Blog

  • राम रहीम और एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिली जान से मारने की धमकी, देखें वीडियो

    राम रहीम और एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिली जान से मारने की धमकी, देखें वीडियो

    मोहाली: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम और एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य को जान से मारने की धमकी मिली है। वीरेश शांडिल्य को मोबाइल पर धमकी मिलने के बाद अंबाला पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शांडिल्य को मिली धमकी में कहा गया है कि, बब्बर खालसा के भारत प्रमुख जगतार सिंह हवारा के जेल से बाहर आते ही मौत के घाट उतार देंगे। अंबाला शहर थाना में एफआईआर नंबर 80 दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।

    4 फरवरी को भी वीरेश शांडिल्य के दफ्तर पर हमला हो चुका है। इस दौरान शांडिल्य की हत्या की नीयत से चार नकाबपोश हमलावार आए थे। हाल ही में आतंकवादियों की रिहाई के पक्ष में चल रहे मोर्चे के खिलाफ वीरेश शांडिल्य ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से भी मुलाकात की थी। धमकी का जवाब देते हुए शांडिल्य ने कहा, इन गीदड़ भभकियों से मैं और डेरा प्रमुख राम रहीम डरने वाले नहीं, पुलिस ऐसे लोगों को बेनकाब कर जेल में डाले। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा 2 साल का बैन

    पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा 2 साल का बैन

    नई दिल्लीः पाकिस्तान क्रिकेट में मैच फिक्सिंग कोई नई बात नहीं है। इतिहास गवाह है कि उसके कई खिलाड़ी इस दलदल में फंस चुके हैं। अब खबर ये है कि उसका एक और अनुभवी खिलाड़ी मैच फिक्सिंग में दोषी पाया गया है जिसपर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2 साल का बैन लगा दिया है। पीसीबी ने भ्रष्टाचार निरोधक आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद ऑफ स्पिनर आसिफ अफरीदी को ये सजा दी है।

    इस 36 वर्षीय खिलाड़ी पर यह प्रतिबंध 22 सितंबर 2022 से शुरू माना जाएगा जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उस पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। आसिफ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में चुना गया था, लेकिन उसे राष्ट्रीय टीम की तरफ से कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। मैच फिक्सिंग में दोषी इस खिलाड़ी को 12 सितंबर, 2024 तक बैन कर दिया गया है। पीसीबी का कहना है कि अब ये खिलाड़ी अगले दो साल तक ना तो कोई घरेलू क्रिकेट और ना ही पीएसएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हुए दिखाई देगा।

    आसिफ अफरीदी ने पिछले साल कश्मीर प्रीमियर लीग में रावलकोट हॉक्स की ओर से खेलते हुए मैच फिक्सिंग को अंजाम दिया था। अफरीदी के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 35 फर्स्ट क्लास मैचों में 118 शिकार किए हैं। लिस्ट ए में आसिफ के नाम 59 विकेट दर्ज हैं वहीं टी20 में इस खिलाड़ी ने अभी तक 63 विकेट लिए हैं। पीएसएल में वह मुल्तान सुल्तांस के लिए खेल चुके हैं।

    इससे पहले पाकिस्तान के कई खिलाड़ी मैच फिक्सिंग में फंस चुके हैं। सलीम मलिक से लेकर अता उर रहमान, जिनपर आजीवन बैन लगा वहीं साल 2010 में पाक टीम के तत्कालीन कप्तान सलमान बट्ट, पेसर मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद आमिर ने इंग्लैंड में जाकर मैच स्पॉट फिक्सिंग जैसे घिनौने कारनामे को अंजाम दिया। लेग स्पिनर दानिश कनेरिया को भी इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग मामले में लाइफटाइम बैन लगा।

  • रायपुर स्कूल में करवाई गई सड़क सुरक्षा पर पेंटिंग प्रतियोगिता 

    रायपुर स्कूल में करवाई गई सड़क सुरक्षा पर पेंटिंग प्रतियोगिता 

    ऊना/सुशील पंडित : उपमडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता और नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के 4 हाउसों में से 30 बच्चों ने भाग लिया।  पेंटिंग प्रतियोगिता में संजीव और आदित्य प्रथम स्थान पर, मुस्कान द्वितीय स्थान पर और रागिनी तृतीय स्थान पर रहे। जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में अभिषेक और विशाल प्रथम स्थान पर, हर्षिता और पुरवा द्वितीय स्थान पर, पंकज, नवनीत और अंश तृतीय स्थान पर रहे।

    इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य  नरदेव सिंह राणा द्वारा विजेता बच्चों को प्रार्थना सभा में पुरस्कार दिए गए। प्रधानाचार्य  ने बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। प्रधानाचार्य  ने कहा कि दुर्घटनाओं का कारण वाहनों में तकनीकी खराबी नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करना और गलत ढंग से वाहन चलाना है। शिक्षा विभाग के आदेश अनुसार समय-समय पर विद्यालय में अनेक गतिविधियों द्वारा बच्चों को इस और जागरूक किया जाता है। जिसमें क्विज कंपटीशन, पेंटिंग कंपटीशन, स्लोगन राइटिंग और जागरूकता रैली भी निकाली जाती है।

    उन्होंने बच्चों से कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जिनका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, उनका मोटरसाइकिल या गाड़ी चलाना गैरकानूनी है। दोपहिया वाहनों पर बैठते समय चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले यात्री को भी हेलमेट पहनना चाहिए।बढती सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारण यातायात नियमों का उल्लंघन, निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाना और नशा करके वाहन चलाना है। पिछले सप्ताह सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालय में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई गई थी। इस मौके पर प्रधानाचार्य  के अतिरिक्त विद्यालय के समस्त अध्यापक जिनमें  पवन कुमार प्रवक्ता कॉमर्स,  सुरेंद्र कुमार प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान,  मदन लाल प्रवक्ता इकोनॉमिक्स, धर्म कुमार प्रवक्ता सोशियोलॉजी,  तिलक राज प्रवक्ता भौतिक विज्ञान,  सर्वजीत सिंह प्रवक्ता बायोलोजी, श्री राम कुमार प्रवक्ता मैथ, प्रमोद कुमार प्रवक्ता रसायन विज्ञान,  विकास बंगा,  शोभा कुमारी,  विजय कुमार,  वीरेंद्र कुमार,  सुरेश कुमार,  संजीव कुमार,  पंकज कुमार सभी उपस्थित रहे।

  • आप पार्टी ने महा घोटाले को लेकर बीजेपी के खिलाफ किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    आप पार्टी ने महा घोटाले को लेकर बीजेपी के खिलाफ किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    जेपीसी बनाकर इस महा घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से करवाई जाए जांच: योगेश्वर शर्मा

    पंचकूला ( ए.एन.एस ) : मोदी-अडानी गठबंधन द्वारा किए गए महा घोटाले के विरोध में आज आम आदमी पार्टी पंचकूला ने एलआईसी ऑफिस सेक्टर 2 के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पार्टी ने जहां मोदी और आडानी का पुतला जलाया वहीं भाजपा और मोदी विरोधी नारे भी लगाए।  पार्टी ने  मांग की कि इस मामले में एक जेपीसी बनाई जाए, जिसमें देश के सभी पार्टियों के नेता हो एवं सिटिंग जज इस महा घोटाले की जांच करें। ताकि इस महा घोटाले का सच सबके सामने आ सके। देश के लोगों को भी इस महाघोटाले के सच पता चल सके।

     इस अवसर पर बोलते हुए आपके वरिष्ठ नेता योगेश्वर शर्मा ने कहा कि  आज देश के गरीब लोगों का पैसा जोकि अदानी समूह में निवेश किया हुआ था, उसमें से दस लाख करोड़ डूब चुका है। उन्होंने कहा कि उसकी भरपाई कौन करेगा? उन्होंने पूछा कि  क्या देश के प्रधानमंत्री गरीबों को उनकी डूबी हुई रकम वापस देंगे? उन्होंने कहा कि  आज मोदी अडानी की दोस्ती के कारण देश का ढाई लाख करोड़ रूपया डूबने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा अदानी समूह पर सेवी और सीबीआई की जांच कराने की बजाय अदानी को बचाने का काम कर रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा नेताओं की मिलीभगत के साथ ही यह इतना बड़ा घोटाला हुआ है। जिससे देश के करोड़ों लोगों का पैसा डूब चुका है।

