोबाईल स्वास्थ्य सेवा टीम ने डॉ शशांक के नेतृत्व मे चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के गाँव व ग्राम पंचायत धुसाडा मे 37 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई जबकि 28 लोगों की रक्त जांच भी की | मरीजों को उपयुक्त उपचार एवं दवाईयों का वितरण भी किया । 05 लोगों मे हड्डियों से संबंधित बीमारी पाई गई जबकि 06 लोग बीपी, 04 लोगों मे शुगर एवं 22 लोग अन्य बीमारियों से ग्रसित पाए गए 
    सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा द्वारा, पंचायत स्तर पर पिछले चार सालों से निशुल्क मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं,  इसके साथ साथ अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में साँसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा अनीमिया से निपटने में भी अहम भूमिका निभा रही है, जिसके फलस्वरूप स्कूली बच्चों की अनीमिया जांच घर द्वार पर ही की जा रही है |
  • जालंधरः कूड़े के डंप को लेकर भाजपा नेता किशन लाल शर्मा ने किया प्रदर्शन, दी ये चेतावनी 

    जालंधरः कूड़े के डंप को लेकर भाजपा नेता किशन लाल शर्मा ने किया प्रदर्शन, दी ये चेतावनी 

    जालंधर/हर्ष कुमारः महानगर में अमरीक नगर नजदीक सूर्य एंक्लेव कूड़े के डंप को लेकर भाजपा नेता किशन लाल शर्मा इलाका निवासियों के साथ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर सरकार वोटों के समय लोगों को गुमराह करके झूठे वायदे करती है, लेकिन जब सरकार सत्ता में आ जाती है तो नेता अपने किए हुए वादों को निभाना तो दूर की बात दोबारा उन इलाकों की तरफ जाना भी मुनासीब नहीं समझते। सत्ता में आते ही नेता लोगों को आ रही समस्याओं का हल निकालने की जगह उन्हें वही पुरानी कठिनाइयां जीने के लिए छोड़ देती है।

    ऐसा ही एक मामला अजीत नगर नजदीक सूर्य एनक्लेव का सामने आया है। जहां पिछले कई वर्षों से वह कूड़े के डंप से परेशान हो रहे है। इस परेशानी को लेकर किशन लाल शर्मा ने कॉलोनी निवासियों व वरिष्ठ भाजपा नेता को साथ लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। किशन लाल शर्मा ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने जो लोगों से विकास भ्रष्टाचार नशाखोरी के खिलाफ जो वादे किए थे वह पूर्ण रूप से असफल है और लोगों की तरफ उनका कोई ध्यान नहीं है।

    किशन लाल शर्मा ने मौजूदा सरकार के सीएम व अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने शीघ्र विकास भ्रष्टाचार रिश्वतखोरी और नशे के खिलाफ कदम नहीं उठाया तो वह प्रदर्शन के साथ-साथ सीएम का पुतला फूंक प्रदर्शन कर सरकार को अपने वादों के प्रति सुचेत करने का बीड़ा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला तब तक चलता रहेगा, जब तक आम आदमी पार्टी लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखकर कार्य नहीं करती है।

    किशन लाल शर्मा ने कहा कि आम लोगों को आप पार्टी के बारे में भी पता लग गया है कि इसलिए लोगों का विश्वास धीरे-धीरे इस पार्टी से कम होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने आप पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर ऐसे ही लोगों को आ रही समस्या को दरकिनार किया जाता रहा तो आने वाले नगर निगम चुनाव में उनको भारी हार का मुंह देखना पड़ सकता है इसलिए उन्होंने आम आदमी पार्टी को अपने वादों को पूरा कर निभाने का संकल्प याद करवाया है।