    उन्होंने कहा कि  इतनी बड़ी चोरी के साथ-साथ अदानी समूह टैक्स की चोरी भी जोरो से कर रहा है। उन्होंने कहा कि  जहां विश्व का तीसरा सबसे अमीर आदमी देश के 15 सबसे अधिक टैक्स देने वाले व्यक्तियों की सूची में भी नहीं है तो साफ जाहिर है कि टैक्स की चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी चोरी भाजपा सरकार की मिलीभगत के बिना संभव नहीं हो सकती।  ऐसे में देश के प्रधानमंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और इस महा घोटाले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अदानी समूह पर तुरंत प्रभाव से कार्यवाही हो ताकी और नुकसान देश की जनता को ना उठाना पड़े। 

    आप के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र राठी ने कहा कि भाजपा राज में घोटालों का विश्व रिकॉर्ड बनता जा रहा है और आमजन के लिए यह सरकार कुछ नहीं कर रही है जबकि देश की जनता महंगाई बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रही है। आप के कालका पिंजोर से वरिष्ठ नेता रंजीत उप्पल ने कहा कि भाजपा ने 8 साल के कार्यकाल में एक व्यक्ति को 600 वे पायदान से उठाकर विश्व के तीसरे अमीर की सूची में ला खड़ा किया। उन्होंने कहा कि  मात्र 8 सालों में इतनी ज्यादा तरक्की शायद ही किसी देश के किसी एक व्यक्ति की कभी हुई होगी। उन्होंने कहा कि आज देश मोदी अडानी की दोस्ती की बलि चढ़ चुका है। 

    आज प्रदर्शन में मुख्य तौर पर आप नेता ओम प्रकाश गुर्जर, ईश्वर सिंह, बलवान ठाकुर,  महिला नेत्री राज कौर गिल, वीनस ढाका, अंजू बोरिया, योगी मथुरिया, सतीश कुमार, विकास खरब, स्वर्ण पाल सिंह, मंजेश कुमार, मलकीत सिंह, सुशील मेहता, कैप्टन अमरजीत सिंह, राकेश शुक्ला, आर्यन सिंह, मनप्रीत सिंह, वकील सिंह सुरेश कमांडो, परवीन देवराज, फुल कुमार, आकाश राणा जंग बहादुर,इस्माइल खान एवं अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे।

  • अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन

    अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित : आज अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वाधान में और विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर सिकंदर नेगी के अध्यक्षता में समसामयिकी विषय पर विशेष लैक्चर का आयोजन किया गया। स्पेशल लैक्चर का विषय, बजट क्या है, बजट बनाने की प्रक्रिया ,बजट के प्रकार और बजट का महत्त्व।

    विशेष लैक्चर के मुख़्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर सिकंदर नेगी थे। विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर सिकंदर नेगी ने कहा कि सरकार की आय एवं व्यय का एक विवरण जिस प्रपत्र में एकत्रित किया जाता है, उसे बजट कहते है| बजट में  विगत वर्ष के आय और व्यय के अनुमानों का वार्षिक वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया जाता है| भारतीय संविधान के अनुच्छेद 112 में बजट निर्माण के विषय में बताया गया है | लोकसभा में केंद्र सरकार के वित्तमंत्री के द्वारा बजट पेश किया जाता है, इस बजट को केंद्रीय बजट के नाम से जाना जाता है।

    भारत में बजट पांच प्रकार के प्रयोग किये जाते है आम बजट,निष्पादन बजट, जिरोबेस बजट,आउटकम बजट और जेंडर बजट । बजट आर्थिक नीति को संचालित और नियन्त्रित करने के विशिष्ट साधनों में प्रमुख स्थान रखता है । यदि कहा जाये कि वर्तमान राज्यों का संचालन बजट के माध्यम से होता है। सरकार बजट की सहायता से अपना कार्य करती है तथा सार्वजनिक आय के विभिन्न स्रोतों का अधिकतम सदुपयोग करने की योजना बनाती है ।जो सरकार इस कार्य को जितनी अधिक क्षमता से करती है , वह अपने नागरिकों की आर्थिक और भौतिक समृद्धि को उतनी ही तेजी से बढ़ाती है । इस अवसर पर राजनीति विज्ञान सोसायटी के उपाध्यक्ष निकिता,कार्यकारिणी सदस्य विशाल सोनी,सबिता, इंदु बाला  मौजूद थे।