  • मुस्लिम युवा द्वारा श्रद्धा की  निर्मम हत्या करने पर भड़के हिंदू संगठन

    मुस्लिम युवा द्वारा श्रद्धा की  निर्मम हत्या करने पर भड़के हिंदू संगठन

    नालागढ़ बाजार में रैली निकाल कर किया विरोध प्रदर्शन

    बददी/सचिन बैंसल : गत दिनों दिल्ली में एक मुस्लिम युवा द्वारा प्रेम जाल में फंसा कर एक हिंदू युवती श्रद्वा की निर्मम हत्या किए जाने के विरोध में नालागढ़ के हिंदू संगठन उबल गए हैं। हिंदू संगठनो ने विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में नालागढ़ बाजार में इस निर्मम व जघन्य हत्याकांड के विरोध में रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विश्व हिंदू परिषद के नेताओं विभाग संगठन मंत्री प्रेम प्रकाश शर्मा व बजरंग दल के जिला संयोजक राजेश शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार आफताब ने दिल्ली के महरौली में बेकसूर श्रद्वा को मौत के घाट उतारा है वो तो निंदनीय है ही साथ में जिस प्रकार उसके 35 टूकडे किए गए उससे तालिबानी शासन की याद ताजा हो जाता है।
    भारतीय संस्कृति व समाज में ऐसे चीजों के लिए कोई स्थान नहीं है क्योंकि यहां पर नारी की पूजा की जाती है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संघचालक महेश कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक क्राईम नहीं है बल्कि मानवता पर धब्बाज है और रेयर से रेयरेस्ट क्राईम को दर्शाता है। उन्होने कहा कि ऐसे मामलों में अदालत को शीघ्र फांसी का प्रावधान करना चाहिए और यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले ताकि कोई भी ऐसा कृत्य करने से पहले दस बार सोचे। इस अवसर पर विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रेम शर्मा, मास्टर सुरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, बरोटीवाला से राजन नेगी, योग भारती से किशोर ठाकुर, महेश कुमार, जिला कार्यवाह आरएसएस श्रवण ठाकुर, गगनदीप शर्मा, ईशान शर्मा, कुलवीर चंद जमवाल, प्रदीप गुप्ता, सुरुचि शर्मा, हरमेश चौधरी, पार्षद शालिनी शर्मा, राकेश कुमार राणा, कैलाश राणा, किशोरी लाल शर्मा सहित हिंदू संगठनों के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।
  • पंजाबः नियमों की उल्लंघन करने वाले ट्रक यूनियनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी 

    पंजाबः नियमों की उल्लंघन करने वाले ट्रक यूनियनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी 

    चंडीगढ़ः राज्य में खत्म की गई ट्रक यूनियनों द्वारा उद्योगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने नियमों का उल्लंघन करने वाली यूनियनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्योगों को हो रही समस्याओं को लेकर मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने डीजीपी गौरव यादव की उपस्थिति में सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की।

    बैठक में इस बात पर गंभीरता से ध्यान दिया गया कि 13 दिसंबर 2017 से ट्रक यूनियनों के विघटन के बावजूद उद्योगों को उनके अनधिकृत कार्यों के कारण भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सचिव ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को 2017 के भंग किए गए आदेशों की सख्ती से पालना करने और उसे सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

    उन्होंने परिवहन विभाग से कहा कि अगर कोई सरकारी नियमों का पालन नहीं करता है तो उसका परमिट तत्काल रद्द किया जाए। इसी प्रकार उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश जारी किए कि वह फील्ड में सख्ती से चेकिंग की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि 2017 में जारी नोटिफिकेशन की पालना हर हाल में की जाए। यदि कोई ट्रक संचालक किसी को परेशान करता है तो पुलिस को तत्काल मामला दर्ज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी ट्रक यूनियन को काम करने की इजाजत नहीं है।

    मीटिंग में डीजीपी गौरव यादव, प्रमुख सचिव उद्योग दिलीप कुमार, सचिव परिवहन विकास गर्ग, स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विमल सेतिया, एडीजीपी इंटेलिजेंस जतिन्दर सिंह औलख के अलावा वीडियो कान्फ़्रेंस के द्वारा राज्य के जिलों के समूह डिप्टी कमिश्नर, कमिश्नर पुलिस, एसएसपी, ज़िला उद्योग केन्द्रों के जनरल मैनेजर और ज़िला परिवहन अधिकारी उपस्थित हुए।