  • फ्लाइट में मामूली विवाद को लेकर यात्रियों में झड़प, देखें वीडियो 

    फ्लाइट में मामूली विवाद को लेकर यात्रियों में झड़प, देखें वीडियो 

    नई दिल्लीः इन दिनों फ्लाइट में मारपीट की घटनाओं की कई वीडियो सामने आई , जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। इसी कड़ी में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें विडों सीट के लिए एक महिला और एक यात्री के बीच पहले झगड़े हुआ फिर, गाली गलौज और आखिर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। लेकिन इस बार यह वीडियो भारत का नहीं बल्कि ब्राजील में यात्रियों के बीच हुई मारपीट का है। महिला और पुरुष यात्रियों के बीच भी इस दौरान जमकर लात घूंसे चले, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। 

    फ्लाइट में पहुंचकर महिला ने मांगी थी विंडो सीट

    फ्लाइट में मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की है , जिसके अनुसार , यह घटना 2 फरवरी की है। फ्लाइट संख्या जी3-1659 के टेकऑफ के पहले ही हंगामा मच जब फ्लाइट एक जगह से दूसरी जगह जा रही थी। असल में एक महिला विंडो सीट के लिए अड़ गई और दूसरे यात्री की सीट पर बैठने की हठ कर बैठी।  वह अपने बच्चे के साथ वहां पहुंची थी। ऐसे में महिला ने पुरुष यात्री से विंडो सीट पर बैठने का अनुरोध किया, जिसपर शख्स ने साफ मना कर दिया। 

    दोनों के बीच हुई कहासुनी

    पुरुष यात्री द्वारा महिला को विंडो सीट देने से मना करने पर महिला यात्री गुस्सा हो गई। ऐसे में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पहले दोनों झगड़े फिर दोनों ने एक दूसरे को अपशब्द कहें और फिर आलम यह आ गया कि दोनों हाथापाई पर उतर आए। असल में दोनों यात्रियों के परिजन भी इस फ्लाइट में थे, जो इस लड़ाई को खत्म करने के बजाए इस लड़ाई में शामिल हो गए। इसके बाद दोनों तरफ से लोग आपस में लात घूसे चलाने लगे। 

    दो घंटे तक हंगामा

    इस पूरे हंगामे ने थमने का नाम नहीं लिया और एयरलाइंस का स्टाफ दोनों पक्ष के लोगों को शांत कराने में जुटा रहा। इस पूरे हंगामे के चलते फ्लाइट दो घंटे लेट हुई। अंत में फ्लाइट के कैप्टन ने पूरे मामले को शांत करवाया। इस घटना को लेकर एयरलाइंस ने भी एक बयान जारी किया और फ्लाइट के लेट होने के साथ ही घटना की जानकारी दी।

  • कौमी इंसाफ मोर्चा और पुलिस में हुई झड़प, माहौल तनावपूर्ण, देखें वीडियों

    कौमी इंसाफ मोर्चा और पुलिस में हुई झड़प, माहौल तनावपूर्ण, देखें वीडियों

    मोहाली, (ए.एन.एस) : सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों की रिहाई का मुद्दा लगातार गर्माता जा रहा है। चंडीगढ़-पंजाब बार्डर पर मोहाली गुरुद्वारा अंब साहिब के पास सैकड़ों सिख प्रदर्शनकारी बीते 7 जनवरी से कौमी इंसाफ मोर्चा के तहत धरना और रोष मार्च कर रहे हैं। वहीं आज चंडीगढ़ में एंट्री की कोशिश दौरान कौमी इंसाफ मोर्चा और पुलिस से टकराव हो गया। जिसके बाद वहां पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है।  

    आज कौमी इंसाफ मोर्चा और सिख जत्थे बंदियों द्वारा बैरिकेडिंग और पुलिस गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ की गई। इस दौरान माहौल इतना गर्म गया कि वहां तलवारें लाठियां डंडे बंदूकें भी लहराने लगी। ऐसा मालूम होता है कि सिख जत्थे बंदियों और कौमी इंसाफ मोर्चा के लोगों को कानून का कोई भी भय नजर नहीं है। वहीं प्रदर्शनकारियों द्वारा चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

    जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन स्थल पर पथराव की एक घटना हुई जिसके बाद यह आक्रोश भड़का। बताया जा रहा है कि अपनी मांगों को लेकर कुछ प्रदर्शनकारी पंजाब के मुख्यमंत्री आवास जाना चाहते थे। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास आ गए और उसे हटाने की कोशिश की। इसका पुलिस ने विरोध किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में नंगी तलवारें और डंडे भी थे। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ आगे निकलते भी नजर आए। इसी दौरान पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज कर दिया।

  • बद्दी स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन मुख्य संसदीय सचिव रामकुमार रहे मुख्य अतिथि

    बद्दी स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन मुख्य संसदीय सचिव रामकुमार रहे मुख्य अतिथि

    खेल स्टेडियम बददी की जरूरत – राम कुमार

    हरियाणवी व पंजाबी गिद्दे पर झूमे दर्शक

    बददी में खुलेगा राजीव गांधी डे बोडिंग स्कूल

    बददी/ सचिन बैंसल : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव व दून के विधायक चौधरी रामकुमार ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। विधिवत दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई और उसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा वेलकम गाने से सभी आए हुए मेहमानों का स्वागत किया गया ।उसके बाद विद्यालय की कन्याओं द्वारा लंदन ठुमकदा व ढोल बाजे जैसे गानों पर बड़ा ही मनमोहक नृत्य पेश किया गया ।

    प्रधानाचार्य अंजू शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढी व सभी कक्षाओं में उत्तीर्ण हुए बच्चों को पारितोषिक वितरण भी किया। मुख्य संसदीय सचिव चौधरी राम कुमार ने कहा कि बद्दी स्कूल बहुत ही पुराना स्कूल है और उन्होंने खुद भी इस स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है ।उन्होंने कहा कि आज एक नया युग है और आज का बच्चा हमारे आने वाले भविष्य का निर्माता है उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा पेश किए गया बहुत ही सुंदर नृत्य व अन्य कार्यक्रम मनमोहक करने वाले थे। जिसे देख कर वे दंग रह गए। उन्होंने कहा कि अनेक प्रकार की प्रतिभाए इन बच्चों में है और जो आगे चलकर उनकी पहचान बन सकती है। उन्होंने कहा कि बद्दी स्कूल का सांस्कृतिक कार्यक्रम अभी तक के हुए सभी स्कूलों के वार्षिक पारितोषिक वितरण के कार्यक्रमों में से अव्वल है और यहां पर बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ रहे हैं ।

    उन्होंने बताया कि कुछ बच्चे बद्दी स्कूल के जो कि नेशनल खेल कर आये  हैं । वे  बधाई के पात्र है और साथ ही उन्होंने कहा कि अगर हमारे बच्चों को आगे चलकर किसी भी प्रकार का सहयोग सरकार की तरफ से रहेगा तो वे बिल्कुल तैयार है ।उन्होंने कहा कि इन बच्चों के लिए जल्द ही बद्दी में एक स्टेडियम भी बनाया जाएगा ताकि यह बच्चे आगे चलकर बद्दी का नाम रोशन कर सके और एक राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की योजना चल रही है जिसके लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आकर उसका नीव पत्थर रखेंगे। जिससे बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने अपनी निजी राशि से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे बच्चों को 5100 भी दिए।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचल ,पंजाब, हरियाणा तीनों राज्यों के लोक नृत्य की झलक देखने को मिली। पंजाबी गिद्दे व हरियाणा के लोक नृत्य पर दर्शक झूम उठे।