  • एटीएम लूटने वाले अरशद और शाहिद चढ़े ऊना पुलिस के हत्थे

    आलू ढोने के बहाने ऊना आए चोरों ने लूटा था एटीएम

     न सिक्योरिटी गार्ड थे और न ही लॉक और अलार्म

    ऊना/सुशील पंडित: 16 नवंबर को पंडोगा में पीएनबी एटीएम को काटकर ले जाने वाले चोर ऊना पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुलिस ने 10 लाख रुपए की डकैती मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि एक आरोपी का नाम 29 वर्षीय अरशद है जो अलवर राजस्थान का रहने वाला है और दूसरा 23 वर्षीय साबिद है जो पलवल हरियाणा से है। ठाकुर ने बताया इन दोनों को पंजाब के मंडीगोबिंदगढ़ शहर से पकड़ा है। 

    शातिरों ने सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया

    एसपी ठाकुर ने बताया कि पहले चोरों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर रंगीन स्प्रे किया और फिर गैस कटर से एटीएम को काटकर आलू ढोने वाले ट्रक में ले गए। सभी चोरों ने मंकी कैप पहन रखे थे जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। 

    पंजाब नेशनल बैंक की बड़ी चूक

    इस घटना में पीएनबी बैंक की बड़ी चूक भी सामने आ रही है। बैंक ने एटीएम की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए हुए थे। एटीएम चोरी की घटना रात लगभग 12 बजे की है और हमें 2 घंटे बाद दो बजे पता चला। जबतक हम वहां पहुंचे शातिर चोर नंगल के रास्ते हिमाचल के बाहर जा चुके थे। जिस समय चोर एटीएम को काट रहे थे तब किसी तरह का कोई भी अलार्म नहीं बजा। एटीएम के बाहर लगा सीसीटीवी भी पिछले तीन महीने से बंद था। इसके अलावा  हर एटीएम में तीन तरह के ताले होते हैं। उसमें से दो ताले एटीएम में लगाए ही नहीं गए थे। एटीएम की सुरक्षा के लिए बैंक के बाहरी अलार्म बजे नहीं और अंदर का अलार्म खराब पड़ा था जिसकी तारें निकली हुई थीं। एटीएम सुरक्षा में बैंक प्रबंधन से भारी चूक भी हुई है जिसके ब्यौरे हम बैंक से साझा कर रहे हैं। 

    आलू की ढुलाई के लिए ऊना आते थे

    पुलिस ने अदालत से 7 दिन का रिमांड प्राप्त कर लिया है। ये लूटेरे 6 नवंबर से 13 नवंबर के बीच भी कई बार इस इलाके में देखे गए थे। इनके बारे में हमें सुराग सीसीटीवी से मिले। ऊना में हमारा सीसीटीवी नेटवर्क काफी सुदृढ़ हो गया है जिससे हम इनके करीब पहुंच पाए। ठाकुर ने बताया कि ये लुटेरे यहां आलू की ढुलाई के लिए यहां आए थे। अब हम आलू की ढुलाई में लगे ठेकेदारों और आढ़तियों को भी जागरुक करेंगे कि मजदूरों को भी काम पर रखने से पहले उनकी पूरी शिनाख्त की जाए।
    लूट के इस्तेमाल ट्रक की लोन किश्त लूट के पैसे से भरी
    जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अरशद ने पंडोगा एटीएम से लूटे पैसों से अपने ट्रक की लोन किश्त भी भरी है। एटीएम में कुल 10 लाख रुपए थे। जिसमें से दो लाख रुपए का भुगतान फाइनांस कंपनी को किया गया। यानी लूट में इस्तेमाल ट्रक की किश्त भी लूट के पैसे  से भरी गई।
    दूसरे राज्यों की पुलिस भी आरोपियों से पूछताछ करना चाहती है
    एसपी ठाकुर ने बताया कि राजस्थान और पंजाब पुलिस भी इन चोरों से पूछताछ करना चाहती है। क्या ये लुटेरे हरियाणा और बाकी राज्यों में भी सक्रिय थे इसकी जांच की जा रही है। पीएनबी अधिकारियों के मुताबिक एटीएम में 10 लाख रुपए थे। अभी तक हमें चोरी हुआ कैश बरामद नहीं हुआ है। पैसे की रिकवरी अभी होना बाकी है।
  • जेल में बंद AAP पार्टी के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो हुआ वायरल