    इस मौके पर पार्षद तरसेम चौधरी, पार्षद मोहन लाल, मनोनीत पार्षद रमन कौशल, मदन, राहुल अग्रवाल, एसएमसी प्रधान रामु, व्यापार मंडल के सचिव सुशील कौशल, अध्यक्ष मान सिंह, उपाध्यक्ष बेअंत ठाकुर, पूर्व प्रधान भाग सिंह कुण्डलस, अच्छर पाल, जसवंत राय कौशल, मनराज कुण्डलस, राम लाल ठाकुर, सुरेंद्र कौशल बबलू संजीव कौशल, संजीव गुप्ता टीटू, सीएचटी राज ठाकुर, संजू रजनवाल, ईओ आर एस वर्मा, मो हमीद, सर्व सहायता संगठन के अध्यक्ष कपिल शर्मा, जोगा राम , अवतार सिंह, राजीव कौशल दलवारा, पीटीआई निर्मल ठाकुर,देसराज, श्याम चौधरी,रोटरी क्लब से सतीश कौशल, अतुल अग्रवाल, कार्तिक,नसीब,राम लाल,महेंद्र , संजू,कर्म समेत स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।

  • पंडोगा-चंडीगढ़ नई बस सेवा का हुआ शुभारंभ

    पंडोगा-चंडीगढ़ नई बस सेवा का हुआ शुभारंभ

    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    हरोली-रामपुर पुल को पर्यटन की दृष्टि से किया जाएगा विकसित – मुकेश अग्निहोत्री

    ऊना/ सुशील पंडित :  उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में चंडीगढ़ के लिए चलने वाली नई बस सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। पंडोगा-हरोली-चंडीगढ़ बस सेवा सुबह 4ः45 पंडोगा से चलेगी और ट्रिप्पल आईटी सलोह, लाॅ कालेज बढ़ेड़ा, हरोली, टाहलीवाल, अजौली से होते हुए वाया श्री आनंदपुर साहिब चंडीगढ़ पहुंचेगी।

    इस अवसर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंजाब के होशियारपुर से सटा पंडोगा जिला का सीमावर्ती गांव है। पंडोगा निवासियांे सहित आसपास के ग्रामीणों तथा ट्रिप्पल आईटी सलोह में शिक्षा ग्रहण करने रहे विद्यार्थियों की चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरु करने की लंबे अरसे से मांग चल रही थी। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के शुरु होने से जहां एक ओर इन विद्यार्थियों को लाभ होगा वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ में उपचार के लिए जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का विस्तारीकरण और सुधारीकरण किया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर यातायात की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि पंडोगा-पंजावर सड़क को नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही टेंडर की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। पंडोगा और पंजावर को जोड़ने वाली यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क है। सड़क का बेहतरीन रुप से सुधारीकरण करके इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धर्म स्थलों पर श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा ताकि श्रद्धालु आसानी से विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शनार्थ आ-जा सकेें। इसी दिशा में ईसपुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दमामिया में भी सुविधाओं का इजाफा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ईसपुर से दमामिया के लिए शीघ्र ही सड़क का निर्माण किया जाएगा जिसके लिए विधायक प्राथमिकता के तहत 7 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इसके अलावा सलोह से भदसाली तथा हरोली से कर्मपुर सडकों का भी निर्माण किया जाएगा।

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली-रामपुर पुल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इस पुल पर सोलर लाईट्स स्थापित कर दी गई हैं। पर्यटकों व आगंतुकों की सुविधा के लिए यहां रेन शैल्टर, फूड कोर्ट और सैल्फी प्वाईंट बनाया जाएगा। इसके अलावा पुल के समीप स्टेडियम के निर्माण के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं ताकि यहां आने वाले बच्चे, युवा व अन्य लोगों को शारीरिक तौर पर फिट रहने के लिए सैर करने के साथ-साथ व्यायाम करने के लिए उचित स्थान मिल सके।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को पेयजल की सुचारु और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 के लिए विधायक प्राथमिकता के तहत 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत लगभग 12 ट्यूबवेल का निर्माण किया जाएगा तथा जल्दी ही पूबोवाल में इसकी आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा बीटन और हीरानगर में पानी की समस्या को देखते हुए जल भंडारण टैंक मंजूर कर दिए गए हैं।

    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र के विकास व विस्तारीकरण के लिए उच्चस्तर पर अधिकारियों के साथ चर्चा करके इंडस्ट्रियल ऐरिया के विकास को गति प्रदान की जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार पर अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि हरोली विस में बनने वाले बल्क ड्रग पार्क सहित मंदिरों व पानी सहित अन्य मुद्दों पर केन्द्र सरकार के साथ चर्चा की जाएगी। इसके उपरांत उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निवारण किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, आरएम एचआरटीसी सुरेश धीमान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • सीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ की कानून व्यवस्था की समीक्षा, देखें वीडियो

    सीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ की कानून व्यवस्था की समीक्षा, देखें वीडियो

    अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ दिए निर्देश

    पंचकूला, (ए.एन.एस) : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने गृह मंत्री श्री अनिल विज के साथ आज पंचकूला में ईआरएसएस भवन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में अपराध और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), हरियाणा श्री प्रशांत कुमार अग्रवाल सहित हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पुलिस के आला अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा में लोगों के लिए सुरक्षित माहौल बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध और आपराधिक घटनाओं पर हर कीमत पर अंकुश लगाया जाना चाहिए ताकि प्रदेश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे। उन्होंने कहा कि अपराधियों के साथ सख्ती से निपटते हुए प्रदेश एक शांतिपूर्ण और अपराध-मुक्त राज्य बने।

    उन्होंने अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपराधिक गतिविधियों और टारगेट किलिंग में शामिल पाए गए आपराधिक तत्वों के बारे में खुफिया जानकारी एकत्र करने के लिए ग्रामीणों को जोड़ा जाए। इससे पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ेगी और आम जनता के सहयोग से ऐसी घटनाओं को नियंत्रित करने में मदद भी मिल सकेगी।  मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और स्पेशल टास्क फोर्स नशीले पदार्थों की तस्करी, अपराध और आपराधिक तत्वों को पूरी तरह से खत्म करने के लिए जिला पुलिस इकाइयों के साथ मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त अत्यधिक सक्रियता के साथ बदमाश और आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करें। 

    उन्होंने साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि साइबर अपराध न केवल व्यक्तियों के लिए बल्कि सार्वजनिक क्षेत्र के लिए भी खतरा बन गया है, जोकि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। नए साइबर थानों की स्थापना के अतिरिक्त पूरे पुलिस विभाग को साइबर क्राइम से उत्पन्न वर्तमान चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध की प्रवृत्तियों और सुरक्षा युक्तियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान भी चलाये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने और इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

    बैठक में बताया गया कि अब तक साइबर अपराध से संबधित ठगी की करीब 47 करोड़ रुपये की राशि बरामद/रोकी जा चुकी है। बैठक में गैंगस्टर, आतंकवाद, मोस्ट वांटेड, साइबर अपराध, यातायात और सड़क सुरक्षा पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस की अनूठी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की लगातार कार्रवाई से जनता का विश्वास बढ़ा है। इसे आगे बढ़ाते हुए फील्ड में अधिक से अधिक पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि बदमाशों व शरारती तत्वों पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने पुलिस को राज्य सरकार का चेहरा बताते हुए कहा कि पुलिस को प्रभावी रुप से कार्य करने के साथ-साथ इसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए। पुलिस द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की ईआरएसएस 112 सेवा बेहतर कार्य करते हुए संकटकालीन कॉल का तुरंत व अविलंब रिस्पांस दे रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ईआरएसएस 112 के कामकाज की भी समीक्षा की।

    राज्य पुलिस बल की सराहना करते हुए गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राज्य पुलिस ने कम्पीटेंट अथाॅरिटी के माध्यम से नशा तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। उन्होंने अधिकारियों को मोस्ट वांटेड अपराधियों, उद्घोषित अपराधियों और बेल जंपर्स की गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए समय समय पर विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए ताकि राज्य भर में अपराध की दर को और निम्न स्तर पर लाया जा सके। इससे पहले पुलिस महानिदेशक श्री प्रशांत कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री व गृह मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि उनके निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना की जाएगी। साथ ही, पुलिस विभाग विशेष रूप से बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के मामले में अपनी दक्षता में और अधिक सुधार करेगा। बैठक में एसीएस होम टीवीएसएन प्रसाद, एडीजीपी क्राइम ओपी सिंह, एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल एडीजीपी दूरसंचार और आईटी डॉ ए एस चावला, एडीजीपी कानून व्यवस्था संदीप खिरवार, एडीजीपी हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो श्रीकांत जाधव, सभी रेंज एडीजीपी/आईजीपी, पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।