    जेल में बंद AAP पार्टी के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो हुआ वायरल

    नई दिल्लीः तिहाड़ जेल में बंद आप पार्टी के पूर्व मंत्री मंत्री सत्येंद्र जैन एक और नई वीडियो सामने आई है। नई वीडियो में आप नेता सत्येंद्र जैन अपनी कोठरी में फल और कच्ची सब्जियां खाते दिखाई दे रहे है। दिल्ली के मंत्री का ये नया वीडियो ऐसे समय पर सामने आया है, जब उन्होंने हाल ही में कोर्ट में अपनी डाइट के लिए एक याचिका दायर की थी। 

    सत्येंद्र जैन ने कुछ दिन पहले ही दिल्ली की एक अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि तिहाड़ जेल के अधिकारियों को उनकी धार्मिक आस्था के अनुसार फल, सूखे मेवे और खजूर जैसे खाने की चीजें मुहैया कराने का निर्देश दिया जाए। अदालत ने दिल्ली सरकार के मंत्री जैन की याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ED)  से मंगलवार को जवाब तलब किया था। याचिका सोमवार को दायर की गई थी। इसमें जेल प्राधिकारियों को मंत्री के तत्काल मेडिकल चेकअप कराने का भी निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। इसमें कहा गया है कि मंत्री जैन धर्म के नियमों का सख्ती से पालन करते हैं, लेकिन जेल में उन्हें पिछले 12 दिन से उनकी धार्मिक मान्यताओं के हिसाब से खाना नहीं दिया जा रहा है।

    वहीं इस वीडियो के जारी होने के बाद भाजपा एक बार फिर दिल्ली सरकार पर हमलावर हो गई है। वीडियो पोस्ट करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता शहजाद जय हिंद ने कहा कि ”मीडिया से एक और वीडियो मिला। दुष्कर्मी से मालिश कराने और उसे फिजियो थेरेपिस्ट बुलाने के बाद, सत्येंद्र जैन को लजीज भोजन का आनंद लेते देखा जा सकता है। कर्मी उन्हें खाना परोस रहा है जैसे वे रिसोर्ट में छुट्टियां मना रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “केजरीवाल ने सुनिश्चित किया है कि हवालाबाज को वीआईपी मजा मिले सजा नहीं।”

  • बार-बार भूख लगने को शांत रखने के 5 कारगर उपाय

    बार-बार भूख लगने को शांत रखने के 5 कारगर उपाय

    भूख लगना आम बात है।  जब काम करेंगे तो भूख लगेगी ही, लेकिन कुछ लोगों को हर वक्त भूख लगती है यानी कुछ लोग हर समय भूखा महसूस करते हैं।  ये सामान्य बात नहीं है।  इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।  हर वक्त भूख महसूस होने के पीछे शरीर में प्रोटीन और फाइबर की कमी हो सकती है।  वहीं, नींद में कमी की वजह से भी ज्यादा और बार-बार भूख लगती है. दरअसल, जब नींद पूरी नहीं होती तो शरीर में ग्रेलिन नामक हॉर्मोन की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे बार-बार भूख लगती है।  हालांकि, बार-बार भूख लगना कोई बीमारी नहीं है, लेकिन अगर इसके कारणों पर ध्यान ना दिया जाए तो प्रोटीन, फाइबर या नींद संबंधी बीमारी बड़ा रूप ले सकती है, इसलिए कोशिश करनी चाहिए कि अपनी डाइट में इन पोषक तत्वो की कमी ना होने दें और भरपूर नींद लें. इसके अलावा हर समय लगने वाली भूख को कंट्रोल करने के लिए कुछ उपाय करने चाहिए. चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में।

    स्टाइल क्रेज के अनुसार, ज्यादा भूख को नियंत्रित करने का असरदार तरीका है कि पानी पीते रहें. खाने से पहले खासतौर पर पानी पीने से देर तक भूख नहीं लगती, इसलिए शरीर में पानी की कमी ना होने दें।

    भूख लगे तो सेब खाएं

    भूख लगे तो तला भुना या मसालेदार खाने की बजाय एक सेब खाएं। सेब में भरपूर फाइबर मौजूद है, जो आपकी भूख को भी शांत करेगा और शरीर में फाइबर की कमी पूरी करेगा. इसके अलावा, सेब इसलिए भी फायदेमंद है, क्योंकि इसमें पाया जाने वाला पेक्टिन भूख शांत करने में मदद करता है।

    भूख लगे तो दलिया खाएं

    भूख लगे तो दलिया खाना चाहिए। इसमें पर्याप्त कार्बोहाइड्रेट होता है, जो शरीर में लंबे समय तक ऊर्जा को बनाए रखता है. इसे खाने से फाइबर भी मिलेगा और प्रोटीन भी. इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ रहेगा, लेकिन शरीर में फैट जमा नहीं होता।

    अखरोट से दूर होगी बार-बार भूख लगने की समस्या

    अगर बार-बार भूख लगती है तो अखरोट खाना चाहिए। अखरोट में खूब प्रोटीन और फाइबर होता है। इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ लगता है और इसे खाने के बीद नींद भी अच्छी आती है।

    चबा-चबा कर आराम से भोजन करें

    अगर आप जल्दीबाजी में भोजन करते हैं तो इस आदत को बदल लेना चाहिए। दरअसल, जल्दीबाजी में खाना खाने से पेट को हमेशा भूख महसूस होती रहती है। अगर आराम से चबा-चबा कर भोजन करेंगे तो भोजन सही से पचेगा और इससे मिलने वाली ऊर्जा शरीर को भूख महसूस नहीं होने देगी।

  • जालंधरः शेखां बाजार स्थित गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, आरोपी काबू

    जालंधरः शेखां बाजार स्थित गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, आरोपी काबू

    जालंधर/वरुण: महानगर के शेखां बाजार से बड़ी ख़बर सामने आई है। शेखां बाजार स्थित गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की गई है। हालांकि इस दौरान सिख संगठनों ने आरोपी को काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान अली मोहल्ला के रहने वाले हरकीरत सिंह के रूप में हुई है।

    वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में तेजिंदर सिंह ने बताया कि उक्त युवक गुरुद्वारे के अंदर आया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के ऊपर उसने दूध फेंक दिया। उनका कहना है कि इस मामले को लेकर सिख समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जिसे उन्होंने काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

    बता दें कि बीते दिन लुधियाना में पवित्र ग्रंथ श्री गुटका साहिब के अंग और हिन्दू धर्म की पवित्र कथाओं की पुस्तकें दुगरी नहर किनारे पड़े मिले थे। मामले की सूचना को लेकर थाना दुगरी की एसएचओ मधु बाला ने कहा कि इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि अभी इस घटना के आरोपी गिरफ्त से दूर है,वहीं आज जालंधर में ऐसी घटना सामने आने से सिख संगत में रोष पाया गया।

  • पंजाबः कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को मिली जान से मारने की धमकी

    पंजाबः कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को मिली जान से मारने की धमकी

    चंडीगढ़ः पंजाब से बड़ी ख़बर सामने आई है। अब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग को जान से मारने की धमकी मिली है। राजा वड़िंग ने खुद इस बात का दावा किया है कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही है।

    दरअसल, लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और आए दिन धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात तालिबान राज्य जैसे हैं।